https://halchalanuppur.blogspot.com

बुधवार, 27 सितंबर 2023

ऑटो व दो पहिया वाहन में जोरदार भिड़ंत, दोपहिया वाहन में सवार छात्रा की इलाज के दौरान मौत


अनूपपुर। मुख्यालय से सटे ग्राम छुलहा के पास बुधवार की शाम बजे ऑटो एवं दो पहिया वाहन में जोरदार भिड़ंत से दोपहिया वाहन में सवार युवक एवं युवती गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें उपचार हेतु जिला चिकित्सालय लाया गया जहां पर युवती की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर से सेकंड ईयर का पेपर देकर एक ही बाइक से 19 वर्षीय साक्षी राठौर निवासी जैतहरी व जितेंद्र केवट निवासी चोलना लौट रहें थें, इसी दौरान या घटना घटित हुई है। बताया गया कि युवती को अधिक चोट आ जाने के कारण युवती कि इलाज के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत हो गई।

चरित्र पर शंका पर पत्नी की गला दबाकर की हत्या, मिली आजीवन कारावास की सजा


अनूपपुर। न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश राजेन्द्रग्राम की न्यायालय ने थाना राजेन्द्रग्राम के अपराध की धारा 302  भादवि के आरोपी 48 वर्षीय बिसहुआ सिंह मरावी पुत्र सुखलाल सिंह निवासी ग्राम गिरारी को पत्नी की हत्या करने का आरोप साबित होने पर आजीवन कारावास एवं 2000 रूपये अर्थदण्ड की सजा सुनाई गई है। पैरवी वरिष्ठ सहायक जिला अभियेाजन अधिकारी नारेन्द्रदास महरा द्वारा की गई। 

सहायक जिला अभियेाजन अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 09 जून 2019 को कुन्दन सिंह ने थाना राजेन्द्रग्राम में इस आशय की सूचना दी कि वह 08 जून 2019 को अपनी छोटी बहन मीराबाई की शादी का न्योता देने ग्राम हरई, डोकराटोला होते हुए लाला सिंह के साथ बडी बहन मुन्नीबाई निवासी गिरारी के घर गया, वहां भांजा राधे सिंह से पूछा कि मम्मी-पापा कहा गए हैं, तब भांजा ने बताया कि बाहर गए हैं, अंदर जाकर देखा तो बहन सोई थी, उपर से साल ढका हुआ था। आवाज लगाने पर कुछ नही बोली तो साल हटाकर देखा तो मुन्नीबाई मृत अवस्था में पड़ी थी, मुंह से खून निकलकर दाहिने गाल में जम गया था। इसके बाद वह अपने घर धरमदास गया और माता-पिता को बता रिपोर्ट करने आया हैं। सूचना पर मर्ग कायम कर धारा 174 द.प्र.स. दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान संदेही बिसहुआ से साक्षीयों के समक्ष अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर कथन लेखबद्व किया गया। कथन में आरोपित ने पत्नी के चरित्र पर शंका कर घर की परछी में गला दबाकर हत्या करना व घटना स्थल चलकर बताया। मामले की विवेचना उपरांत अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां न्यायालय में अपराध प्रमाणित पाये जाने पर आरोपी को सजा सुनाई गई।

सोमवार, 25 सितंबर 2023

कोतमा भाजपा को भाजपा से कांग्रेस को कांग्रेस के भितरघातियों से करना होगा मुकाबला

भाजपा ने जारी की दूसरी सूची, कोतमा से दिलीप जायसवाल होगें उम्मीदवार

अनूपपुर। मध्य प्रदेश में विधानसभा का कार्यकाल 2018 से 2023 के साढ़े चार साल से अधिक का समय बीत चुका है। वर्ष खत्म होते-होते जनता फिर अपनी सरकार चुनेगी। यानी एक बार फिर जनप्रतिनिधियों की आवाम की उम्मीदों पर खरा उतरने की बारी है। वहीं आज भाजपा ने दूसरी सूची जारी की हैं जिसमें अनूपपुर जिले कोतमा की समान्‍य विधानसभा सीट के लिए एक बार फिर दिलीप जायसवाल पर भरोसा जताते हुए उम्मीदवार बनाया हैं।

शहडोल संभाग की एक मात्र आनारक्षित कोतमा विधानसभा सीट में वर्तमान समय यहां कांग्रेस के सुनील सराफ विधायक हैं, जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी दिलीप जायसवाल को 11319 वोटो से हराया था। 2018 चुनाव में भाजपा के दिलीप को 36820 जबकि सुनील सराफ को 48249 वोट मिले थे। वहीं 2013 के चुनाव में कांग्रेस के मनोज कुमार अग्रवाल ने 38,319 वोट यानी 36.87 प्रतिशत मतों के साथ जीत दर्ज़ की थी, जबकि भाजपा के राजेश सोनी 36,773 वोट हासिल किए थे। पिछले दो बार से कोतमा में कांग्रेस के ही विधायक जीतते आ रहीं हैं।

कोतमा कांग्रेस की पारंपरिक सीट

कोतमा पारंपरिक तौर पर कांग्रेस की सीट रही है, 1957 से अब तक ज्यादातर यहां कांग्रेस का ही कब्जा रहा है। 1957 से अब तक हुए कुल 14 विधानसभा चुनावों में 9 बार कांग्रेस ने ही जीत दर्ज की है। वहीं दबी जुबान में लोग लगातार दो बार भाजपा की हार के पीछे की वजह आपसी गुटबाजी बताते हैं। कहीं इस बार भी पिछला परिणाम दोहराया गया तो यह बड़ी मुश्किल होगी। यह किसी सें छिपा नहीं की कांग्रेस को जिताने में भाजापा के असंतुष्टों का पूरा सहयोग होगा।

कोलांचल के नाम से कोतमा की पहचान

क्षेत्र में कोयले की खदान होने से कोतमा को कोयलांचल के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन कोयले से कमाकर देना कोतमा में विकास के नाम कुछ नहीं है। शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी कोई खास इंतजाम ना होने से भी लोगों में भारी नाराजगी है।

आसान नहीं होगी कांग्रेस के लिए जीत

पिछले दो बार से कोतमा विधानसभा चुनाव जीतते आ रही कांग्रेस के लिए इस बार जीत इतनी आसान नहीं होने वाली है, भाजपा ने एक बार फिर से पुराने चेहरे पर विश्‍वास जताते हुए उम्मीदवार बनाया हैं। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम को जिला संयोजक बनाया है। जिससे कुछ हद तक भाजपा को आसान होने की उम्‍मीद की जा सकती हैं। कांग्रेस में सुनील सराफ की उम्मीदवारी लगभग तय मानी जा रहीं हैं। इनके अलावा दूसरे लोग भी दावेदारी दिखा रहे हैं। ऐसे में यदि सराफ को अगर फिर टिकट मिलती है तो कांग्रेस के दूसरे दावेदारों से भीतरघात का खतरा मंडरा रहा हैं।

छत्तीसगढ से सटी है कोतमा विधानसभा

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे अनूपपुर में आदिवासी वोट के साथ ही पड़ोसी राज्य की राजनीति का असर भी यहां रहता है। लिहाजा इस बार छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार होने का कुछ फायदा भी कांग्रेस को मिल सकता है। अब देखना होगा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में यहां कौन अपना परचम लहराता है।

विधायक ने सरकार पर लगाए उपेक्षा के आरोप

विधायक सुनील सराफ प्रदेश सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ना होने से कोतमा के विकास कार्यों को मंजूरी नहीं मिली है। 15 महीने की कमलनाथ सरकार में जो भी काम हुए उसके बाद भाजपा की सरकार आने के चलते अब लगभग बंद पड़ गए हैं।

अबतक के विधायक

1957 से लेकर अब तक की विधानसभा की स्थिति

1957: हरि राज कुंवर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

1962: गिरजा कुमारी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

1967: के. एम. सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

1972: मृगेंद्र सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

1977: बाबूलाल सिंह, जनता पार्टी

1980: भगवानदीन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आई)

1985: भगवानंदीन, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

1990: छोटे लाल भारतीय, जनता पार्टी

1993: राजेश नंदनी सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

1998: जय सिंह मरावी, भारतीय जनता पार्टी

2003: जय सिंह मरावी, भारतीय जनता पार्टी

2008: दिलीप जायसवाल, भारतीय जनता पार्टी

2013: मनोज कुमार अग्रवाल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

2018: सुनील सराफ, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

अनूपपुर। बिजुरी थाना अंतर्गत ग्राम बहेराबांध में सोमवार को तेज रफ्तार बाइक सवार मोड में बिजली के खभ्‍भे से टकरा कर घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए डायल-112/100 सेवा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी पहुँचाया, जहां उपचार के दौरान युवक की मृत्‍यु हो गई।

जानकारी अनुसार के 20 वर्षीय दिनेश कुमार पाव पुत्र कन्हाई निवासी बेनीबहरा जो बहेराबांध जा रहा था। बहेराबांध मोड के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खभ्‍भे से टकरा कर गई। सूचना पर डायल-112/100 सेवा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी पहुँचाया, जहां उपचार के दौरान युवक की मृत्‍यु हो गई।

 

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा अपनो ने ही दिखाया आक्रोश

जुल्मी बड़ा दुखदायक हूं, विधायक नहीं नालायक हूं मैं..,इंटक प्रदेश अध्यक्ष ने अपने ही विधायक को बताया नालायक,बढ़ा विवाद
अनूपपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां काफी तेज होती जा रही हैं। कांग्रेस हो या भारतीय जनता पार्टी सभी अपने-अपने तरीके से जनता को लुभाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा रविवार की शाम जिले अनूपपुर जिले के कोतमा विधानसभा में पहुंचने पर अपने ही लोगो के आक्रोस का समाना करना पड़ा। 

कोतमा में दो अलग-अलग स्‍थान अटल चौपाटी और ठाकुर बाबा प्रांगण में आमसभा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और पूर्व मंत्री ओमकार सिंह कर रहे हैं। कांग्रेस के इस जन आक्रोश यात्रा में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर आचार्य लक्ष्मण दास बालयोगी ने बेहुदा गाना गाकर शब्दों ही शब्दों में कोतमा कांग्रेस विधायक को  नालायक बता दिया, जिसको लेकर कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा विवादों में घिर गई है।

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा अनूपपुर जिले की कोतमा विधानसभा से प्रवेश की। जहां ठाकुर बाबा धाम के पास लगाए गए मंच से जनता को संबोधित करने के दौरान इंटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर आचार्य लक्ष्मण दास बाल योगी ने विधायक कोतमा को बेहुदा गाना गाते हुए शब्दों ही शब्दों में नालायक कह दिया। उन्होंने फिल्मी गाने की तर्ज में यहां उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जुल्मी बड़ा दुखदायक हूं विधायक नही नालयक हूं मैं।


इंटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के कोतमा विधायक पर किए बेहूदा गाने से कटाक्ष कों लेकर जिले में एक फिर राजनीति गरमा गई है। आपको बता की कोतमा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक सुनील सराफ का लगातार विरोध हों रहा है। अभी हाल में ही कुछ कांग्रेसियों ने खुद सड़क पर उतर कर विधायक का विरोध किया था।



कमलेश्वर पटेल ने महामंडलेश्वर को बताया भाजपा का एजेंट

इंटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर आचार्य लक्ष्मण दास बाल योगी कोतमा विधायक को उन्होंने फिल्मी गाने की तर्ज पर जुल्मी बड़ा दुखदायक हूं, विधायक नहीं नालायक हूं मैं कर जब जन आक्रोश यात्रा का नेतृत्‍व कर रहें पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल से पूछा गया तो उन्‍होंने कहा कि हमारी पार्टी में कोई महामंडलेश्वर नहीं हैं,,किसने क्‍या बोला मेरी जानकारी नहीं हैं। कोतमा का विधायक कांग्रेस का जुझारू नेता हैं कांग्रेस व जनता के विकास के लिए संर्घषरत हैं किसी के कुछ कहने से नहीं होता यह भाजपा से मिले लोग हैं जो इस तरह की खबरे प्रचारित कर रहें हैं।


कांग्रेस ने अनूपपुर से रमेश,कोतमा सुनील, पुष्पराजगढ़ से फुन्देलाल तय ? ,असंतुष्ट घोषित उम्मीदवारों की बढ़ायेंगे धड़कन

अनूपपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तिथि जैसे-जैसे करीब आ रही हैं वैसे-वैसे पार्टी से उम्मीदे लेकर चुनाव लड़ने वाले संभावित उम्मीदवारों की धड़कनें भी तेज धड़क रही हैं। एक ओर जहां भाजपा ने चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण कुछ सीटो पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर अपनी चुनावी बिसात बिछा दी हैं वहीं कांग्रेस ने भी पूरे प्रदेश में अपने-अपने ढंग से अभी से ही मतदाताओं को लुभाने के प्रयास में जुट गई हैं। इसके लिए दोनो ही दल भाजपा और कांग्रेस चुनाव आदर्श आचरण संहिता लागू होने से पहले मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए नित नये हथकंडे अपना रहें हैं। भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर लोगों के बीच पहुंचकर 18 वर्ष की उपलब्धि के साथ मोदी सरकार की योजनाओं के माध्यम से जनता को बताने का प्रयास कर रही है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा के 18 वर्षों की विफलताओं और क्रियाकलापों को लोगो के बीच जन आक्रोश यात्रा निकालकर प्रत्येक विधानसभा के मतदाताओं तक पहुंच कर अपने 15 महिने की सरकार में किये गयें कार्यो को बता रहीं हैं। इसमे मतदाता अभी दोनों ही दलों की बातों समझ और परख रहें है।

अनूपपुर जिले की तीन विधानसभा सीटों में अनूपपुर और पुष्पराजगढ़ सुरक्षित सीट हैं। जबकि कोतमा सामान्य सीट हैं। इस सीट को लेकर तीन जिलों अनूपपुर, उमरिया एवं शहडोल के दोनो ही राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी उम्मीदवारी के लिए ताल ठोक रहे हैं। जिले की सबसे बड़ी विधानसभा पुष्पराजगढ़ में दोनों ही दलों के उम्मीदवार तय हैं, यहा कांग्रेस से लगातार दो बार के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को की उम्मीदवारी तय हैं वहीं भाजपा ने नए चेहरो को मौका देते हुए हीरा सिंह श्‍याम को उतार कर चुनाव को रोचक बना दिया है। पुष्पराजगढ़ में कांग्रेस से जिला पंचायत सदस्‍य नर्मदा सिंह भी अपनी दावेदारी के लिए पार्टी को जता दिया हैं।

अनूपपुर विधानसभा वैसे तो कांग्रेस भाजपा दोनो को ही मौके दिये हैं वर्तमान में यहा से भाजपा के बिसाहूलाल सिंह विधायक हैं जो प्रदेश के खाद्य मंत्री हैं। 2018 के पूर्व बिसाहूलाल सिंह कांग्रेस में रहें तब तक कोई सशक्त दावेदार नहीं रहा, अचानक भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने नये उम्मीदवार जनपद पंचायत नेता विश्वनाथ सिंह को विधानसभा के उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया, यहां कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी। यही हालात आज भी कांग्रेस के लिए बने हुए हैं। हालांकि प्रशासनिक सेवा छोड़ कर राजनीति में हाथ आजमाने वर्ष 2018 में कांग्रेस में शामिल हुए रमेश सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद अनूपपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की बागडोर बखूबी संभाल रहें हैं। वहीं दूसरी ओर जिला पंचायत चुनाव में पत्नि प्रीति सिंह को उतार कर विजयी दिलाया। आज वह जिला पंचायत अध्यक्ष पर अपनी सेवायें दे रहीं हैं। कांग्रेस को एक अच्छे निर्विवाद उम्मीदवार रमेश सिंह पर टिक रही है जो भाजपा उम्मीदवार को कड़ी टक्कर देने में सक्षम दिखाई दे रहे हैं। वहीं कंग्रेस की गुटबाजी भी कियी से छिपी नहीं हैं। जिले में तीन विधानसभा वैसे कांग्रेस भी तीन गुटो में विभक्‍त हैं।

कांग्रेस कोतमा समान्‍य सीट के लिए एक अनार सौ बिमार वाली स्थिति हैं जहां तीन जिलों अनूपपुर, उमरिया एवं शहडोल के दोनो ही राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी उम्मीदवारी के लिए ताल ठोक रहे हैं। इसके साथ शहडोल सर्व शिक्षा अभियान के प्रमुख ने भी अपनी दावेदारी ठोक रहें हैं। अधिकारी से नेता बनने की चाह इन्‍होंने शहडोल सर्व शिक्षा अभियान में रहते गले तक भ्रष्टाचार में डूबे अधिकारी और नेताओं को अपनी जेब में रखने वाले अधिकारी कोतमा सीट के लिए भाजपा नेताओं को अपनी भ्रष्टाचार की कमाई से खुश करने का सिलसिला चला रखा हैं। इसके साथ ही कांग्रेस से पशु विभाग से सेवानिर्वत अधिकारी भी मैदान में अपनी ताल दे रहें हैं। यहां कांग्रेस की कांग्रेस से लड़ाई चल रहीं हैं। पूर्व विधायक के नेतृत्‍व में जी 20 के असंतुष्ट नेताओं ने अपने ही विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल रखा हैं। इस समूह में सभी ने कांग्रेस आलाकमान से अपने लिए टिकट की दावेदारी की हैं। कांग्रेस आलाकमान ने वर्तमान विधायक सुनील सराफ को अपनी तैयारी के लिए क्षेत्र में रहने के निर्देश दे चुके हैं। ऐसे में जी 20 के नेताओं की आशाओं में पानी फेर दिया हैं।

रविवार, 24 सितंबर 2023

वन विभाग ने बाइक सहित जंगली सूअर का मांस किया जब्त

 वन कर्मचारियों की लापवाहीं या मिली भगत से फरार पकड़े दोनों आरोपित फरार

अनूपपुर। कोतमा वन विभाग ने शनिवार की शाम ग्राम चपानी के बड़काटोला से दो पहिया वाहन में 2 व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। जिनमें से एक व्यक्ति ने विभाग की लापरवाही का फायदा उठा कर भाग निकला। वहीं दूसरा जो वाहन चला रहा था उसे पकड़ते हुए पूछताछ करने पर नाम पुरुषोत्तम गोंड निवासी देवरी बताया। गाड़ी के निरिक्षण करने पर डिक्की से झोले में कच्चा मांस मिला जो प्रथम दृष्ट्या जंगली सुअर का मांस प्रतीत हो रहा था। इसी बीच कोतमा वन विभाग के कर्मचारियो ने फिर लापरवाही कहें या मिली भगत से दूसरा आरोपित भाग निकला। कोतमा वन विभाग की टीम हाथ मलती रही या लक्ष्‍मी की खनक की खुशी मनाती रहीं।

कोतमा वन विभाग के अनुसार घटना के बाद मौके पर फोटोग्राफ, विडियो लिए जा रहे थे। इसी दौरान दूसरा आरोपी बीट गार्ड से झूमा-झपटी कर भाग गया। मौके पर बाइक में चाबी लगी हुई मिली। डिक्की में झोले में रखा मांस और मोबाइल जब्त किया गया।

जिस घर मे मरा गया था जंगली सूअर,वहां पहुंची वन विभाग की टीम

वन विभाग के अनुसार शनिवार को ग्राम चपानी मौहारटोला में ईश्वर सिंह के घर में जंगली सुअर को शिकार कर मारने और काटने की सूचना प्राप्त होने पर दबिश दी गई। मौके पर घर में दरवाजा लगा था। घर पर कोई नहीं था। ग्राम पंचायत चपानी के सरपंच प्रतिनिधि को मौके से बुला घर में खोज बीन करने पर एक बोरी में खून और मांस अवशिष्ट लगा पाया गया। परछी में खून के निशान पाए गये और घर की बाड़ी में प्लास्टिक चटाई खून से सनी हुई पाई गई। बाड़ी में बने कुंए में मांस के टुकडे,आंत अतड़या भी मिली। कुंए से निकलवाकर उपरोक्त समस्त सामग्री की नियमानुसार जब्ती की गई।

घर के अन्दर के कमरे में ताले लटका होने के कारण ईश्वर सिंह की मां खेलन बाई पति टिब्बुल सिंह की उपस्थिति में कमरों के ताले खुलवाकर देखने पर कमरों के अन्दर से 2 लोहे की हसियां खून और मांस से सनी हुई,1 लकड़ी का ठीहा ,मांस पकाने की एल्यूमीनियम की कड़ाई और स्टील के कटोरे में पका हुआ मांस जब्त किया गया।

मामले में वन विभाग के रेंजर विकास सेठ ने बताया कि आरोपियों पर वन अपराध प्रकरण पंजी बद्ध किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा


लखनऊ से कवर्धा जा रही बस तुलरा घाट पर अनियंत्रित होकर पलटी 20 घायल



अनूपपुर। लखनऊ से कवर्धा जा रही बस रविवार की सुबह तुलरा घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई सिमें बैठे 20-22 यात्रियों को हल्‍की चोटे आई जिन्‍हे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र बेनीबारी में इलाज के लिए भेजा गया जहां इलाज के बाद सभी यात्री दूसरी बस से अपने गंतव्य रवाना हो गया। 
वहीं पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


थाना करनपठार प्रभारी अजय सिंह टेकाम ने बताया कि लखनऊ से चल कर छग के कवर्धा जा रही बस क्रमांक सीजी 09 जेएल 7181 शहडोल रोड तुलरा घाट के मोड़ पर पहुंचने पर अनियंत्रित होकर पलट गई जिसके बाद चीख पुकार मच गई स्‍थानिय लोगो ने इसकी सूचना 100 डायल और 108 एम्बुलेंस को दी, मौंके पर पहुंचे 108 के इएमटी हेमंत मरावी और पायलट रामसेवक ने यात्रियों को बस से निकाल कर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ केंद्र बेनीबारी में भर्ती कराया। जिसमें 20 यात्रियों को हल्‍की चोटें आई जिसमें से 4 गंभीर चोटे बताई गई जिन्‍हें रेफर कर दिया गया। जानकारी अनुसार अधिकतर यात्री छत्तीसगढ़ के बतायें गयें हैं।

 

 

 


शनिवार, 23 सितंबर 2023

जमीनी विवाद पर हुई युवक की हत्या: रात में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रख लगाया जाम

जनप्रतिनिधियों व पुलिस की समझाइश के बाद माने परिजन

अनूपपुर। कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़ी में जमीनी विवाद को लेकर हुए मारपीट में उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने कोतमा-अनूपपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रख कर धरना प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम करने का प्रयास किया। मौके पर विधायक सुनील सराफ, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस की समझाइस के बाद परिजनों ने आवागमन बहाल करा।

गढ़ी गांव निवासी रामकुमार पिता परसू साहू निवासी गढ़ी 21 सितंबर को साइकिल से गांव से खेत लामाटोला गांव जा रहा था। तभी पुराने जमीन विवाद को लेकर कमलेश साहू,त्रिवेणी साहू ने रास्ते में रोक कर रामकुमार के साथ धारदार हथियार से मारपीट की। रामकुमार की उपचार के दौरान शहडोल मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।

पुलिस ने शनिवार को कमलेश और त्रिवेणी को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। रामकुमार के परिजनों सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने इस मामले में आरोपी के मां-पिता, भाई और जीजा के शामिल होने के आरोप लगाते हुए सभी के विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 43 विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण लगभग 3 घंटे तक शव रखकर विरोध प्रदर्शन करते रहे और पुलिस से अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने की मांग की।

इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों की जानकारी मिलने पर विधायक सुनील सराफ मौके पर पहुंचे। जहां वह काफी समय तक उपस्थित रहे। इसके बाद जब विधायक मौके से रवाना होने लगे, तो किसी बात को लेकर विधायक से नाराज हो जाने पर ग्रामीणों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद विधायक ने ग्रामीणों से मुर्दाबाद के नारे लगाए जाने का कारण पूछा। लगभग आधे घंटे तक मौके पर हंगामा की स्थिति बनी रही।

कोतमा थाना प्रभारी सुंद्रेश सिंह मरावी ने बताया कि मृतक के परिजन हत्या के मामले में परिवार के अन्य लोगों के शामिल होने की बात को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। जिनके कथन दर्ज करते हुए संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि उनके भी संलिप्त होने के प्रमाण मिलते हैं, तो उन पर भी अपराध दर्ज किया जाएगा।

अतरिक्‍त पुलिस अधिक्षक शिवकुमार सिंह ने बताया कि हत्‍या का मामला दर्ज किया गया हैं, दो को गिरफ्तार किया गया हैं। जांच कर कार्यवाई की जायेंगी।

 

ग्रामीणों की चुनाव का बहिष्कार की चेतवनी: बुनियादी सुविधाओं से वंचित ग्रामीणों ने अनदेखी का लगाया आरोप

विकास नहीं तो वोट नहीं का लगाया नारा, स्थानीय नेताओं को जम कर कोसा,राजनेताओं के प्रवेश पर लगाई रोक

अनूपपुर। जैसे-जैसे विधानसभा के चुनाव का समय करीब आ रहें हैं वैसे-वैसे मतदाता अपनी समस्‍याओं को लेकर मुखर हो रहा हैं। जहां आजादी के 7 दशक के बाद भी गांव में बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं। जिसे अपनी मांगो के लिए चुनाव बहिष्कार का सहारा लेना पड़ रहा है। वहा ऐसे जनप्रतिनिधी हैं जिन्‍हों ने वोट लेने के बाद ग्रमीणों की समस्‍याओं को अनदेख किया हैं। जिसे लेकर अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव बहिष्कार की घोषणा कर तख्ती बैनर में चेतावनी लिख कर गांव में प्रवेश होने वाले मुख्य मार्ग  पर बैनर लगा दिया कि नेताओं का गांव में प्रवेश पूर्णतः वर्जित है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में विकास कार्य नहीं होते है ,तो वह अपने मताधिकार का उपयोग क्यों करें। जबकि यह कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को का विधानसभा क्षेत्र व शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह का गृहग्राम पुष्पराजगढ़ का क्षेत्र हैं।

जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत दोनिया की जनसंख्या 1978 है। जहां स्कूल और पहुंच मार्ग तक जाने वाली सड़के अब तक नहीं बनी है। ना ही ग्राम के टोलो में पीने के पानी की व्यवस्था है। पीएम आवास गिने चुने और अपात्र लोगों को ही नसीब हो सका है। पात्र लोग दर दर की ठोकर खाने को मजबूर है और तो और शौचालय सिर्फ ढूंढने पर ही दिखाई दे सकता है। ग्रमीणों ने बताया कि विधायक, सांसद सहित कई जनप्रतिनिधियों को मूलभूत सुविधाओं और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कई बार गुहार लगाई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं की मांग करते-करते इतने थक चुके है अब सभी एक मत होकर आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी के उम्मीदवार को वोट नहीं देने की बात कही है। ग्रमीणों ने राजनेताओं से लेकर प्रशासनिक अफसरों पर अनदेखी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने बताया कि जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक मतदान के बहिष्कार पर अडिग रहेंगे।

जबकि आश्चर्य यह हैं कि यह दो बार से कांग्रेस के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को है। वहीं शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह का गृहग्राम पुष्पराजगढ़ है। इन दोनों जनप्रतिनिधियों के पुष्पराजगढ़ में रहने के बावजूद 30 किमी के क्षेत्र में ग्रामीणों मूलभूत सुविधाओं नहीं मिल पा रही है।

शुक्रवार, 22 सितंबर 2023

विधायक की लोकप्रियता बनी स्‍थानिय नेताओं के आंखों कि किरकिरी, माननीय बनने पार्टी को दिखा रहें आंख

विरोधी विधायक का विरोध करते कहीं कर न बैठे संगठन से बगावत

अनूपपुर। शहडोल लोकसभा की 8 विधानसभा क्षेत्र में एक मात्र समान्य विधानसभा क्षेत्र कोतमा के लिए एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति हैं, जहां कई नाम अनाम चेहरे दो बड़ी पार्टी में अपनी- अपनी दावेदारी कर रहें। इसमें सेवानिर्वत अधिकारी भी शामिल हैं। तो कोई भ्रष्टाचार का पर्याय बनने के बाद सरकारी नौकरी से त्‍यागपत्र देकर लक्ष्‍मी के कृपा कर सत्‍ता दल से टिकट के जुगाड़ में हैं। जो स्‍वंम भ्रष्टाचार को सत्‍ता के दम माननीय बनने का सपना देख रहें हैं। जिससे भ्रष्टाचार के चल रहें मामलों को दबाया जा सकें। इतना ही नहीं विपक्ष के कई नेता अपने लिए कोतमा से जगह तलास रहें हैं इसमें पूर्व रह चुके माननीय भी कई दावेदारों के साथ जोर अजमाई पर लगे हैं सफलता किये मिलती हैं यह समय बतायेंगा। वहीं इन्‍हीं के नेतृत्‍व में गत दिनों वर्तमान विधायक सुनील सराफ के विरोध में छोटी सभा कर अपनी पार्टी से बगावत कर रहें हैं। वहीं वर्तमान विधायक सुनील सराफ कि लोकप्रियता में कोई फर्क नहीं दिखाई दे रहा हैं। जिससे पार्टी के स्‍थानिय चुनिंदा नेताओं के आंखों कि किरकिरी बने हैं।

वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा उम्‍मीदवार दिलीप जायसवाल को चुनावी मैदान में बुरी तरह से पछाड़कर,कोतमा विधानसभा के इतिहास में सर्वाधिक मतों से जीत हासिल करने वाले सुनील सराफ ने पूरे कार्यकाल के दौरान गांव-गांव, घर-घर तक अपनी पहुंच कर लोगों के दुख और सुख में सहभागी बन यथासम्भव उनकी मदद की हैं। किन्तु राजशाही तौर पर राजनीति करने वाले चंद नेताओं को विधायक का लोगों के घर-घर पहुंचना रास नही आया। मसलन लोगों कि आवाज बनकर घर-घर तक अपनी पहुंच रखने वाले विधायक अपनी ही पार्टी के चंद लोगों में नासूर बने हैं। सुनील लोगो से सीधे पहुंच कर अपनी छवि अन्‍य नेताओं के मुकाबले बेहतर बनाया हैं। प्रदेश में भाजपा कि सरकार बनने के बाद भी लोकप्रिय के ग्राफ में कमी नहीं दिखाई देती।

कोतमा विधायक ने लोगों को यह अहसास नही होने दिया कि हम अब विपक्ष में हैं। बल्की मजबूती के साथ विधानसभा में जनता कि आवाज बनकर ना केवल दहाडे़। बल्की जनता व जनहित के लिऐ सड़कों में बैठकर आंदोलन करते हुऐ हर समस्या में उनके साथ कदमताल करते रहें हैं। नवागत नगरपरिषद डोला, डूमरकछार, बनगवां एवं बरगवां आदी स्थानों पर हुऐ जमकर फर्जी भर्तियों पर जहां भाजपा नेताओं के कण्ठ से स्वर नही फूट रहे थे। इससे अपने ही संगठन में उपेक्षाओं का दंश झेल रहें हैं। कांग्रेस कोतमा क्षेत्र में बिखरी हुई पार्टी के रूप में शुमार होकर रह गयी है।

बच्चों के कैंसर पर लायंस क्लब अनूपपुर ने लगाया जागरूकता शिविर, निबंध प्रतियोगिता आयोजित

अनूपपुर। लायंस क्लब अनूपपुर टाउन द्वारा 22 सितंबर को यूथ कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में बच्चों के लिए कैंसर जागरूकता शिविर लगाया गया। जिसमे निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया गया।

लायंस क्लब अनूपपुर टाउन ने यूथ कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में बच्‍चों के लिए कैंसर जागरूकता शिविर में बच्चों में होने वाले कैंसरों के लक्षण, पहचान व बचाव के तरीकों से अवगत कराया। इसके साथ ही निबंध प्रतियोगिता

आयोजित किया गया। जिसमे प्रथम स्थान अंजली पटेल,द्वितीय स्थान अंशिका राठौर, तृतीय स्थान शालनी नापित ने प्राप्त जिन्हें तीनों प्रमाण पत्र और पुरुष्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अध्यक्ष लायन अमरदीप सिंह, लायन अशोक शर्मा,रीजन चेयरपर्सन लायन दीपक सोनी, लायन मुकेश ठाकुर लायन राकेश गौतम द्वारा छात्रों को बच्चों के कैंसर और रक्तदान के विषय पर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही सभी छात्रों को रक्तदान करने की शपथ दिलाई गई।

जन आक्रोश यात्रा को लेकर कांग्रेस की तैयारी पूरी, कोतमा से होगी शुरूआत

जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सफल बनाने की अपील, रविवार को अनूपपुर में

अनूपपुर। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा 24 सितंबर को अनूपपुर जिले में प्रवेश कर रही है, जिसे लेकर कांग्रेस में भारी उत्‍साह हैं। यात्रा को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ने तैयारी पूरी कर ली है,साथ ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने की अपील की हैं। 

कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा 24 दिसंबर को कोतमा विधानसभा में प्रातः10 बजे सिमरिया चौक से प्रारंभ होकर देवगांव पहुंच कर सरकार की नाकामी और कांग्रेस के पक्ष में नुक्कड़ नाटक के माध्‍यम जनता को बतायेंगी। इसके बाइ कोतमा में युवक कांग्रेस द्वारा आयोजित आमसभा मे सम्मिलित होगी। वहां से यात्रा अनूपपुर विधानसभा के बदरा से फुनगा पहुंच कर रात्रि विश्राम होगा। सुबह अनूपपुर के बाद 25 पुष्पराजगढ़ के लिए रवाना होगी।

जन आक्रोश यात्रा को लेकर रमेश सिंह ने कहा कि समूचे मध्यप्रदेश में चारो ओर भयंकर अराजकता, अपराध, भय, भ्रष्टाचार और लूट की खुली छूट चली है। आदिवासी, किसान, दलित, बेटियां, बच्चे, पिछड़े, नौजवान सबकी जबान पर बस एक ही बात है, शिवराज हटाओ प्रदेश बचाओ। आज प्रदेश के कोने-कोने से कानों में जन आक्रोश का स्वर सुनाई दे रहा है। प्रदेश की जनता की इसी आवाज़ को सुनकर कांग्रेस पार्टी जन आक्रोश यात्रा का आगाज कर रही है। प्रदेश भर में शिवराज राज के खि़लाफ़ जनता में आक्रोश है तो दूसरी ओर कांग्रेस व कमलनाथ द्वारा 27 लाख किसानों का कर्ज माफ़, 87 प्रतिशत लोगों का बिजली का बिल 100 रुपये से कम, माफ़ियाओं पर वार, मिलावटखोरों पर प्रहार जैसे क्रांतिकारी निर्णय से आम जनता में जोश है। कांग्रेस व कमलनाथ द्वारा 500 रुपये में गैस का सिलेंडर, 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ़, 200 यूनिट तक हाफ़, महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह का इंसाफ, किसानों को 5 हॉर्स पॉवर तक मोटर की बिजली मुफ़्त, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का उपहार, पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ, प्रदेश को जातिगत जनगणना का न्याय, किसानों का कर्ज माफ़ करने जैसे दिए गए वचनों पर आज प्रदेश की जनता में कांग्रेस व कमलनाथ के लिए जोश है।

धारदार हथियार से महिला की हत्या, फरार पति पर आशंक, जांच में पुलिस जुटी


अनूपपुर। कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत धनगवां के धनपुरी गांव में गुरुवार को पति ने धारदार हथियार से घर के अंदर पत्नी की हत्या कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मृतिका की दो बेटिया जब स्कूल से घर आई तो पता चलने बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने देर शाम ही मृतिका के शव का पंचनामा कर शव को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में सुरक्षित रखवा गया। शुक्रवार की सुबह डॉक्टरों की टीम ने पोस्‍टमार्डम की कार्रवाई कराते हुये परिजनों को सौंप कर जांच प्रारंभ की। वहीं हत्या करने के बाद से पति फरार हैं जिसकी खोजबीन की जा रही है। वहीं पति को हत्या का आरोपित  मानते हुए अपराध दर्ज किया गया है।


जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत धनगवां के ग्राम धनपुरी चटुवा गांव निवासी 45 वर्षीय लेखन बाई पति समयलाल बैगा पिछले दो माह से तबीयत खराब होने के कारण अपने मायके में बड़े पिता धनुषधारी बैगा के यहां रह रहें थे गुरुवार को मृतिका की दोनों पुत्रियां विद्यालय गई शाम को घर आने पर देखा कि खटिया में मां लेखनबाई मृत स्थिति में पड़ी शरीर में कई जगह चोट तथा खून चारों तरफ फैला है जिसकी जानकारी बच्चों ने नाना समनू बैगा को दी, जिसके बाद आस-पड़ोस के लोग घटना स्थल को देख सरपंच संजय गौंटिया को जानकारी दिए जाने पर सरपंच द्वारा कोतवाली थाना अनूपपुर में थाना प्रभारी को घटना के संबंध में अवगत कराया, जिसके बाद थाना प्रभारी अनूपपुर निरीक्षक अमर वर्मा पुलिस दल के साथ एवं एसडीपी अनूपपुर के पहुंचें जहां देर शाम परिजनों की उपस्थिति में मृतिका का के शव का पंचनामा कर शव को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में सुरक्षित रखवाया गया। वहीं घटना के बाद से पति फरार रहा हैं। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर लड़ाई झगड़े होते थे। कई बार पति ने पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।

सोते समय जहरीला कीड़ा काटने से युवती की मौत,परिवार में पसरा मातम

  अनूपपुर । कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी युवती को गुरुवार एवं शुक्रवार रात्रि सो रही थी सुबह जहरीले कीड़े ने हाथ की को...