https://halchalanuppur.blogspot.com

मंगलवार, 9 जनवरी 2024

सकोला पटवारी पर 30 हजार रिश्‍वत, तो शासकीय आईटीआई के बाबू पर कमीशन मांगने का आरोप



जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे 80 आवेदकों की सुनी गई समस्याएं

अनूपपुर। ग्राम सकरिया की भूमि का नक्‍सा, तर्मीम, सीमांकन व नामांत्रण के नाम पर सकरिया पटवारी अरविंद पाठक द्वारा 30 हजार रिश्‍वत की मांग किए जाने की शिकायत पुरानी बस्ती निवासी कुन्नू गड़ारी पुत्र चिड्डा गड़ारी ने करते बताया कि उसकी भूमि का नक्‍सा, तर्मीम किए जाने का ओदश 23 सितम्बर 2017 को पारित हुआ था, जिसे पटवारी द्वारा आज दिनांक तक कम्प्यूटर में नही चढ़ाया गया और पूछने पर रूपयों की मांग की जाती है, ग्राम सकरिया की भूमि का सीमांकन आदि 17 फरवरी 2021 को लगा था, जिसका सीमांकन पटवारी द्वारा आज तक नही किया गया तथा रूपये नही देने पर सीमांकन करने से मना कर दिया गया। इतना ही नही 14 अप्रैल 2022 को न्यायालय के आदेश पर अपने जमीन का विभाजन कर अपने नाती को दिए जाने के आदेश की कॉपी लेकर नामांत्रण दर्ज करवाने पटवारी के पास जाने पर टालमटोल करते हुए फिर से रूपयों की मांग की गई। जिस पर प्रार्थी ने सकरिया पटवारी पर कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है। 9 जनवरी मंगलवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आवेदक ने संयुक्त कलेक्टर दिलीप पांडेय को बताई। जनसुनवाई में जिले भर से 80 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए उनके समुचित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

तहसील अनूपपुर के ग्राम कांसा निवासी गोविन्द प्रसाद पटेल ने शासकीय हाईस्कूल कांसा में भृत्य के पद पर भर्ती किए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम पयारी नं. 1 निवासी रुकमणी प्रजापति ने अति गरीबी का राशन कार्ड बनवाए जाने, विकासखंड जैतहरी के ग्राम कोलमी निवासी दुर्गा प्रसाद काछी ने जल जीवन मिषन अंतर्गत नल-जल योजना में लापरवाही बरते जाने, वार्ड नं. 5 जैतहरी निवासी तिजिया बाई प्रजापति ने पट्टे की भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए।

ग्रामीण बैंक के प्रबंधक पर मनमानी का आरोप

ग्राम मेड़ियारास निवासी नरेन्द्र पटेल ने म.प्र. ग्रामीण बैंक शाखा मेड़ियारास के शाखा प्रबंधक पर मनमाने तरीके से आहरण किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई। जहां उसने बताया कि 81 वर्षीय नानबाई पटेल का खाता म.प्र. ग्रामीण बैंक शाखा मेड़ियारास में है। जिस पर उसके खाते में जमा राषि का आहरण करने पर शाखा प्रबंधक द्वारा अनावश्‍यक परेशान किया जाता है। खाता में पर्याप्त पैसा होने के बाद भी शाखा प्रबंधक द्वारा मनमाने तरीके से राशि का आहरण करवाया गया, जहां राशि पर्याप्त नही होने प्रार्थिया अपना इलाज समय पर नही करा सकी। आये दिन शाखा प्रबंधक अपनी मनमानी करते हुए शाखा में नगद राशि नही होने की बात कहते हुए प्रार्थिया को परेशान करने बैंक के चक्कर कटवा रहा है। जिस पर शाखा प्रबंधक द्वारा अनावश्‍यक परेशान किये जाने पर कार्यवाही की मांग की गई है।

मध्यमिक षिक्षक द्वारा की गई वित्तीय अनियमितता के जांच की मांग

ग्राम पंचायत भेजरी की सरपंच एवं पंचों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेजरी के माध्यमिक षिक्षक गुलाब प्रसाद चन्द्रा द्वारा की गई वित्तीय अनियमितता की जांच करने एवं प्रभारी प्राचार्य का दायित्व नही सौंपे जाने की आवेदन दिया गया है। जहां सरपंच भागवती ने बताया कि षिक्षक गुलाब प्रसाद चन्द्रा विद्यालय के अध्यययन-अध्यापन पर कोई रूचि नही रखते साथ ही उनके विद्यालय आने वा जाने का कोई समय निर्धारित नही है। पूर्व में वर्ष 2008 से 2018 तक प्रभारी प्राचार्य का दायित्व संभाल चुके है व अपने कार्यकाल के दौरान शासकीय राषि का गबन करते हुए कई वित्तीय अनियमितता किए है, जिसकी शिकायत पूर्व में भी की जा चुकी है। जिस पर उन्होने उक्त शिक्षक द्वारा किए गए वित्तीय अनियमितता की जांच करते हुए प्राचार्य का दायित्व नही दिए जाने की मांग की गई है।

आईटीआई कोतमा के बाबू सीताराम पर कमीशन मांगे जाने का आरोप

शासकीय प्रशिक्षक औद्योगिक संस्थान कोतमा में पदस्थ बाबू सीताराम महरा द्वारा संस्था में उपयोग होने वाले स्टेशनरी सामानों की खरीदी सांई स्टेशनरी अनूपपुर के साथ मिलकर फर्जी बिल तैयार कर शासकीय राशि के दुरूपयोग किए जाने की शिकायत दुर्गेश कुमार पटेल पिता बुधसेन निवासी धिरौल द्वारा की गई है। जहां शिकायत में बताया गया कि प्रार्थी प्रयाग कांसट्रेशन एंड सप्लायर्स का कार्य करता है। जहां उसने कोतमा आईटीआई में कई उपकरणों की सप्लाई की है, लेकिन आईटीआई में पदस्थ बाबू सीताराम द्वारा उससे कमीशन मांगा जा रहा है, जहां कमीशन देने से मना करने पर सप्लाई बंद कर दिया गया तथा सांई स्टेशनरी एवं सप्लायर अनूपपुर के साथ मिलकर उपकरण और सामग्री लेने लगा। जिसने वर्ष 2014-15 से लगातार फर्जी बिलों पर शासकीय राशि का आहरण करने में जुटा हुआ है। आरोप लगाया कि वर्तमान समय में सीताराम महरा अपना तबादला शासकीय आईटीआई अनूपपुर में करा लिया है तथा स्टेशनरी सामानों में सांई स्टेशनरी के मालिक से मिलकर फर्जी बिल के आधार पर शासकीय राशि की बंदरबांट कर रहा है। जिस पर उसने आईटीआई कोतमा व आईटीआई अनूपपुर में पदस्थ बाबू सीताराम महरा वा सांई स्टेशनरी के बीच हुए लेनदेन के फर्जी बिलो की जांच करवाते हुए कार्यवाही किए जाने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कार्यपालन यंत्री 30,000 रूपये रिश्वत लेते आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) रीवा ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

मांगी दो लाख रुपए रिश्वत, डेढ़ लाख पूर्व में लिया दूसरी किस्त तीस हजार रुपए जेते धराये  अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार की...