https://halchalanuppur.blogspot.com

गुरुवार, 17 मई 2018

8 एकड़ की मांग पर मात्र 3 एकड़ भूमि उपलब्ध

भूमिहीन हितग्राहियों के आवास निर्माण में हो रही देरी
कोतमाशहरी क्षेत्र में कच्चे मकानों में निवास वाले तथा बेघर व्यक्तियों को आवास दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में बीते 6 महीने पूर्व आवास योजना प्रारंभ की गई। लेकिन अभी तक नगर पालिका क्षेत्र में ऐसे कई हितग्राहियों को परेशान होते देखा जा रहा है जिनके पास स्वयं की भूमि नहीं है और वह शासकीय भूमि, रेलवे की भूमि या फिर दूसरे व्यक्तियों के निजी भूमि पर झोपड़े व कच्चे मकान बनाकर रह रहे है। उनका चयन तो इस योजना के तहत कर लिया गया है लेकिन भूमि उपलब्ध न हो पाने के कारण उनके पक्के मकान का सपना अभी तक अधूरा बना हुआ है।
पीएम आवास के ४०० हितग्राही भूमिविहीन
नपा कोतमा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ४०० हितग्राही ऐसे हैं जिनको इस योजना का लाभ तो दे दिया गया है, लेकिन हितग्राहियो के पास स्वयं की भूमि ही नही है। ऐसे हितग्राही प्रतिदिन नपा के चक्कर काटते परेशान हो रहे हैं। जिसका कारण नपा द्वारा ऐसे हितग्राहियों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आवेदन कलेक्ट्रेट कार्यालय में दिया गया है लेकिन अभी तक जरूरत के अनुसार भूमि उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है। जिस वजह से आवास निर्माण का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हो सका।
पीएम आवास की प्रगति रूकी
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर पालिका कोतमा क्षेत्र में प्रथम चरण में 490 तथा द्वितीय चरण में 709 हितग्राहियों का चयन किया गया है इस तरह से अभी तक नपा क्षेत्र में 1199 हितग्राहियों का चयन किया गया है जिनमें 210 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशिए 125 को  द्वितीय तथा 60 को तृतीय किश्त आवास निर्माण के लिए अभी तक जारी किया गया है तथा आवास योजना की यह प्रगति काफी धीमी है।
400 हितग्राही और मिला सिर्फ 3 एकड़ भूमि
नगर पालिका द्वारा 400 भूमिहीन हितग्राहियों के लिए आवास योजना निर्माण कराए जाने को लेकर कलेक्टर कार्यायल में 8 एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने के लिए मांग की गई है। जबकि अब तक मात्र 3 एकड़ भूमि महाविद्यालय के समीप उपलब्ध कराई गई है। शेष 5 एकड़ भूमि नहीं मिलने के कारण अभी तक हितग्राहियों के भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाए हैं।
अभी तक नहीं बंटे भूमिहीनो को पट्टे
शासन द्वारा भूमिहीनों के लिए जिस स्थान पर वह वर्षों से निवासरत हैं वहां भूमि अधिकार पत्र दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन कोतमा अनुविभाग क्षेत्र में राजस्व विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण अभी तक यहां भूमिहीनों को पट्टे का वितरण नहीं किया जा रहा है। यदि यह कार्यवाही जल्द ही हो जाती तो आवास योजना के तहत चयनित हितग्राहियो ंको आवास निर्माण में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
इनका कहना है
जो भूमि मिली है उस पर 200 आवास ही निर्मित होंगे। अन्य के लिए पत्राचार किया जा रहा है। हितग्राहियों को किश्त की राशि शासन स्तर से मिलने पर जारी किया जाएगा।

श्रीनिवास शर्माए सीएमओ नपा कोतमा 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...