https://halchalanuppur.blogspot.com

गुरुवार, 17 मई 2018

आवारा मवेशियो के जमघट से नगरवासी परेशान

कोतमा। नपा कोतमा क्षेत्र अंतर्गत वार्डो एवं मुख्य मार्गो मे आवारा मवेशियो के जमघट से दुर्घटनाओ की आशंका बनी हुई है। जहां कई बार दो पहिया वाहन चालक रात के अंधेरे मे सड़क पर खडे मवेशियो से टकरा दुर्घटना ग्रस्त हो जाते है। वहीं नपा प्रशासन द्वारा मुख्य मार्गो में जमघट लगाए मवेशियो से नगर के लोगो को निजात दिलाने के लिए उन्हे कांजी हाउस मे बंद करने की दिशा मे कोई पहल नही कर रहे है। इतना ही नही आवारा मवेशियो की धमाचौकडी से कई वाहन चालक दुर्घटना ग्रस्त होकर चोटिल हो जाने के बाद भी प्रशासन ठोस कार्यवाही नही कर रही है। नगर के सब्जी मंडी, आजाद चौक, गांधी चौक, रेलवे स्टेशन चौक, मुखर्जी चौक, बस स्टैण्ड, विकास नगर, भालूमाड़ा रोड, कदमटोला सहित कई स्थानो मे आवारा मवेशी को जमघट लगा रहता है। जहां पर नपा इस ओर किसी तरह का ध्यान नही दे रही है।

8 एकड़ की मांग पर मात्र 3 एकड़ भूमि उपलब्ध

भूमिहीन हितग्राहियों के आवास निर्माण में हो रही देरी
कोतमाशहरी क्षेत्र में कच्चे मकानों में निवास वाले तथा बेघर व्यक्तियों को आवास दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में बीते 6 महीने पूर्व आवास योजना प्रारंभ की गई। लेकिन अभी तक नगर पालिका क्षेत्र में ऐसे कई हितग्राहियों को परेशान होते देखा जा रहा है जिनके पास स्वयं की भूमि नहीं है और वह शासकीय भूमि, रेलवे की भूमि या फिर दूसरे व्यक्तियों के निजी भूमि पर झोपड़े व कच्चे मकान बनाकर रह रहे है। उनका चयन तो इस योजना के तहत कर लिया गया है लेकिन भूमि उपलब्ध न हो पाने के कारण उनके पक्के मकान का सपना अभी तक अधूरा बना हुआ है।
पीएम आवास के ४०० हितग्राही भूमिविहीन
नपा कोतमा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ४०० हितग्राही ऐसे हैं जिनको इस योजना का लाभ तो दे दिया गया है, लेकिन हितग्राहियो के पास स्वयं की भूमि ही नही है। ऐसे हितग्राही प्रतिदिन नपा के चक्कर काटते परेशान हो रहे हैं। जिसका कारण नपा द्वारा ऐसे हितग्राहियों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आवेदन कलेक्ट्रेट कार्यालय में दिया गया है लेकिन अभी तक जरूरत के अनुसार भूमि उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है। जिस वजह से आवास निर्माण का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हो सका।
पीएम आवास की प्रगति रूकी
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर पालिका कोतमा क्षेत्र में प्रथम चरण में 490 तथा द्वितीय चरण में 709 हितग्राहियों का चयन किया गया है इस तरह से अभी तक नपा क्षेत्र में 1199 हितग्राहियों का चयन किया गया है जिनमें 210 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशिए 125 को  द्वितीय तथा 60 को तृतीय किश्त आवास निर्माण के लिए अभी तक जारी किया गया है तथा आवास योजना की यह प्रगति काफी धीमी है।
400 हितग्राही और मिला सिर्फ 3 एकड़ भूमि
नगर पालिका द्वारा 400 भूमिहीन हितग्राहियों के लिए आवास योजना निर्माण कराए जाने को लेकर कलेक्टर कार्यायल में 8 एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने के लिए मांग की गई है। जबकि अब तक मात्र 3 एकड़ भूमि महाविद्यालय के समीप उपलब्ध कराई गई है। शेष 5 एकड़ भूमि नहीं मिलने के कारण अभी तक हितग्राहियों के भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाए हैं।
अभी तक नहीं बंटे भूमिहीनो को पट्टे
शासन द्वारा भूमिहीनों के लिए जिस स्थान पर वह वर्षों से निवासरत हैं वहां भूमि अधिकार पत्र दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन कोतमा अनुविभाग क्षेत्र में राजस्व विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण अभी तक यहां भूमिहीनों को पट्टे का वितरण नहीं किया जा रहा है। यदि यह कार्यवाही जल्द ही हो जाती तो आवास योजना के तहत चयनित हितग्राहियो ंको आवास निर्माण में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
इनका कहना है
जो भूमि मिली है उस पर 200 आवास ही निर्मित होंगे। अन्य के लिए पत्राचार किया जा रहा है। हितग्राहियों को किश्त की राशि शासन स्तर से मिलने पर जारी किया जाएगा।

श्रीनिवास शर्माए सीएमओ नपा कोतमा 

मुख्यमंत्री ने जिला जेल का किया लोकार्पण

अनूपपुर। शहडोल जिले के लालपुर में आयोजित संभाग स्तरीय चरणपादुका वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अनूपपुर में 7 करोड़ 19 लाख की लागत से नवनिर्मित जिला जेल का लोकार्पण किया। जिला मुख्यालय में जिला जेल के प्रारंभ हो जाने से अब कैदियों को शहडोल जेल में ले जाने की जरूरत नहीं होगी। जिला जेल में 6 बैरक बनाए गए हैं, हर बैरक में 20 बंदियों के रहने की व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त जिला जेल परिसर में जेल आरक्षकों के लिए आवास तथा पूरे परिसर को हाईमास्ट लाईट से प्रकाशित किया गया है। 

बुधवार, 16 मई 2018

कपिलधारा में पात्र को बनाया अपात्र, मामला पुष्पराजगढ़ जनपद का

सीएम हेल्पलाईन की शिकायत की उडाई गई धज्जियां
अनूपपुर  जनपद पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत जीलंग ग्राम नांदपुर में कपिलधारा योजना का लाभ पाने जहां आवेदिका के आवेदन को अमान्य कर दिया गया, जिसके बाद ३० मई २०१७ को प्रार्थी शकुंतला दुबे ने इसकी सीएम हेल्प लाइन में अपनी शिकायत दर्ज करवाई। वहीं शिकायत के बाद 22 जुलाई 2017 को प्रार्थी का कपिलधारा निर्माण कार्य स्वीकृत कर दिया गया एवं अत्याधिक बारिश होने के कारण कार्य स्थल तक निर्माण सामग्री नही पहुंचने की बात कह बरसात के बाद कार्य प्रारंभ किए जाने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद 12 मई 2018 को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के सीईओ द्वारा शिकायतकर्ता को संपन्न व्यक्ति की बात कह ग्राम पंचायत किरगी में निवास करने की बात कह लाभ से आपत्र कर योजना अस्वीकृत कर दिया गया।
जनपद सीईओ से मांगा संपन्नता का प्रमाण पत्र
प्रार्थी शकुंतला दुबे ने सीएम हेल्पलाईन में 27 अप्रैल को जनपद सीईओ द्वारा डाली गई झूठी जानकारी से आहत होकर जनपद सीईओ को आवेदन देते हुए संपन्नता प्रमाण पत्र की मांग की, जिसमें शकुंतला दुबे ने अपना एवं अपने पति का खाता क्रमांक भी दर्शा दिया है। एक ओर जनपद पंचायत में कई संपन्न व्यक्तियो के नाम बीपीएल मे शामिल होने पर अब तक उनके नाम बीपीएल से हटाने की कार्यवाही नही की गई। प्रार्थी ने बताया कि ग्राम पंचायत जींलग में मुख्यमंत्री योजना आवास से कर्ज लेकर दो कमरे का पक्का मकान तो बना लिया पर उस जगह में खेती कर अपना जीवन निर्वहन करने के लिए कपिलधारा योजना के लिए पात्र होने पर भी अधिकारियो की उदासीनता के कारण आपात्र कर दिया गया।
बिना पानी बंजर हो रही भूमि
कृषि को लाभ का धंधा बनाने के उद्देश्य से एक ओर प्रदेश शासन द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ बनाने अनेको योजनाओ के माध्यम से प्रयासरत है। वहीं दूसरी ओर जनपद में बैठे अधिकारी अपनी मनमानी करते हुए सीएम हेल्पलाईन की शिकायत को अनदेखा कर योजना के लाभ से वंचित कर दिया जाता है। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि बिना पानी के मेरी भूमि बंजर होती जा रही है। जिससे वे अपने खेतो में कृषि कार्य करने से वंचित है।
कपिलधारा योजना का लाभ पाने भटक रही प्रार्थी
ग्राम पंचायत जीलंग के ग्राम नांदपुर में आवेदिका शकुंतला दुबे ने बताया कि कपिलधारा कूप योजना का लाभ पाने के लिए उन्हे दर दर भटकाया जा रहा है। वहीं 30 मई 2017 को शिकायत दर्ज करवाने के उपरांत 22 जुलाई को कपिलधारा कूप स्वीकृत होने की बात अपडेट कर दी जाती है तथा बरसात के बाद निर्माण सामग्री पहुंचा निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिए जाने की बात कह गुमराह किया जाता रहा है। वहीं अब प्रार्थी अपनी बिना पानी के कृषि योग्य भूमि पर कृषि कर पाने में असमर्थ है। जिससे उनकी  जमीन बंजर होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति पर भी प्रभाव पड़ रहा है।


सचिव ने अब तक नही दी जानकारी
9 मार्च 2018 को प्रार्थिया शकुंतला दुबे ने ग्राम पंचायत जीलंग के सचिव को लिखित आवेदन देते हुए जानकारी चाही गई की कपिलधारा कूप का कार्य स्वीकृत होने के उपरांत किस कारण से निर्माण कार्य प्रारंभ नही हो सका लेकिन इस पर आज दिनांक तक मुझे इस संबंध में सचिव द्वारा किसी तरह की जानकारी उपलब्ध नही कराई गई।
प्रार्थी ने निष्पक्षता से जांच कर लाभ देने की कि मांग

ग्राम पचायत जींलग के ग्राम नांदपुर में खसरा नंबर 230/2 कुल रकवा 0.476 स्व अर्जित भूमि जिसमें सीएम आवास योजना के तहत मकान बना हुआ है। मनरेगा की गाईड लाइन के अनुसार कपिलधारा कूप अधिकतम ढाई एकड़ या उससे कम वालो को इस योजना का लाभ दिया जाता है। मनरेगा की गाइड लाइन की छाया प्रति जिस दिनांक को सीएम हेल्पलाइन में आवेदन किया गया उसके कुछ दिनों पूर्व मुझे प्राप्त हो गई थी। शिकायत दर्ज कराने के बाद भी आज दिनांक तक कूप का कार्य प्रारंभ नही किया जा सका। जिस पर प्रार्थी ने उच्चाधिकारियो से निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिसमें बरसात का समय फिर वापिस आने के वजह से मेरी समस्या की तत्काल कार्यवाही करवाए जाने की उच्चाधिकारियो से मांग की है। 

पुष्पराजगढ़ मे आयोजित स्वरोजगार सम्मेलन संपन्न, 118 हितग्राही हुए पंजीकृत

अनूपपुर। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र अनूपपुर द्वारा 15 मई को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में एक दिवसीय स्वारोजगार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर मे ११८ हितग्राहियों के पंजीयन किए गए। शिविर में प्रबंधक जी.एस.धारणे, सहायक प्रबंधक जैतहरी, क्षेत्राधिकारी पिछडा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के भूपेश पटेल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। 

नर्मदा सेवा यात्रा की प्रथम वर्षगांठ पर किया गया श्रमदान

अनूपपुर। नर्मदा सेवा यात्रा की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को नर्मदा सेवा मिशन के तहत गठित नर्मदा सेवा समितियों द्वारा नर्मदा नदी के जल को प्रदूषण मुक्त करने हेतु चंदन घाट (बेनीबारी) एवं रामघाट अमरकंटक पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह से ही नर्मदा सेवा सदस्यो द्वारा घाटो पर पहुंच स्वच्छता अंतर्गत घाटो की साफ-सफाई की गई तथा अमावस्या का पर्व होने से सुबह से घाटो पर बडी संख्या में श्रृद्धालुओ भीड एकत्रित हो गई। समिति के सदस्यों द्वारा श्रृद्धालुओं से मां नर्मदा के जल में पूजन सामग्री व पॉलिथिन न डालने का आग्रह किया। नर्मदा सेवा समितियों के सदस्यों द्वारा घाटो पर लगे चेंजिग रूम के उपयोग हेतु श्रृद्धालुओ से अपील की गई। चंदन घाट (बेनीबारी) एवं रामघाट अमरकंटक में नर्मदा सेवा समिति सदस्य, बीएसडब्लू छात्र आदि उपस्थित रहे।

ग्राम क्योंटार मे मछुआ समिति के सदस्यों हुए प्रशिक्षित

अनूपपुर। सहायक संचालक मत्स्य शिवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि जिले मे आदिवासियों की आजीविका के संवर्धन के लिए मत्स्य विभाग द्वारा विविध प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्योंटार में आदिवासी मछुआ सहकारी समिति को मत्स्योपादन हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण मे मछली पकडऩे के तरीको, मछलियों के पोषण एवं रख-रखाव की जानकारी एवं बिक्री हेतु बाजार की जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान समिति के सदस्यों सहित मत्स्य विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित रहे। समिति के समस्त 17 सदस्य वर्तमान मे गरीबी रेखा के नीचे बसर कर रहे है। जिससे उनकी आजीविका मे संवर्धन होगा। श्री परिहार ने बताया कि आदिवासी मछुआ सहकारी समिति को मत्स्य पालन हेतु मोजर वेयर जलाशय लीज मे दिया जाएगा एवं समय समय पर सदस्यो का मार्गदर्शन किया जाएगा ताकि लक्षित उद्देश्य की प्राप्ति हो सके। उक्त प्रशिक्षण जनजातीय उप योजना के अंतर्गत प्रदान किया गया है।

हाई स्कूल में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर प्राची को मिली बधाईयां

अनूपपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा जे.जे. तिवारी की सुपुत्री प्राची तिवारी कोतमा को नगर वासियो ने उसके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर नरेंद्र देवांगन, मथुरा साहू, दिनेश चतुर्वेदी उपस्थित रहे। 

रेलवे के चालक, सहायक चालक व गार्डो ने वेतन विसंगतियो को लेकर मनाया ब्लैक डे

बिजुरी। सातवे वेतन मांग की वेतन विसंगतियो एवं लोको रनिंग स्टॉफ  को मिलने वाली किमी अलाउंस के निर्धारण में हो रहे विलंब के विरोध में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिजुरी लाबी में 14 से 16 मई तक समस्त चालक सहायक चालक एवं गार्डो द्वारा आल इंडिया लोको रनिंग स्टॉफ  एशोसिएशन के आह्वान पर 3 दिवसिय काला फिता लगाकर काला दिवस के रूप में मनाया गया। विदित हो कि सातवें वेतन मान को लागू हुए लगभग 2 वर्ष हो चुके है। जहां समस्त केन्द्रीय कर्मचारियों का वेतन एवं भत्तों का निर्धारण हो चुका है। ऐसे में केवल रेलवे के रनिंग स्टॉफ को टीए के विरुद्ध दिए जाने वाला रनिंग भत्ता किमी एलाउंस को जानबूझकर रेल प्रशासन द्वारा अभी तक निर्धारित नही किया है। जिसे लेकर चालक एवं गार्डो में तीव्र आक्रोश है। ब्लैक डे के दौरान बिजुरी लॉबी में कार्यरत समस्त चालक, सहायक चालक एवं गार्डो द्वारा उक्त विरोध प्रदर्शन किया एवं बिजुरी लॉबी के समक्ष विचार संगोष्ठि आयोजित कर रेले प्रशासन के विरोध में नारे बाजी कर रेल प्रशासन से मांग की है कि रनिंग एलाउंस का निर्धारण जल्दी करे एवं निर्धारण आरएसी 1980 के फार्मूले के अनुरूप हो तथा जिन रनिंग का रिटायरमेंट 1 जनवरी 16 के पूर्व हुआ हो उनके रिटायमेंट फिक्सेशन में हो रही विसंगतियों को दूर किया जाए। इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में चालक, सहायक चालक, गार्ड उपस्थित रहे।

दिव्यांग पुत्र की हत्या पर पिता को आजीवन कारावास

अनूपपुर  रामनगर थाना अंतर्गत ग्राम रेउंदा में 30 मार्च 2016 की दरमियानी रात हरिहर केवट ने अपने दिव्यांग पुत्र महेन्द्र प्रताप केवट को सोते समय उसके सीने, सिर एंव माथे पर प्रहार कर उसकी नृंशस हत्या कर शव को घर से दूर खेत में फेंकने के मामले पर अपर सत्र न्यायाधीश अरुण प्रताप सिंह ने मामले में दोषी पिता हरिहर केवट को आजीवन कारावास एवं 2 हजार के अर्थदंड तथा सबूत मिटाने की धारा 201 में 3 वर्ष तथा 1 हजार रूपए जुर्माने की सजा सुनाई है। लोक अभियोजक गणेश अग्रवाल के अनुसार घटना ३० मार्च की दरमियानी रात घटी, जहां पिता ने अपने दिव्यांग पुत्र की हत्या के उपरांत उसके शव को सुग्रीव केवट के खेत के पास जुनहा तालाब के पास फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने धारा 302 एवं 201 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना उपरांत प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया था। अभियोजन की ओर से 16 साक्षियों के बयान न्यायालय में दर्ज कराए गए थे। प्रकरण के अवलोकन एवं लोक अभियोजक गणेश अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत तथ्य एवं तर्को के विचारण उपंरात न्यायाधीश अरुण प्रताप सिंह ने यह फैसला सुनाया।  

फांसी के फंदे पर तडप रही मां को 8 वर्षीय पुत्र ने हंसिया से फंदा काट बचाई जान

अनूपपुर  कोतवाली थाना अंतर्गत 15 मई को वार्ड क्रमंाक 13 में एक 8 वर्षीय बालक ने फांसी पर झूल रही अपनी मॉ को हसिया से फंदा काट कर बचाया। जहां आसपास के लोगो ने गंभीर हालत में महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरो द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मंगलवार 15 मई की सुबह 9 बजे 45 वर्षीय महिला प्रेमिया कोल ने अज्ञात कारणों में अपने ही घर में साड़ी का फंदा बनाकर झूल गई। जहां अपनी मां को फांसी के फंदे पर झूलता देख घर में खेल रहे 8 वर्षीय बच्चे ने अपनी मां के पैर को अपने कंधे से टिका सहारा दिया रहा तथा बहन को आवाज लगाकर बुलाया तथा बहन के आने पर उसकी मदद से फंदे को हसिया से काट अपनी मॉ की जान बचाई। इस बीच प्रेमिया कोल जमीन पर गिर बेहोश गई। जहां आसपास के लोगों को पुत्र ने सूचना दी तथा उनकी मदद से मां को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं महिला के पति फगुना कोल का कहना है उसकी पत्नी के फांसी लगाने का कारण उसे पता नही है। 

मंगलवार, 15 मई 2018

जैतहरी मे हो रहा व्यक्तित्व निर्माण



गायत्री परिवार का शिविर १५ - २० म ई तक 
अनूपपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार अनूपपुर द्वारा जैतहरी सामुदायिक भवन मे १५ से २० म ई तक व्यक्तित्व निर्माण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं से अधिक संख्या मे शिविर का लाभ उठाने की अपील आयोजकों द्वारा की गयी है। ललन सिंह राठोर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जुगुल राठोर,शंकर लाल सिंधिया, सोमचन्द्र सोनी,दिलीप मिश्रा, रामसिंह राठोर,भारत सिंह,सविता राठोर,पी के जैन ,नारायण सिंह,चन्द्रशेखर राठोर,भागीरथ सिंह के साथ गायत्री परिवार अनूपपुर के सदस्यों की उपस्थिति में  शिविर का १५ म ई को औपचारिक शुभारंभ हुआ।‌शिविर मे अनूपपुर, जैतहरी, कोतमा,पुष्पराजगढ ,व्यंकटनगर के साथ अन्य स्थानों के लोग शामिल हो रहे हैं।चिन्तनशील,चरित्रवान,स्वस्थ ,देश भक्त सुसंस्कृत युवा निर्माण के उद्देश्य से आयोजित किये गये इस शिविर को लेकर लोगों मे व्यापक उत्साह है।

सुहाग व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लिए बरगद के फेरे लेकर बाधा रक्षासूत्र

अनूपपुर। सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ अमावस्या पडऩे के उपलक्ष्य में मंगलवार को जिलेभर में महिलाओं ने वट सावित्री अमावस्या की विशेष पूजन अर्चन की। वट वृक्षों के नीचे महिलाओं ने अमर सुहाग के साथ परिवार की सुख-समृद्धि और खुशियों की कामना लिए बरगद के तनों के फेरे लेकर अक्षयसूत्र के धागे अर्पित किए। वहीं मंदिरों में विशेष
पूजा अर्चना कर अपने पति की लम्बी आयु की कामना की। वट सावित्री अमावस्या को लेकर महिलाओं ने सुबह ही नए वस्त्र धारण कर पूजा की थाली सजाकर आसपास के पीपल के वृक्षों के पास एकत्रित हुई, जहां श्रद्धा और कामनाओं के साथ पूजा अर्चना कर रीति अनुसार मीठे पकवान, चना दाल, फल का भोग लगाया गया। मान्यताओं के अनुसार वट सावित्री व्रत सौभाग्य को देने वाला और संतान की प्राप्ति में सहायता देने वाला व्रत माना गया है। भारतीय संस्कृति में यह व्रत आदर्श नारीत्व का प्रतीक माना गया है। जबकि वट और सावित्री महत्ताओं को भी स्वीकार कर इसे मनाया जाता है। कथाओं के अनुसार सावित्र अपने अल्पायु पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाने में सफल हुई थी। वहीं वट वृक्ष को बह्मा, विष्णु और महेश के निवास स्थल को माना है। वट सावित्री पूजा के दौरान अनूपपुर मुख्यालय के शिवमंदिर, इंदिरा तिराहा स्थित वट वृक्ष, तिपान नदीतट स्थित शिवमंदिर, तथा सामतपुर मंदिरों में महिलाओं की पूजा की भीड़ जुटी रही। वहीं कोतमा के रेलवे कॉलोनी, ठाकुर बाबा धाम, बस स्टैंड के पीछे दुर्गा मंदिर, शारदा मंदिर, धर्मशाला, उपर टोला सहित अन्य जगहों पर महिलाएं पूजा करती देखी गई। इसके अलावा भालूमाड़ा में भी वट सावित्री व्रत के मौके पर महिलाओं ने वट वृक्ष के नीचे एकत्रित होकर अपने पति की लंबी उम्र की मंगलकामना लिए वृक्ष की विधिवत पूजा अर्चना करते हुए फेरे लगाए। सुहागिन महिलाएं पूजन सामग्री में चना गुड़ आमं, सूत, नारियल और गुड़ के पकवान के साथ धूप दीप नैवेद्य से वटवृक्ष का विधिवत पूजा करते हैं व कच्चे सूत से 12 फेरे लगाते हैं। पूजा के बाद वटवृक्ष के नीचे ही महिलाएं नींबू का शरबत पीती हैं व शाम के समय प्रसाद के रूप में आम का रस गुराम पूड़ी बनाकर उसका सेवन करती हैं। 

अंधी हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

शादी तोडने दवाब बना रही थी प्रेमिका, प्रेमी ने हत्या कर दूसरे दिन कर ली शादी
अनूपपुर जैतहरी थाना अंतर्गत ९ मई को ग्राम ठोडीपानी के गड्डाटोला में बीच खेत पर युवती सोना राठौर पिता कल्लू प्रसाद का शव मिलने की सूचना सरपंच द्वारा पुलिस को दी गई, जहां सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैष्णव शर्मा, एसडीओपी अनूपपुर उमेश गर्ग सहित थाना प्रभारी जैतहरी डी.के. दाहिया अपने स्टॉफ सहित घटना स्थल पहुंचे। जहां शव के निरीक्षण पर मृतिका के गले में निशान देखा हत्या की संभावना जताई। जहां पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई।
युवती का गला दबा की हत्या
वहीं पीएम रिपोर्ट में मृतिका सोना राठौर की गला दबाकर हत्या होना पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैष्णव शर्मा के निर्देशन में में एसडीओपी अनूपपुर उमेश गर्ग के नेतृत्व में निरीक्षक डी.के. दाहिया सहित टीम गठित कर अज्ञात आरोपियो की तलाश में जुट गई। इस बीच मृतिका  का संबंध भगवान दास उर्फ भोग्गल निवासी पिता रामकुमार राठौर उम्र २७ वर्ष निवासी चोरभटी के साथ होने की जानकारी लगी। जिस पर पुलिस द्वारा भगवानदास को गिरफ्तार करते हुए सख्ती के साथ पूछताछ की गई, जिस पर उसने अपना जुर्म कबूल किया।
शादी तोडने के दवाब पर प्रेमिका की हत्या
पुलिस द्वारा सख्ती के साथ ही गई पूछताछ पर भगवानदास उर्फ भोग्गल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पिछले ३ वर्षो से प्रेम संबंध मृतिका सोना राठौर के साथ थे तथा मृतिका उससे शादी के लिए टालमटोल कर रही थी, इस बीच भगवान दास की शादी ग्राम भगतबांध में ११ मई को तय हो गई। जहां सोना देवी राठौर ने भगवानदास से अपनी शादी तोडने के लिए युवक पर बार-बार दवाब बनाने लगी। इस बात को लेकर भगवानदास उर्फ भोग्गल घटना दिनांक की रात लगभग ८ बजे मृतिका सोना राठौर को पंचायत भवन के पास बुलाया , जहां भगवानदास ने दुप्पटे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में घसीट कर फेंकने के बाद मोटर साईकिल से वापस अपने घर चोरभठी चला गया और शादी भगतबांध में कर ली।
इन्होने सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी

अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में एसडीओपी अनूपपुर उमेश गर्ग, जैतहरी निरीक्षक डी.के. दाहिया, उप निरीक्षक के.एल. बंजारे, सहायक उप निरीक्षक रंगनाथ मिश्रा, आरक्षक प्रदीप पांडेय, विरेन्द्र ङ्क्षसह, शिव शंकर, खेमराज मार्को, एसएएफ आरक्षक गुड्डा प्रसाद का प्रयास सराहनीय रहा। वहीं पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन ने सभी को नगद पुरूस्कार देने की घोषणा की।

कॉलरी आवासो में फैली गदंगी से श्रमवीर परेशान

लाखो खर्च के बाद भी कॉलोनी मे गदंगी का अंबार


कोतमा। कोयलांचल क्षेत्र में जमुना-कोतमा क्षेत्र के कॉलरी कॉलोनी लहसुई कैम्प एवं गोविंदा कॉलरी मे सफाई का अभाव में श्रमिक गदंगी व बदबू के बीच रहने को विवश है। वहीं कॉलरी प्रशासन द्वारा कॉलरी आवासो की सुविधा एवं कॉलोनी की साफ-सफाई के नाम पर प्रतिमाह कागजो में लाखो खर्च दर्शाती है। लेकिन हकीकत में कॉलोनी में फैली गदंगी और बदहाली को साफ देखा जा सकता है।
गदंगी से भरीपटी नालियां
कॉलोनी परिसर में फैली गदंगी तथा कचरे से भरी पटी नालियां जहां श्रमवीरो को लिए परेशानी बनी हुई है। वहीं  
नालियो की जाम होने पर जहां कॉलोनीवासी बदबू से परेशान है, वहीं कॉलोनियो से निकलने वाला गंदा पानी सड़को में बह रहा है जिसके कारण श्रमवीरो सहित अन्य लोगो को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
जगह-जगह लगा कचडे का ढेर
लहसुई कैम्प में २०० आवास एवं गोविंदा कॉलरी मे ५०० से ज्यादा कॉलरी आवास है, जहां जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है, वहीं कॉलरी आवासो के पीछे की सफाई महीनो नही होने से पूरे परिसर गदंगी फैली व बदबू से श्रमवीर परेशान है। जिसके कारण अव्यवस्थाओ को लेकर श्रमिको में काफी परेशान है।
सिर्फ कागजो में प्रतिमाह होता लाखो खर्च

कॉलरी प्रबंधन द्वारा आवासीय कॉलोनी मे स्वच्छता कराने का दावा करती है, लेकिन हकीकत में वार्डो की सफाई के लिए प्रबंधन द्वारा ठेका दिया गया है, जहां ठेकेदार को कॉलरी आवासो व परिसर में सफाई के लिए प्रतिमाह लाखो रूपए खर्च करती है, लेकिन कॉलरी परिसर में ठेकेदार की उदासीनता से नियमित सफाई नही हो पाती  है। गर्मी के दिनो में सफाई के अभााव मे संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। 

नरकीय जीवन जीने को मजबूर वार्ड १० के वार्डवासी


बिजुरी। नपा बिजुरी के वार्ड क्रमांक 10 में निवास करने वाले वार्डवासी बीते 10 वर्षो से नरकीय जीवन जीने मजबूर हैं। नगर के प्रमुख क्षेत्र अली नगर में प्रतिष्ठित व्यापारी, व्यवसाई, शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अल्पसंख्यक समुदाय के लोग निवास करते हैं। वहीं स्थानीय राजनीति में यहां के लोगों का स्थान प्रमुख माना जाता है। वहीं लगभग 200 की आबादी वाले इस वार्ड के वार्डवासी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे है।  जिनमें बाजार के मुख्य स्थान पीपल तिराहा से अली नगर तक सीसी मार्ग की जर्जर हालत, नगर की बसाहट में सडके नालियों से सटे होने चलने राहगीर दोपहिया व चार पहिया वाहन से 500 मीटर की दूरी बमुश्लि से पार कर पाते है।
जर्जर नालियो दे रही दुर्घटनाओ को निमंत्रण
बस्ती के गंदा पानी निस्तार के लिए स्थानीय संस्था द्वारा नाली का निर्माण कराया गया है, रहवासियों के अनुसार समय-समय पर नाली का मरम्मत कार्य किए जाने की बाते समाने आई है लेकिन मुख्य सडक के किनारे खुली नाली के कारण रहवासी को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। जहां दुर्घटनाओ की अशंका बना हुई है। वहीं नाली के जाम की स्थिति के कारण गंदा पानी की निकासी नही हो पा रही है, जिसके कारण गंदा पानी सड़को पर फैल जाता है।
काला पानी पीने मजबूर वार्डवासी

नपा क्षेत्र में लगभग तीन दशक से पेयजल की समस्या बनी हुई है, जिसका समाधान अब तक नही हो सका है। बीते परिषद में अली नगर तक पानी पहुंचाने की कवायद बहेराबॉध के कनई नललज योजना के माध्यम से की गई थी, जिससे लोगों को काला व बदबूदार पानी नल के माध्यम से मिलता था। जो नए परिषद के आने के बाद वह भी समाप्त सा हो गया है। 

जन सुनवाई में आए आवेदको की अपर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं

अनूपपुर। संयुक्त कलेक्ट्रेट सभागार में १५ मई मंगलवार को अपर कलेक्टर डॉ. आर. पी. तिवारी ने जिलेभर से आए आवेदकों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में जनपद पंचायत अनूपपुर के भोला प्रसाद द्विवेदी पिता देवशरण द्विवेदी ने पीएम आवास की योजना के लाभ के लिए उपसरपंच एवं उसके साथी द्वारा 20 हजार की मांग किए जाने, ग्राम पंचायत बीड़ बड़काटोला वार्ड क्रमांक 3 के निवासी ने पेयजन संबंधी आवेदन दिया, तहसील जैतहरी के ग्राम पंचायत क्योटार निवासी गोपाल शरण शर्मा ने सौभाग्य योजना अंतर्गत विद्युत कनेक्शन करवाने, जनपद अनूपपुर के ग्राम छोहरी के सरपंच ने वनाधिकार सामुदायिक दावा अधिकार पत्र दिलाए जाने, ग्राम पंचायत बहेराबांध  के उपसरपंच ने पानी का टंका लगवाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम कोदैली में निवास करने वाले सतीश पटेल ने नक्शा तर्मीम की नकल दिलवाए जाने, ग्राम सिवनी निवासी समसत मजदूरों ने तहसील परिसर में स्थित अधिवक्ता कक्ष के भवन निर्माण में 1 जनवरी से 15 मई तक कार्य किए जाने के बाद मजदूरी न मिलने पर जनसुनवाई में गुहार लगाई। 

भाजपा पार्टी फुनगा मंडल के धनगवां पंचायत मे चलो पंचायत महाभियान का कार्यक्रम संपन्न

अनूपपुर। 14 मई को पार्टी के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत धनगवां मंडल फुनगा में उमेश अग्रवाल का प्रवास हुआ। जहां धनगवां पहुंचने पर कार्यक्रम के प्रभारी उमेश अग्रवाल का सरपंच अमोल साय और भाजपा कार्यकर्ताओ ने ग्रामीणो के साथ स्वागत किया। तत्पश्चात समस्त कार्यकर्ताओं एवं युवाओं एवं बुजुर्ग जनों के साथ पार्टी का ध्वजारोहण कार्यक्रम किया गया। इसके पश्चात पं. दीनदयाल उपाध्याय व श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सर्व प्रथम मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लाभार्थियों को श्रीफल, साल एवं छाता प्रदान कर माल्यार्पण किया गया।

आयोजन में सभी कार्यकर्ता गण एवं कार्यक्रम में आए हुए लोगों के साथ धनगवां बस्ती में घर-घर जाकर ग्राम भ्रमण कर परिवारों में संपर्क किया गया। इसके बाद बूथ कार्यकर्ताओं की टोली बैठक हुई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा नेता उमेश अग्रवाल, श्रीराम केवट, सुरेन्द्र पटेल, अमोल साय, सरपंच धनगवां पंचायत एवं समस्त कार्यकर्ता व ग्राम वासी उपस्थित रहे। 

प्रदेश की सभी पंचायतों में स्पेशल 11 की बैठक हुई आयोजित

अनूपपुर। संभागीय मीडिया प्रभारी वेद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नए कार्यकर्ता प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने का संकल्प ले रहे है। भारतीय जनता युवा मोर्चा मध्य-प्रदेश के चलो पंचायत महा अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर मे पंचायत स्तरीय बैठक मे सम्मिलित होकर स्पेशल 11 का मार्गदर्शन किया। अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने भोपाल जिले की हुजूर विधानसभा की पिपरिया जाहरपीर पंचायत से किया। कार्यक्रम मे स्पेशल 11 को भाजपा के दुपट्टा पहनाकर एवं बैच लगाकर सम्मानित किया गया। चलो पंचायत अभियान के शुभारम्भ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा मोर्चा कार्यकर्ताओ ने अपनी पंचायतों मे लगातार सेवा का कार्य कर रहे नौजवानो को स्पेशल 11 मे शामिल कर सार्थक दिशा प्रदान कि है। ऐसे युवा साथियो को जिन्हे अपनी पंचायत के हित मे देश एवं समाज के हित मे भाजपा के विचार के साथ केन्द्र एवं राज्य सरकार कि योजनाओ को आमजन तक पहुंचाने की मन मे सकारात्मक सोच है ऐसे नौजवान साथियो के साथ प्रदेश कि सभी पंचायतों मे स्पेशल 11 का गठन युवा मोचा का अभूतपूर्व प्रयास है। स्पेशल 11 वरिष्ठ नेताओ के मार्गदर्शन मे पंचायत स्तर पर भाजपा का कार्य करेगे साथ ही पोलिंग बूथ की व्यवस्था को भी संभालेगे। युमो प्रदेश अध्यक्ष अविलाश पांडेय ने बताया कि युमो म.प्र. आज प्रदेश कि सभी पंचायतों मे स्पेशल 11 के साथ वृहद रूप से बैठक आयोजित कर रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 18 मार्च से किया गया जहां लगातार कार्यक्रम करते हुए युमो कार्यकर्ताओ ने सभी 56 संगठानात्मक जिलो मे मंडल वार्ड एवं पंचायत स्तर पर झंडा ऊंचा रहे हमारा, स्वच्छता अभियान समरसता, बाईक रैली, चाय पर चर्चा जैसे कार्यक्रम कर के स्पेशल 11 भाजपा युमो के माध्यम से भाजपा से जोडने का काम किया है।

सोमवार, 14 मई 2018

अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणो पर तुरंत करे कार्यवाही - कलेक्टर

अनूपपुर। कलेक्टर द्वारा समीक्षा बैठक के दौरान अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणो की समीक्षा की गई। श्री शर्मा ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणो के संबंध मे समस्त अधिकारी अपने विभाग से संबंधित जानकारियो का प्रदाय एवं कार्यवाही का निष्पादन अविलंब सुनिश्चित करे। बैठक मे प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर डॉ. आरपी तिवारी समेत विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
 स्वच्छ जिला बनाने युद्घस्तर पर करे कार्य
हर पंचायत के कार्य की मॉनीटरिंग के लिए बनाए जाएंगे नोडल अधिकारी
कलेक्टर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत जिले मे चल रहे कार्यो की विस्तृत समीक्षा की गई। श्री शर्मा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत से कहा कि पंचायतवार छूटे हुए घरो की सूची बनाकर कार्ययोजना बनाए। लक्ष्य प्राप्ति हेतु हर ग्राम पंचायत के लिए जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा। आपने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनूपपुर को स्वच्छ जिला बनाए जाने के लिए युद्घस्तर पर प्रयास करने के लिए कहा है।
पेंशन पोर्टल मे जानकरियों शिघ्र्र का करे अपडेशन
कलेक्टर अजय शर्मा ने समस्त सीईओ जनपद को निर्देशित किया है कि पेंशन पोर्टल मे जानकारियों की प्रविष्टि एवं अपडेशन का कार्य शीघ्र संपादित करे। उल्लेखनीय है कि सामाजिक न्याय विभाग द्वारा सामूहिक खातो के स्थान पर पति एवं पत्नी का अलग अकाउंट बनाने के लिए कहा है।



सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के मामलो मे लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त

उपार्जन एवं  भुगतान कार्यो की हुई समीक्षा
अनूपपुर। कलेक्टर अजय शर्मा द्वारा जिले मे रबी विपणन, भावांतर भुगतान योजना के उपार्जन एवं भुगतान कार्यों की प्रगति एवं मंडी की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। किसानों को आवागमन मे प्रदाय की जाने वाली सुविधा एवं उपार्जन व्यवस्था की जानकारी जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त की साथ ही सौभाग्य योजना के क्रियान्वयन, ट्रांसफार्मर की उपलब्धता, रेत की खदानों को पंचायतों को प्रदाय, नलजल योजना एवं हैंडपंपो की वस्तुस्थिति, पेयजल परिवहन की सुविधा के संबंध मे आवश्यक चर्चा कर सुविधाओं को सुचारू रूप से चलाए रखने के निर्देश समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक मे दिए। श्री शर्मा ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के मामलो मे लापरवाही नहीं बर्दाश्त की जाएगी। सेवाओं के प्रदाय एवं आवेदनो के निराकरण मे संबंधित अधिकारी समय सीमा का विशेष ध्यान रखे। समस्याओं का निराकरण नियमित रूप से एवं समाधानकारक होना चाहिए। बैठक मे प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर डॉ. आर. पी. तिवारी समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

लंबित प्रकरणों में आवश्यक जानकारी एवं कार्य निष्पादित कर भेजे अविलंब प्रतिवेदन - श्री शर्मा

अनूपपुर। कलेक्टर अजय शर्मा ने १४ मई को समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक मे समस्त जिला अधिकारियों से लंबित प्रकरणो के संबंध मे जानकारी, संबंधित गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होने कहा कि प्रकरणो मे मांगी गई जानकारी एवं निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही कर अविलंब प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करे। अगर कार्य के संपादन मे कोई वैधानिक समस्या है तो उक्त समस्या अथवा तथ्य को शामिल कर रिपोर्ट कार्यालय मे प्रस्तुत करे। इन मामलो मे लापरवाही अस्वीकार्य है। बैठक मे प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर डॉ. आर. पी. तिवारी समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सरकार को बदलकर संविधान की रक्षा करनी होगी- राजमणि पटेल

अनूपपुर। कांग्रेस के जिला महामंत्री जयंत राव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विगत दिनों म.प्र. कांग्रेस कमेटी के पिछडा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल की सत्ता बदलो संविधान बचाओ की यात्रा ग्राम दुलहरा में संपन्न हुई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष डॉ. रहीम ने स्वागत किया। मुख्य अतिथि राजमणि पटेल ने कहा कि पूरे प्रदेश में पिछड़ा वर्ग को जागरूक करने के लिए यात्रा पर निकला हॅू। प्रदेश की भाजपा सरकार को जब तक बदलेंगे नहीं तब तक संविधान की रक्षा नहीं कर पाएगे। मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पिछडा वर्ग, आदिवासी, हरिजन सम्मेलन कर रही है, तो दूसरी ओर पिछडा वर्ग के छात्रों की बजट में कटौती भी कर रही है। यह भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र है इसलिए हम सब मिलकर इसे बदलना होगा। पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि प्रदेश व केंद्र की सरकार संविधान के साथ छेड़छाड़ कर रही है। भारत में ८०-८५ प्रतिशत पिछडा, हरिजन, आदिवासी लोग अपनी मेहनत मजदूरी से जीवन यापन कर रहे हैं। जिसे पूर्व की कांग्रेस सरकारों ने इन्हें आरक्षण देकर समानता के साथ आगे बढने का अधिकार दिया है। आज भाजपा सरकार संविधान के साथ छेंड़छाड़ कर रही है। अब हम सबको जागरूक होने की जरूरत है और दोनों जगहों से सत्ता को बदल कर संविधान की रक्षा कर पायेंगे। इसके अलावा जयप्रकाश अग्रवाल, रामखेलावन राठौर, आशीष त्रिपाठी, संतोष अग्रवाल, पुरूषोत्तम पटेल, नरेंद्र पटेल, सिद्धार्थ शिव सिंह, रियाज मंसूरी, यशोदा सिंह सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

प्रदेश की मैरिट सूची में हाई स्कूल के २ छात्र ने मारी बाजी

हाईस्कूल में 67.59 एवं हासे में 64.52 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा 14 मई को हाई व हायर सेकेण्ड्री स्कूल का परीक्षा परिणाम वर्ष 2017 की आपेक्षाकृत कम रहा। जिसमें हाई स्कूल में जिले के 8 हजार 366 परीक्षार्थियो में से 8 हजार 248 परीक्षार्थी शामिल हुए जिनमें 3 हजार 676 छात्र तथा 4 हजार 450 छात्राएं रही। जिनमें दो परीक्षार्थी प्रदेश स्तर में तीसरा एवं आठवां स्थान प्राप्त करने में सफलता पाई। वहीं हायर सेकेण्ड्री परीक्षा में 5 हजार 603 परीक्षार्थियो में 5 हजार 554 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इनमें 2 हजार 493 छात्र तथा 3 हजार 057 छात्राएं रही। जिले का एक भी छात्र प्रदेश के टॉप टेन सूची में स्थान नही बना पाया।
अनूपपुर माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं का परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित होते ही परीक्षार्थी परीक्षा परिणाम जानने उत्सुक देखे गए। वहीं हाईस्कूल में पलक पिता ओम प्रकाश गौतम सरस्वती उ.मा. विद्यालय कोतमा की छात्रा ने 493 अंक प्राप्त कर प्रदेश की वरिष्ठता सूची में तीसरा एवं अरिमर्दन सिंह परिहार पिता राजेश सिंह 8 वां स्थान प्राप्त किया, इस बार हायर सेकेण्ड्री में प्रदेश की सूची में कोई भी परीक्षार्थी स्थान बनाने में सफल नही हो सका। हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में स्थान पाने वाले परीक्षार्थी पलक गौतम एवं अरिमर्दन सिंह परिहार को भोपाल में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया है।
जिले के टॉप 3 में 6 ने पाया स्थान
हाईस्कूल के परिक्षा परिणामो में इस बार निजी स्कूलो को पछाड़े हुऐ सरकारी स्कूलो का दबदबा रहा, वही निजी स्कूल के दो छात्र विकाश सिंह राठौर पिता ब्रजनाथ सिंह राठौर सरस्वती हाई सकेण्ड्री स्कूल जैतहरी ने 484 अंक तथा इसी स्कूल के छात्र पुस्कर राठौर पिता रामगोपाल राठौर ने 484 अंक लाकर दोनो ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान में हर्षिता यादव पिता गोकरन यादव शा.कन्या बिजुरी, अमित कुमार पनिका पिता सुनिल कुमार पनिका शा.हा.से.अमलाई कालरी एवं पुष्पांजलि शर्मा पिता बनारसी शा.कन्या बदरा तीनो ने 481 अंक प्राप्त किया वहीं शा.हा.से. स्कूल पौराधार की छात्रा सुप्रिया त्रिपाठी पिता रामेश कुमार त्रिपाठी ने 480 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जिले में हासे के टॉप 3 में 8 ने मारी बाजी
हायर सेकेण्ड्री के परीक्षा परिणाम में 8 छात्रो ने जिले की टॉप 3 में अपना स्थाना बनाया, जिनमें कला संकाय में छात्रा शांति देवी गोड़ पिता वंश बहादुर शा. हायर सेकेण्ड्री जमुना कॉलरी ने 427 अंक लाकर पहला एवं अशोक कुमार केवट पिता सुदामा प्रसाद शा. हा. से. पसला ने 419 अंक लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान समूह में प्रथम शा. हायर सेकेण्ड्री बालक कोतमा के छात्र अरविंद कुमार पिता राजन प्रसाद पटेल ने 475 अंक, अनमोल गुप्ता पिता राजकुमार सरस्वती शिशु शिक्षा मंदिर हायर सेकेण्ड्री जैतहरी ने 464 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान व तीसरे स्थान में सरस्वती शिशु शिक्षा मंदिर हायर सेकेण्ड्री स्कूल कोतमा की निशा साकेत पिता विश्वनाथ 460 अंक प्राप्त किया। वहीं कॉमर्स संकाय में शुभम कुमार गोयंका पिता राकेश रोशन गोयंका सरस्वती शिशु शिक्षा मंदिर हायर सेकेण्ड्री स्कूल बिजुरी ने 457 अंक के साथ प्रथम स्थान व सत्यम कुमार पिता रामकुमार वर्मन शा.हा.से.स्कूल अमरकंटक ने 446 अंक लाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं कृषि संकाय में शा.हा.से. चोलना के गाजेन्द्र प्रसाद केवट पिता लखनलाल ने 448 अंक लेकर जिले की वरियता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पलक ने एयरफोर्स में जाने का बताया सपना
सरस्वती शिशु मंदिर कोतमा के हाई स्कूल की छात्रा पलक गौतम ने क्षेत्र व जिले का नाम रोशन करते हुए प्रदेश की मैरिट सूची मे तीसरा नाम दर्ज कराते हुए जिले का नाम रोशन किया।  जहां सोमवार को मुख्यमंत्री द्वारा छात्रा का सम्मान किया गया। पलक से चर्चा के दौरान उसने बताया कि उसका सपना एयरफोर्स मे जाने का है। वहीं अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता सहित शिक्षको को दिया।
अरिमर्दन ने बताया कलेक्टर बनने का सपना

प्रदेश की टॉप में 8 में हाई स्कूल का छात्र अरिर्मदन सिंह ने बताया कि उनकी सफलता के लिए उनके माता-पिता सहित शिक्षको का है। जिनमें मार्गदर्शन पर वे इस मुकाम पर पहुंचे है। चर्चा के दौरान अरिर्मदन सिंह ने बताया कि वह सिविल सर्विस में जाना चाहता है, जिसके लिए वे आगे भी लगातार मेहनत करने में लगे हुआ है। 

बिना परमिट दौड रही बस को आरटीओ ने किया जब्त

अनूपपुर कोतमा क्षेत्र मे बिना परमिट एवं फिटनेस के कई बसो के दौडने की लगातार खबरो के बाद परिवहन कार्यालय उडनदस्ता प्रभारी एस. के. डबारिया के नेतृत्व मे टीम ने 14 मई को जांच अभियान चलाते हुए रेलवे ब्रिज के पास बिना परमिट एवं बिना फिटनेस के सड़को मे दौड रही बस को पकडते हुए कार्यवाही की गई। जिनमें जैतहरी से कोतमा की ओर आ रही बस क्रमांक एमपी 18 पी 0310 की जांच में अनेको खामियां पाते हुए बस को जब्त करते हुए कोतमा थाना मे खडा कराया गया। बिना फिटनेस सहित चालक एवं परिचालक बिना लायसेंस व बिना वर्दी पहने हुए थे। वहीं बस मे किराया सूची चस्पा नही होने, 30 सीटर बस मे 17 सवारी अधिक बैठे होना पाया।


शनिवार, 12 मई 2018

खेत में लगी आग से करही तथा पैरा जलकर खाक

अनूपपुर। कोतवाली थानांतर्गत जमुड़ी गांव में शनिवार की शाम ४.३० बजे सूरत सिंह गोंड पिता सरजू सिंह गोंड तथा रामबाबू गोंड पिता चरण सिंह गोंड के खलिहान में रखी गेहूं की करही एवं पैरा में अचानक आग लग गई। जहां गर्मी से गर्म करही और पैरा देखते ही देखते आग की चपेट में आकर उंची लपटों में तब्दील हो गया। आग की लपट देखकर ग्रामीणों ने घटना की सूचना खेत मालिक को देते हुए खुद ही आग को बुझाने में जुट गए। लोगों ने नपा अनूपपुर फायरब्रिगेड को सूचना दी। जिसपर मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड वाहन ने आग को कड़ी मशक्कत के बाद बुझाने में सफलता पाई। बताया जाता है कि इस अगजनी की घटना में खेत में लगी करही तथा हजारो रूपए की पैरा जलकर खाक हो गई। फायरब्रिगेड चालक शिवमोहन सिंह के अनुसार गर्मी व गर्म हवाओं के कारण आग बेकाबू हो रहा था। अगजनी से सटे ही ग्रामीणों के मकान भी थे, जो बाल बाल बच गए। हालंाकि ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन पैरा पूरी तरह जल गया।

अलग अलग कारणों में छह ने खाया जहर, एक की मौत

पांच अन्य गम्भीर, मृतक ने धतूरा बीज के साथ शराब का किया था सेवन
अनूपपुर। जिला चिकित्सालय में शुक्रवार की दोपहर से रात १२ बजे तक अलग अलग थाना क्षेत्रों से अलग अलग मामलों में छह लोगों को जहर खाए गम्भीर हालत में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गम्भीर बताई जाती है। इन पांच गम्भीरों में सभी महिलाएं हैं। जिसमें एक युवती ने भी धतूरे बीज का सेवन किया है। बताया जाता है कि बिजुरी थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय बब्लू कोल पिता स्व. ललूआ कोल ने धूतरे के बीज के साथ शराब का अत्याधिक मात्रा में सेवन कर लिया था। जिसके कारण उसकी हालत अधिक गम्भीर हो गई थी। परिजनों ने उपचार के लिए बिजुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरो ने बब्लू की हालत गम्भीर पाते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। लेकिन शुक्रवार की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार मृतक के बिस्तर पर ही धतूरे का बीज पाया गया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शनिवार की सुबह पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। वहीं अन्य मामलों में गम्भीर रूप से भर्ती महिलाओं में 18 वर्षीय युवती रेखा गुप्ता पिता लल्लू गुप्ता रामपुर निवासी ने भी परिवारिक कारणों में धतूरे बीज का अत्याधिक मात्रा में सेवन कर लिया। गम्भीर हालत में युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह कोतवाली थानांतर्गत धनपुरी गांव निवासी 45 वर्षीय महिला नानमुनि पटेल पति विश्वकांत पटेल ने अपने ही घर में कीटनाशी दवाई पी ली। जिसे परिजनों ने उपचार के लिए शुक्रवार की दोपहर 1 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं परिवारिक कारणों में 22 वर्षीय महिला विमला सिंह पति मनीष सिंह निवासी विचारपुर जैतहरी ने भी अपने घर में जहर खा लिया। जिसे परिजनों ने प्राथमिक उपचार के लिए जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। लेकिन डॉक्टरों ने महिला की गम्भीर हालत को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शाम ६ बजे महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चचाई थानांतर्गत मेडियारास गांव निवासी 18 वर्षीय पूजा कोल पिता रामदास कोल ने भी शुक्रवार की शाम अपने घर में जहर का सेवन कर लिया। जहां युवती की तबियत बिगडऩे पर परिजनों ने रात 12 बजे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि राजेन्द्रग्राम थाना उमनिया गांव निवासी 36 वर्षीय महिला जमुना बाई पति राजेन्द्र प्रसाद ने भी परिवारिक कारणों में अपने घर में जहर खा लिया। डॉक्टरों के अनुसार इनमें सभी महिलाओं की हालत गम्भीर बनी हुई है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि जिला अस्पताल में इस प्रकार की पहली घटना है जब पिछले 12 घंटे में 5 महिलाओं को जहर के गम्भीर मामले में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं सभी जहर खाने के मामलों में परिजनों ने जहर खाने के कारण अज्ञात बताए हैं।    

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...