https://halchalanuppur.blogspot.com

मंगलवार, 30 जून 2026

हाथी के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग घायल, घर की दीवार तोड़कर हाथी ने हमले का किया प्रयास


छत्तीसगढ़ सीमा से आए चार हाथी दो समूहों में बंटे, ग्रामीण क्षेत्रों में मचा दहशत का माहौल

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोई के पडमनिया टोला में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक अकेले हाथी ने घर की दीवार तोड़कर 70 वर्षीय बुजुर्ग को घायल कर दिया। घायल वृद्ध को वन विभाग के गश्ती दल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार वृद्ध की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन बेहतर उपचार और अन्य जांचों के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया जाएगा।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ वन सीमा से करीब छह दिन पूर्व अनूपपुर जिले में पहुंचे चार हाथियों का समूह रविवार शाम दो हिस्सों में बंट गया। इनमें से तीन हाथियों का दल जैतहरी क्षेत्र के धनगवां जंगल से विचरण करते हुए अनूपपुर वन परिक्षेत्र के भोलगढ़ बीट अंतर्गत खुरियारी जंगल पहुंच गया है। वहीं एक अकेला हाथी ग्राम पंचायत पड़रिया के चोई गांव के अलग-अलग टोला-मोहल्लों में घूमकर ग्रामीणों के घरों की दीवारें तोड़ने और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने में लगा हुआ है।

वन परिक्षेत्राधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि मंगलवार-बुधवार की रात धनगवां बीट के जंगल से भोजन की तलाश में निकला अकेला हाथी चोई गांव के पडमनिया टोला पहुंचा। जहां उसने 70 वर्षीय भोला प्रसाद राठौर के घर के पास रखा धान का कुठला तोड़कर धान खाया और इसके बाद घर के समीप पहुंच गया। इसी दौरान भोला प्रसाद बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकले, तभी हाथी ने मकान की दीवार को धक्का देकर गिरा दिया। दीवार के मलबे में दबने से वृद्ध के हाथ-पैर और कमर में चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का गश्ती दल मौके पर पहुंचा और घायल वृद्ध को जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार किया जा रहा है।

इधर तीन हाथियों का समूह भी मंगलवार की देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र, तहसील एवं वन परिक्षेत्र अनूपपुर के ग्राम पोंडी, मानपुर और बरबसपुर के ग्रामीण इलाकों में पहुंच गया। हाथियों ने कई ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ करते हुए खेतों और बाड़ियों में लगी सब्जियों व अन्य फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों का दल ग्राम सांधा होते हुए जिला मुख्यालय अनूपपुर से करीब पांच किलोमीटर दूर बरबसपुर गांव पहुंचा, जहां भी घरों और फसलों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद सुबह हाथी जंगल की ओर चले गए।

हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।


शुक्रवार, 19 जून 2026

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कार्यपालन यंत्री 30,000 रूपये रिश्वत लेते आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) रीवा ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार


मांगी दो लाख रुपए रिश्वत, डेढ़ लाख पूर्व में लिया दूसरी किस्त तीस हजार रुपए जेते धराये 

  • अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार की दोपहर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री ए.के.साह ठेकदार की जमा सुरक्षा राशि वापस लेने के नाम पर अपने निवास पर 30,000 रुपए रिश्वत की राशि लेते आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो(EOW) रीवा की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। 
  • जानकारी अनुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अनूपपुर में आरजीए कंस्ट्रक्शन कंपनी रीवा को कोरोना कॉल वर्ष 2020- 21 में जिले में पाइप लाइन बिछाने, घर में नल कनेक्शन करने, सेम बिल बनाने का ठेका अनुबंध पत्र के आधार पर दिया गया था। संबंधित कंपनी द्वारा कार्य पूर्ण होने के पश्चात उसके अंतिम देयक राशि लगभग 14 लाख रुपए के भुगतान एवं जमा सुरक्षा राशि लगभग 7 लाख रुपए तथा जमा एफडीआर लगभग 4 लाख रुपए को वापस किए जाने के एवज में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कार्यपालन यंत्री ए.के. साह ने आवेदक रामाश्रय यादव निवासी बाणसागर कॉलोनी रीवा से 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की गई थी, जिसमें प्रथम किस्त 1,50,000 रुपए पूर्व में प्राप्त किए जा चुके थे, शेष राशि लिए जाने हेतु आज रामाश्रय यादव को अपने निज निवास स्मार्ट सिटी अनूपपुर में बुलाया गया था। जहां 30,000 रुपए रिश्वत की राशि लेते आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो(EOW) रीवा की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। 

 


मंगलवार, 16 जून 2026

संदेही आरोपी के फरार होने पर प्रधान आरक्षक निलंबित, दो एएसआई पर जांच

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से एक संदेही आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक विक्रम मुराब ने कड़ा रुख अपनाया है। आरोपी की सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर प्रधान आरक्षक मोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र अनूपपुर संबद्ध कर दिया गया है। वहीं मामले में शामिल दो सहायक उप निरीक्षकों (एएसआई) के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार थाना चचाई में दर्ज अपराध की धारा 303(2) बीएनएस के तहत संदेही आरोपी मंगेश सिंह निवासी टिकरीटोला, बुढ़ार को 15 जून 2026 को माल बरामदगी एवं विवेचना संबंधी कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया था। आरोपी को विवेचक एएसआई प्यारेलाल सिंह, एएसआई लालमणि चौधरी तथा प्रधान आरक्षक मोहन सिंह थाना चचाई लेकर आ रहे थे।

इसी दौरान विवेचक अधिकारियों को थाना अमलाई क्षेत्र में हुई चोरी की गाड़ियों एवं उनके कलपुर्जों की तस्दीक करनी थी। दोनों एएसआई आरोपी को प्रधान आरक्षक मोहन सिंह की निगरानी में छोड़कर अमलाई थाना परिसर में जांच के लिए चले गए। बताया गया कि वाहन थाना अमलाई की बाउंड्री के बाहर खड़ा था। कुछ समय बाद जब दोनों अधिकारी वापस लौटे तो आरोपी वाहन में मौजूद नहीं मिला। पूछताछ में प्रधान आरक्षक मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी अपनी कलाई से हथकड़ी सरकाकर भाग निकला।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रम मुराब ने प्रथम दृष्टया आरोपी की सुरक्षा में घोर लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए प्रधान आरक्षक मोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही घटना के संबंध में एएसआई प्यारेलाल सिंह एवं एएसआई लालमणि चौधरी की भूमिका की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। पुलिस फरार संदेही आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



शनिवार, 13 जून 2026

नप बनगवां में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: मुख्य द्वार बंद कर 2 घंटे तक चली जांच, कई फाइलें जब्त, होगी कार्यवाही

लेखापाल को डूडा में अटैच, गायब मिले कर्मचारी   

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के जिले की नगर परिषद बनगवा में शनिवार कलेक्टर हर्षल पंचोली बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण के लिए परिषद कार्यालय पहुंच गए। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान परिषद कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर करीब दो घंटे तक विभिन्न अभिलेखों और प्रशासनिक कार्यों की गहन जांच की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कलेक्टर ने हाजिरी रजिस्टर, वित्तीय दस्तावेज, निर्माण कार्यों से संबंधित फाइलें तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच की। इस दौरान कई दस्तावेजों में प्रथम दृष्टया अनियमितताओं की आशंका सामने आने पर संबंधित फाइलों और अभिलेखों को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया। निरीक्षण के दौरान लेखापाल राजेश मिश्रा के कार्यों को लेकर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल डूडा कार्यालय अनूपपुर में संलग्न किए जाने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को अवैतनिक करने के निर्देश भी दिए हैं। 

नगर परिषद बनगवा पिछले कुछ समय से निर्माण कार्यों, भुगतान प्रक्रियाओं, वित्तीय लेन-देन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर लगातार चर्चा में रही है। विभिन्न शिकायतों के बीच कलेक्टर का यह औचक निरीक्षण और फाइलों की जब्ती कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर रहा है। कलेक्टर की कार्रवाई के बाद नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। आमजन के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर किन फाइलों में ऐसी अनियमितताओं की आशंका मिली, जिनके चलते उन्हें तत्काल जब्त करना पड़ा। लोगों की निगाहें अब जांच की अगली कार्रवाई और प्रशासन द्वारा लिए जाने वाले संभावित निर्णयों पर टिकी हुई हैं।

फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। लेकिन कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि नगर परिषद के कामकाज की गहन समीक्षा की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता प्रमाणित होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने बताया कि नगर परिषद बनगवा में निरीक्षण के दौरान कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए और लेखापाल का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया जिन्हें सोमवार से डूडा कार्यालय अटैच किया गया है। इसके साथ ही ज्यादातर कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए जिसको लेकर के अब कर्मचारी की हाजिरी रजिस्टर में नहीं बल्कि बायोमैट्रिक अटेंडेंस से की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि नगर परिषद बनगवा, डोला, डूमर कछार में कर्मचारियों की मनमानी की शिकायतें प्राप्त हुई है। जिसको ध्यान में रखते हुए आगामी दो महीना में यह नियमित रूप से विजिट करते हुए यहां की व्यवस्थाएं सुधारी जाएगी। जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी। 


दो अलग-अलग सड़क हादसे में 3 की मौत, दो घायल


अनूपपुर। मध्य प्रदेश के जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हो गई हैं। जबकि 2 घायलों का इलाज जारी हैं।

जानकारी अनुसार शनिवार की दोपहर राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम मौहारी परसेलखर्द निवासी 28 वर्षीय राम सिंह पुत्र ढिमरा किरर जंगल में अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होकर मौके पर दम तोड़ दिया। कुछ लोगो देखकर सूचना पर मौके पर पुलिस ने पंचनामा बना पोस्टमार्डम उपरांत शव परिजनों को सौप कर जांच की कार्यवाई प्रारंभ कर दी। 

दूसरी घटना राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम कार सवार 4 लोग राजेंद्रग्राम से अपने गृह ग्राम बंहनी जा रहें थे। तभी कारीमाट जंगल मोड में तिवारीटोला के समीप स्थित तीखे मोड़ पर कार चालक वाहन से नियंत्रण खो दिया जिससे कार सड़क छोड़कर सीधे खेत में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया है। वर्तमान में दो घायलों का इलाज जारी हैं। मृतको में 29 वर्षीय नर्मदा प्रसाद कनौजिया एवं 25 वर्षीय सोनू कनौजिया दोनो के सगे भाई थे। 

थाना प्रभारी राजेंद्रग्राम पीसी कोल ने बताया कि सड़क दुघर्टना में 3 की मृत्यु हो गई हैं। जिसमे एक बाईक चालक किरर के जंगलमें अनियंत्रित होकर गिरा और मैके पर मौत हो गई। दूसरी कार अनियंत्रित होकर खेत में घुसी जिसमें दो की मौत हुई हैं। जांच की जा रहीं हैं।


मंगलवार, 9 जून 2026

जिलों के थानों में पदस्थ पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण, 104 हुए इधर से उधर

6 उप निरीक्षक, 29 सहायक उप निरीक्षक,  44 प्रधान आरक्षक एवं 25 आरक्षक का स्थानांतरण

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले ने पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब जिले में पदस्थ उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षण के थोक बंद स्थानान्तरण किया है। 104 पुलिस अधिकारी इधर से उधर किए गए हैं, जिसमें 6 उप निरीक्षक,29 सहायक उप निरीक्षक  44 प्रधान आरक्षक एवं 25 आरक्षक इस स्थानांतरण में प्रभावित हुए हैं। ज्ञात होगी जब से पुलिस अधीक्षक ने पदभार ग्रहण किया था अपेक्षा की जा रही थी कि शीघ्र जिलों के थानों में पदस्थ पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण होगा जिसे आज मंगलवार की रात यह सूची जारी की गई है। 

उप निरीक्षकों - श्यामलाल मरावी कोतमा से सरई चौकी प्रभारी बनाए गए हैं। दयावती मरावी थाना राजेंद्रग्राम से रामनगर, रंगनाथ मिश्रा पुलिस सहायता केंद्र देवहरा से थाना बिजुरी, विपुल कुमार शुक्ला थाना बिजुरी से देवहरा चौकी प्रभारी, मंगल प्रसाद दुबे चौकी सरई से थाना कोतमा भेजा गया है। 

सहायक उप निरीक्षक 

गोविंद प्रजापति कोतमा से जैतहरी, रामनारायण तिवारी पुलिस लाइन से कोतमा, मणिराज सिंह जैतहरी से कारनपठार, कमल किशोर चंद्रोल कारनपठार से जैतहरी, धनेश्वर पटेल कारनपठार से चचाई, किरण मिश्रा चचाई से कारनपठार, विनय सिंह कोतमा से अमरकंटक, सुरेश कोरी जैतहरी से भालूमाडा, विनोद द्विवेदी भालूमाडा से जैतहरी, कमलेश शुक्ला भालूमाडा से चचाई, नागेश सिंह चचाई से भालूमाडा, बृजेश सिंह यातायात से कोतमा, विनोद नाहर रामनगर से राजेंद्रग्राम, रवि करण पयासी बिजुरी से करनपठार, यादवेंद्र सिंह राजेंद्रग्राम से बिजुरी, मुनेंद्र गवले कारनपठार से बिजुरी, पुष्पकांत यादव से अमरकंटक से कोतवाली, सुरेंद्र सिंह कोतवाली से अमरकंटक, संतोष वर्मा कोतवाली से अमरकंटक, परसराम धनंजय अमरकंटक से चचाई, लालमणि चौधरी चचाई से अमरकंटक, उदय प्रजापति बिजुरी से रामनगर, प्रदीप अग्निहोत्री बिजुरी से राजेंद्रग्राम, अवधलाल अहिरवार राजेंद्रग्राम से बिजुरी, कमलेश तिवारी बिजुरी से कोतमा, हारून निशा कोतवाली से बिजुरी किया गया हैं। 

प्रधान आरक्षक 

गोकरण यादव नियंत्रण कक्ष से पुलिस लाइन, कृष्ण कुमार मसराम पुलिस लाइन से नियंत्रण कक्ष, कृष्ण कुमार तिवारी बिजुरी से राजेंद्रग्राम, कौशल प्रसाद राजेंद्रग्राम से भालूमाडा, यूजीन लकड़ा कोतमा से सेकोतवाली, शेख रशीद कोतवाली से कोतमा, निरंजन खालको रामनगर से बिजुरी, विमल परस्ते कारनपठार से राजेंद्रग्राम, अनादि प्रसाद अमरकंटक से पुलिस लाइन, विजय कुमार द्विवेदी कारनपठार से कोतवाली, राजेंद्र यादव राजेंद्रग्राम से कोतमा, योगेंद्र मिश्रा रामनगर से कारनपठार, महेंद्र राठौर कोतवाली से कारनपठार, दिनेश राठौर कोतमा से राजेंद्रग्राम, विवेक त्रिपाठी भालूमाडा से चचाई, जितेंद्र खालको भालूमाडा से राजेंद्रग्राम, सुखसेन कोल थाना चचाई से कोतमा, संतोष कुमार यादव कोतमा से चचाई, सुखेंद्र सिंह भालूमाडा से कोतवाली, प्रदीप पांडे चौकी जैतहरी, सपन नामदेव चचाई, कमल सिंह मसराम चौकी सरई से भालूमाडा, सुमेर सिंह कारनपठार से रामनगर, जगत सिंह कोरचम पुलिस लाइन से अमरकंटक, विजय आनंद पांडे जैतहरी से राजेंद्रग्राम, राजेंद्र प्रसाद चचाई से कोतमा, अशोक बर्मन चचाई से भालूमाडा, रामपाल पटेल कोतमा से चचाई,मनोज नामदेव भालूमाडा से सरई, ईश्वर प्रसाद यादव बिजुरी से राजेंद्रग्राम, जमुना सिंह थाना अमरकंटक से पुलिस लाइन, अमर सिंह परस्ते कोतमा से राजेंद्रग्राम, राजेंद्र पडवार कारनपठार से रामनगर, मनोज उर्वती राजेंद्रग्राम से बिजुरी, वीरेंद्र सिंह मार्को राजेंद्रग्राम से कोतमा, राजेश कंवर कोतवाली से फुनगा चौकी, शकील रजा खान कोतवाली से कोतमा, सूर्यभान सिंह फुनगा से कोतमा, रणजीत सिंह पुलिस लाइन भालूमाडा, हेमराज सिंह चचाई से रामनगर, भानु प्रताप कोतमा से कोतवाली, अमित पटेल रामनगर से अमरकंटक राहुल प्रजापति रामनगर से कारनपठार। 

आरक्षक 

विवेक मिश्रा बिजुरी से भालूमाडा, मकसूदन मार्को को भालूमाडा से चाचाई, अनिल कोल जैतहरी से रामनगर, श्वेता विकल बैग महिला थाना से सीसीटीवी कंट्रोल रूम, पूजा दहायत कंट्रोल रूम से महिला थाना, ज्योति धारवे कोतवाली से चचाई, अनामिका द्विवेदी चचाईसे कोतवाली, अब्दुल कलीम कोतवाली से पुलिस लाइन, कमलेश रविदास कोतवाली से जैतहरी, अजय प्रताप सिंह तोमर कोतमा से कोतवाली, प्रकाश चंद तिवारी कोतवाली से कोतमा, नाथू चौधरी कोतमा से कोतवाली, अनूप पुसराम कोतवाली से कोतमा, संजय द्विवेदी कोतमा से राजेंद्रग्राम, मोतीलाल सिंह राजेंद्रग्राम से कोतमा, गणेश कुमार यातायात से पुलिस लाइन, सत्येंद्र तिवारी पुलिस लाइन से यातायात, रवि शंकर मरावी राजेंद्रग्राम से बिजुरी, लक्ष्मण दागी बिजुरी से राजेंद्रग्राम, प्रभाकर त्रिपाठी बिजुरी से कोतवाली, अनुराग भार्गव रामनगर से बिजुरी, महेश कुमार यातायात से कोतमा, राकेश कुमार कोतमा से यातायात, संजय सिंह कोतवाली से चचाई दीपक मंडलोई चचाई से कोतवाली स्थानांततिर किये गये हैं।


अदानी थर्मल पावर प्लांट के प्रबंधक पर भड़की मझौली सरपंच, वादा खिलाफी और शोषण का लगाया आरोप


चेतावनी: कहा कि समझौते के अनुसार किये गये वादे को समय रहते पूरा नहीं किया तो नहीं होगा काम

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में अनूपपुर (अदानी) थर्मल पावर प्लांट के प्रबंधक द्वारा लगातार एक वर्ष किए जा रहे वादा खिलाफी शोषण के विरुद्ध मंगलवार को ग्राम पंचायत मझौली सरपंच सुश्री चंदा पनिका ने कंपंनी के अधिकारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि समझौते के अनुसार किये गये वादे को समय रहते पूरा नहीं किया गया तो काम नहीं होने दिया जायेगा।

सरपंच सुश्री चंदा पनिका ने अनूपपुर (अदानी) थर्मल पावर प्लांट पर आरोप लगाया कि किसी भी ग्राम पंचायत का विकास तभी संभव है जब उसके पास ख़ुद की शासकीय जमीन हो लेकिन कंपनी ने ग्राम पंचायत मझौली की लगभग 100 एकड़ जमीन पूर्व में ही अधिग्रहण कर चुकी थी और अब बची कूची भूमी भी अधिग्रहण करना चाहती है जिसके लिए कंपनी ने अधिकारियों की एक विषेश टीम लगा रखी है जो ऊपर से दबाब डलवाने से लेकर ग्राम पंचायत के कुछ दलालो के माध्यम से भूमि में कब्जा करना चाहते हैं जिसके लिए छोटे छोटे ऐसे कार्य करने का नाटक दिखावा करके माहौल बना रहे हैं जैसे उन्होंने ग्राम पंचायत को स्मार्ट सिटी बना दिया हो। जबकि साल भर पहले से लिखित में दिए हुए ऐसे कार्यो की सूची जिससे ग्राम पंचायत के हर एक घर के एक-एक सदस्य को सीधे फायदा होता, उन कामो में आज तक पलट कर कंपनी वालो ने देखा भी नहीं करना तो बहुत दूर की बात है। 

सरपंच ने बताया कि समझौते के अनुसार ग्राम पंचायत मझौली के ग्राम पंचायत में सामुदायिक स्वास्थ्य भवन हॉस्पिटल का निर्माण के लिए बोला गया था जिसमे आईसीयू भर्ती बेड हो, जब तक अस्पताल नहीं बनता तब ग्राम पंचायत के लिए 24/7 एम्बुलेंस सेवा, रावण मैदान में हाट बाजार मार्केट का निर्माण, युवाओं के लिए ट्रेनिग सेंटर स्थापित करने, जिसमे युवा कंप्यूटर, पुस्तकालय, जिससे युवा स्किल्ड के साथ ऑफिस वाली नौकरी कर सके। महिलाओं को रोजगार के मुख्य धारा से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोलने, युवाओं के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघ,भारतीय खेल प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त खेल मैदान जिससे युवा अपने खेल और आर्मी ओलंपिक जैसे खेलों की तैयारी कर सके। पशु अस्पताल और गौ शाला का निर्माण, महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर चौराहे तिराहे पर सीसीटीवी कैमरा, हर मोहल्ले में सफाई कर्मचारी के साथ सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था की बात कहीं गई थी। 

सरपंचने बताया कि हमारे क्षेत्र में महिलाए देर रात तक अपना काम करती थी लेकिन कंपनी बनने की वजह से पश्चिम बंगाल बिहार पता नहीं कहा कहा के लोग है जिनकी वजह से शराब नशा के कारण ग्राम पंचायत के लोग असुरक्षित है। उन्होने कहा कि हम राजनीति नहीं करना चाहते तो राजनीति कंपनी भी न करे। 

पूर्व में ग्राम पंचायत मझौली हमेशा इस प्रयास में कंपनी के सहयोग में रही है की प्लांट लगने से ग्राम पंचायत मझौली के विकास होगा और युवाओं महिलाओं को रोजगार मिलेगा और आर्थिक विकास का मौका मिलेगा लेकिन वादा खिलाफी षड्यंत्रों से परेशान करने का काम किया जा रहा है। 


मंगलवार, 2 जून 2026

मायके गई पत्नी के न आने से नाराज पति ने कर दी 4 वर्षीय पुत्री की हत्या, आरोपी जेल में


शराबी पति से परेशान पत्नी चली गई थी मायके, घटना राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम बेदी की  

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना थाना राजेंद्रग्राम क्षेत्र के ग्राम बेंदी में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी के मायके से वापस न लौटने से परेशान पति ने अपनी ही 4 वर्षी पुत्री की गला काटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और शव पंचनामा तैयार करने के साथ ही मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। 

घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि ग्राम बेंदी निवासी अमरवती मरावी ने पुलिस को बताया कि उसका पति गोवर्धन सिंह मरावी अक्सर शराब के नशे में उससे झगड़ा और मारपीट करता था। इसी कारण वह  आठ दिन पहले अपनी 4 वर्षीय बेटी प्रीति मरावी और 1 वर्षीय बेटे के साथ मायके ग्राम केशवानी अपने मायके चली गई थी। 30 मई को गोवर्धन सिंह मायके पहुंचा और पत्नी को वापस ससुराल चलने के लिए कहा। पत्नी ने उसके शराब छोड़ने तक साथ न जाने की बात कही। इसके बाद गोवर्धन अपनी बेटी प्रीति को जबरन अपने साथ ग्राम बेंदी ले गया।

महिला ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात उसकी बहन के मोबाइल पर गोवर्धन का फोन आया। जिसने धमकी देते हुए कहा कि यदि वह घर नहीं आई तो उसकी बेटी प्रीति को मार देगा। इसके बाद महिला अपने माता-पिता के साथ तत्काल ससुराल पहुंची। घर पहुंचने पर गोवर्धन वहां नहीं मिला। परिजनों के द्वारा 4 वर्षीय पुत्री की तलाश करने पर घर के भीतर शव खून से लथपथ और गला कटा हुआ मिला। बच्ची की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपी हो गया, जिसे मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। आरोपी शराबी था जो आए दिन शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था जिसके कारण उसकी पत्नी चली गई थी और इस पर दबाव बनाने के लिए आरोपी ने पहले फोन पर ऐसा करने की धमकी उसे दी और बाद में घटना को अंजाम दिया।


जिला मुख्यालय को मिली स्थाई नपाधिकारी, आशा मेढ़ा को जिम्मेदारी


अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले सोमवार को 3 नगरी निकायों के अधिकारियों अतरिक्त प्रभार सौपा गया था जिसमे मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर प्रदीप झरिया को हटाते हुए शशांक सिंह आर्मो को जिम्मेदारी सौपी गई थी। वहीं मंगलवार को जारी सूची में आशा मेढ़ा (भण्डारी) में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर जिम्मेदारी सौपी गई हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर प्रदीप झरिया को नई पदस्थापना नहीं मिली हैं।

मंगलवार जारी स्थानांतरण सूची में नगरी प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगरी निकाय के अनूपपुर जिला मुख्यालय की नगर पालिका में स्थाई रूप से नवीन पदस्थापना हो गई हैं। ज्ञात हो कि सोमवार को जिले के 3 नपा अधिकारियों को अतरिक्त प्रभार सौपा गया था। जिसमें अनूपपुर मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप झरिया के स्थान पर शशांक सिंह आर्मो को अनूपपुर नगर पालिका का अतरिक्त प्रभार दिया गया था। आज की सूची में आशा मेढ़ा (भण्डारी) में मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहडोल से मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर जिम्मेदारी दी गई हैं। इस नियुक्ति से जिला मुख्यालय की नगर पालिका को को स्थाई नपाधिकारी मिल गया हैं।

कल की सूची में लखन लाल पनिका उपनिरीक्षक नगर पालिका बिजुरी को मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद बनगांव (राजनगर), शरद गौतम मुख्य लिपिक नगर पालिका शहडोल से मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद बरगवां (अमलाई) को अतरिक्त प्रभार सौपा गया हैं।

 

सोमवार, 1 जून 2026

जिले के 3 नगर पालिका अधिकारी स्थानांतरित, शशांक सिंह आर्मो को अनूपपुर की जिम्मेदारी

 


 

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के 3 नगरी निकायों के अधिकारियों स्थानांतरण करते हुए नवीन पदस्थापना की गई हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर प्रदीप झरिया को हटाते हुए शशांक सिंह आर्मो को जिम्मेखदारी सौपी गई हैं। वही इस स्थानांतरण सूची में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर प्रदीप झरिया को नई पदस्थापना नहीं मिली हैं।

सोमवार को नगरी प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगरी निकाय के चार अधिकारियों का स्थानांतरण किया है जिसमें अनूपपुर जिले के तीन अधिकारी प्रभावित हुए हैं। इसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनूपपुर प्रदीप झरिया को हटाते हुए उनके स्थान पर शशांक सिंह आर्मो को अनूपपुर नगर पालिका की कमान सौंपी गई है। इसी तरह लखन लाल पनिका उपनिरीक्षक नगर पालिका बिजुरी को मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद बनगांव (राजनगर), शरद गौतम मुख्य लिपिक नगर पालिका शहडोल से मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद बरगवां (अमलाई) बनाए गए हैं।

खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटा, चालक की दबकर मौत

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोड़ीपानी में खेत की जुताई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ट्रैक्ट...