https://halchalanuppur.blogspot.com

गुरुवार, 6 सितंबर 2018

शिक्षक कभी सेवा निवृत्त नहीं होते-ऋषि कुमार सिंघई

जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह
अनूपपुर। जिला शिक्षा अधिकारी उदित कुमार बघेल के निर्देश पर जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  जिले के डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ऋषि कुमार सिंघई, विशिष्ट अतिथि जिला परियोजना समन्वयक हेमंत कुमार खैरवार एवं अध्यक्षता अनूपपुर नपाध्यक्ष रामखेलावन राठौर ने किया। जिले के ५५ सेवा निवृत्त शिक्षकों का सम्मान तिलक, माल्यार्पण, शाल एवं श्रीफल के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। जिनमें २००७ में सम्मानित विद्याधर शर्मा,२०१० में सम्मानित नरेंद्र पटेल तथा २०१४ में सम्मानित पुष्पेन्द्र कुमार पाण्डेय शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेन्द्र पटेल एवं आभार प्रदर्शन पुरुषोंत्तम पटेल ने किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सिंघई ने शिक्षा विभाग की हर समस्या के समाधान की बात कही गई। उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी भी सेवा निवृत्त नहीं होते हैं। समाज में शिक्षकों का स्थान सर्वोपरि होता है। जिला परियोजना समन्वयक हेमंत खैरवार ने कहा कि शिक्षक समाज को नई दिशा देने वाले होते हैं। गुरु अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले होते हैं। नपाध्यक्ष रामखेलावन राठौर ने कहा कि गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊपर होता है। विद्याधर शर्मा एवं नरेन्द्र पटेल के द्वारा भी संबोधित किया गया। कार्यक्रम में इस जिले की शिक्षिका अंजली सिंह को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। सम्मान प्राप्त करने वाले सेवा निवृत्त शिक्षकों में बात। बृजभूषण शुक्ल,एम एम खान,शरीफ मंसूरी शावित्री तिवारी मीता दास, राम गोपाल सिंह सहित ५५ शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संजय निगम, सी.आर. रविदास,सोना सिंह, राम नारायण तिवारी,मनोज कुमार सोनी ,प्यारेलाल साहू,अमिता मरकाम, बृंदावन पटेल,संतोष पटेल, विनोद द्विवेदी, सुनील कुमार पटेल, हेतराम साहू, अहिवरन सिंह, सीताशरण शर्मा,संजय रस्तोगी, हीरालाल नायक, राजभान मिश्रा के साथ भारी संख्या में शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

आदिवासीयो भी बंद के रहे समर्थक

आदिवासीयो भी बंद के रहे समर्थक
अनूपपुर। एससीएसटी एक्ट में सवर्णो के बंद आह्वन में गुरूवार को पुष्पराजगढ़ विकासखंड के भेजरी गांव में आदिवासी युवाओं ने भी बंद का समर्थन किया। जिसमें ग्राम के सरपंच दिलराज पेंद्रो के नेतृत्व में सैकड़ा से अधिक युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी का पुतला दहन किया। इसमें युवाओं ने देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में भी नारेबाजी की।

एससीएसटी एक्ट के विरोध में जिला बंद, सवर्ण संगठनों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

व्यापारी वर्गो ने बंद रखे अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानें, हरद में समर्थकों ने रोका रखा रेल
अनूपपुर। एससीएसटी एक्ट के संशोधित प्रारूप के विरोध में देश व्यापी बंद के आह्वन पर गुरूवार ६ सितम्बर को अनूपपुर जिले में भी बंद का व्यापक असर दिखा। जिला मुख्यालय सहित कोतमा, चचाई,बिजुरी, जैतहरी, रामनगर, अमरकंटक,राजेन्द्रग्राम में बाजारें पूरी तरह बंद रहे। बसों का परिचालन भी बंद रहा। ११ बजे तक जिले के समस्त पेट्रोल पम्प तक बंद हो गए। इसके साथ ही हरद रेलवे स्टेशन में संगठनो द्वारा शहडोल-अम्बिकापुर यात्री ट्रेन को १० मिनट तक स्टेशन में ही रोककर अपना विरोध जताया। वहीं बंद को सफल बनाने अनूपपुर के साथ-साथ कोतमा, राजेन्द्रग्राम सहित अन्य क्षेत्रो से आए सवर्ण संगठनों की हजारो की संख्या में लोग जिला मुख्यालय पहुंच इंदिरा तिराहा में एकत्रित होकर विशाल रैली निकाली, जो कोतवाली चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। जहां राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर अनुग्रह पी को ज्ञापन सौंपा।  
५ सूत्री मांगो का सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन में सपाक्स सहित अन्य संगठनों ने ५ सूत्री मांगों को शामिल करते हुए भारत के संविधान के साथ छेड़छाड़ कर बहुसंख्यक समाज का उपेक्षित कर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय व दिशा निर्देशों का उल्लघंन कर भारतीय संसद द्वारा मनमाने तरीके से एट्रोसिटीज एक्ट को वापस लेने की अपील की साथ ही पांच बिन्दुओं जिसमें एट्रोसिटीज एक्ट को सर्वोच्च न्यायालय के अनुसार लागू करने, सुको की गरिमा को किसी भी प्रकार से राजनैतिक दलों के द्वारा मनमाने तौर पर कानून बनाकर प्रभावित नहीं किए जाने, अन्य पिछड़ा वर्ग की भांति आरक्षण में अनुसूचित जनजाति के लिए भी क्रीमीलेयर लागू करने, पदोन्नति में आरक्षण व्यवस्था को समाप्त करने तथा आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था लागू करने की बात शामिल की।

एक देश एक कानून की मांग
ज्ञापनकर्ताओं का कहना था कि देश में एक देश एक कानून बनाया जाए एवं भारत सरकार द्वारा वर्ष १९८९ मेंं निर्मित अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत बनाए गए कानून का विगत कुछ वर्षो से सभी राजनीतिक दलों द्वारा वोट की राजनीतिक की खातिर एवं शासन द्वारा दिए जा रहे मुआवजे को लेकर इस एक्ट का दुरूपयोग  किया जा रहा है। इस सम्बंध में सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए आजाक वर्ग के किसी व्यक्ति के द्वारा शिकायत किए जाने पर पहले सबंधित शिकायत की जांच के बाद ही गिरफ्तारी की जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि आरोपी व्यक्ति अग्रिम जमानत का लाभ भी प्राप्त कर सकता है। लेकिन बाद में राजनीतिक दलों द्वारा सुको के निर्देशों को ही दरकिनार एट्रोसिटीज एक्ट में संविधान के आधारभूत सिद्धांत के विपरीत निर्देश पारित कर दिए।
 शांति व्यवस्था कायम रखने किया प्रशंसीय कार्य
६ सितम्बर भारत बंद के आह्वान की सूचना पर पुलिस अधीक्षक तिलक ङ्क्षसह द्वारा व्यापक तैयारी पहले से कर रखी थी, जहां बालवा ड्रील की सामग्री की तैयारी, व्यवस्थापको से बातचीत एवं सोशल मीडिया पर नजर, यातायात सुरक्षा, मोबाइल पेट्रोलिंग पर नजर बनाए हुए थे। जहां जिले के चप्पे-चप्पे में पुलिस बल मौजूद रही। वहीं सवर्ण संगठनो द्वारा भी अपना विरोध प्रदर्शन शांति पूर्ण तरीके से करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौप अपनी मांग रखी। 





बुधवार, 5 सितंबर 2018

काली पट्टी बांध अध्यापक संगठन ने शिक्षक दिवस पर जताया विरोध



बाइक रैली निकाल सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर मुख्यमंत्री के घोषणा के अनुरूप 21 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा विभाग में संविलियन तथा एक पद एक कैडर में संशोधन के साथ ६ सूत्री मांग को लेकर ५ सितम्बर शिक्षक दिवस के मौके पर म.प्र. शासकीय अध्यापक संगठन ने विरोध दिवस मनाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। सुबह से ही अध्यापक संगठन के सदस्यों ने बाजू पर काली पट्टी बांध स्कूलों में कक्षाओं का संचालन किया। वहीं शाम को उत्कृष्ट स्कूल परिसर में सामूहिक सभा आयोजित कर बाइक रैली निकाली। बाइक रैली इंदिरा तिराह से कोतवाली चौराहा होते कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर डॉ.आरपी तिवारी को ज्ञापन सौंपा। वहीं अध्यापक संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि अगर सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है तो 16 सितम्बर से स्कूलों में तालाबंदी कर वृहत रूप में प्रदर्शन करेंगे। म.प्र. शासकीय अध्यापक संगठन जिला अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अध्यापकों का वर्षो से जारी शोषण का अंत करने के लिए अध्यापक संवर्ग को शिक्षा विभाग में संविलियन की घोषणा की थी। जिसमें शिक्षा कर्मी, संविदा शिक्षक, गुरूजी की बर्षो की एक सूत्री मांग शिक्षक संवर्ग के मूल पदो पर संविलियन की ही रही है। इसमें मुख्यमंत्री ने आज से सब शिक्षक होंगे एक ही कैडर होगा की बात कह अब तीन अलग अलग कैडर बना दिया। तीन कैडर की आपसी वरिष्ठता, प्रतिस्पर्धा, पृथक पृथक सेवा शर्ते, लाभ एवं सुविधाओं से आपसी मनमुटाव का विपरीत प्रभाव प्रदेश की शैक्षणिक व्यवस्था पर पडऩे की पूर्ण आशंका है। अध्यापक संघ ने मांग की है कि राजपत्र में संशोधन कर अध्यापकों का स्कूल शिक्षा विभाग के मूल पदो यथा शिक्षक, उच्च श्रेणी शिक्षक और व्याख्याता के पदों पर संविलियन किया जाए। इसके साथ ही अध्यापक संघ ने अपनी 6 सूत्री मांगों को भी शामिल कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. कौशलेन्द्र सिंह, संतोष मिश्रा, धरमदास शुक्ला, यूएस परिहार, पारस यादव, राजेश शुक्ला, सीपी तिवारी, अवधराज सौंलकी, रामराधव विश्वकर्मा, भागवेन्द्र सिंह, सरोज शुक्ला, श्वेता चौबे, शीला तिवारी, रेखा मिश्रा, पिताम्बर यादव सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

लायंस क्लब ने शिक्षकों का किया सम्मान


अनूपपुर बच्चों के भविष्य संवारने में शिक्षकजनों की महत्ता तथा बिना गुरू ज्ञान जीवन की अपूर्णता पर 5 सितम्बर शिक्षक दिवस के मौके पर जिला लायंस क्लब अनूपपुर ने ग्राम पंचायत बरबसपुर माध्यमिक विद्यालय बरबसपुर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया। जहां स्कूल के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष अग्रवाल ने गुरू की महानता को बताते हुए बिना गुरू ज्ञान मानव का जीवन सफलता के पथ पर अग्रसर नहीं हो सकता की बात कही। वहीं संस्था के प्रमुख ने कहा यह पहला मौका है जब किसी संगठन के द्वारा हम शिक्षकों का सम्मान किया गया, यह हमारे सम्मान के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस मौके पर लायंस क्लब अध्यक्ष दीपक सोनी, जोन चेयरमैन अशोक शर्मा, उमेश गुप्ता, डॉ.शिव गुप्ता, डॉ.कौशलेन्द्र सिंह, अमरदीप सिंह, केशव अग्रवाल राकेश गौतम,कांतिराउत राय, दीपक ठाकुर सहित अन्य लायंस सदस्य शामिल रहे।
छात्रों ने किया शिक्षकों के सम्मान में
जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस के मौके पर छात्रों ने शिक्षकों का सम्मान किया। जिसमें छात्राओं ने श्रीफल व पुष्पगुच्छ प्रदान कर शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया। इस मौके पर शिक्षकों ने प्रथम राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बच्चों से भी उनके पदचिह्नों पर चलकर भविष्य की उंचाईयां छूने के लिए प्रेरित किया।

नाबालिग से छेडछाड का आरोपी गिरफ्तार



कोतमा। थाना कोतमा के गोविंदा कॉलरी में निवास करने वाली स्कूली छात्रा को स्कूल एवं ट्यूशन आने-जाने के दौरान रास्ते में अज्जू रसूल उम्र 22 वर्ष द्वारा अश£ील टिप्पडी एवं छेडछाड करने से मना करने तथा नही मानने पर छात्रा की शिकायत पर पुलिस 5 सितम्बर को आरोपी के खिलाफ धारा 509 एवं लैगिंक अपराध से बालको का संरक्षण अधिनियम की 2012 की धारा 11 एवं 12 के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार अज्जू रसूल पिता नवी रसूल द्वारा कक्षा 9वीं मे अध्ययनरत छात्रा को बीते 1 माह से लगातार स्कूल एवं टयूशन आने जाने के दौरान गंदे इशारे करने तथा छात्रा के आगे पीछे घुमाकर लगातार उसे परेशान कर रहा था। घटना के बाद परिजनो एवं वार्डवासियो द्वारा थाना पहुंच इसकी शिकायत कर कार्यवाही की मांग की गई। जहां पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करते हुए उसे न्यायालय पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इनका कहना है
छात्रा की शिकायत पर तत्काल आरोपी को पकडते हुए विभिन्न धाराओ के तहत मामला पंजीबद्ध कर न्यायालय मे पेश किया गया है।
राकेश वैश्य, थाना प्रभारी कोतमा

आरक्षण एवं एट्रोसिटी एक्ट के विरोध बंद पर प्रशासन ने किये पुख्ता इंतजाम

समाज के सभी वर्गा ने किया समर्थन
अनूपपुर आरक्षण एवं एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में भारत महाबंद के आह्वन पर गुरूवार को अनूपपुर जिले में के चारों विकासखंड में बंद का असर नजर आने लगा है। आरक्षण एवं एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में व्यापारी, किसान, कर्मचारी संगठन,ब्राह्मण समाज, क्षत्रिय समाज, पिछडावर्ग, अल्पसंख्यक, अधिवक्ता संघ के साथ-साथ अन्य संगठनों ने समर्थन कर भारत महाबंद का आह्वन किया है। जिसे लेकर जिला प्रशासन ने पुलिस अधीक्षक सहित सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदार, सहित बंद समर्थक के सदस्यों से वार्ताकर क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थानो को अलर्ट जारी करते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाहरी संदिग्धों के साथ चेकपोस्ट नाकों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अनुग्रह पी का कहना है कि अन्य जिलों के भांति अनूपपुर को शांति क्षेत्र में शामिल करते हुए धारा 144 लागू नहीं की गई है। बंद के दौरान व्यवस्थाओं पर धारा 144 पर विचार किया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि 6 सितम्बर को आयोजित बंद पर संगठन के पदाधिकारियों के बीच बातचीत कर शांति बनाए रखने, जबरदस्ती दुकानों को बंद नहीं करने, तोडफ़ोड़ नहीं मचाने, कानून व्यवस्था को भंग नहीं करने की अपील की। जिसपर बंद करने वाले संगठनों ने अशांति नहीं फैलाने का आश्वासन दिया है। जबकि पुलिस अधीक्षक का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी थानों के सुरक्षा बलों को थाना क्षेत्र में गश्त लगाने, बाहरी लोगों पर निगरानी रखने, किसी तोडफ़ोड़ या अप्रिय धटना की सूचना तत्काल देने व जबरदस्ती दुकानबंद या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बताया जाता है कि आरक्षण एवं एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में भारत महाबंद के आह्वन पर गुरूवार को कोतमा और अनूपपुर के बंद समर्थक सामूहिक रूप में अनूपपुर में शांतिपूर्ण रैली निकाल विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में लगभग 8 से अधिक विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल होंगे। इनमें सपाक्स भी आरक्षण एवं एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में मैदान में उतरेगी। जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि सपाक्स के जिलास्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया है कि समस्त व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर इस आंदोलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम बाद अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय अधिकारियों एवं जिला मुख्यालय में रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। उनके अनुसार 4 सितम्बर को कोतमा में बैठक कर सभी ने बंद का समर्थन किया है। 
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैष्णव शर्मा ने बताया कि 6 सितम्बर की सुरक्षा व्यवस्था में जिले के सभी पुलिस के साथ 22 अतिरिक्त आईजी रिजर्व फोर्स भी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा ब्रज वाहन, पुलिस मोबाईल गश्त वाहन, बलवाईरोधी बल सहित होमगार्ड बल को भी तैनात रखा गया है।

एक कदम स्वच्छता की ओर ग्रापं रेउसा खुलें से शौच



अनूपपुर। जिले को खुलें में शौच मुक्त करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा पूरे मनोयोग से प्रयास किये जा रहे है। शौचालय के निर्माण से लेकर उसका उपयोग सुनिश्ििचत करने के लिये आमजनों को प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत कोतमा अंतर्गत ग्र्राम पंचायत रेउसा ने खुलें में शौच मुक्त होने के लक्ष्य को प्राप्त किया। इस शुभ अवसर को ग्राम पंचायत रेउसा में एक पर्व के रूप में मनाया गया। स्वच्छता पर्व कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ०सलोनी सिडाना, सीईओं जनपद पंचायत वीएम एवं सरपंच, सचिव, निगरानी समिति के सदस्यों समेत आम नागरिक उपस्थित थे। सभी के चहेरे पर स्वच्छ होने के प्रमाण प्राप्त करने का गौरव स्पष्ट दिख रहा था। इस अवसर पर सीईओं जिला पंचायत ने उपस्थित जनों से कहा स्वच्छता की इस राह को सुंदरता तक लें जानें के लिये अभी और भी प्रयास करने होंगे। इस कार्य में सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है। आपने ग्राम पंचायत रेउसा को शुभकानाऐं देते हुए कहा यह स्थिति सदैव बनी रहें। इसके लिये सदैव जागरूक रहें प्रयासरत रहें।

सांसद ज्योतिरादित्य के स्वागत के लिए जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक संपन्न



अनूपपुर जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा 5 सितम्बर को कांग्रेस कार्यालय में पूर्व केन्द्रीय मंत्री, सांसद एवं म.प्र. चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के 7 सितम्बर को जिले के पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीजापुरी आगमन के संबंध में तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए सभी कांग्रेसजनो ने संकल्प लिया कि वे अपने साथियो सहित अपने वाहनो के व्यवस्था बडी संख्या में सभा में पहुंचकर उनका स्वागत करेगे। बैठक में पूर्व मंत्री बिसाहूलाल ङ्क्षसह, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल, पूर्व नपाध्यक्ष प्रेम कुमार त्रिपाठी, नपाध्यक्ष अनूपपुर रामखेलावन राठौर, कार्यवाहक अध्यक्ष सिद्धार्थ शिव सिंह, नपा उपाध्यक्ष धीरेन्द्र ङ्क्षसह, आशीष त्रिपाठी, रामनरेश गर्ग, निरंजन यादव, गीता ङ्क्षसह, रेहाना बानो, राकेश गुप्ता, अशोक कुमार तिवारी, चंद्रभान, तेजभान सिंह, शिव कुमार गुप्ता, तेजूमल भोजवानी, वासूदेव चटर्जी, चंद्रकांत पटेल, संतोष अग्रवाल, भगवती शुक्ला, अशोक सिंह, मोहित पटेल, पंकज अग्रवाल, रियाज अहमद, योगेन्द्र राय, जयंतराव, बाबा खान, नवसाद खान, सत्येन्द्र दुबे, लक्ष्मण राव, बेदक पटेल, नरहरि, पुरूषोत्तम पटेल, धन्नू पटेल, अजय ङ्क्षसह, बाबर खान, पुरूषोत्तम चौधरी रामाधार बैगा, दीपक शुक्ला, अनिल पटेल, उमेश राय, सुशील गुप्ता, नारेन्द्र पटेल, सुनील दुबे के साथ सैकडो कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

अध्यापक अंजली सिंह को राज्यपाल ने किया सम्मानित



अनूपपुर। जिले के ग्रामीण अंचल में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाद में पदस्थ वरिष्ठ अध्यापक अंजली सिंह द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए विशिष्ट कार्यो को लेकर 5 सितम्बर शिक्षक दिवस पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल व मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यो जिनमें शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम, शिक्षा में नवाचार,बालिका शिक्षा के प्रचार-प्रसार पर प्रयास, पाठ्योत्तर गतिविधियों जैसे क्रीडा, रेडक्रॉस, स्काउट गाइड में छात्रों की रूचि को जागृत करने, विद्यालय में समय.-समय पर आयोजित सांस्कृति एवं साहित्यिक गतिविधियों में सहभागिता, 6 से 14 वर्ष के समस्त अप्रवेशी बालक व बालिकाओं का विद्यालय में प्रवेश दिलाने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता स्थापित करने के लिए स्कूल में गाइड दल का गठन कर उसका विधिवत संचालन किए जाने, पर्यावरण को बढ़ावा देने में वरिष्ठ अध्यापिका अंजली सिंह को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। -

मंगलवार, 4 सितंबर 2018

शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांध अध्यापक करेंगे विरोध



अनूपपुर। मुख्यमंत्री द्वारा एक कैडर एक विभाग की घोषणा की गई थी लेकिन राजपत्र में 3 कैडर एवं दो विभाग बना दिया गया संविलियन के नाम पर जुलाई 18 से नई नियुक्ति की जा रही है, जिसके विरोध में शासकीय अध्यापक संगठन एवं अपने अन्य सहयोगी संगठनों के साथ शिक्षक दिवस के दिन अध्यापक काली पट्टी बांधकर नई नीति का विरोध जताएंगे। नई नियुक्ति को संविलियन के नाम से आदेश जारी किया जाए जिस तरह से शिक्षाकर्मी से 2007 में अध्यापक संवर्ग का आदेश जारी हुआ था और उसमें शिक्षाकर्मी में काम किए गए सेवा की गणना निरंतरता लिखा गया था। लेकिन इस आदेश में विरोध के बाद अध्यापक संवर्ग की सेवा सम्मिलित किए जाने के प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है वह भी आदेश नहीं है। हम अपनी नियुक्ति दिनांक से सेवा की गणना किए जाने की मांग करते हैं तथा छत्तीसगढ़ सरकार की तरह आदेश जारी हो जिसमें सारी सुविधा व्याख्याता शिक्षक सहायक शिक्षक का नाम हो सभी साथी 5 सितंबर को अपने विद्यालय काली पट्टी बांधकर जाएंगे और 3 बजे उत्कृष्ट विद्यालय के विवेकानंद हाल में उपस्थित होकर अध्यापक की समस्याओ का ज्ञापन कलेक्ट्रर को ज्ञापन सौंपेगे। अध्यापक श्रीनिवास तिवारी, संतोष मिश्रा, धर्मराज शुक्ला, आदिल खान,भूपेन्द्र मिश्रा, रवीन्द्र विराट,दीपक जयसवाल, शीलवंत,राजेश नापित, कौशलेंद्र सिह,सी.पी.तिवारी,सरोज शुक्ला,अलका यादव आदि पदाधिकारीयो ने अपील की है कि अधिक से अधिक में पहुंचे।

डॉक्टरो की मांग पर कोतमा चिकित्सालय में प्रारंभ होगा पुलिस सहायता केन्द्र



अभद्रता व मारपीट पर डॉक्टरो ने की थी मांग, सौंपा था ज्ञापन
अनूपपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोतमा में 31 अगस्त को उपचार के दौरान 13 माह की मासूम की मौत के बाद गुस्साएं परिजनों द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र में हंगामा मचा बीएमओ के साथ की गई मारपीट और डॉक्टरों द्वारा सामूहिक कार्य का बहिष्कार कर कार्रवाई की मांग में अबतक दी जा रही सिर्फ आपातकालीन सेवाओं पर जिला प्रशासन हरकत में आई है। जहां डॉक्टरों के सामूहिक त्यागपत्र की चेतावनी को गम्भीरता से लेते हुए कोतमा बीएमओ के.एल.दीवान से दो दिनों की मोहल्लत लेते हुए आश्वस्त किया है कि दो दिनों में जांच कर कार्रवाई अवश्य की जाएगी। वहीं डॉक्टरों ने जिला प्रशासन की अपील पर दो दिनों की मोहल्लत देते हुए मंगलवार 4 सितम्बर की सुबह स्वास्थ्य केन्द्र पर ओपीडी सहित अन्य सेवाएं के लिए उपस्थिति दर्ज कराई। डॉक्टरों का कहना है कि अगर इन दोनों के भीतर जिला प्रशासन द्वारा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो 7 सितम्बर को स्वास्थ्य केन्द्र के सभी डॉक्टर्स सामूहिक रूप में अपना इस्तीफा प्रशासन को सौंपेंगे। 4 सितम्बर मंगलवार को सीएमएचओ डॉ.आर.पी.श्रीवास्तव तथा कोतमा पूर्व नपाध्यक्ष राजेश सोनी ने डाक्टरो के साथ बैठक कर सुलह कराया और बुधवार से परिसर में पुलिस सहायता केन्द्र चालू होने का आश्वासन दिया। डॉक्टरों के स्वास्थ्य केन्द्र में वापसी पर 3 दिनों से बंद उपचार के लिए परेशान ओपीडी मरीजों ने ओपीडी कक्ष खुलते ही अपना पंजीयन कराते हुए उपचार कराया। बताया जाता है कि मंगलवार को 300 के आसपास मरीजो ने अपना पंजीयन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विदित हो कि 31 अगस्त की दोपहर 3.56 बजे मुन्ना गुप्ता उर्फ धन प्रसाद पिता बलभद्र गुप्ता निवासी वार्ड क्रमांक ४ कोतमा अपनी नातिन को मृत अवस्था में अस्पताल लेकर आए थे। जिसका चिकित्सकीय परीक्षण डॉ.चिनमय पटेल द्वारा कर उसे मृत घोषित किया गया था। इसी दौरान डॉ.के.एल.दीवान एवं डॉ. शिव कुमार पांडेय द्वारा भी मृत्यु की पुष्टि की गई। जिसके बाद परिजनो ने डॉक्टर्स पर इलाज में लापरवाही का दोष लगाते हुए अस्पताल को जलाने की बात कहते हुए बीएमओ के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। जिससे नाराज डॉक्टरों ने 1 सितम्बर को सामूहिक कार्य बहिष्कार कर कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की अपील की थी। साथ ही ने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा 3 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर समस्त स्टॉफ द्वारा अपने पद से त्याग पत्र देने व १ सितम्बर से सिर्फ आपातकालीन सेवाएं ही प्रदान करने चेतावनी दी थी। जिसके बाद 1 सितम्बर से तीन सितम्बर तक कोतमा स्वास्थ्य केन्द्र में बाह्यरोगी विभाग के कक्ष तो जरूर खुले, लेकिन डॉक्टरों ने इस कक्ष से दूरी बनाई रखी। जिसके कारण सामान्य बीमारों का उपचार नहीं हो सका। 
आज से चालू होगा पुलिस सहायता केन्द्र
स्वास्थ्य केन्द्र में घटी घटना तथा आए असुरक्षा के बीच उपचार करने वाले डॉक्टरों की मांग पर पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह ने थाना प्रभारी को बल की तैनाती के आवश्यक निर्देश दिए हैं। बताया जाता है कि पुलिस सहायत चौकी में 2 पुलिस कर्मी 1 प्रधान आरक्षक एंव 1 आरक्षक की डयूटी परमानेंट लगाई जाएगी।

मुख्यमंत्री पर हमला को भाजपा ने बताया कायराना, सौंपा ज्ञापन



 अनूपपुर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सीधी जिले के चुरहट व अन्य क्षेत्रो में हमले को भाजपा ने हत्या की साजिश व इस प्राण घातक हमलो को कांग्रेस के नेताओं के इशारे पर होना बताया। भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह पर आरोप लगाया कि प्रजातांत्रिक मर्यादा को भंगकर प्रदेश की जनता का अपमान करते हुए मुख्यमंत्री पर हमले करवा रहे है। जिसे लेकर 4 सितम्बर को भाजपा के जिलाध्यक्ष आधाराम वैश्य के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा तिराहे में भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्र होकर धरना प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम डिप्टी कलेक्टर ऋषि कुमार सिंघई को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की। इसके पूर्व भाजपा नेताओं ने सभा कर कांग्रेस के नेता अजय सिंह राहुल व उनके समर्थक सत्ता के लिए मुख्यमंत्री की हत्या कराने का आरोप लगाया और कहा कि कांगे्रेस मुख्यमंत्री के जनाधार से घबरा गई है और वह कायराना हरकत पर उतारू है। प्रदेश के अंदर हो रहे विकास कार्यो को देखकर कांग्रेसियों को हाथ पांव फुले हुए है। इस कारण मुख्यमंत्री पर जानलेवा हमला कराकर किसी तरह सत्ता में आना चाहते है। धरना प्रदर्शन में भाजपा नेता अनिल गुप्ता, सुदामा सिंह, दिलीप जायसवाल, रूपमति सिंह, रामअवध सिंह, जितेन्द्र सोनी, भूपेन्द्र सिंह सेंगर, अखिलेश द्विवेदी, लवकुश शुक्ला, अशोक लाल, उमेश मिश्रा, सुनील गुप्ता, सुनीता सिंह, रश्मि खरे, राजेश सिंह, इन्द्राणी सिंह, हीरा सिंह श्याम, हसन अंसारी, अशोक गुप्ता, राजेश बाथम, सचिन जायसवाल, सर्वेश पांडेय, दिवाकर विश्वकर्मा के अलावा भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित होकर कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराए।

सड़क सुरक्षा सप्ताह पर कार्यक्रम संपन्न, एसपी ने हरी झंडी दिखा हेलमेट रैली की रवाना



 यातायात नियमों का पालन करने यातायात विभाग ने की जिलेवासियों से अपील
अनूपपुर जिले में यातायात सुरक्षा के प्रति लोगो को जागरूक करने एवं सुरक्षित यात्रा के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने 4 सितम्बर को जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैण्ड में सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैष्णव शर्मा एवं कार्यक्रम की अध्यक्ष नपाध्यक्ष अनूपपुर रामखेलावन राठौर उपस्थित रहे। आयोजन में आमजन को यातायात की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं पत्रकारो ने जिले में सड़क सुरक्षा के लिए किए जाने वाले प्रयासो को रखा, जिसमें नपा व पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से नगर भ्रमण कर नपा के नाली के बाहर तक लगाए जाने वाले दुकान के संचालको को समझाईश देने तथा न मामने पर कार्यवाही करने के सख्त निर्देश, सड़को पर घुमने वाले आवारा पशुओं पर कार्यवाही, हेलमेट के उपयोग करने, वाहन का बीमा आवश्यक रूप से कराए जाने, वाहन में निर्धारित प्रारूप में रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित कराए जाने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग किए जाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न किए जाने, दुपहिया वाहन में 3 सवारी न बैठाए जाने, यातायात संकेतो का पालन करने संबंधी मुद्दो पर चर्चा की गई।
आदर्श थाना बनाने पुलिस कर्मी लगाए हेलमेट
पुलिस अधीक्षक तिलक ङ्क्षसह ने कहा कि जिले के सभी थानो व चौकी प्रभारियों द्वारा अपने थाने के सभी पुलिस कर्मियो को हेलमेट लगाने जागरूक करे, जिसको लेकर शत प्रतिशत हेलमेट लगाने वाले पुलिस कर्मियो वाले थानो को आदर्श थाना घोषित कर थाना निरीक्षको व चौकी प्रभारियों को पुरूस्कृत किया जाएगा। इसके लिए सभी पुलिस कर्मियो को दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने के सख्त निर्देश थाना व चौकी प्रभारियों द्वारा दिया जाए। जिसके कारण आमजन भी पुलिस द्वारा हेलमेट लगाए जाने की पहल को देखते हुए इस अभियान में जुडकर जागरूक हो।
निकाली गई हेलमेट रैली
यातायात सुरक्षा सप्ताह पर आयोजित कार्यक्रम पर जहां पत्रकारो, जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस ने अपने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं कार्यक्रम में यातायात नियमों को समझाईश देते हुए लोगो को जागरूक करने तथा यातायात नियमों के पालन कराने के लिए ११ सितम्बर तक लगातार अभियान चलाते हुए लोगो को जागरूक किए जाने एवं यातायात नियमो के निर्देशो का पालन करने संबंधी पहल की गई। आयोजन के बाद पुलिस, प्रतिनिधि व पत्रकारो ने नगर में हेलमेट रैली निकाली गई, जो बस स्टैण्ड से अंडर ब्रिज होते अमरकंटक तिराहे तथा वहां से वापस होते हुए रेलवे स्टेशन तिरहा होते हुए बस स्टैण्ड पहुंची जहॉ रैली का समापन किया गया।

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान हेतु वरिष्ठ अध्यापिका अंजली सिंह होगी सम्मानित



शिक्षा के क्षेत्र में किए गए विशिष्ट कार्यो पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
अनूपपुर जिले के ग्रामीण अंचल में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाद में पदस्थ वरिष्ठ अध्यापक अंजली सिंह द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए विशिष्ट कार्यो को लेकर 5 सितम्बर शिक्षक दिवस पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल व मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षक के क्षेत्र में किए गए कार्यो जिनमें शतप्रतिशत परीक्षा परिणाम, शिक्षा में नवाचार, बालिका शिक्षा के प्रचार-प्रसार पर प्रयास, पाठ्योत्तर गतिविधियों जैसे क्रीडा, रेडक्रॉस, स्काउट गाइड में छात्रों की रूचि को जागृत करने, विद्यालय में समय.-समय पर आयोजित सांस्कृति एवं साहित्यिक गतिविधियों में सहभागिता, 6 से 14 वर्ष के समस्त अप्रवेशी बालक व बालिकाओं का विद्यालय में प्रवेश दिलाने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता स्थापित करने हेतु विद्यालय में गाइड दल का गठन कर उसका विधिवत संचालन किए जाने, पर्यावरण को बढ़ावा देने में वरिष्ठ अध्यापिका अंजली सिंह को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वहीं शिक्षिका अंजली सिंह को राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित होने किए जाने पर कलेक्टर अनुग्रह पी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. सलोनी सिडाना, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ऋषि कुमार सिंघई, जिला शिक्षा अधिकारी यू.के. बघेल सहित म.प्र. शिक्षक संघ जिला, तहसील एवं ब्लॉक इकाई के समस्त पदाधिकारी एवं  समस्त शिक्षको ने शुभकामना दी है।

शराब के नशे में छात्रो ने रात के अंधेरे में कन्या छात्रावास की फांदी दिवाल, किए तोडफोड



मामला एकलव्य आवासी विद्यालय का, शिकायत के बाद जांच प्रारंभ
अनूपपुरजिला मुख्यालय में संचालित शासकीय आवासीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में छात्रों के शराब पीने, तोडफ़ोड़ करने, शराब के नशे में आधी रात आवासीय विद्यालय परिसर में ही स्थित शा. कन्या शिक्षा परिसर के छात्रावास की दीवार फंद छात्रावास के अंदर प्रवेश कर गए। जिसके खिलाफ 4 सितम्बर को स्कूल प्राचार्य ने उन छात्रों के बयान दर्ज करते हुए कन्या छात्रावास परिसर के वार्डन की सूचना पर कलेक्टर से शिकायत की, जिसपर कलेक्टर ने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार 2 सितम्बर की रात लगभग 10 बजे कक्षा १२वीं के आधा दर्जन छात्रों ने शराब पीकर परिसर में ही संचालित शा. कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास के बाउंड्रीवॉल को पार कर अंदर घुस गए, जहां छात्रावास की भृत्य और वार्डन ने शोर मचाना आरंभ किया, जिसके बाद हल्ला होते देख छात्र दीवाल कूद वापस भाग निकले। बताया जाता है कि छात्र शराब के नशे में थे नशे में ही अपने छात्रावास में जमकर तोडफ़ोड़ की। यहीं नहीं अपने छात्रावास के कक्ष में पहुंचकर अन्य छात्रों को भी परेशान कर उत्पात मचाया। घटना की सूचना पर प्राचार्य ने मौके पर पहुंचकर नशे की हालत में पाए गए छात्रों को एक कक्ष में बंद दिया था। साथ ही 100 डॉयल को सूचना देकर जानकार दी। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस भी समझाईश देकर वापस लौट आई। वार्डन की सूचना पर बालकों द्वारा मचाए गए उत्पात पर कलेक्टर से शिकायत की। जानकारी के अनुसार शासकीय एकलव्य आवासीय परिसर में कन्या शिक्षा परिसर सहित शासकीय आवासीय एकलव्य विद्यालय में लगभग 400 छात्र-छात्राएं अध्ययरनरत हैं।

झूठे मुकदमे में फंसाने तथा एवज में मोटी रकम की मांग के विरोध में गोंगपा ने थाने का किया घेराव



अनूपपुर। राजेन्द्रग्राम अनुविभागीय पुलिस थाना क्षेत्र के करनपठार थाना में पदस्थ थाना प्रभारी, मुंशी सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में आदिवासी परिवारों को झूठे मुकदमे में फंसाने तथा एसके एवज में एवज में मोटी रकम की मांग के विरोध में मंगलवार ४ सितम्बर को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने करनपठार थाने का घेराव करते हुए आमसभा आयोजित की और रैली निकाली। साथ ही प्रदेश के राज्यपाल सहित मुख्यमंत्री के नाम राजेन्द्रग्राम अनुविभागीय पुलिस पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिसमें गोंगपा द्वारा थाना प्रभारी अरविंद साहू, मुंशी संतोष पांडेय को अन्य स्थान स्थानांतरित कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। सौंपे गए ज्ञापन में गोंगपा ने तीन बिन्दूओं पर पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कर बताया कि थाना प्रभारी, मुंशी के क्रिया कलाप से क्षेत्रीय जनता परेशान और असंतुष्ट हैं। गरीब आदिवासियों को झूठे मुकदमें में फंसाने का भय फैलाकर उनसे मोटी रकम वसूल किया जाता है। जिससे क्षेत्रीय जनता में आक्रोश व्याप्त है। थाना प्रभारी व मुंशी ने भंवर सिंह धुर्वे पिता अमर सिंह धुर्वे ग्राम पिपरखुटा के साथ गाली-गलौच कर ७ जून को मारपीट की थी, इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाए। जबकि भवर सिंह को झूठी मुकदमा में फंसाने का भय दिखाकर १२ हजार रूपए लिए उसे वापस कराए जाए की बात शामिल की है। गोंगपा की रैली और आमसभा के साथ थाना घेराव के दौरान कर्मचारियों में भय का माहौल बना रहा। हालांकि थाना घेराव की सूचना पर राजेन्द्रग्राम सहित अन्य थानो से पुलिस बलों को सुरक्षा के लिए तैनात रखा गया।
इनका कहना है
गोंगपा का अपना कार्यक्रम था, थाना प्रभारी सहित अन्य के खिलाफ शिकायत की है। इसके लिए एसडीओपी राजेन्द्रग्राम को जांच के निर्देश दिए हैं, जो रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तिलक सिंह, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर।

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...