https://halchalanuppur.blogspot.com

शनिवार, 14 दिसंबर 2019

घुट-घुट कर जीने को मजबूर है प्रदेश का किसान-भाजपा

जिलेभर में आयोजित हुआ भाजपा का खेत धरना विरोध प्रदर्शन 
अनूपपुरभाजपा द्वारा कांग्रेस के वचन पत्र के विरोध में 14 दिसम्बर को जिले के प्रत्येक मंडल स्तर पर खेत धरना कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामलाल रौतेल ने अनूपपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद से ही किसानों की उपेक्षा कर रही है। कांग्रेस दो लाख रुपए कर्ज माफ  करने के वादा कर सत्ता में आई, पर आजतक किसानों का कर्ज माफ  नहीं हो सका है। अतिवृष्टि तथा भीषण बाढ़ ने फसलों को तबाह कर दिया, प्रदेश सरकार ने पीडि़तों को मुआवजा वादा तो किया, लेकिन यह भी एक धोखा ही साबित हुआ। केन्द्र सरकार द्वारा यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद प्रदेश सरकार द्वारा केन्द्र को बदनाम करने यूरिया खाद की किल्लत की जा रही है। किसान परेशान है, किसानों की इस समस्या को लेकर शनिवार के दिन भाजपा द्वारा मंडल स्तर पर खेत धरना का आयोजन किया गया है। कोतमा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम ने कहां कि पूर्व में केन्द्र सरकार ने आपदा पीडि़त किसानों के लिए 1000 करोड़ की राशि प्रदेश को दी, जबकि 900 करोड़ रुपये की राशि पूर्व से प्रदेश सरकार के खाते में आपदा प्रबंधन की है। बावजूद किसानों को 900 रुपए तक नहीं मिले। प्रधानमंत्री द्वारा किसान सम्मान निधि के 6000 रुपए भी किसान को न मिले ऐसे प्रयास प्रदेश सरकार कर रही है।
किसान ठगा कर रहे महसूस
पांच सूत्रीय मांगो को लेकर भाजपा के तत्वावधान में मप्र सरकार के किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ  किसानों के हित में खेत धरना प्रदर्शन एवं आमसभा का आयोजन जैतहरी के ग्राम धनगवां बस स्टैंड में आयोजित हुआ। जहां भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल गुप्ता ने किसानों के समक्ष अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जब से कमलनाथ की सरकार आई है, तब से किसान तबाह हो रहा है। बिजली का करंट बिल के माध्यम से किसानों को लग रहा है। वहीं पर्याप्त मात्रा में बिजली भी नसीब नहीं हो रही है। इतना ही नहीं गरीब किसानों के लिए जितनी योजनाएं शिवराज सरकार ने चलाई थी, सभी योजनाएं या तो बंद कर दी जा रही हैं या फिर उनका लाभ किसानों को नहीं दिया जा रहा है। किसान आज अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर ने कहा प्रदेश में वचन नहीं प्रवचन कांग्रेस सरकार है।
कांग्रेस के खिलाफ की नारेबाजी, साधा निशाना
मंडल पसान अध्यक्ष सिद्धार्थ त्रिवेदी के नेतृत्व में किसानों की समस्याओं को लेकर भालूमाडा लैंपस पसान कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता भागीरथी पटेल, उमेश मिश्रा, मनोज सिंह, वंदना पटेल, शांति सोनी, सचिन जायसवाल, रघुवंश सिंह, हर्षवर्धन सिंह, विकास जायसवाल, हसन अंसारी, राजेश बाथम सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर अपने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं सभी ने प्रदेश कांग्रेस की सरकार की आलोचना करते हुए जमकर नारेबाजी भी की।
सरकार किसानों के साथ कर रही अन्याय
राजनगर मंडल द्वारा सेमरा सोसायटी के पास खेत धरना एवं प्रदर्शन किया गया, जहां मंडल राजनगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। आंदोलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आधाराम वैश्य, गजेंद्र सिंह सिकरवार, श्यामसुंदर गौतम, सुरेश गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंकुशता पर आमदा हो चुकी है। वह किसानों के साथ अन्याय कर रही है। ना तो उन्हें सही समय पर यूरिया खाद मिल पा रहा है और ना ही बीज। जब किसान इनका विरोध करता है उसके ऊपर हिटलर शाही रोब अपनाते हुए लाठीजार्च करते हैं। जिससे किसानों के सामने भूखों मरने की स्थिति पैदा होते जा रही है , भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सोते समय जहरीला कीड़ा काटने से युवती की मौत,परिवार में पसरा मातम

  अनूपपुर । कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी युवती को गुरुवार एवं शुक्रवार रात्रि सो रही थी सुबह जहरीले कीड़े ने हाथ की को...