https://halchalanuppur.blogspot.com

बुधवार, 10 मार्च 2021

विभिन्न क्षेत्रों में काम करके महिलाएं आत्मनिर्भर बन समाज में दे रहीं योगदान


अनूपपुर
। पिछले कुछ वर्षों के दौरान समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है। अलग-अलग क्षेत्रों के जरिए महिलाओं के योगदान से समाज में आमूलचूल परिवर्तन हुए हैं। आत्मनिर्भर बनीं इन महिलाओं के योगदान के परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

इन्हीं आत्मनिर्भर महिलाओं में से राष्ट्रीय नारी सशक्तिकरण संघ अनूपपुर की अध्यक्ष स्वेता नामदेव कहती हैं कि वह आत्मनिर्भर बनकर अब अपने संघ की मदद से जरूरतमंद महिलाओं की मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बहुत सी महिलाएं अपने अधिकार, कानून, समाज में चलने वाले जागरूकता कार्यक्रमों से अनभिज्ञ हैं। अगर किसी महिला को अपने अधिकारों व कानून का ज्ञान है तो वह उसका उपयोग करने से डरती है। यही डर अपराधियों के हौसला बढ़ाने के काम आता है। उन्होंने बताया कि वह अपनी संस्था के माध्यम से ना सिर्फ महिलाओं को उनके अधिकारों, कानून व रोजगार के बारे में जानकारी देती है, बल्कि नृत्य और कला के क्षेत्र में भी उनको मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहित करती हैं।

लायंस क्लब की अध्यक्ष अन्नपूर्णा शर्मा ने बताया कि वह गत 11 साल से लायंस क्लब से जुडक़र जरूरतमंद महिलाओं की मदद कर रही हैं। बच्चियों एवं महिलाओं के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चला रही हैं। सात सालों से गरबा लोक नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बच्चियों को सांस्कृतिक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में उनकी संस्था ने आम लोगों को अपनी सेवाएं दे रहे स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।

बिजुरी निवासी 50 वर्षीया मीना गुप्ता भी महिलाओं के लिए मिसाल बनी हुई हैं। वह पांच साल से महिलाओं को नि:शुल्क योग की क्रियाएं सिखा रही हैं। तीन महिलाओं से शुरु हुआ उनका यह कारवां आज 60 महिलाओं तक जा पहुंचा है। योग के जरिए वह अब तक कई महिलाओं को गंभीर बीमारियों से मुक्त कर चुकी हैं। वह सरकारी स्कूल में जाकर बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाती भी हैं। इसी प्रकार डॉ. करुणा सोनी एनीमिया का शिकार बच्चियों एवं महिलाओं के लिए शिविर लगाकर उनको एनीमिया से मुक्त करने का अभियान चला रही हैं। वह बाल अधिकार मंच की समन्वय अधिकारी की हैसियत से भी बाल अधिकारों के प्रति जनजागरूकता अभियान चला रही हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सोते समय जहरीला कीड़ा काटने से युवती की मौत,परिवार में पसरा मातम

  अनूपपुर । कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी युवती को गुरुवार एवं शुक्रवार रात्रि सो रही थी सुबह जहरीले कीड़े ने हाथ की को...