https://halchalanuppur.blogspot.com

मंगलवार, 22 सितंबर 2020

आधी रात 3 घंटे की बैठक में मंत्री और पूर्व विधायक के बीच की पिघली बर्फ, खोली विकास की राह


 विपक्ष और पार्टी के विघ्न संतोषी नेताओं के चेहरे की उड़ी हवाईयां

अनूपपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सीधे दखल के बाद अनूपपुर विधानसभा के एक गुप्त स्थान पर भाजपा के दो दिग्गज नेताओं की घंटों चली गुपचुप बैठक के बाद  नया मजबूत राजनैतिक समीकरण उभर कर सामने आया है। प्रदेश के कद्दावर नेता,मप्र सरकार के मंत्री बिसाहूलाल सिंह तथा अनूपपुर के पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रामलाल रौतेल के बीच हुई गोपनीय बैठक हुई जिसकी भनक किसी को नहीं लगी। इस बैठक मे दोनों दिग्जों के साथ कौन -कौन शामिल था, यह ज्ञात नही हो सका। विश्वस्त सूत्र की माने तो दोनों नेताओं के साथ मंत्री पुत्र तेजभान सिंह के लगातार साथ रहने की पुष्टि कर रहे हैं।

गतदिनों बैठक अत्यंत सार्थक,सारगर्भित रही। बिसाहूलाल सिंह के भाजपा ज्वाईन करने से लेकर मंत्री बन कर आने तथा चुनाव आचार संहिता लगने के पूर्व सभी शासकीय - अशासकीय आयोजनों के परिणामों पर खुलकर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने यह माना कि प्रचण्ड विजय के लिये दोनों का साथ क्षेत्र भ्रमण आवश्यक है। वहीं बैठक में दोनो इस बात में सहमत दिखे कि विघ्न संतोषी कुछ नेताओं को चुनाव तक बर्दाश्त करना उचित होगा। यद्यपि किसी ने पुष्टि नहीं की है लेकिन जिले में कयास लगाए जा रहे हैं कि निज हितों के चलते पार्टी के कुछ बुर्जुग नेता दोनों नेताओं के बीच अफवाहों का आवरण तैयार कर चुनाव में परेशानी खड़ी कर रहे है, और नहीं चाहते कि चुनाव की कमान बिसाहूलाल - रामलाल के हाथों में रहे। जिसका परिणाम आपसी खींचतान से पार्टी की छवि पर नकारत्मक रुख तथा सेक्टर सम्मेलनों में कांग्रेस की सभाओं से कम भीड़ के रुप में देखा गया है। मंत्री तथा पुर्व विधायक के एक साथ ना निकलने से खराब छवि के भ्रष्ट ,चरित्रहीन तत्वों को मंच पर कब्जा करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। जिससे मतदाताओं में प्रतिकूल संदेश जाता दिख रहा है।

जनचर्चा है कि अनूपपुर विधानसभा उप चुनाव से ठीक पूर्व कांग्रेस से भाजपा में आकर कैबिनेट मंत्री बने बिसाहूलाल सिंह तथा पूर्व विधायक रामलाल रौतेल के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने एकजुटता का जो बीज भोपाल की नितांत आंतरिक बैठक में बोया था, उसे पार्टी के ही चंद कुटिल तत्व अपने हित लाभ के लिये पनपने नहीं दे रहे थे। उपचुनाव मे जीत की सबसे मजबूत एकमात्र कड़ी कार्यकर्ताओं की एकजुटता,उनकी मजबूती तथा बिसाहू - रामलाल का कुशल नेतृत्व हो सकता है। कुछ लोगों द्वारा मंत्री के इर्द गिर्द घेरा बनाने,पूर्व विधायक को उपेक्षित करने कर दूरी बनाए रखने का निरन्तर षडयंत्र करने के कारण भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

सूत्र बतलाते हैं कि दोनों शीर्ष नेताओं की बैठक में इस पर भी बड़ी चर्चा हुई तथा यह तय किया गया कि दोनों को विधानसभा क्षेत्र में संयुक्त प्रवास करके कार्यकर्ताओं में उत्साह भरना होगा। बैठक की पुष्टि यद्यपि दोनों नेताओं ने नहीं की है लेकिन उनसे जुड़े नजदीकी सूत्रों ने इसका खंडन भी नहीं किया है।  कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री  के दखल के बाद दोनो नेताओं की आधी रात से थोड़ा पहले शुरु हुई यह बैठक लगभग तीन घंटे चली। उन्होंने विपक्ष तथा कुटिल स्वार्थी तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा एवं किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानकारों का मानना है कि यदि इस बैठक के बाद बिसाहूलाल सिंह तथा रामलाल रौतेल की संयुक्त जोड़ी विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करके सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं का मन सही कर लेती है तो कांग्रेस की दिक्कतें और भी अधिक बढ़ जाएंगी ।

कांग्रेस ने विश्वनाथ सिंह को अपना चेहरा बनाया है। जबकि डिप्टी कलेक्टर पद से त्यागपत्र दे कर आए रमेश सिंह कांग्रेस समर्थकों में टिकट बदलने की बात कर उसे बैकफुट में डाल चुके हैं। दूसरी ओर भाजपा ने बिसाहूलाल सिंह को प्रत्याशी बनाने का मन बना लिया है। कद्दावर मंत्री के रुप में तथा 1980 से लगातार चुनाव लडऩे का व्यापक अनुभव समेटे बिसाहूलाल सिंह के सामने विश्वनाथ कोई चुनौती नहीं है। किन्तु रमेश से हो सकती है। वहीं बिसाहूलाल सिंह के लिये सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के कुछ बदनाम ,खराब छवि के नेताओं का लगातार चलने वाला षडयंत्र है। जो पराजय का कारण बनती रही है। इन्हे रोकने का एकमात्र उपयुक्त तरीका बिसाहूलाल - रामलाल का साथ आकर कार्य करना ही है। बहरहाल दो दिग्गजों की संयुक्त बैठक तथा दोनों के हाथ मिला लेने की खबर से विपक्ष तथा विघ्न संतोषियों में हडकंप मचा हुआ है।


 

 

 

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सोते समय जहरीला कीड़ा काटने से युवती की मौत,परिवार में पसरा मातम

  अनूपपुर । कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी युवती को गुरुवार एवं शुक्रवार रात्रि सो रही थी सुबह जहरीले कीड़े ने हाथ की को...