https://halchalanuppur.blogspot.com

सोमवार, 28 सितंबर 2026

अनूपपुर से गुजरने वाली अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन अब दो दिन चलेगी, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए रेल संपर्क को और बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे प्रशासन द्वारा गाड़ी अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर एक्सप्रेस को अब सप्ताह में दो दिन चलाने का आदेश सोमवार को जारी कर दिया हैं। यह गाडी अब प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को चलेगी। ज्ञात हो कि रेलवे बोर्ड ने इस गाडी को 22 जून 2026 को सप्ताह में दो दिन चलाने का आदेश दिया था। किन्तु बिलासपुर जोन ने इसके संचालन का आदेश आदेश आज जारी किया हैं। इसका फायदा जिले के बिजुरी, कोतमा एवं अनूपपुर के या‍त्रीयों को होगा।

बिलासपुर मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अम्बिकेश साहू ने सोमवार को बताया कि अनूपपुर होकर चलने वाली अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर एक्सप्रेस यात्रियों की सुविधा एवं अम्बिकापुर क्षेत्र से अब यह ट्रेन निजामुद्दीन से 04 अक्टूबर 2026 से तथा अम्बिकापुर से 06 अक्टूबर 2026 से साप्ताहिक के स्थान पर सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। ट्रेन नंबर 22408 हजरत निजामुद्दीन–अम्बिकापुर एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक मंगलवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 04 अक्टूबर 2026 (रविवार) से प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को चलेगी। 

इसी प्रकार ट्रेन नंबर 22407 अम्बिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस वर्तमान में प्रत्येक गुरुवार को संचालित होती है। अब यह ट्रेन 06 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) से प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को चलेगी। ट्रेन की वर्तमान समय-सारणी, मार्ग, ठहराव, एवं कोच संरचना में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। केवल इसकी आवृत्ति में वृद्धि की गई है। इस ट्रेन के सेवा आवृत्ति में वृद्धि से अम्बिकापुर, सरगुजा क्षेत्र सहित इस मार्ग के यात्रियों को हजरत निजामुद्दीन एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक विकल्प मिलेंगे।


रविवार, 27 सितंबर 2026

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्धावस्था में युवती की मौत, पोस्टमार्टम के बाद होंगा स्पष्ट

परिजनों ने पहले पीएम से की मनाही, बाद में पुलिस की समझाइश पर फ्रिजर में रखवाया शव

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला चिकित्साल रविवार की शाम करीब 7 बजे इलाज कराने पहुंची 20 वर्षीय युवती सरिता प्रजापति पुत्री सुखलाल प्रजापति निवासी पोंडी चोड़ी की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। युवती की इलाज के लिए दोपहर 3.20 बजे लाया गया था, इस दौरान परिजनों द्वारा जहर खाने की सूचना पर डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, हालांकि इस दौरान डॉक्टर ने युवती की बिगड़ती तबियत पर उसे स्थिर कर शहडोल मेडिकल कॉलेज के जाने की सलाह दी गई। लेकिन परिजन शहडोल ले जाने की बजाय जिल चिकित्सालय अनूपपुर में इलाज कराना चाह रहे थे। इसी दौरान अचानक युवती की तबियत ज्यादा बिगड़ गई, जहां उसकी मौत हो गई। 

अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने की बात परिजनों से कही। जिस पर परिजन बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने जिद्द करने लगे। इस पर पुलिस अधिकारी ने परिजनों को समझाते पोस्टमार्टम के लिए राजी कर शव को मर्चुरी में रखवाया गए, सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

 डॉक्टर के अनुसार युवती के जहर खाने की आशंका बताई, लेकिन युवती के मुँह से न तो सल्फास या अन्य कीटनाशी दवा की गंध महकी। 

परिजनों के अनुसार घटना के दौरान घर में युवती, पिता के अलावा भाभी थी। माँ अपनी छोटी बहन के पास शनिवार को शहडोल मिलने गई थी। बड़ा भाई शहडोल में किसी कंपनी में काम करता है, पिता पैर की हड्डी टूटे होने के कारण दिव्यांग है। 

मृतिका की मौसी का कहना है कि युवती को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था, शनिवार की गांव में ही किसी डॉक्टर से इलाज करवाते उसे इंजेक्शन दिलाई गई थी। दोपहर में युवती बाड़ी में बैठी थी, तबियत बिगड़ने पर जहर की आशंका में इलाज के लिए अस्पताल लेकर परिजन आए थे। 

फिलहाल पुलिस सोमवार को पीएम की कार्रवाई करवाते परिजनों के बायन दर्ज करेगी। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट से मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवको की मौत

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के जिले की पुलिस चौकी फुनगा अंतर्गत रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मृत्यु हो गई। ग्राम पंचायत बम्हनी में दोपहर खेत में भरे पानी में 35 वर्षीय महेश बैगा की डूबने से एवं ग्राम पंचायत पाली में 21 वर्षीय दिनेश चौधरी की छत से गिरने से मौत हो गई। 

पुलिस चौकी फुनगा के अनुसार ग्राम पंचायत बम्हनी में रविवार की दोपहर खेत में भरे पानी में डूबने से महेश बैगा पुत्र भुत्ता बैगा, निवासी बम्हनी सुबह घर से गांव की जाने की बात कह निकला था। इसी दौरान गांव के सुनसान जगह के पास एक खेत में गांव के एक बुजुर्ग ने युवक के शव को देखा, जिसकी सूचना ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को देखने के बाद 3 बजे पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फुनगा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां शाम पोस्टमार्डम करा परिजनों को सौंपा दिया। पुलिस ने बताया कि महेश बैगा गरीब परिवार से है, पति की मौत की सूचना पर पत्नी की तबियत बिगड़ गई, जहां पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार मृतक के दो छोटे छोटे एक लड़का और एक लड़की है। 

चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि मृतक खाने पीने का आदी था। प्रथम दृष्टया पांव फिसलने से खेत की मेढ़ पर गिरना और खेत में भरे पानी में गिरने और डूबने से युवक की मौत होना प्रतीत होता है। पुलिस द्वारा घटना की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

दूसरी घटना पुलिस चौकी फुनगा के ही ग्राम पंचायत पाली में एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक दिनेश पुत्र राकेश चौधरी की छत से गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक राविवार की शाम के समय घर की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह छत से नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी फुनगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार पोस्टमार्डम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में सिर में गंभीर चोट के कारण मौत होने की बात कही। पुलिस शव परिजनों को सौंप मामले की जांच कर रही है। 

चौकी प्रभारी के अनुसार मृतक के बड़े भाई की मौत पिछले होली पर्व के दौरान हो गई थी। मृतक अपने घर में दो घर( स्वयं एवं बड़े चाचा) में अब एकमात्र पुत्र था, बड़े चाचा की दो बेटियां थी। लेकिन शाम 5 बजे घटी घटना में वह भी परिवार को अलविदा कह दिया है।  


शनिवार, 26 सितंबर 2026

नहाने नदी में कूदा युवक गहरे पानी में हुआ लापता, एसडीईआरएफ की टीम कल पुन: करेंगी खोजबीन

जीजी- साले नदी में नहाने आये थे, कुछ दिन पूर्व ससुराल आया था युवक

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र के मौहरी गांव में शनिवार की दोपहर नदी डवरा नहाने गया युवक अचानक नहाने के दौरान कुछ दूरी पर बह रही बमराड़ नदी में छलांग लगा दिया, जहां गहरे पानी में लापता हो गया है। घटना की सूचना युवक के साथ गए साले ने परिजनों को जहां परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने नदी का मामला देखते जिला मुख्यालय स्थित एसडीईआरएफ की टीम को सूचना देते रेस्क्यू के लिए मदद पहुंचने बुलाया। हालांकि दूरी होने के कारण रेस्क्यू दल शाम 6.30 बजे के करीब मौके स्थल पहुंच कर पानी के तेज बहाव के बीच युवक को ढूंढने सर्चिंग अभियान शुरू किया लेकिन पानी के तेज बहाव के कारणहो रहीं परेशानी के कारण ढूढ़ने का कार्य बंद कर दिया गया हैं।  सुबह पुन: ढूंढने सर्चिंग अभियान शुरू किया जायेंगा।इसके वूर्व शाम को घटना स्थल पहुंची पुलिस स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से खोजबीन कर रही थी। 

थाना प्रभारी राजेंद्रग्राम वीरेंद्र सिंह बरकडे़ ने बताया कि डूबने वाला युवक की पहचान 35 वर्षीय देव सिंह पिता गणेशा सिंह उड़ाली निवासी ग्राम बराँझ थाना करनपठार अनूपपुर के रूप में हुई है। युवक कुछ दिन पूर्व ही राजेंद्रग्राम स्थित अपने ससुराल मौहरी गांव आया था। शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे वह ससुराल से ढाई किलोमीटर दूर अपने साले 28 वर्षीय बेल सिंह पिता ललुआ सिंह के साथ बमराड़ नदी के पास पतली नाला के रूप में बह रहे देवरी डवरा में नहा रहा था, साबुन लगाने के उपरांत वह अचानक वहां से उठकर बमराड़ नदी की ओर बढ़ा और नहाने के लिए कूद गया। जिसके बाद वह नदी से वापस नहीं निकला है। नदी में पानी का बहाव तेज है। वहीं अनूपपुर मुख्यालय से सूचना प्राप्ती के बाद तत्काल जिला प्लाटून कमांडर के नेतृत्व मे 03 एसडीईआरएफ एवं 04 होमगार्ड जवान घटनास्थल के लिए करीब 5 बजे रवाना हुई। बताया जाता है कि घटनास्थल की दूरी लगभग 80 किमी है। टीम में प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के साथ अनुज कुमार, रामभरोसे सिंह, धन सिंह, सुनील सिंह, शिवप्रताप सिंह, देवेन्द्र सिंह शामिल है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नदी में अधिक पानी के साथ धारा का तेज बहाव भी बना हुआ है। जिसके कारण युवक का बह जाने की आशंका हैं। रेस्क्यू दल खोजबीन में हो रही परेशानी को देखते हुए सुबह रेस्क्यू दल तलास करेंगा।


शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

गणेश विसर्जन के निकले युवक की दो दिन बाद झाड़ियों में मिला शव

 


पुलिस ने एक संदेही को लिया अभिरक्षा में, पूछताछ जारी

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के डुंगरीटोला के सुनसान स्थान पर झाड़ियों में शुक्रवार की दोपहर दो दिनों से लापता 22 वर्षीय युवक गोवर्धन कोल पुत्र प्रेमलाल कोल निवासी सिवनी जैतहरी का शव झाड़ियों में पाया गया। पुलिस परिजनों को सूचना देकर शव को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में शव का शाम को पोस्टमार्डम उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए शिकायत में संदेही व्यक्ति की पुलिस अभिरक्षा में लेते हुए पूछताछ कर रही है। 

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि मृतक युवक दो दिन से घर से लापता था, इस संबंध में गुरुवार को परिजनों ने थाना पहुंच संबंधित व्यक्ति के साथ युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 सितंबर की रात मृतक गोवर्धन कोल गणेश विसर्जन की बात कह घर से निकला था। गोवर्धन की बाइक पर दो अन्य साथी भी सवार होकर चले। लेकिन रास्ते में दो अन्य बाइक पर 2-2 सवार गांव के ही लोग मिले। इसी दौरान गोवर्धन अपने साथियों के साथ किसी स्थल पर खाने-पीने लगे। तभी दो बाइक पर गांव से साथ चले अन्य साथी भी वहां पहुंचे। अन्य साथियों को पहुंचने के बाद गोवर्धन पेट्रोल लाने की बात कहते जाने लगा, तभी अन्य साथियों में एक ने उसकी बाइक की भी पेट्रोल खत्म होने की बात कहते अपने साले को साथ भेजा,दोनों पेट्रोल टंकी से पेट्रोल लेकर वापस लौटे। इसके बाद गोवर्धन अपने दो अन्य साथी मिथुन, यादव को साथ लेकर घर की ओर चल दिया। इसी बीच दो बाइक से अन्य साथियों ने गोवर्धन कोल की बाइक का पीछा किया और उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान गोवर्धन के साथ रहे दोनों साथी भाग खड़े हुए। पुलिस के अनुसार मृतक ने घटना स्थल से मारपीट किए जाने की जानकारी परिजनों को दी। लेकिन परिजन रात के समय खोजबीन के लिए निकले तो उन्हें गोवर्धन कहीं नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने उसे घटना स्थल से उठकर दूर झाड़ियों में फेंका था। फिलहाल पुलिस संदेही से पूछताछ करते अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।


गुरुवार, 24 सितंबर 2026

राष्ट्रीय राजमार्ग में कार से टकराई स्कूटी, मामी-भांजे की हालत गंभीर, कार छोड़कर चालक मौके फरार

 


अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना से 12 किलोमीटर दूर रामपुर-कोदैली मार्ग पर गुरुवार शाम एक कार और स्कूटी की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार एक महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की हाईवे टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों घायलों को तुरंत वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया। वहीं कार छोड़कर चालक मौके फरार हो गया।

स्थानिय लोगो के अनुसार दो पहिया वाहन रामपुर-कोदैली गांव के भीतर के रास्ते सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग में आया जहां से गुजर रहीं कार से जा टकराया टक्कर इतनी जबरजस्त थी कार सड़क किनारे खेत में घुस गई। और दो पहिया वाहन चालक दुर्गेश बैगा पुत्र निराला बैगा और पीछे बैठी सरवरिया बैगा पति रघुनाथ बैगा के रूप में घायल हो गये। दोनों रामपुर, थाना अमलाई, जिला शहडोल के रहने वाले हैं। सरवरिया बैगा रिश्ते में दुर्गेश की मामी हैं और धनपुरी ओसीएम में काम करती हैं। जिन्हे यातायात पुलिस और ग्रमीणों की मदद से दोनों घयलों को जिला चिकित्सालय पहुचाया गया। कार चालक की पहचान 28 वर्षीय एराज खान पुत्र सफीक खान निवासी धनपुरी, शहडोल जो घटना के बाद से फरार है। 

डॉक्टरों के अनुसार सरवरिया बैगा के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनका बायां हाथ टूट गया है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें हैं। वहीं, दुर्गेश बैगा के दोनों पैरों में चोटें आई हैं और शरीर में अंदरूनी चोटें हैं।

नेशनल हाईवे चौकी प्रभारी आनंद तिवारी ने बताया कि कार शहडोल की ओर से रामपुर आ रही थी। स्कूटी सवार रामपुर-कोदैली गांव के भीतर के रास्ते रामपुर से कोदैली की ओर जा रहे थे, जहां सीधे हाईवे पहुंचे और से सामने से गुजर रही कार से उनकी टक्कर हो गई।

कोतवाली थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है, लेकिन उसका चालक अभी फरार है। घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहडोल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


शनिवार, 19 सितंबर 2026

13 घंटे बाद डूबे किशोर का शव सुबह नदी में परिजनों को उतराता मिला



आधी रात तक चले रेस्क्यू और सुबह शव मिलने बाद एसडीआरएफ टीम लौटी

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत केवई नदी में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की पानी में डूबने से आखिरकार मौत हो गई। शनिवार (19 सितंबर) की शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नदी पर नहाने गया किशोर गहरे पानी में उतरने के कारण डूब गया था। जहां शनिवार रात 12:30 बजे तक चले रेस्क्यू अभियान और ग्रामीणों की खोजबीन के बाद, रविवार सुबह 6.10 बजे किशोर का शव पानी में उतराता मिला। परिजनों ने शव को बाहर निकाला है, जिसके बाद रेस्क्यू कार्य समाप्त कर टीम जिला मुख्यालय लौट गई। वहीं पुलिस शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्डम के लिए सीएचसी कोतमा में भेज कर अन्य कार्रवाई कर रही है। 

उल्लेखनीय है कि मृतक 15 वर्षीय अभिषेक पाटस्कर, पुत्र माधव पाटस्कर, निवासी वार्ड नंबर 6, कोतमा शनिवार शाम अपने दोस्तों के साथ लहसुई गांव के रास्ते केवई नदी पर बने रपटे को पार कर, उससे 100-150 मीटर दूर स्टॉप डैम से सटे कुंडनुमा गड्ढे में नहाने गया था। नहाने के दौरान अभिषेक अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ गए अन्य दोस्त गहरे पानी में नहीं उतरे थे; वे अभिषेक को डूबता देख डरकर मौके से भाग निकले और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने कोतमा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस तुरंत स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। हालांकि, अंधेरा और पानी की अत्यधिक गहराई के कारण स्थानीय स्तर पर सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय अनूपपुर को सूचित किया गया। सूचना पर जिला अनूपपुर पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट किया गया। प्लाटून कमांडर टीम प्रभारी राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में  1 एसडीईआरएफ की टीम जरूरी आपदा उपकरणों के साथ 60 किलोमीटर दूर घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रेस्क्यू टीम में प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी, अनुज कुमार, मुन्ना लाल रविदास, बालेन्द्र कुमार, बृजभान सिंह तथा शिवप्रताप सिंह शामिल रहे। 

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, लहसुई रपटे के पास केवई नदी का यह हिस्सा काफी गहरा और खतरनाक है। नदी के इस क्षेत्र में प्राकृतिक खोह (गुफा जैसी संरचनाएं) बनी हुई हैं, जहां पानी का तेज बहाव और गहराई अक्सर हादसों का कारण बनती है। पूर्व में भी इस स्थान पर कई लोग डूब चुके हैं। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन आरंभ किया, रात 12:30 बजे तक पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी के विभिन्न हिस्सों में टॉर्च व सर्च लाइट के सहारे खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन रात में सफलता नहीं मिली। इसके बाद रविवार सुबह करीब 6.10 बजे परिजनों को शव किनारे के पास पानी में तैरता मिला। परिजनों ने शव को पानी से बाहर निकाला। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेज दिया है। 

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशानुसार पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। जानकारी के अनुसार, कल शाम को बजे अभिषेक अपने दो साथियों के साथ नदी के पास घूमने गया था। वहां तीनों ने स्नान करने का मन बनाया, जिसमें अभिषेक को तैरना नहीं आता था जबकि अन्य दोनों दोस्तों को तैरना आता था। इसी असमर्थता के चलते वह गहरे पानी की चपेट में आ गया और यह हृदयविदारक घटना घटित हो गई।


शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

अनूपपुर : भाजपा का अध्यक्ष, कांग्रेस का‘मंत्रिमंडल’, नपा की पीआईसी में फिर सियासी उलटफेर

भाजपा पार्षदों के बीच विवाद और कांग्रेस पार्षदों के सहारे चल रही पीआईसी बना चर्चा का विषय

अनूपपुर। मध्य प्रदेश की अनूपपुर जिला मुख्यालय की नगर पालिका भी अजूबा हैं, जहां दोनो दल सत्ता और विपक्ष मिलकर सत्ता का सुख भोग रहें हैं। यहा भाजपा का नपा अध्यक्ष हैं तो कांग्रेस मंत्रिमंडल के सहारे नगर की सत्ता आराम से चल रहीं हैं। शुक्रवार को एक बार फिर अपनी पीआईसी में बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र बन गया है। वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद एवं सभापति संजय चौधरी का पीआईसी सभापति पद से दिया इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। उनके स्थान पर वार्ड 9 के भाजपा पार्षद अनिल पटेल को नया सभापति बनाया गया है। उन्हें योजना, यातायात, परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन महज सभापति बदलने की यह कार्रवाई अनूपपुर नगरपालिका के पिछले कुछ वर्षों के राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए कई सवाल भी खड़े कर रही है। नगर पालिका अध्यक्ष अंजुलिका शैलेंद्र सिंह के कार्यकाल में पीआईसी को लेकर विवाद और फेरबदल लगातार चर्चा में रहे हैं।


भाजपा पार्षदों के इस्तीफे से शुरू हुआ विवाद

अनूपपुर नगरपालिका में सत्ता का समीकरण दिलचस्प है। अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा है, जबकि पीआईसी में कांग्रेस पार्षदों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इससे परिषद की राजनीति में एक तरह का विरोधाभासी सत्ता-समीकरण देखने को मिलता है। पूर्व में भाजपा पार्षद अनिल पटेल, प्रवीण सिंह और गणेश रौतेल द्वारा पीआईसी से इस्तीफा दिए जाने और परिषद में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया था। इसके बाद अध्यक्ष द्वारा इन पार्षदों को पीआईसी से हटाकर कांग्रेस पार्षदों को स्थान दिए जाने की चर्चा ने नगर की राजनीति को और गर्म कर दिया था। जो प्रदेश की इकलौती बन गई। अब भाजपा पार्षद संजय चौधरी के इस्तीफे के बाद एक बार फिर भाजपा के ही पार्षद अनिल पटेल को पीआईसी में नई जिम्मेदारी दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम ने नगरपालिका की अंदरूनी राजनीति को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अध्यक्ष भाजपा का, ‘मंत्रिमंडल’ कांग्रेस का,सियासी समीकरण पर कटाक्ष

अनूपपुर नगरपालिका की मौजूदा स्थिति पर राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा इसी बात की है कि अध्यक्ष भाजपा का है, लेकिन पीआईसी में कांग्रेस पार्षदों की मौजूदगी प्रभावशाली है। विडंबना यह भी है कि पीआईसी में जब-जब बदलाव या विवाद सामने आया, उसमें भाजपा पार्षदों के नाम प्रमुखता से सामने आए, जबकि कांग्रेस पार्षद लगातार पीआईसी में अपनी भूमिका निभाते नजर आए। यही वजह है कि शहर की राजनीतिक चर्चा में अब यह सवाल है कि नगरपालिका में सत्ता का वास्तविक संचालन किसके हाथ में है भाजपा के निर्वाचित अध्यक्ष-पदाधिकारियों के या कांग्रेस समर्थित पीआईसी के?

भाजपा की अंदरूनी खींचतान, कांग्रेस को मिला राजनीतिक स्पेस

नगरपालिका की राजनीति का यह घटनाक्रम भाजपा के लिए भी आत्ममंथन का विषय माना जा रहा है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित भाजपा के निर्वाचित पार्षदों की मौजूदगी के बावजूद पीआईसी को लेकर बार-बार विवाद सामने आना संगठनात्मक समन्वय पर सवाल खड़े करता है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पार्षद बिना अध्यक्ष पद पर रहते हुए भी पीआईसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राजनीतिक दृष्टि से देखें तो भाजपा के अंदरूनी मतभेदों ने कांग्रेस को नगरपालिका की सत्ता-व्यवस्था में अपना राजनीतिक स्पेस बनाने का अवसर दिया है।

नई जिम्मेदारी, नई चुनौती

नवनियुक्त सभापति अनिल पटेल के सामने अब केवल विभाग संभालने की चुनौती नहीं है, बल्कि पीआईसी में बेहतर समन्वय कायम करने की भी बड़ी जिम्मेदारी है। योजना, यातायात, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विभाग सीधे शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े हैं। अब देखना यह होगा कि अनिल पटेल नई जिम्मेदारी को कितनी मजबूती से निभा पाते हैं और क्या उनके आने के बाद पीआईसी के भीतर चल रही खींचतान पर विराम लगता है या फिर अनूपपुर नगरपालिका की राजनीति में ‘पीआईसी बदलने का खेल’ आगे भी जारी रहता है। फिलहाल जिला मुख्यालय की इस नगरीय निकाय की राजनीति में एक सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है,अध्यक्ष भाजपा का, पार्षद भाजपा के, लेकिन पीआईसी में कांग्रेस का प्रभाव आखिर क्यों?


मंगलवार, 8 सितंबर 2026

23 साल बाद हाईकोर्ट में याचिका और सख्त रुख के बाद अनूपपुर जिला न्यायालय भवन के लिए 44.85 करोड़ स्वीकृत

पक्षकारों को मिलेगी सुविधाएं, न्यायिक अधिकारियों के आवास की समस्या भी होगी दूर, अधिवक्ता चटर्जी व पांडे ने जताया आभार

अनूपपुर। जिला बनने के करीब 23 साल बाद आखिरकार अनूपपुर जिला न्यायालय भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मध्यप्रदेश शासन ने जिला न्यायालय भवन के निर्माण के लिए मंगलवार को 44.85 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। लंबे समय से बजट की मांग को लेकर चल रही कवायद और शासन स्तर पर लगातार मिल रहे आश्वासनों के बाद मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा। जबलपुर हाईकोर्ट में दायर रिट याचिका की सुनवाई के दौरान शासन की ओर से राशि स्वीकृत करने की सहमति जताई गई थी। इसके बाद अब प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है। वहीं अब सोशल मिडिया में नेताओं में श्रेय लेने की होड मच मई हैं।

घोषणा होती रही, बजट का इंतजार चलता रहा

अनूपपुर को वर्ष 2003 में जिला बनाया गया था। इसके बाद से ही जिला न्यायालय के लिए स्वतंत्र और सुविधायुक्त भवन तथा न्यायिक अधिकारियों के आवास की मांग उठती रही। मुख्यमंत्री के जिले में प्रवास के दौरान भी न्यायालय भवन को लेकर घोषणा की गई। विधायकों ने विधानसभा में सवाल उठाए और जिला न्यायालय अधिवक्ता संघ ने भी कई बार ज्ञापन देकर शासन का ध्यान आकर्षित किया। इसके बावजूद वर्षों तक निर्माण के लिए बजट जारी नहीं हो सका।

वर्तमान व्यवस्था में न्यायालय आने वाले पक्षकारों और अधिवक्ताओं को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। न्यायिक अधिकारियों के आवास की समस्या भी बनी हुई थी। ऐसे में न्यायालय भवन की जरूरत लगातार महसूस की जा रही थी।

एक साल तक जवाब नहीं मिला तो हाईकोर्ट पहुंचे

लगातार मांग के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वरिष्ठ अधिवक्ता बासुदेव चटर्जी ने अधिवक्ता दीपक कुमार पांडे के माध्यम से जबलपुर हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने पहली सुनवाई में ही सभी अनावेदकों को नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद करीब एक वर्ष तक जवाब और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

मामले की 28 जुलाई 2026 को हुई सुनवाई में डबल बेंच ने सख्त रुख अपनाते हुए मध्यप्रदेश शासन के विधि सचिव को 3 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए। शासन के अधिकारियों की व्यक्तिगत उपस्थिति के आदेश के बाद मामले में तेजी आई और न्यायालय निर्माण के लिए बजट स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

रोजाना हजारों पक्षकार, बैठने तक की जगह नहीं

अधिवक्ता दीपक कुमार पांडे ने बताया कि जिला न्यायालय में प्रतिदिन हजारों पक्षकार अपने मामलों की सुनवाई के लिए पहुंचते हैं, लेकिन वर्तमान परिसर में उनके बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। न्यायिक अधिकारियों के लिए आवास की सुविधा का भी अभाव है। अधिवक्ताओं के लिए भी केवल एक कक्ष उपलब्ध है, जहां सीमित जगह में किसी तरह काम करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि न्यायालय भवन के लिए लंबे समय से केवल घोषणा और आश्वासन मिलते रहे। जब शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय की शरण लेना जरूरी हो गया।

अब आधुनिक भवन की उम्मीद

44.85 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अनूपपुर में जिला न्यायालय के लिए नए और सुविधायुक्त भवन के निर्माण की उम्मीद मजबूत हुई है। नए भवन से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ न्यायिक कार्यों के लिए भी उपयुक्त वातावरण उपलब्ध होने की संभावना है। लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने से जिले के न्यायिक ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।

 

गुरुवार, 3 सितंबर 2026

खेत में मिला वृद्ध का खून से लथपथ शव,हत्या की आशंका

सिर-चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार के निशान

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले कोतमा थाना के ग्राम गोडारू में गुरुवार शाम 55 वर्षीय स्वामी सिंह गोंड का खून से लथपथ शव खेत में मिला। उनके सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने स्वामी सिंह को एक किसान के खेत के पास खून से लथपथ हालत में देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण अधिक खून बहने से उनकी मौत हुई। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई हैं।

घटना की सूचना मिलने पर कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस टीम के साथ गोडारू पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भेजा। शव को मर्चुरी में रखवाया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और जमीन से जुड़े विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस घटना वाली जगह के खेत मालिक से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी है।

एसपी विक्रांत मुराब ने बताया कि गुरुवार शाम डायल-112 पर गोडारू गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर दो सड़क हादसे, बाइक सवार युवक की मौत, कार सवार तीन घायल

फुनगा चौकी क्षेत्र में रात के अंधेरे में हुआ हादसा, बिना संकेतक लाइट के सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराई बाइक अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर ...