https://halchalanuppur.blogspot.com

मंगलवार, 7 जुलाई 2026

जिला अस्पताल को 300 बिस्तरीय बनाने की मांग, आयोग अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के लिए पूर्व में घोषित 300 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय का उन्नयन अब तक नहीं होने पर मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रातलाल रौतेल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आयोग के अध्यक्ष रातलाल रौतेल ने उल्लेख किया है कि अनूपपुर एक जनजाति बाहुल्य जिला है, जहां बड़ी संख्या में अनुसूचित जनजाति समुदाय निवास करता है। जिले की लगातार बढ़ती जनसंख्या तथा दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या को देखते हुए वर्तमान स्वास्थ्य सुविधाएं अपर्याप्त साबित हो रही हैं। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य जिलों या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक, सामाजिक और शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। 

उन्होंने कहा कि जनहित एवं विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनूपपुर जिला चिकित्सालय को 300 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नत किया जाना आवश्यक है। इसके लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जानी चाहिए।

आयोग के अध्यक्ष रातलाल रौतेल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जिला चिकित्सालय अनूपपुर को 300 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नयन की स्वीकृति देते हुए आवश्यक बजट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के पद सृजित किए जाएं, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तथा अस्पताल की अधोसंरचना के विकास के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।


सोमवार, 6 जुलाई 2026

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 25 पेटी अवैध शराब, लग्जरी कार सहित तीन तस्कर गिरफ्तार, आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी शराब, एक लग्जरी कार और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹1,58,580 बताई गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार की कीमत लगभग ₹10 से ₹15 लाख आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लग्जरी वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक के नेतृत्व में रामनगर थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG-08-0991 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की और अंदर से 25 पेटी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय मो. सोएब खान उर्फ पप्पू पुत्र मो. यूसुफ खान, 30 वर्षीय मो. राजिक उर्फ राज पुत्र गोरखदास बैरागी तथा 19 वर्षीय रामू बंसल पुत्र रवि बंसल, सभी निवासी जमुना कॉलरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जमुना क्षेत्र से शराब लेकर छत्तीसगढ़ बिक्री के लिए जा रहे थे। जब्त शराब में 22 पेटी गोवा ब्रांड (198 लीटर) तथा 3 पेटी बोल्ट बीयर (36 लीटर) शामिल है। कुल 234 लीटर शराब की अनुमानित कीमत ₹1,58,580 आंकी गई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मारकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत की गई। उन्होंने बताया कि अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल

इस कार्रवाई के बाद जिला आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में लंबे समय से यह शिकायतें मिलती रही हैं कि जिले के शराब ठेकेदार द्वारा कथित रूप से पैकारी के माध्यम से शराब की अवैध बिक्री की जा रही है तथा छत्तीसगढ़ में भी शराब भेजी जाती है। आरोप है कि इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी को शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही जिले में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बिक्री की शिकायतें भी लगातार सामने आती रही हैं।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही आबकारी विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

कार्रवाई में इनकी रही प्रमुख भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित कौशिक के अलावा एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, निरंजन खलखो, राहुल प्रजापति, योगेन्द्र मिश्रा, हरीश तथा आरक्षक अनुराग सिंह, भानुप्रताप और मुमताज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 


सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल: राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने रुकवाया काफिला, घायलों को पहुंचाया अस्पताल


अनूपपुर।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बैहाटोला टोल के समीप सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामीण उद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए अपना काफिला रुकवाया, घायलों का हाल जाना और तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल भिजवाया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि बिजुरी की ओर से आ रही एक कार और कोतमा की ओर जा रही बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। बाइक चला रहे 48 वर्षीय मेघू चौधरी पुत्र नदुआ चौधरी तथा पीछे बैठे 35 वर्षीय रूप सिंह पुत्र सूरज सिंह, दोनों निवासी बड़ी बेलिया, गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। 

इसी दौरान अनूपपुर से बिजुरी लौट रहे राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने दुर्घटना देख तुरंत अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली, एम्बुलेंस बुलवाई और दोनों को कोतमा अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई। साथ ही चिकित्सकों से दूरभाष पर चर्चा कर घायलों के त्वरित एवं समुचित उपचार के निर्देश दिए। अस्पताल पहुंचने पर मेघू चौधरी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रूप सिंह का उपचार जारी है। इस दुघर्टना में कार का एक हिस्सार क्षतिग्रस्त। हो गया हैं।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने मंत्री की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता से घायलों को शीघ्र चिकित्सा उपलब्ध हो सकी। 

इस संबंध में राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, "घायलों के उपचार की मैं स्वयं लगातार निगरानी कर रहा हूँ। चिकित्सकों को प्रत्येक घायल का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।"


जिला अस्पताल को 300 बिस्तरीय बनाने की मांग, आयोग अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के लिए पूर्व में घोषित 300 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय का उन्नयन अब तक नहीं होने पर मध्यप्रदेश राज्य अनुसू...