https://halchalanuppur.blogspot.com

सोमवार, 19 फ़रवरी 2018

राष्ट्रीय जय आदिवासी युवा शक्ति कोर कमेठी का हुआ गठन



राजेन्द्रग्राम। आदिवासी बहुल्य क्षेत्र पुष्पराजगढ़ में आदिवासी विकास तथा युवाओं में नई सोच उत्पन्न करने राष्ट्रीय जय आदिवासी युवा शक्ति कोर कमेटी का विस्तार किया गया। जिसमें रविवार को जिला मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रीय जय आदिवासी युवा शक्ति की जिला कोर कमेटी का गठन किया। कार्यक्रम में कोर कमेटी अध्यक्ष दिनेश सिंह श्याम, उपाध्यक्ष महेश सिंह करियाम, सचिव गंगा सिंह नेटी, सहसचिव रामकिशोर पाटले,कोषाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह धुर्वे, संगठनमंत्री हेमंत सिंह टेकाम सहित आदिवासी विकास संगठन के अध्यक्ष रघुवीर सिंह, रमेश कुमार सिंह व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन विस्तार के दौरान मिशन 2018 संसद घेराव एवं 25 फरवरी को विशाल संवैधानिक सम्मेलन का आयोजन पुष्पराजगढ़ के खेल मैदान में आयोजित किए जाने की घोषणा की गई। कोर कमेटी अध्यक्ष दिनेश सिंह श्याम का कहना है कि आदिवासी समाज के प्रबुद्धजनों एवं बहुजन समाज को संविधान में विशेष अधिकार प्राप्त है जिसे 5वीं 6वीं अनुसूची को धरातल पर सरकार लागू नहीं कर रही है। जिसमें पूरे भारत में जहां 5वीं एवं 6वीं अनुसूची है लागू कराने संसद घेराव के लिए कूच किया जाएगा।

बहा दिया गया उपजाऊ खेत में प्लांट का राखड़




जैतहरी। नगर पंचायत तहसील जैतहरी अंतर्गत ग्राम मुर्रा निवासी चन्द्रभान पिता सम्हारु सिंह गोड़ के बने उपजाऊ खेत मे हिंदुस्तान पॉवर प्लांट में निकले हुए राखड़ को पानी के बहाव के साथ बहा दिया गया जिसकी मोटाई लगभग 2 से 3 फिट की है। जिससे आदिवासी किसान का जीना खाना मुश्किल हो गया इस संबंध पर स्थानीय प्रबुद्ध लोगो द्वारा इसकी शिकायत पर्यावरण, वन मंत्रालय एवं केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड दिल्ली को की गई, जिसकी जाँच मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल द्वारा बीते 17 फरवरी को निरीक्षण किया गया जिसमें ग्रामीण स्थानीय नागरिक, याचिका कर्ता अमर सिंह, ललित नारायण राठौर, ग्राम पंचायत के पूर्व उपसरपंच लेखराम सिंह राठौर, राजेश सिंह एड. व प्रताप सिंह एवं हिंदुस्तान पॉवर प्लांट अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

वन्य प्राणियों एवं वनस्पितियों का आकलन एवं गणना हुआ प्रारंभ



अनूपपुर। मध्यप्रदेश वन विभाग के निर्देशन पर वनमण्डल अनूपपुर के सभी  वनपरिक्षेष के बीटों में 18 से 25 फरवरी के मध्य वन क्षेत्रों में पाये जाने वाले शाकाहारी, मांसाहारी वन्यप्राणियों की प्रत्येक गतिविधियों का आंकलन की जिम्मेदारी वनरक्षकों के साथ विभाग के अधिकारियों द्वारा 18 फरवरी रविवार की सुबह प्रारंभ की गई है। इस दौरान वन विभाग द्वारा वन क्षेत्रों में शाकाहारी वन्यप्राणियों के आंकलन हेतु समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, सुरक्षा श्रमिकों के साथ 5 कि़मी. की परिधि में पैदल भ्रमण कर पगमार्क, विष्ठा, खरोचना आदि का संकलन किया गया। इस दौरान उप वनमण्डलाधिकारी अनूपपुर एचपी शुक्ल ने अनूपपुर परिक्षेत्र के बीट पोंडी, भोलगढ एवं दैखल में पैदल भ्रमण कर जानकारी संकलित करने के साथ कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिये। इस दौरान परिक्षेत्राधिकारी अनूपपुर एके निगम साथ में थे। वहीं दूसरी ओर अशासकीय तौर पर वन्यप्राणी प्रेमी/ सर्पप्रहरी शशिधर अग्रवाल ने बीट पोंडी के कक्ष क्रमांक पीएफ 402, 404,  का बीट प्रभारी पोंडी बलभद्र चौबे, मो. फारूख मंसूरी एवं बीट भोलगढ के कक्ष क्ऱ आरएफ 407 का पैदल भ्रमण कर वन्यप्राणी लकडबग्घा, शियार, लोमडी, खरगोश के पगमार्क एसं विष्ठा का सर्वेक्षण कर जानकारी एकत्रित की। इस दौरान परिक्षेत्राधिकारी अहिरगवां एवं जिले के मास्टर ट्रेनर शिवपूजन त्रिपाठी ने सभी कर्मचारियों को सावधानी पूर्वक आंकलन कर प्रपत्र भरने की बात कही।

सुविधाओं को तरसता प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिजुरी

चिकित्सालय का उन्नयन जरुरी
अनूपपुर। जिले के अंतिम छोर पर बसे बिजुरी क्षेत्र का आम आवाम सरकार के तमाम विकास परक दांवों के बीच गोता लगा रहा है। उसे समझने में मुश्किल हो रहा कि वह जो देख रहा वह सही है या सत्तासीन सरकार का दावा। लाखों की आबादी लिये कोयलांचल नगरी जिस पर आदिवासी बाहुल्य अंचल का तमगा लगा है सरकार के विकास पर के दांवों में अपने को टटोलने में लगा है। उसके पास भोपाल से लेकर दिल्ली तक ऊंची पकड बताने वाले जनप्रतिनिधियों से लेकर तमाम राजनीतिक लोग हैं जो हर जगह पान ठेला चौराहों पर गप्प लड़ाते नजर आते हैं कि वों जो चाहे करा सकतें हैं फिर प्रश्न यह उठता है कि गत 15 वर्षों से सत्ता में रहते ओहदेवान जनप्रतिनिधि नगर के प्रमुख बुनियादी समस्याओं का सामाधान करा पाने में असफल साबित हो रहे है या फिर पान ठेलों और चौराहों में खड़े होकर अपने मुह अपनी बड़ाई कर अपनी ही पीठ थपथपा रहे है। वैसे तो जिले का बिजुरी क्षेत्र कोयलांचल क्षेत्र के नाम से जाना जाता है जहां विकास की गंगा बहाने वाली बड़े से बड़े महारथी नगर की समस्याओं से किनारा कर अपनी नैया को बेरोक टोक पार लगाने में लगे हुए है।
जिले की कोयलांचल नगरी बिजुरी में बहुत सारी समस्याएं है लेकिन समस्याओं में अगर प्राथमिकता दी जाये तो हम यह माने कि अगर जिस क्षेत्र में उपचार का साधन आसानी से मुहैया होते है वहां के लोग निश्चिंत होकर अपना तथा अपने परिवार का जीवन यापन करते है। वर्षो से बिजुरी की जनता सरकार तथा अपने ही चुने हुए दिग्गज जनप्रतिनिधियों से बहुत सारी आशाएं लगाते हुए है जिसमें अगर इनकी मांगों को गिना जाये तो आशान नही है कि हम इनकी मांगों को चंद लब्जों में बयां कर सके। इन्ही मांगों मे से बहुप्रतिक्षित मांग यहां बने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा दिलाना है जिसके लिए बिजुरी की जनता नीचे से लेकर ऊपर तक लिखित तथा मौखिक कई बार गुजारिस कर चुकी है लेकिन प्रशासन शासन व यहां के दिग्गज जनप्रतिनिधि ऐसा कर पाने में असमर्थ नजर आ रहे है। कहने को तो यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र है लेकिन आसपास के लाखों की आबादी को जीवन देने का एक मात्र चिकित्सालय जहां पर सरकारी योजनाएॅ हैं पर योजनाओं को मूर्त रुप देने वाले चिकित्सक, कार्यालयीन कर्मचारी, संसाधन का पता नही।
एक चिकित्सक के भरोसे क्षेत्र की जनता
नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द में सरकार की संपूर्ण योजनाएं लागू है जिसका लाभ क्षेत्र के जागरुक आवाम को मिल रहा है। नगर में स्थित चिकित्सालय आसपास के सुदूर ग्रामीण अंचल क्षेत्र कोठी से लेकर बेलगॉव व संपूर्ण कोयलांचल में निवासरत लोगों के प्राथमिक उपचार का केन्द्र है। इस केन्द्र में लाखों की आबादी का जिम्मा है जिसे पूरा करने का काम चिकित्सक का है। नगर प्राथमिक केन्द्र में वर्तमान में केवल एक चिकित्सक डॉ. मनोज सिंह हैं। प्रशासनिक फेरबदल के कारण पदस्थ चिकित्सक डॉ. त्रिपाठी को मलगा का प्रभार दिया गया है। लाखों की आबादी वाले एक मात्र केन्द्र एक चिकित्सक के भरोसे जिसके जिम्मे प्रशासनिक कार्यो के अलावा मरीजों का उपचार भी शामिल है। चिकित्सक की कमी से क्षेत्र कराह रहा है अतिरिक्त चिकित्सकों की पदास्थापना की मांग बदलती नजर आ रही है जिसे जहन में लाने का काम अब तक नही किया जा सका है।
नर्स वार्डब्वॉय सहित ड्रेसर का आभाव
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आभावों के बीच खडा है उसके पास केवल 2 नर्स हैं व वार्डब्वॉय की कमी पहले से ही है ड्रेसर का पद पदस्थ ड्रेसर रामचरित श्रीवास्तव के सेवानिवृत्ति के बाद अब तक नही भरा जा सका है। मसलन चिकिसालय का लाभ जख्मी सख्स व मरीज को नही मिल पा रहा है। तमाम सरकारी योजनाओं के बावजूद कर्मचारियों की कमी का दंश क्षेत्र की आम जनता प्रशासनिक उदासीनता के कारण भोगने को विवश है।
महिला चिकित्सक की भी कमी
महिला प्रसव को सरकारी अस्पताल में कराये जाने को लेकर सरकार विज्ञापनों पर करोडों खर्च करती चली आ रही है। सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने संबंधी विज्ञापन को लेकर जागरुक महिला जब सरकारी अस्पताल की चौखट पर पांव रखती हैं तो उन्हे महिला चिकित्सक की कमी खलती है। जिसका लाभ निजी चिकित्सालय ले रहा है तथा सरकारी योजनाओं को करारा तमाचा लग रहा है। महिला हित में महिला चिकित्सक न मिल सका। सरकार के महिला हितों के दावों की पोल नगर में खुलती नजर आ रही है।
न बिस्तर न जांच उपकरण
नगर के दानदाताओं के भरोसे दो चार बिस्तर के भरोसे मरीजों को भर्ती कर इलाज करने का काम किया जाता है। मरीज बढे तो जमीन पर लिटा कर इलाज किया जाता है जिससे मानवता तारतार होती है। क्या मरीज क्या चिकित्सक सभी यही कोसते हैं कि बीमार व्यक्ति जाने कैसे जमीन में पडकर लाभ ले सकेगा। बरसात का मौसम अस्पताल की व्यवस्था पर आसू बहाने जैसा ही होता है। जाच उपकरण का न होना दुर्घटनाग्रस्त मरीज, महिलाओ के लिए एक बडा दंश दे जाता है।


मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से आई खुशहाली, आजीविका के जुटाए साधन



अनूपपुर जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र पुष्पराजगढ़ विकासखंड के ग्राम हर्राटोला की ममता चंद्रवंशी मजदूरी कर अपना और अपने परिवार का जीवकोपार्जन करती थी, वहीं उसके पति भी राजमिस्त्री का कार्य करते थे। वर्ष 2014 मे आजीविका मिशन अंतर्गत भारतीय स्व-सहायता समूह से जुडने के बाद ममता की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में परिवर्तन आना प्रारंभ हुआ। समूह की बैठकों एवं प्रशिक्षको के माध्यम से एक नई सोच का निर्माण हुआ तथा कुछ करने का आत्मविश्वास भी आया। ममता ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की पहल की और सबसे पहले अपने समूह से ऋण लेकर इंट निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। वर्ष 2016-17 मे ग्राम मे शौचालय निर्माण के दौरान ममता ने समूह से 12500 रूपए ऋण लेकर ईट निर्माण कर विक्रय किया और अतिरिक्त आय का स्त्रोत प्राप्त किया। ईट निर्माण से अच्छी आय प्राप्त करने के बाद अपने पति को स्व रोजगार से जोडऩे हेतु मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से एक लाख रूपए सेन्ट्रिंग प्लेट व्यवसाय हेतु प्राप्त कर व्यवसाय को आगे बढाया। आज वर्तमान मे ममता चंद्रवंशी  की आर्थिक स्थिति अच्छी है। अभी तक ममता चन्द्रवंशी द्वारा समूह से 10 बार एक लाख पचास हजार रूपए ऋण के रूप में प्राप्त किया है और उसमें से एक लाख १७ हजार रूपए वापस भी कर दिए हैं। सागर ग्राम संगठन के बुक कीपर के रूप में भी ममता अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।

एप्को द्वारा किया गया पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन



अनूपपुर। पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) भेापाल के सहयोग से एस्ट्रोनॉमिका सांइस एक्टिविटी एंड एजुकेशन सोसायटी द्वारा अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत अमरकंटक के बाद शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य उमा आवासीय विद्यालय के खेल मैदान में खुली पोस्टर प्रदर्शनी लगाकर छात्र-छात्राओं के साथ स्त्रोत विद्वान उदय सिंह तोमर एवं भारत भूषण गांधी ने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता पर संवाद किया। इस अवसर पर लोक कलाकारों में सुरेश पटेल, सचिन मेहरा एवं दीपक कुमार ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित लोकगीतों की प्रस्तुति दी। सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक मत्स्य विभाग उदयसिंह तोमर ने बच्चों को खाद्य श्रृंखला और पारिस्थिकी तंत्र को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि प्रकृति में सभी जीवों के बीच आपसी संबंध और निर्भरता है जो एक चेन सिस्टम में है, जिसकी किसी भी कड़ी का टूटना प्रकृति के लिए घातक है। जैव विविधता स्त्रोत विद्वान पत्रकार इंजीनियर गांधी ने पानी के संरक्षण और उसके प्रदूषण को रोकने के उपायों को बताया। कृषक परिवारों से आए छात्र छात्राओं को जैविक खेती करने के लिए प्रेरित किया। एकलव्य स्कूल के आवासीय छात्रावासों के छात्र छात्राओं ने प्रदर्शनी को उत्साह के साथ देखा और स्त्रोत विद्वानों को उनके द्वारा पूछे गए प्रश्रो के जवाब दिए और अपने विचार भी प्रस्तुत किए। बच्चों ने इस दौरान मराठी, छत्तीसगढ़ी, संस्कृत, पंजाबी भाषाओं लोकगीत एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कक्षा 6 वीं के सुनील कुमार ने पर्यावरण पर विचार प्रस्तुत कर एप्को टीम का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्रतिभावान बच्चों को एप्को द्वारा मेडल प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पीएस पट्टावी, प्रधानाध्यापक बैजनाथ सिंह एवं एएस सिंह, व्याख्याता निष्ठा अग्रवाल, शिक्षक हरिशंकर वर्मा, अनिल प्रताप सिंह एवं लाइब्रेरियन संतोष शुक्ला उपस्थित रहे।

4588 में 3843 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, 745 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित



राज्य लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा सम्पन्न
अनूपपुर। राज्य लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 18 फरवरी को दो पालियों में क्रमश: सुबह 10 से 12 तथा दोपहर 2.15 से 4.15 बजे तक संपन्न हुई। लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कुल 4588 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमे से 3843 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 745 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा हेतु जिले में ७ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिसमें प्रथम पाली में 1923 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 371 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे एवं द्वितीय पाली में 1920 परीक्षार्थी उपस्थित व 374 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केन्द्र तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में प्रथम पाली में 500 परीक्षार्थी में से 421 परीक्षार्थी तथा द्वितीय पाली में 500 परीक्षार्थी में से 423 परीक्षार्थी, परीक्षा केन्द्र शा. उत्कृष्ट उ. मा.विद्या. अनूपपुर में प्रथम पाली में 244 परीक्षार्थी में से 204 परीक्षार्थी तथा द्वितीय पाली में 244 परीक्षार्थी में से 204 परीक्षार्थी, परीक्षा केन्द्र कन्या उमा विद्यालय अनूपपुर में दोनो पालियों में 1000 परीक्षार्थी में से 826 परीक्षार्थी, शा. बालक उ.मा.वि. अमरकंटक रोड अनूपपुर में दोनो पालियों में 400 परीक्षार्थी में से 331 परीक्षार्थी, परीक्षा केन्द्र शा. माडल उ.मा.वि. सामतपुर अनूपपुर में दोनो पालियों में 400 परीक्षार्थी में से 326 परीक्षार्थी, परीक्षा केन्द्र शा. आईटीआई जैतहरी रोड अनूपपुर में दोनो पालियों में 400 परीक्षार्थी में से 344 परीक्षार्थी एवं शासकीय एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय अनूपपुर में 900 परीक्षार्थी में से 764 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी केव्ही.एस. चौधरी, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, अपर कलेक्टर डॉ. आर.पी. तिवारी, नोडल अधिकारी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा, अनु. अधि. पुलिस एवं अन्य अधिकारी परीक्षा संचालन पर भ्रमण करते नजर आए। 

रेलवे स्टेशन के मुख्यद्वार पर हाथठेला का कब्जा, यातायात होता बाधित



अतिक्रमण को बढ़ावा देने नगरीय एवं पुलिस प्रशासन की अनदेखी
अनूपपुर। जिला मुख्यालय की मुख्य मार्गों में शामिल कोतवाली से स्टेशन चौराहा तक नगरपालिका के हॉकर्स जोन पर अब दुकानदारों का स्थाई कब्जा हो गया है। जिसके कारण आए दिन यातायात बाधित होता है, कोतवाली से स्टेशन चौराहे तक दुकानदारों ने अपनी दुकानों को निर्धारित स्थलों से बाहर संजाते हुए मार्ग के किनारों तक अपनी दुकान जमा रखी है। जिसके कारण रोजाना जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
स्टेशन चौराहे का हाल बेहाल
सड़क के किनारे लगे दुकानो के कारण जहां प्रतिदिन यातायात समस्या गंभीर बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर स्टेशन तक आने जाने वाले ऑटो रिक्शा, चार पहिया व दो पहिया वाहन के यात्रियो सहित अन्य राहगीरो को आवागमन में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। अनूपपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर लगे हाथ ठेला के कारण जहां अपना कब्जा किए हुए है।
रसूखदारो के कब्जे में अस्थाई चौपाटी
मुख्य मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त रखने हेतु नगरपालिका द्वारा अस्थाई तौर पर नगर के हाथ ठेला फुटकर व्यापारी के लिए शेड का निर्माण कर उन्हे आवंटित किया गया। जिसमें ३५ चिह्नित हथठेला संचालकों को शेड के अंदर अपनी के दुकान संचालन के लिए निर्देश दिए थे। लेकिन कुछ दिनों बाद रसूखदार व्यापारियों ने ठेला संचालकों को वहां से हटाते हुए अपनी पुरानी स्थाई दुकान फिर से जमा ली। जिसके कारण हथठेला संचालक जगह के अभाव में मुख्य मार्ग किनारे अपनी दुकानों का संचालन करने को विवश है। 
कैसे यातायात व्यवस्था होगी सुचारू
रेलवे स्टेशन अनूपपुर के मुख्य द्वार पर लगे हाथ ठेला संचालको की मनमानी इतनी बढ़ गई है, कि उन्हे नगर की यातायात व्यवस्था से किसी तरह का सारोकार नही है, वहीं यातायात व्यवस्था बाधित होने वाले नगर के मुख्य मार्ग पर ही पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ ही नगर पालिका द्वारा अपना पल्ला झाड़ लिया है। जिसके कारण स्टेशन के मुख्य द्वार पर ही लगे हाथ ठेला संचालको द्वारा मुख्य मार्ग में ही अपनी दुकान सजा ली है, वहीं इन दुकानो के संचालन के कारण शाम के समय आसामजिक तत्वो द्वारा ढेरा डला रहता है।

मीट मार्केट वीरान, दुकान खोलने नहीं पहुंच रहे व्यापारी


एक ही जगह बिक रही सब्जी एवं मीट बाजार, नपा उदासीन
अनूपपुर। जिला मुख्यालय में संचालित सब्जीमंडी में सब्जियो व मीट की दुकाने एक साथ लगने के कारण जहां लोगो को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ता था, जिसके बाद अनूपपुर नगरीय क्षेत्र के रहवासी ने अलग से मीट बाजार खोले जाने की मांग की गई। जिस पर नगर पालिका द्वारा ४ लाख की लागत से चंदास नदी के किनारे वर्ष २०१५ में ४ शटरयुक्त दुकान के साथ मीट व्यापारियो के लिए शेड बनाया गया,  जो की बीते ३ वर्षो से मूलभूत सुविधाओ की कमी के कारण आज तक  मीट मार्केट वीरान पड़ा हुआ है।
मूलभूत सुविधाओ की कमी
नपा द्वारा बनाया गया मीट बाजार नपा के अधिकारियो की उदासीनता के कारण वीरान पड़ा हुआ है। ४ लाख की लागत से बनाए गए मीट बाजार पर सुविधाओं की अनदेखी कर दी गई है। मीट बाजार क्षेत्र में पानी, बिजली सहित पहुंच मार्ग जैसी जरूतरों की कमी बनी हुई है। यहां तक कचरा रखने जैसी व्यवस्थाओं पर नपा ने कुछ भी संसाधन भी नहीं उपलब्ध कराए हैं। वहीं मुख्य क्षेत्र से दूर चंदास नदी के किनारे बनाए गए मीट-मछली बाजार को लेकर नगर के मीट व मछली व्यवसायी भी उत्साहित नहीं हैं। जिसके कारण पिछले तीन माह से निर्माणाधीन ४ बंद (शटरयुक्त) दुकान के साथ खुली दुकान पर वीरानी छाई हुई है।
सब्जी व मीट बाजार एक साथ
वर्तमान में सब्जी मंडी सहित रहवासी क्षेत्र संचालित मछली व मीट बाजार की दुर्गंध से शहर का मुख्य क्षेत्र संक्रमित हो रहा है। बताया जाता है कि पूर्व में जिला प्रशासन ने ईदगाह के समीप मीट बाजार सहित मछली बाजार को स्थापित करने की योजना बनाई थी। लेकिन बाद में कुछ लोगों की आपत्ति जाहिर की गई। ताकि मुख्य बस स्टैंड के समीपी स्थल से इसे नगरीय प्रशासन ने हटाकर गैस गोदाम स्थित वार्ड क्रमांक २ के पीछे चंदास नदी किनारे बना दिया गया।
मीट व्यापारी भी नही ले रहे  दिलचस्पी
मुख्य नगरीय क्षेत्र से एकांत स्थल पर है, वहीं चंदास नदी के समीप होने के कारण मीट व्यापारी भी नव निर्मित मीट मार्केट जाने से कतरा रहे है, वहीं नगर पालिका द्वारा भी इन मीट व्यापारियो को सिर्फ नोटिस जारी कर दुकाने मिट मार्केट में लगाए जाने तक ही सीमित रहकर अपने कर्तव्यो से इतिश्री कर लिया गया है। वहीं नपा की उदासीनता के कारण  बिना सुरक्षा के मीट मार्केट मेंं बनी दुकाने में जर्जर हो चले है।
इनका कहना है
जल्द ही मीट व्यापारियो को नोटिस देकर मीट व्यावसाईयो को मीट मार्केट में दुकान संचालन करवाया जाएगा।
रामखेलावन राठौर, नपाध्यक्ष अनूपपुर

बेटियां फाउंडेशन ने सुमिता शर्मा को किया सम्मानित

अनूपपुर बेटियां फाउंडेशन एवं मीडिया हब की ओर से दिल्ली में बेटियां बचाओ सृष्टि सजाओ व बेटियां जर्नलिस्ट अवार्ड से  राजनगर की सुमिता शर्मा को सम्मानित किया गया है। इससे परिवार में खुशी का माहौल है। मीडिया हब, बेटियां फाउंडेशन और पूर्वी दिल्ली जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के तत्वाधान में महाराजा अग्रसेन कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में सुमिता शर्मा को इस पुरस्कार से नवाजा गया। संस्था की ओर से ऐसी बेटियों को सम्मानित किया गया है जो स्वच्छ राजनीति छवि के माध्यम से उद्योग जगत व अन्य समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुकी हैं। इन बेटियों ने सामाजिक, शिक्षा,प्रशासन,पर्यावरण चिकित्सा, पुलिस व सैन्य बल में अपनी पहचान बनाई है।इसके अलावा इन महिलाओं का समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने में काफी योगदान रहा है। सुमिता शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में सामाजिक मुद्दे उठाने के लिए संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर कस्बे की सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने भी अभिनंदन किया। सुमिता शर्मा ने बताया कि उनके ससुर ओर सास ने उनको कभी भी बहु नही माना बल्कि बेटी से भी ज्यादा प्यार दिया और आगे बढने के लिए परिवार के सभी सदस्यों ने पूरा सहयोग दिया। पत्रकारिता के शुरुआती दौर मेरे साथ भी कई छोटी बडी परेशानिया आई एवं समाज मे फैली कुरितियो के कारण मुझे भी स्त्री होने का खामियाजा भरना पडा लेकिन मै उनका डटकर सामना करती रही और मेरा पूरा परिवार मेरी ढाल बनकर खडा रहा।



रविवार, 18 फ़रवरी 2018

देश हित में कार्य करेगा जय भारत मंच -- मनोज द्विवेदी

जय भारत मंच के तहसील, नगर ,महाविद्यालय प्रभारी नियुक्त

 अनूपपुर। जय भारत मंच जिले मे समाज व देश हित में कार्य करेगा। इसके सभी पदाधिकारी, सदस्य आने वाले समय मे समाज को नयी दिशा देने को तैयार हैं। जय भारत मंच के नगर,तहसील, महाविद्यालय प्रभारियों की घोषणा करते हुए उपरोक्त विचार जिलाध्यक्ष मनोज द्विवेदी ने व्यक्त किये।जिले  में जय भारत मंच की गतिविधियों को विस्तार देने के लिये सभी तहसील,नगर एवं महाविद्यालय प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गयी है। जय भारत मंच के प्रदेश अध्यक्ष तरुण जी बियाणी, संगठन मंत्री अर्जुन मेवाडा की सहमति से जिलाध्यक्ष मनोज द्विवेदी ने जिले की सभी तहसील, नगरपालिका एवं महाविद्यालयों में प्रभारी नियुक्त किये हैं। वहीं बिजुरी के अरविन्द द्विवेदी को युवा विंग का अध्यक्ष बनाया गया है। मीडिया प्रभारी सुधाकर मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील ईकाई में
१. कोतमा- दीपक तिवारी ,
२. अनूपपुर- एड खेमनदास राठोर ,
३. पुष्पराजगढ- हरिवल्लभ शुक्ला  ,
 ४.जैतहरी- रमाकांत तिवारी । नगर प्रभारी --
१. अनूपपुर- एड.प्रवीण सिंह ,
२.कोतमा- विकास बरसानिया,
३.जैतहरी- पुरुषोत्तम प्रजापति,
४.बिजुरी- दीपक सिंह,
५.अमरकंटक- गिरिजाशंकर पाण्डेय ,
६.पसान- सतीश प्रताप सिंह,
७.डोला- अवधेश राय,
८. बनगंवा- मनोज सिंह,
९.डूमरकछार- अशोक वर्मा ।
महाविद्यालयीन प्रभारी--
१. कोतमा- आकाश रजक,
२. अनूपपुर- मानेन्द्र तिवारी,
३. राजेन्द्रग्राम- प्रियंका तिवारी,
४. बिजुरी- रमेश रजक,
५. अमरकंटक- आस्था मिश्रा ,
६.बेनीबारी- शुभम चॊकसे,
७.व्यंकटनगर- नरेश सिंह भैना को तथा युवा विंग प्रभारी
अरविन्द द्विवेदी, बिजुरी को बनाया गया है। सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को मनोज द्विवेदी, गणेश शर्मा, श्रीमती राम रीना रॊतेल, सुदामा सिंह, प्रेमचन्द्र यादव, शंभू प्रसाद शर्मा, परशुराम केवट, गोविन्द राठोर, हरिशंकर वर्मा, राजेश पयासी, बुद्ध सेन प्रजापति, राम अवतार गुप्ता, राजेन्द्र तिवारी, कैलाश कोल , तुलसी पाठक, देवेन्द्र जायसवाल, म्रगेन्द्र सिंह, राकेश तोमर, दिलीप शर्मा, हेतराम वर्मा, फूलमती केवट, राजेन्द्र गुप्ता, सुधाकर मिश्रा, आचार्य वैद्य नाथ शुक्ला ने बधाई, शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए समाज,देश,संगठन हित में कार्य करने की अपेक्षा की गयी है।

शनिवार, 17 फ़रवरी 2018

लो.से.आ.की परीक्षा 18 फरवरी को 2294 परीक्षार्थी होगे शामिल



प्रतिबंधित सामग्री लेकर न आयें कलेक्टर के निर्देश 
अनूपपुर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 18 फरवरी को जिला मुख्यालय में निर्धारित 7 परीक्षा केन्द्रों में राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा तथा राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2018 आयोजित की जा रही है। इन परीक्षाओं में शामिल परीक्षार्थियों  के लिये 7 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें कुल 2294 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
प्रभारी के.व्ही.एस.चौधरी ने परीक्षार्थियों से लोक सेवा आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा केन्द्र में प्रतिबंधित सामग्री न लाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि परीक्षार्थी जूते-मोजे, धूप के चश्मे, हैण्ड बैण्ड, बेल्ट तथा किसी भी तरह का इलेक्ट्रानिक उपकरण परीक्षा केन्द्र के अन्दर नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षार्थियों को सैण्डल तथा चप्पल पहनकर परीक्षा केन्द्र में जाने की अनुमति होगी। परीक्षा कक्ष में चेहरा ढक कर प्रवेश भी प्रतिबंधित होगा।
कलेक्टर ने कहा है कि लोक सेवा आयोग के निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थी बालों को बांधने के लिए क्लचर, बक्कल का भी उपयोग नहीं कर सकेंगे। घडी, पर्स, टोपी, किसी भी तरह के आभूषण पहनकर भी परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की तलाशी ली जायेगी। मोबाइल फोन,कैलकुलेटर, पठन सामग्री तथा इलेक्ट्रानिक उपकरणों के साथ परीक्षा केन्द्र में प्रवेश प्रतिबंधित होगा। सभी पात्र परीक्षार्थियों को जिनके पास लोक सेवा आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र है उन्हें ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया जायेगा। प्रत्येक परीक्षार्थी अपने साथ आयोग द्वारा निर्धारित कोई एक फोटोयुक्त परिचय प्रति की मूल प्रति अपने साथ रखें। परिचय पत्र की मूल प्रति के बिना परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा। लेकिन पहचान के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति भी मान्य होगी। सभी परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व अनिवार्य रूप से परीक्षा केन्द्र पहुंच जायें जिससे उनके अभिलेखों की समय पर जांच करके परीक्षा केन्द्र में प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।

अभियोजन अधिकारियों की व्यवसायिक दक्षता संवर्धन पर कार्यशाला संपन्न



अनूपपुर। कलेक्ट्रेट के सभागार में संचालनालय लोक अभियोजन के निर्देशानुसार अभियोजन अधिकारियों की व्यवसायिक दक्षता संवर्धन पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश  रवि कुमार नायक, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन, अपर कलेक्टर डॉ.आर.पी.तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलित एवं राष्ट्रगान का गायन कर किया गया।
श्री नायक ने अभियोजन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विवेचना में संवाद कौशल में दक्षता नितांत आवश्यक है। सही तरीके से पक्ष पेश करने में बहुत ही कम समय में फैसला सुनाया जा सकता है। आपकी कुशलता से न केवल अपराधियों को उचित दण्ड मिलता है, वरन पुलिस विभाग भी अपने आप को सशक्त महसूस करता है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक आर.के.आरूसिया ने अभियोजन एवं पुलिस के बीच समन्वय विषय पर मार्गदर्शन किया।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि विवेचना के दौरान थोड़ी सी चूक से अपराधी बच निकलते हैं। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए जरूरी है कि विवेचना का काम मुस्तैदी से हो। किसी प्रकार की खामियों से बचा जाए। इससे अपराधियों के हौसले पस्त होंगे। विवेचना के दौरान फोकस होकर अपराध के सभी पहलुओं पर ध्यान दें। विवेचना के दौरान आने वाली कठिनाइयों के बारे में कार्यशाला में मौजूद विवेचक अधिकारियों ने पुलिस कप्तान के सामने अपनी बातों को रखा।                              
न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी वारिन्द्र कुमार तिवारी द्वारा सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित न्याय दृष्टान्तों के आलोक में धारा 167, 41, 154, 311, 437,438, 439, दप्रस, डीएनए 498, भादवि व 65 बी साक्ष अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई। इन्दिरा गंाधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्व विद्यालय के प्रोफेसर आलोक श्रोति द्वारा सॉफ्ट स्किल, पर्सनालिटी डेवलपमेन्ट एवं कम्यूनिकेशन स्किल पर व्याख्यान दिया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला अभियोजन मीडिया प्रभारी राकेश कुमार पाण्डेय ने बताया है कि लोक अभियोजन संचालनालय भोपाल के निर्देशन में अभियोजन अधिकारियों के व्यवसायिक कार्य संबंर्धन, आत्मविश्वास, दक्षता, कार्यपटुता को बढ़ाने के उद्देश्य से यह संभाग की तीसरी कार्यशाला है। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैष्णो शर्मा, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी उपसंचालक अभियोजन विश्वजीत पटेल, जिला अभियोजन अधिकारी अनूपपुर रामनरेश गिरी एवं संभाग के जिला पुलिस अधिकारियों के साथ जिम्मेदार विवेचक अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल समापन पुलिस उपमहानिरीक्षक शहडोल जोन द्वारा किया गया।

केंद्र एवम प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर घर पंहुचाये कार्यकर्ता-लवकुश शुक्ल



बिजुरी। भारतीय जनता पार्टी के लिए कार्यकर्ता अपने समय का दान करें। वह अपने बहुमूल्य समय में से कुछ समय पार्टी कार्य के लिए निकाले और इस दौरान लोगों से संपर्क कर भाजपा को और विस्तार दें। भाजपा कार्यकर्ताओं से यह आग्रह भाजपा जिला उपाध्यक्ष लवकुश  ने किया।  ग्राम पंचायत फुनगा मंडल   में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।इसके बाद समयदानी कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय सेना के शहीद जवान विनोद जी परिहार के घर जाकर उनके चित्र पर पुष्पांजली अर्पित कर उनके परिवार से कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक एक कार्य करता शहीद परिवार के साथ है। इस मौके पर फुनगा मंडल अध्यक्ष गणेश केवट,मुख्यमंत्री जनकल्याणयोजना के जिला संयोजक सुरेंद्र मिश्रा,अ.ज.जा.के जिलामहामंत्री अमोल सिंह,ओम प्रकाश अग्रवाल,नरेन्द्र सिंह,राज कुमार पटेल,शत्रुंजय पांडे,मोहन रौतेल,लल्लु केवट,सन्तोष साहू के साथ सैकडो कार्यकर्ता व ग्रामवासियों के साथ  प्रकोष्ठ के लोग  मौजूद थे।

शहनाज के गीतो की मची धूम



कोतमा। देवी गीत गायिका शहनाज अख्तर व टीम द्वारा १४ फरवरी को बस स्टैंड परिसर मे देवी जागरण किया गया। जिसमे उनके मधुर गीतो को सुनकर श्रोता जमकर आनंद उठाते हुए मंत्र मुग्ध हो गये। आयोजन शमिति श्रीगौरी शंकर मंदिर के द्वारा प्रबंध किया गया था जिसका उपास्थित लोगो ने देर रात तक झूमते रहे। जबलपुर की गायिका द्वारा मैया पंाव पैजानिया,भोला नही माने, शंकर चौरा जैसे मनमोहक गीतो की प्रस्तुति देकर सभी को आकर्शित किया। साथ ही सहयोगी प्रतीक यादव द्वारा जग गणेश-जय महादेवा गीत से सभी के बीच अपनी अमिट छाप छोडी। कार्यक्रम मे जनप्रतिनिधि, व्यापारी, समाजसेवी, विघुत मंडल परिवार एंव भारी संख्या मे भीड उमडी रही।

आजीविका समूह ने दिलायी आजीविका और सम्मान



अनूपपुर। म.प्र.दीनदयाल अंत्योदय योजना,राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ग्राम बहपुरी की विमला मानिकपुरी की शादी छोटी उम्र मे ही हो गई थी। घर की आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी नही थी, पति कृषि और मजदूरी का कार्य करते थे। माता पिता भी दूसरे के यहॉ मजदूरी करने जाते थे। पैसे के अभाव के कारण कोई नया व्यवसाय भी नही कर सकती थी, लेकिन लक्ष्मी आजीविका स्व-सहायता समूह से जुडने के बाद समूह से ऋण लेकर अपने लिए सिलाई मशीन  व पति को फर्नीचर (कारपेंटर)के कार्य मे लगाया। धीरे धीरे दोनों के काम अच्छा चल निकला और आज वर्तमान मे विमला मानिकपुरी  सिलाई के साथ पीको फाल का काम भी करने लगी है तथा साथ में पति के साथ सब्जी उत्पादन कर व पति के कारपेंटर के व्यवसाय में भी मदद कर रही हैं। सभी कामों से कम से कम 14000 रू. की मासिक आमदनी हो जाती है । अभी तक विमला मानिकपुरी के द्वारा समूह से 7 बार ऋण के रूप में 73500/- रूपये लेकर नियमित ऋण वापसी करते हुए रू 38000/- ऋण समूह को वापस कर चुकी हैं। इसके साथ ही विमला अपने ग्राम संगठन गुरूकृपा मे बुक कीपर के रूप में भी कार्य कर रही हैं।
आजीविका मिशन के माध्यम से ग्राम संगठन मे पद प्राप्त कर ग्राम मे होने वाले कार्यक्रमो मे प्रतिभाग करना, ग्राम सभा मे महिलाओ की भागीदारी बढ़ाने उन्हें प्रेरित करना अब विमला के कार्यो में शामिल हो गया है। समूह से जुडऩे के बाद विमला की सामांिजक स्थिति मे परिवर्तन हुआ है, अब लोग उन्हें सम्मान के साथ देखते हैं। समूह से जुडऩे के बाद विमला ने 12 वीं की परीक्षा भी पास की। विमला बताती है कि समूह से जुडने के बाद उनके जीवन मे बहुत ही सुखद परिवर्तन हुए हैं और उन्हे गर्व है कि वे आजीविका मिषन परिवार की सदस्य है आजीविका मिशन ने उनके सपनो को एक नई उंचाई तक पहुंचाया है और वे हमेशा इस परिवार जुडे रहने की इच्छा रखती है।

शहर की स्वच्छता में कौन लगा रहा है ग्रहण



कचरा पेटी में आग लगा कर अभियान को बना रहे असफल

अनूपपुर शहर को स्वच्छ रखने के लिये नगर पालिका ने शहर के आधे हिस्सो में कचरा पेटी लगाया कि नागरिक कचरा इन कचरा पेटी में डाले किन्तु सरकार के इस स्वच्छता का नगर के लोगो को कोई फर्क नही पडता। इस अभियान में कुछ लोग रोडा बन अभियान को सफल नहीं होने देना चाहते। हाल ही में नगर आधे हिस्सो मे लगे कचडा एकत्रित करने के लिए दो तरह की पेटी लगाई गई थी जिसमें एक मे सूखा तो दूसरे में गिला कचडा डाला था लेकिन सब्जी मंडी में लगी कचरा पेटी को कुछ शरारती तत्वो ने आग लगाकर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दे डाला। नगर पालिका स्वच्छता के लिए निरन्तर अभियान चला रहा है घर- घर गाडी भेजकर कचरा एकत्रित करने का कार्य कर रहा है और सडकों पर कचरा नहीं तो इसके लिए स्वच्छता पेटी लगवा रही है लेकिन कुछ लोगो के कारण अभियान की सफलता पर प्रश्न चिन्ह लगाता नजर आ रहा है। स्वच्छता पेटी में आग लगाकर काम तमान कर रहे हैं। पुलिस ने पूरे शहर में सी.टी.व्ही. कैमरे लगाई है जरूरत है कि देखा जाए कि आग लगाने वाले हाथ कौन से हैं।

संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का अप्रैजल के विरोध में 19 फरवरी से कार्य का करेगे बहिष्कार



अनूपपुर स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का 19 फरवरी से शुरू होगी जिसमे नियमितीकरण की मांग को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी कामबंद हड़ताल करेंगे। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ने बताया कि जिला स्तर पर हड़ताल संबंधी ज्ञापन कलेक्टर,अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं पुलिस विभाग को सौंप दिया गया है। जिले में लगभग 250 संविदा स्वास्थ्य अधिकारी/कर्मचारी जो ह$डताल में शामिल होंगे। जिले के समस्त संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अप्रैजल का बहिष्कार किया है। अप्रैजल संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को प्रतिवर्ष देना होता है जिसमें पास होने के लिये 65 प्रतिशत अंको की अनिवार्यता है, जिसके विरोध में पूर्व में प्रदेश स्तर पर शासन को ज्ञापन देकर इसे समाप्त करने हेतु ज्ञापन दिया जा चुका है किन्तु पुन: अप्रैजल प्रक्रिया में 17 फरवरी तक आवेदन करने हेतु निर्देशित किया गया था जिसका पूर्णत: विरोध किया जा रहा है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हडताल से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ लैब जांच,टीकाकरण,जननी सुरक्षा योजना,एस.एन.सी.यू.,आर.बी. एस.के.,ऑन लाईन डाटा फीडिंग आदि कार्य प्रभावित होंगे।

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...