https://halchalanuppur.blogspot.com

मंगलवार, 14 नवंबर 2023

थाना अमरकंटक: रात में रास्‍ता रोक कर एएसआई पर किया हमला, लूटी रिवाल्वर,सभी गिरफ्तार

अनूपपुर/अमरकंटक। थाना अमरकंटक में पदस्थ एएसआई ईश्वर यादव 13 नवंबर को रात अमरकंटक राजेंद्रग्राम मुख्य मार्ग पर ग्राम नोनघटी के पास 8-10 बदमाशों ने दो पहिया वाहन रोक कर जानलेवा हमला कर सर्विस रिवाल्वर लूट लिया मारपीट में एएसआई को आंतरिक गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर थाना अमरकंटक थाना की टीम वहां पहुंच कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम में भर्ती कराया गया जहां पर चार-पांच घंटे बेहोशी की हालत में रहें। इसके बाद देर रात जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया। वहीं मंगलवार को अमरकंटक पुलिस ने 10 आरोपितो को गिरफ्तार करते हुए लूटी हुई सर्विस रिवाल्वर बरामद कर सभी के विरूध अपराध की धारा 341 342 294 506 307 353 332 333 147 149 397 आईपीसी पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं अमरकंटक फ्लैग मार्च से लौटते हुए शहडोल जोन के एडीजीपी डीसी सागर एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर जेएस पवार रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एएसआई को देखने पहुंचे थे।

एएसआई ईश्वर यादव थाना अमरकंटक में मंगलवार को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 13 नवंबर को फ्लैग मार्च ड्यूटी में था कंट्रोल रूम अनूपपुर से सूचना मिलने पर कटनी से अमरकंटक के लिए पुलिस बल लेने जाने के  संबंध में थाना प्रभारी अमरकंटक को सूचना से अवगत करा स्वयं के दो पहिया वाहन क्रमांक एमपी 52 एम 5062 से शासकीय कार्य से अमरकंटक से अनूपपुर जा रहा था, साथ में एक शासकीय पिस्टल जिसका बट क्रमांक 61 एवं पांच कारतूस सुरक्षा हेतु रखे थे तथा बैग में कपड़े वगैरह रखे थे। रात के करीब 8 बजे जैसे ही ग्राम नोनघटी पहुंचा अमरकंटक राजेंद्रग्राम मुख्य सड़क मार्ग पर करीब 8-10 लड़के आने-जाने वालों दो पहिया वाहन सवारों को परेशान कर रहे थे। उन्होंने मुझे भी रोका मैं पीछे हटकर तत्काल उप निरीक्षक बी एल गौलिया थाना अमरकंटक को सूचित कर बताया कि नोनघटी में मुख्य सड़क मार्ग पर 8-10 लड़के इकट्ठे होकर आने जाने वालों राहगीरो को परेशान कर रहे हैं तथा मुझे भी रोक लिए हैं आगे नहीं जाने दे रहे हैं, इतने में वहां पर उपस्थित लड़के मेरे पास आए तो मैंने कहा कि आने जाने वालों को आप लोग क्यों परेशान कर रहे हो, मैं थाना अमरकंटक एएसआई ईश्वर यादव हूं आप लोग की हरकत से दुर्घटना हो सकती है, इस पर सभी गालियां देते हुए बोले कि तुम कौन होते हो हमसे पूछने वाले और मुझे मारने लगे मैं भी उनसे कुछ देर संघर्ष करता रहा लेकिन संख्या अधिक होने के कारण वह गिरा कर मारा जिससे सीने पेट पसली मे आंतरिक गंभीर चोटें आई हैं, और मेरी सर्विस रिवाल्वर भी साथ ले गये। बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ा रहा। पुलिस ने मौके में पहुंच कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम में भर्ती कराया गया। इस बीच अमरकंटक फ्लैग मार्च से लौटते हुए शहडोल जोन के एडीजीपी डी सी सागर एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर जे एस पवार रात 10 बजे एएसआई को देखने पहुंचे जहां पत्रकारों के सवालों का जवाब में कहा था कि आरोपितों को शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।

दूसरे दिन 14 नवंबर को सुबह होने से पहले ही अमरकंटक पुलिस ने ग्राम नोनघटी में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें 40 वर्षीय परतम सिंह पुत्र सुंदर सिंह गोड़,  30 वर्षीय सुल्तान सिंह पुत्र अमर सिंह गोड़, 30 वर्षीय हीरा रतन सिंह पुत्र गनपत सिंह गोड़, 29 वर्षीय चमरू सिंह पुत्र शिवराज सिंह धुर्वे,  25 वर्षीय बबलू उर्फ यशपाल सिंह पुत्र सदर सिंह मरावी, 25 वर्षीय भूरा सिंह पुत्र दया सिंह धुर्वे, 24 वर्षीय प्रताप सिंह पिता मोती सिंह मरावी,  32 वर्षीय रवन सिंह टेकांम पुत्र लल्ला सिंह, 32 वर्षीय  हेमराज सिंह पुत्र सम्भर मरावी, 32 वर्षीय आनंद सिंह धुर्वे पुत्र मोहन सिंह सभी निवासी ग्राम नोनघाटी एवं 25 वर्षीय विकास कुमार ओट्टी पुत्र महिपाल सिंह ग्राम पिपरिया थाना गौरेला छग के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपितो से सर्विस रिवाल्वर बरामद कर लिया गया है।

इस कार्यवाई में अमरकंटक थाना प्रभारी कलीराम परते, उपनिरीक्षक बीएल गौलिया, सहायक उपनिरीक्षक परशुराम धनंजय, भगवान सिंह पाटले, आरक्षक कमलेश बघेल, संतोष मरावी शामिल रहें।

श्रवण उपाध्याय

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सोते समय जहरीला कीड़ा काटने से युवती की मौत,परिवार में पसरा मातम

  अनूपपुर । कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी युवती को गुरुवार एवं शुक्रवार रात्रि सो रही थी सुबह जहरीले कीड़े ने हाथ की को...