https://halchalanuppur.blogspot.com

रविवार, 30 अगस्त 2026

चिकित्सक की गैरमौजूदगी में कर्मचारियों ने किया इलाज, महिला की मौत के बाद आशीर्वाद अस्पताल सील

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में संचालित एक निजी चिकित्सालय में चिकित्सक की अनुपस्थिति के बावजूद कर्मचारियों द्वारा मरीजों का उपचार किए जाने का मामला सामने आया है। उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। रविवार को जैतहरी रोड स्थित आशीर्वाद अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जहां कई गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। 

जानकारी के अनुसार, छिल्पा निवासी फुलमत चौधरी, पति बिकनू चौधरी, की दो दिन पहले आशीर्वाद अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया।

डॉ. अलका तिवारी ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सक की मौजूदगी के बिना ही अस्पताल स्टाफ ने उसे भर्ती कर लिया। उपचार के दौरान लापरवाही के कारण महिला की मौत होने की बात सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

निरीक्षण में चार मरीज मिले भर्ती

रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में चार मरीज भर्ती मिले। इनमें दो मरीज पहले से चिकित्सक की अनुपस्थिति में उपचाररत थे, जबकि सामान्य बीमारी से पीड़ित दो अन्य मरीजों को रविवार को ही भर्ती किया गया था।

जांच में सामने आया कि अस्पताल द्वारा उपचार के लिए नियुक्त चिकित्सक जिले से बाहर था और अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए कोई जिम्मेदार चिकित्सक मौजूद नहीं था। इसके बाद सामान्य बीमारी से पीड़ित दो मरीजों को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से बीमार दो मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग को यह भी जानकारी मिली कि 25 अगस्त को जिम्मेदार चिकित्सक की मौजूदगी के बिना तीन मरीजों का डायलिसिस किया गया था।

दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की भी हुई जांच

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं के साथ ही उपचार से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। जांच के दौरान चिकित्सकीय सेवाओं में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया। गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आशीर्वाद अस्पताल को बंद कर सील कर दिया है। महिला की मौत और अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े मामले की जांच की जा रही है।


शुक्रवार, 28 अगस्त 2026

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत, महिला समेत 2 बच्चे भी गंभीर


घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी, भाई को राखी बांधने जा रहीं बहने

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के कोतमा-निगवानी मार्ग पर शुक्रवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक महिला और उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सड़क से उठाकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया, जहां घायलों का प्राथमिक उपचार बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जहां रात में पहुंचे घायलों का ड्यूटी डॉक्टर ने जांच की बाद इलाज आरंभ कर दिया है। हालांकि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच करते दोनों शवों को सुरक्षित सीएचसी कोतमा के मर्चुरी में रखवा दिया, पोस्टमार्डम शनिवार को कराया जाएगा। 

दुर्घटना में मृतक की पहचान 45 वर्षीय मनोज केवट, निवासी ग्राम जमुनिया थाना केशवाही जिला शहडोल और 35 वर्षीय मान सिंह पुत्र छोटेलाल सिंह निवासी रेउला कोतमा अनूपपुर के रूप में हुई है। मृतक मनोज केवट का चचेरा साला संदीप केवट निवासी बेलिया कोतमा ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर उसकी चचेरी बहन दोपहर अपने पति मनोज एवं दो बच्चे 10 वर्षीय मयंक केवट और 7 वर्षीय सत्यम केवट के साथ उसके घर आई थी, जहां राखी बांधकर अपने मायका छतई मन्टोलिया जा रही थी, अभी वह बेलिया से 10-12 किलोमीटर दूर ही गई थी कि घर पर सूचना मिली कि उसकी बहन का दुघर्टना हो गई है, जब तक घटना स्थल पहुंचते लोगों ने सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया था, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचकर देखा तो बहन के साथ दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल थे, वहीं घटना में घायल हुए मनोज केवट की भी मौत हो गई थी। जबकि इसी घटना में दूसरे बाइक सवार मान सिंह निवासी रेऊला कोटमी से अपने बच्चों और पत्नी को उनकी नानी के घर छोड़कर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान निगवानी रोड स्थित ग्राम ठोडहा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा के डॉक्टरों ने महिला की हालत को गंभीर बताते प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल ही जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में महिला के साथ दोनों बच्चों को भी जिला में सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


बुधवार, 26 अगस्त 2026

तेज बाइक सवार युवक - युवती गिरे, अज्ञात वाहन के पहिए के नीचे आई युवती का सिर कुचला, मौत


घायल युवक का प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस हवालात में बंद

अनूपपुर। जिले के जैतहरी थाना से 7 किलोमीटर दूर धनगवां गांव के पास बुधवार की शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां बाइक से नीचे गिरी लगभग 25 वर्षीय युवती का सिर किसी अज्ञात वाहन के नीचे आ जाने से कुचल गया। युवती की मौके पर मौत हो गई। वहीं युवक भी गिरकर घायल हो गया। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेते हुए घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में भर्ती कराया, जहां कुछ समय बाद पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाना परिसर ले आई। हालांकि युवक पुलिस को अभी भ्रामक जानकारी दे रहा है, जिससे पुलिस असंतुष्ट होकर फिलहाल पुलिस हवालात में बंद कर दी है। थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि मृत युवती की पहचान लगभग 25 वर्षीय रोशनी धुर्वे पिता गोपाल दास धुर्वे निवासी लपटा थाना जैतहरी अनूपपुर के रूप में की गई है। युवक अपना नाम अमित कुमार चौधरी पिता रामू चौधरी 29 वर्ष, निवासी चर्चेडी धरहर बिलासपुर छत्तीसगढ़ बताया है। प्रारंभिक पूछताछ में युवक धूमने आने की बात कह रहा है। वहीं युवक घटना कैसे हुई पर सही जानकारी नहीं दे रहा है, कभी वह लड़की द्वारा बाइक चलाने की बात कह रहा है तो कभी कैसे गिरा उसकी जानकारी उसे नहीं है कि बात कह रहा है। वहीं घटना स्थल पर स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक तेज रफ्तार में आ रही थी, जहां दोनों किस कारण में गिरे कोई देख नहीं पाया। संभवतः बाइक से गिरने के बाद युवक दूर फिसलता जा गिरा वहीं युवती बीच सड़क पर ही गिर गई, जहां गिरने के दौरान पीछे या सामने से आ रही कोई भारी वाहन युवती के सिर को कुचलता चला गया। फिलहाल पुलिस शव को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र के मर्चुरी में रखवाते हुए मृतिका के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि युवक घटना के बाद बदहवास है, इसलिए कल सुबह पूछताछ की जाएगी, तबतक मृतका के परिजन भी आ जाएंगे जिससे तथ्यों की सही जानकारी सामने आ सकेगी।

शनिवार, 22 अगस्त 2026

नाबालिक छात्राओं के साथ अश्लील कृत्य करने वाले शिक्षक को 45 वर्ष का सश्रम कारावास, 1 लाख रुपये का अर्थदंड


अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना रामनगर क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ने वाली 9 नाबालिग छात्राओं के साथ लैंगिक अपराध के मामले में आरोपी शिक्षक को तृतीय अपर सत्र न्यायालय के विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) श्रीकृष्ण डागलिया ने दोषी करार देते हुए कठोर सजा सुनाई है। 

विशेष लोक अभियोजक हेमंत अग्रवाल ने शनिवार को बताया कि आरोपी शिक्षक को पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रत्येक मामले में अलग-अलग 5 वर्ष के सश्रम कारावास और 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया। इसके अतिरिक्त बीएनएस के तहत 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा भी सुनाई गई। अलग-अलग धाराओं में कुल सजा 45 वर्ष तथा अर्थदंड 90 हजार रुपये निर्धारित किया गया था। हालांकि, आरोपी की आयु को देखते हुए न्यायालय ने सभी सजाओं को एक साथ चलाने का आदेश दिया। इस प्रकार आरोपी को कुल 14 वर्ष का सश्रम कारावास और 1 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया है।

विशेष लोक अभियोजक के अनुसार, घटना 20 अगस्त 2024 से 23 अगस्त 2024 के बीच की है। इस दौरान आरोपी शिक्षक के विरुद्ध स्कूल में अध्ययनरत 12 वर्ष से कम आयु की नाबालिग छात्राओं के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने की शिकायत थाना रामनगर में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मामले की विवेचना की गई। सभी नाबालिग छात्राओं के बयान दर्ज किए गए और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। विवेचना पूर्ण होने के बाद विशेष न्यायालय पॉक्सो में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय में नाबालिग छात्राओं ने अपने साथ हुई घटनाओं के संबंध में साक्ष्य दिए। दोनों पक्षों को सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद न्यायालय ने आरोपी शिक्षक को दोषी पाते हुए कठोर दंड सुनाया। न्यायालय ने समाज में बढ़ रहे इस प्रकार के अपराधों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह फैसला दिया।


गीता ग्राम के जंगल में जुए का फड़ संचालित होने का आरोप, पुलिस संरक्षण पर उठे सवाल

अनूपपुर। जिले के चचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत गीता ग्राम के जंगल में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर जुए का फड़ पवन का झोके में संचालित होने की चर्चा है। आरोप है कि यहां आसपास के कई जिलों से जुए के खिलाड़ी पहुंचकर बड़ी रकम दांव पवन के छाये में अजमाते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, जुए के इस खेल में प्रतिदिन लाखों रुपये की हार-जीत का दांव लगाया जाता है। बताया जा रहा है कि एक दिन में दो-दो लाख रुपये से अधिक की रकम भी दांव पर लगाई जाती है। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि जुए के फड़ का संचालन अमलाई निवासी एक कथित सफेदपोश समाजसेवी के साथ हरि, वास्मी, मामा द्वारा किया जा रहा है।

चर्चा यह भी है कि इस अवैध गतिविधि को संचालित कराने में एक प्रभावशाली नेता की भूमिका हो सकती है और उसके कथित संरक्षण में जुआरियों को गीता ग्राम के जंगल में फड़ संचालित करने की छूट मिली हुई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चचाई थाना क्षेत्र में खुलेआम कथित रूप से जुए का संचालन होने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और कथित संरक्षण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इन आरोपों की जांच कर जुए के कथित फड़ पर कार्रवाई करता है या फिर यह अवैध गतिविधि इसी तरह जारी रहती है।


शुक्रवार, 21 अगस्त 2026

बिलासपुर-चिरमिरी ट्रेन में ड्यूटी कर रहें टीटीई का बैग चोरी, जीआरपी ने दर्ज किया मामला

 

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरूवार-शुक्रवार की रात्रि बिलासपुर-चिरमिरी पैसेंजर ट्रेन संख्या 18257 के कोच S-3 में तैनात रहे बिलासपुर रेल मंडल के एक टीटीई का बैग चोरी हो होने की शिकायत टीटीई ने मामले की शिकायत जीआरपी से की शिकायत पर जीआरपी अनूपपुर चौकी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि टीटीई रविंद्र पांडे ड्यूटी पर तैनात थे और उनकी बर्थ नंबर 17 के पास रखा बैग चोरी हो गया। बैग चोरी होने की जानकारी मिलने के बाद टीटीई ने मामले की शिकायत जीआरपी से शिकायत पर जीआरपी अनूपपुर चौकी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार टीटीई रविंद्र पांडे बिलासपुर रेल मंडल में पदस्थ हैं और ट्रेन संख्या 18257 में ड्यूटी कर रहे थे। ट्रेन के S-3 कोच में उनकी बर्थ नंबर 17 थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया। कुछ समय बाद जब टीटीई ने अपना बैग देखा तो वह वहां नहीं मिला। उन्होंने आसपास तलाश की और यात्रियों से भी जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना जीआरपी को दी। ट्रेन के अनूपपुर स्टेशन के पास पहुंचने के बाद शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पीड़ित टीटीई रविंद्र पांडे की शिकायत पर जीआरपी अनूपपुर चौकी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब ट्रेन के कोच में मौजूद यात्रियों और घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है। जीआरपी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैग किस समय चोरी हुआ और उस दौरान कौन-कौन से यात्री संबंधित कोच में मौजूद थे।

वहीं ड्यूटी के दौरान टीटीई का बैग चोरी होने की घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाएं रोकने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की ओर से समय-समय पर निगरानी की जाती है।  सीसीटीवी और यात्रियों से जुटाई जा रही जानकारी 

जीआरपी चौकी अनूपपुर प्रभारी उप निरीक्षक पी एस कुलस्ते ने बताया कि रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच कर रहें हैं कि ट्रेन से उतरने या स्टेशन के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि तो नहीं हुई। इसके अलावा ट्रेन में लगे कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच की जा रहीं हैं।


बुधवार, 19 अगस्त 2026

रात में खाना देने में देरी पर पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला, दिन में पति ने फांसी लगाकर दी जान

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 स्थित बैंक टोला में पति-पत्नी के बीच खाना देने में देरी को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। शराब के नशे में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के अगले ही दिन पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पत्नी पर हमले के मामले में प्रकरण दर्ज करने के साथ पति की मौत के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 37 वर्षीय धन सिंह उरेती पुत्र फूल सिंह उरेती, मूल निवासी सरईटोला गिरारी और वर्तमान में वार्ड क्रमांक 11 बैंक टोला में रहकर मजदूरी करता था। जानकारी अनुसार मंगलवार-बुधवार की रात धन सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना समय पर नहीं देने की बात को लेकर पत्नी पार्वती बाई से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने पास रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के बाएं गाल और कान के पास वार कर दिया। हमले में पार्वती बाई गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके चेहरे से खून बहने लगा।गाल पर दो गहरे घाव आए हैं और 18 टांके लगे हैं। 

घटना की जानकारी पड़ोसी सुमन सिंह ने पुलिस को दी। रात को घर से रोने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे, जहां पार्वती बाई घायल अवस्था में मिली। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया। बुधवार सुबह महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। बताया गया कि उसके गाल पर कुल्हाड़ी के दो गहरे घाव हैं।

इधर, पत्नी पर हमले के बाद अमरकंटक थाना पुलिस ने रात करीब 2 बजे धन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 118(1) और 351 के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस महिला के उपचार और मामले की कार्रवाई में जुटी थी, इसी दौरान धन सिंह घर से कहीं चला गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह पुलिस कार्रवाई और जेल जाने के भय से तनाव में था। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

19 अगस्त की दोपहर धन सिंह की बेटी घर पहुंची तो उसने पिता को फांसी के फंदे पर लटका देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शाम को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।


रविवार, 16 अगस्त 2026

कांग्रेस पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप, नेताओं से माफी मांगने की मांग

कोतमा भाजपा का विरोध प्रदर्शन, कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी, राष्ट्रद्रोह का प्रकरण दर्ज करने की मांग

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा नगर के गांधी चौक में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के कथित अपमान पर के कैंडल जला कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर 'वंदे मातरम्' का जानबूझकर अनादर करने का आरोप लगाया। उन्होंने देशवासियों से इस मामले पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्लीर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान वंदेमातरम गीत को बीच में ही बंद कराए जाने की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी मंडल कोतमा के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रगीत और देश का सीधा अपमान बताते हुए कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ रविवार की रात जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

वरिष्ठ नेता अजीत जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे पवित्र अवसर पर वंदे मातरम गीत को बीच में रुकवाना पूरे देश का अपमान है। ऐसे कृत्य में शामिल कांग्रेस नेताओं पर सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

रत्नेश उपाध्याय (मंडल महामंत्री) ने कहा राष्ट्रगीत को बंद कराने का दुस्साहस करने वाले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कड़े संवैधानिक कदम उठाए जाने चाहिए ताकि राष्ट्र के प्रतीकों का सम्मान बना रहे।

भाजपा नेता अजय सराफ ने इस कृत्य को राहुल गांधी और सोनिया गांधी की कुत्सिक मानसिकता बताया, उन्होंने कांग्रेस पार्टी को अपना मानसिक संतुलन सही करने की बात कहीं। 

विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश जैन, नवल सराफ, उमेश ब्यौहार, शैलेंद्र ताम्रकार, सीमा व्यौहार, मंडल महामंत्री रत्नेश उपाध्याय, अजय सराफ, बद्री ताम्रकार, राजेंद्र सोनी, अजय तोमर, सुषमा ताम्रकार, रज्जन शुक्ला, अमरीश जायसवाल, संजीव जायसवाल, बब्बू मेहरा, सचिन तिवारी, सतीश चंद्र पिंटू, अंकित नामदेव, वीरेंद्र जायसवाल एवं मीडिया प्रभारी दीपेश जैन सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


शनिवार, 15 अगस्त 2026

घना कोहरा बना काल: अमरकंटक में स्कूल बस-ऑटो भिड़ंत, चालक की मौत, दो महिलाएं गंभीर

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले अमरकंटक थाना अंतगर्त अमरकंटक-ज्वालेश्वर मार्ग पर शनिवार को घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्वालेश्वर मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस और यात्रियों से भरे ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में 50 वर्षीय ऑटो चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। 

बताया जाता है कि अमरकंटक के कपिल संगम निवासी 50 वर्षीय सतीश जायसवाल अपने ऑटो में सवारियां बैठाकर अमरकंटक से ज्वालेश्वर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पोड़की से अमरकंटक आ रही सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल बस से उनके ऑटो की सीधी भिड़ंत हो गई। जिसमे ऑटो चालक अमरकंटक के कपिल संगम निवासी 50 वर्षीय सतीश जायसवाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घायलों में 23 वर्षीय मीनाक्षी मरावी, निवासी टिकरी टोला, अमरकंटक और 55 वर्षीय ललिता कीर, निवासी पिपरिया, जिला नर्मदापुरम (होशंगाबाद) शामिल हैं। 

अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रानू सारीवान ने बताया कि दुर्घटना में घायलों के बताए अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण क्षेत्र में छाया घना कोहरा (धुंध) रहा। सुबह बारिश की उपरांत दृश्यता बेहद कम होने के कारण दोनों वाहनों के चालकों को सामने से आता वाहन दिखाई नहीं दिया और दोनों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। 

डॉ. सारीवान ने बताया कि दोनों घायल महिलाओं के पैर और हाथ की हड्डी टूटने की आशंका है। चोटों की गंभीरता एक्स-रे के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। स्कूल बस में सवार बच्चे और अन्य यात्री सुरक्षित बताए गए हैं, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

बताया जाता है कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अमरकंटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 

अमरकंटक थाना प्रभारी मानिम टोप्पो ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहले प्राथमिक रूप में कार्रवाई करते आगे वाहन जब्ती के साथ अन्य कार्रवाई की जाएगी।  


गुरुवार, 13 अगस्त 2026

विदेशी गिफ्ट का झांसा देकर सेवानिवृत्त शिक्षिका से 23.70 लाख की साइबर ठगी

दिल्ली एयरपोर्ट, कस्टम और पुलिस अधिकारी बनकर ऐंठी रकम, सिर्फ 80 हजार रुपये फ्रीज, बाकी राशि दर्जनों खातों में ट्रांसफर

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली विदेशी गिफ्ट भेजने और दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम द्वारा सामान पकड़े जाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 64 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका डुम्मी पडवार को अपना शिकार बनाया। ठगों ने पहले महिला को इंग्लैंड में रहने वाला कारोबारी बताकर बड़ी बहन का रिश्ता बनाया और रक्षाबंधन पर महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट, कस्टम और आगरा पुलिस के अधिकारी बनकर अलग-अलग बहानों से रकम जमा कराते रहे। करीब दो सप्ताह में महिला से 23 लाख 70 हजार 900 रुपये ठग लिए गए। 

पीड़िता अनूपपुर निवासी हैं और शासकीय माध्यमिक कन्या विद्यालय से 31 दिसंबर 2023 को सेवानिवृत्त हुई थीं। शिकायत के अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद मिली राशि और पेंशन से उनका जीवन-यापन चल रहा था। साइबर ठगों ने जेल जाने और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर उनकी जमा पूंजी तक अपने खातों में ट्रांसफर करा ली।

पहले बनाया बहन का रिश्ता, फिर शुरू हुआ ठगी का खेल

महिला के अनुसार करीब चार माह पहले अमनप्रीत नामक युवक ने फोन कर खुद को इंग्लैंड में रहने वाला कारोबारी बताया। उसने कहा कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह महिला को अपनी बड़ी बहन मानता है। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने रक्षाबंधन पर गिफ्ट भेजने की बात कही। कुछ समय बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आने लगे। कॉल करने वालों ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट, कस्टम और आगरा पुलिस का अधिकारी बताते हुए कहा कि इंग्लैंड से भेजा गया गिफ्ट एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। ठगों ने गिफ्ट की कीमत करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये बताकर पहले रसीद नहीं होने के नाम पर 70 हजार रुपये जमा कराने को कहा। इसके बाद दस्तावेज, कस्टम शुल्क, टैक्स और सामान को जिले से बाहर ले जाने की अनुमति सहित अलग-अलग बहाने बनाए गए।

20 किस्तों में खाते खाली कराए

शिकायत के अनुसार 19 जून से 2 जुलाई के बीच महिला से अलग-अलग खातों में करीब 20 किस्तों में 23,70,900 रुपये जमा कराए गए। जब ठगों ने दोबारा बड़ी रकम की मांग की तो महिला को संदेह हुआ। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि जिस व्यक्ति से उनकी बातचीत हुई थी, उससे उनकी कभी मुलाकात तक नहीं हुई और उसका वास्तविक नाम-पता भी उन्हें मालूम नहीं था।

दर्जनों खातों में पहुंची रकम, सिर्फ 80 हजार फ्रीज

थाना प्रभारी संजय अशोक एक्का ने गुरूवार को बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने रकम के ट्रांजेक्शन की पड़ताल शुरू की। जिन खातों में महिला ने राशि ट्रांसफर की थी, वहां से रकम आगे दर्जनों खातों में भेजी गई और कई खातों से राशि निकाल भी ली गई। पुलिस के अनुसार फिलहाल एक खाते में मिले 80 हजार रुपये को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगों ने भावनात्मक रिश्ता कायम करने के बाद सरकारी अधिकारियों का भय दिखाकर महिला की जीवनभर की जमा पूंजी पर हाथ साफ कर दिया। 


बुधवार, 12 अगस्त 2026

अनूपपुर: जमीन के टुकड़े के विवाद में चाचा ने टांगी से भतीजे की हत्या

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसनिहा अंतर्गत बरटोला में बुधवार दोपहर जमीन के बंटवारे को लेकर चाचा-भतीजे के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आवेश में आए चाचा ने पास रखी टांगी से भतीजे के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी चाचा मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्रग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 48 वर्षीय प्रमोद सिंह मरावी के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके 50 वर्षीय चाचा दल सिंह मरावी पर है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच बंटवारे की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। चाचा को उम्मीद थी कि बंटवारे में उसके हिस्से में जमीन का एक और टुकड़ा आएगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती थी।

खेत से लौटने के बाद बिगड़ी बात

थाना प्रभारी राजेंद्रग्राम वीरेंद्र सिंह बरकडे ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे चाचा-भतीजा बाइक से अपने खेत गए थे। वहां दोनों ने हरियाली पर्व उत्सव मनाया और इसके बाद बाइक से पास स्थित चाचा के घर लौटे। घर पहुंचने के बाद दोनों ने साथ में खाना-पीना किया। इसी दौरान जमीन के बंटवारे की पुरानी बात फिर छिड़ गई और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि दल सिंह ने गुस्से में पास रखी टांगी उठा ली और प्रमोद पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गर्दन पर लगातार कई वार किए, जिससे गर्दन गंभीर रूप से कट गई। इसके अलावा सिर और चेहरे पर भी दो-तीन वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई।

खून देखकर घरवालों ने दी पुलिस को सूचना

घटना के बाद घर में खून फैला देखकर अन्य परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम भेज दिया है। वहीं घटना के बाद फरार आरोपी दल सिंह मरावी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या के कारणों व घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


रविवार, 9 अगस्त 2026

चक्कर आने से सड़क पर गिरे 58 वर्षीय व्यक्ति, पीछे कर रही कार का पहिया सीने पर चढ़ा, मौत

जैतहरी के मुख्य बाजार में हादसा, अस्पताल पहुंचाने के बाद कार चालक वाहन समेत फरार; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे स्टेशन से सटे मुख्य बाजार क्षेत्र में टहल रहे 58 वर्षीय महेश गुप्ता को अचानक चक्कर आया और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे की ओर बैक हो रही एक कार का पिछला पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

महेश गुप्ता वार्ड क्रमांक 7 निवासी बाबूलाल गुप्ता के पुत्र थे और हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे। रविवार दोपहर बारिश के बाद मौसम ठंडा होने पर वे टहलने निकले थे। बताया गया कि जिस स्थान पर वे गिरे, उससे कुछ ही दूरी पर एक कार चालक वाहन को पीछे कर रहा था। चालक ने साइड मिरर देखे बिना कार बैक कर दी। इसी दौरान कार का पिछला पहिया महेश गुप्ता के सीने पर चढ़ गया।

कार चालक को पहले लगा कि वाहन के पीछे कोई बड़ा अवरोध आ गया है। नीचे उतरकर देखने पर महेश गुप्ता बेहोशी की हालत में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उठाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद कार चालक उन्हें और उनके परिजनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने प्राथमिक जांच के बाद महेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचाने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे मॉर्चुरी में रखवा दिया है। सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।

डॉक्टर के अनुसार महेश गुप्ता को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनकी टी-शर्ट पर टायर के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सीने पर टायर चढ़ने को मौत की वजह माना जा रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल जैतहरी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।


बुधवार, 5 अगस्त 2026

एयर कंप्रेसर टैंक फटने से 21 वर्षीय युवक की मौत, वर्कशॉप में काम करते समय हुआ हादसा

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा के पकरिहा मुख्य मार्ग श्रमिक नगर बस स्टैंड स्थित पर संचालित एक बाइक वर्कशॉप में बुधवार दोपहर एयर कंप्रेसर टैंक फटने से 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक टैंक में हवा भर रहा था। 

जानकारी के अनुसार, कोतमा थाना क्षेत्र के श्रमिक नगर पकरिहा मुख्य मार्ग पर संचालित मोतीलाल साहू की बाइक रिपेयर, धुलाई एवं हवा भरने की वर्कशॉप में बुधवार की दोपहर अचानक एयर कंप्रेसर टैंक में तेज धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से वर्कशॉप में काम कर रहे 21 वर्षीय प्रिंस कुमार साहू पुत्र मोतीलाल साहू, गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना देने के साथ ही घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच कर रहे एएसआई कमलेश प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के समय मृतक के पिता और छोटा भाई धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। प्रिंस दुकान पर अकेला काम कर रहा था और खेत जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वह छोटे एयर कंप्रेसर टैंक में हवा भर रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि टैंक में निर्धारित क्षमता से अधिक हवा भर जाने के कारण वह फट गया। धमाका इतना तेज था कि प्रिंस के शरीर के दाहिने हिस्से, दाहिने हाथ की अंगुलियों, सिर और कनपटी में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

चिकित्सकों से सूचना मिलने के बाद कोतमा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी अपने मायके में है, जहां 15 दिन पहले ऑपरेशन के माध्यम से उसने एक पुत्र को जन्म दिया था। इसके अलावा दंपति का एक दो वर्षीय बेटा भी है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


मंगलवार, 4 अगस्त 2026

अंधविश्वास के चलते भतीजों ने की की बड़ी मां की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र की वेंकटनगर पुलिस चौकी से 16 किलोमीटर दूर स्थित केरहा भेलमा गांव में 65 वर्षीय रामबाई गोंड की हत्या के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए मृतका के दो भतीजों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा था, लेकिन आरोपियों से पूछताछ में हत्या के पीछे अंधविश्वास की वजह सामने आई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद 35 वर्षीय फूल सिंह गोंड और 25 वर्षीय सुरेश सिंह गोंड के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया।

थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडे ने बताया कि मृतका रामबाई के पति सहित परिवार के तीन भाइयों में से एक की मौत वर्ष 2021, दूसरे की वर्ष 2025 और तीसरे की लगभग एक माह पहले हुई थी। आरोपियों में एक दूसरे भाई का पुत्र और दूसरा तीसरे भाई का पुत्र है। परिवार के बीच पहले से जमीन विवाद भी चल रहा था। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी अंधविश्वास के शिकार थे। उनका मानना था कि रामबाई घर में पूजा करती थीं और जो भी कहती थीं, वह सच हो जाता था। आरोपियों के अनुसार, रामबाई ने पहले दोनों देवरों की मृत्यु की बात कही थी और बाद में उनकी पत्नियों के बीमार रहने से उन्हें भय सताने लगा कि अब उनकी पत्नियों और फिर उनकी भी मौत हो जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह रामबाई धान की रोपाई के लिए घर से निकल रही थीं। तभी दोनों भतीजों ने उनसे कथित तौर पर जादू-टोना हटाने की बात कही। रामबाई द्वारा इनकार करने पर दोनों ने गुस्से में उनकी पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के आंगन में छोड़कर दरवाजा बंद जैसा कर वहां से चले गए।

घटना का प्रत्यक्षदर्शी गांव का निवासी कोमल सिंह बताया गया है, जिसने अन्य ग्रामीणों, उपसरपंच और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, मृतका के घर के आसपास लोगों की आवाजाही कम रहती थी। यदि ग्रामीणों ने समय पर सूचना नहीं दी होती तो करीब 30 घंटे तक आंगन में पड़ा शव सड़ सकता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।


धान की रोपाई कर लौट रहें मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, 15 साल की बच्ची की मौत, 3 घायल

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर धान की रोपाई कर खेत से लौट रहे मजदूरों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना नवीन सब्जी मंडी अनूपपुर के पास करहीबाह गांव क्षेत्र की है। सामतपुर वार्ड क्रमांक 6 निवासी राजू चौधरी की 15 वर्षीय पुत्री नजर चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई।

घायलों में सामतपुर निवासी 25 वर्षीय प्राची चौधरी, शांति चौधरी और 30 वर्षीय सीमा चौधरी शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला चिकित्सा लय अनूपपुर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के अनुसार तीनों महिलाओं के हाथ, पैर और कमर में चोटें आई हैं।

घायलों के अनुसार, सामतपुर मोहल्ले की 6 महिलाएं करहीबाह गांव में केशव राठौर के खेत में धान रोपाई करने गई थीं। दोपहर लौटते समय ट्रैक्टर पर सवार कुछ महिलाएं रील बना रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान चालक ने पीछे मुड़कर देखने की लापरवाही की, जिससे ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया।

पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


सोमवार, 3 अगस्त 2026

जमीनी विवाद में वृद्धा की संदिग्ध मौत, भतीजों पर मारपीट का आरोप; 30 घंटे तक आंगन में पड़ा रहा शव

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना अंतर्गत वेंकटनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम केरहा भेलमा में जमीनी विवाद के बीच 65 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि भतीजों ने वृद्धा के साथ मारपीट कर उसे बेहोशी की हालत में घर के आंगन में फेंक दिया और बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। करीब 30 घंटे बाद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रामबाई गोंड (65), पत्नी स्वर्गीय सुधु सिंह गोंड के रूप में हुई है। उनका शव सोमवार दोपहर घर के आंगन में मिला। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडेय ने बताया कि रामबाई के पति का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। लगभग 4 से 5 एकड़ जमीन को लेकर उनका अपने देवर के बेटों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार सुबह दोनों भतीजों ने जमीन विवाद को लेकर रामबाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। घटना को एक स्थानीय महिला ने भी देखा था। आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों आरोपी वृद्धा को उठाकर घर के आंगन में छोड़ गए और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों के डर से किसी ने दरवाजा खोलने की हिम्मत नहीं की।

काम पर नहीं पहुंचीं तो खुला मामला

रामबाई गांव में धान रोपाई का कार्य करती थीं। रविवार और सोमवार को काम पर नहीं पहुंचने पर उनके साथ काम करने वाली महिलाएं घर पहुंचीं। अंदर जाकर देखा तो रामबाई आंगन में मृत अवस्था में पड़ी थीं। इसके बाद महिलाओं ने उपसरपंच को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

वेंकटनगर चौकी प्रभारी प्रवीण साहू ने बताया कि शव करीब 30 घंटे तक आंगन में पड़ा रहा। पुलिस आरोपित भतीजों की तलाश कर रही है। शाम होने के कारण पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज,राजस्व कार्य प्रभावित होने के आसार 

अनूपपुर। मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के आह्वान पर सोमवार से अनूपपुर जिले के पटवारी अपनी पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन के अंतिम चरण में प्रवेश करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर अनूपपुर को संबोधित ज्ञापन अधीक्षक भू-अभिलेख को सौंपा तथा अपने बस्ते एवं राजस्व अभिलेख संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कर दिए।

पटवारी संघ जिला इकाई अनूपपुर के अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने बताया कि प्रदेशभर के पटवारी लंबे समय से अपनी पांच सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसके विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ के निर्देशा पर अनूपपुर जिले की चारों तहसीलों के पटवारियों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी है।

संघ ने प्रमुख मांगे

कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा का नियमित आयोजन, पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करने, विभिन्न योजनाओं के लंबित मानदेय एवं भुगतानों का शीघ्र भुगतान, पटवारी संघ के पदाधिकारियों के स्थानांतरण नियमों के विरुद्ध किए गए तबादलों को निरस्त करने की मांग उठाई है।

संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्रों के लिए आवश्यक राजस्व प्रतिवेदन सहित पटवारियों से संबंधित विभिन्न राजस्व कार्य प्रभावित होने की संभावना है, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पटवारी संघ ने शासन से मांग की है कि उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आंदोलन समाप्त कराने की पहल की जाए। साथ ही प्रशासन को हड़ताल की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भी अवगत कराया गया है।

 

अनूपपुर : भाजपा का अध्यक्ष, कांग्रेस का‘मंत्रिमंडल’, नपा की पीआईसी में फिर सियासी उलटफेर

भाजपा पार्षदों के बीच विवाद और कांग्रेस पार्षदों के सहारे चल रही पीआईसी बना चर्चा का विषय अनूपपुर। मध्य प्रदेश की अनूपपुर जिला मुख्यालय की ...