https://halchalanuppur.blogspot.com

बुधवार, 22 अगस्त 2018

जिले शैक्षणिक व्यवस्था को सुधारने बैठक के १ माह ७ दिन बाद हुआ आदेश



कब तक हो सकेगा कार्यवाही विवरण का क्रियान्वयन
अनूपपुर। जिले की शैक्षणिक व्यवस्थाओं में  जिले की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ बनाने हेतु रणनीति बनाए जाने हेतु कलेक्टर अनुग्रह पी द्वारा १३ जुलाई को शिक्षा समिति की बैठक ली गई, जिसमें जिले के विभागीय एवं संबंधित अधिकारियों का कार्य विभाजन किया गया तथा  बैठक में ४३ बिन्दुओं का कार्यवाही का जल्द विवरण बनाने आदेश दिया गया, लेकिन कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा ४३ बिन्दुओं की कार्यवाही का आदेश बनाने १ माह ७ दिन लगा दिए। जिस पर कार्यवाही विवरण के आदेश बनाने पर जब विभाग को १ माह से अधिक का समय लगा तो इन ४३ बिन्दुओं के कार्यवाही विवरण के परिपालन में कितना समय लगेगा जो जिला शिक्षा अधिकारी पर प्रश्र चिन्ह खड़ा कर रहे है। वहीं कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यवाही विवरण के आदेश में मॉडल स्कूल, उत्कृष्ट स्कूल एवं एकलव्य स्कूल में कक्षा ९ वीं का कट ऑफ लिस्ट उपलब्ध कराना है साथ ही मॉडल स्कूल में दो बाहरी छात्रों के प्रवेश का विवरण उपलब्ध कराना, मॉडल स्कूल एवं उत्कृष्ट स्कूल कमेटी का विवरण, एसडीएम को समस्त मॉडल स्कूल, उत्कृष्ट, एकलव्य स्कूल एवं समस्त छात्रावास विजिट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिपं. द्वारा शा. एकलव्य आवासीय उमावि अनूपपुर के भ्रमण, सहाय आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री स्कूलो के विषयवार स्वीकृत भरे रिक्त पदो की जानकारी उपलब्ध कराए जाने, सहायक आयुक्त से प्राचार्य, व्याख्याता, वरिष्ठ अध्यापक, उच्च श्रेणी शिक्षक, अध्यापक, सहायक शिक्षक, सहायक अध्यापक, भृत्य का संलग्र होने की जानकारी, सहायक आयुक्त बिना अनुमति के किसी भी कर्मचारी को स्थानांतरण एवं संलग्रीकरण नही करने, समस्त छात्रावासो में सीसीटीवी कैमरा एवं फिंगर पिंरट लगवाए जाने, शा. कन्य उमावि बेनीबारी के नवीन भवन में संचालन हेतु पंचनामा तैयार कर ताला तोडने की कार्यवाही, बालिका छात्रावास में पुरूष नही रूकना चाहिए चाहे वे अधीक्षिका का पति हो, सभी बालिका छात्रावास में बाउंड्रीवॉल हेतु प्रस्ताव, शा. कन्या उमावि बेनीबारी के नवीन भवन में संचालन हेतु पंचनामा तैयार कर ताला तोडने की कार्यवाही किए जाने, छात्रावास में ४५ वर्ष से ऊपर के चौकीदार रखा जाए, मॉडल स्कूल, उत्कृष्ट एकलव्य, कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर, जैतहरी, पुष्पराजगढ़ एवं समस्त विद्यालय में लैब संचालन किए जाने, जिले में कराए गए रमासा, आजाका, सर्व शिक्षा अभियान के सभी कार्यो की सीसी, यूसी जारी कराए जाने, जिन स्कूलो में अतिथि शिक्षको के द्वारा अध्यापन कराया गया एवं उनकी रिजल्ट निम्र स्तर पर है उन अतिथि शिक्षको को अध्यापन के लिए न रखे जाने, जनजातीय कार्य विभाग के अधीक्षिका द्वारा कक्षाए नही ली जा रही है उन पर कार्यवाही किए जाने, जिन छात्रावासों में ३ वर्ष से अधिक समय तक अधीक्षिका का कार्यकाल हो गया है उन्हे हटाए जाने, कक्षा ९ वीं से १२ वीं हेतु पानी, टॉयलेट, सफाई, कर्मचारी, फर्नीचर, लैब, एवं अन्य सुविधा की जानकारी, टीएल में समस्या बिजली, पानी को रखना, सभी कार्यालय में महिला एवं पुरूष शौचालय होना, विकासखंड जैतहरी के बालिका छात्रावास के बगल से स्थानांतरित कर सर्व शिक्ष अभियान के बालिका छात्रावास में स्थानंतरित किए जाने, सभी भवन का इन्फ्रा मैपिंग से भौतिक सत्यापन कर फोटो प्रस्तुत करने, सर्व शिक्षा अभियान में ८६ भवन का कार्य अधूरा है जिसमें ४० रिकवरी कोश है जिसे जिला परियोजना समन्वयक एवं सहायक यंत्री सर्व शिक्षा अभियान, सीईओ जिला पंचायतके पास प्रस्तुत करने, मध्यान्ह भोजन कहा-कहां संचालित नही है की जानकारी, सोसाइटी से खाद्यान्न का उठाव रेउंदा एवं बैरीबांध ग्राम पंचायत में चावल नही मिलने, स्व-सहायता समूह को हटाए जाने की कार्यवाही एसडीएम द्वारा किए जाने, युक्ति-युक्तकरण स्कूलो का करना, नए एवं पुराने स्व-सहायता समूह के बारे में चर्चा समूह में कार्य नही करना है बदले जाने, सीडब्लूएसएन छात्रावास में बालक-बालिका का भवन अलग-अलग करना एवं महिला वार्डन नियुक्त करना, प्रोफाइन अपडेशन १०० प्रतिशत होना, स्वीकृत भरे रिक्त पद, ३ वर्षो से अधिक वार्डन की सूची, हॉस्टल में क्षमता सेअधिक सीट भरे होने की जानकारी, गुरूजी प्रकरण को समय सीमा में पूर्ण करना, जनशिक्षक की नियुक्त कब से है की सूची, जनशिक्षक का संकुलवार कब से पदस्थ संबंधी कार्यवाही का विवरण का परिपालन का आदेश दिया गया। लेकिन इस कार्यवाही की बैठक के १ माह से अधिक समय के बाद यह आदेश पारित हुआ है जिससे इन कार्यवाही विवरण का परिपालन में कितना समय लगेगा यह तो समय पर ही पता चलेगा।

गरीबी के कारण पिता पढ़ाई छोडऩे का दबाव

प्रीति पहुंची कलेक्ट्रर के पास जगी आश

अनूपपुरअपनी पढ़ाई के लिये पुष्पराजगढ़ विकासखंड के चिल्हियामार ग्राम निवासी १३ वर्षीय प्रीति पनिका पिता ज्ञानचंद्र पनिका ने अपनी कक्षा नौवी में नामांकन के लिए प्रवेश दिलाने कलेक्टर व डिप्टी कलेक्टर से अपील की। पहले डिप्टी कलेक्टर ऋषि सिघंाई से मिलकर स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिये अनुरोध किया किन्तु जब यहा बात नही बनी तो सीधे कलेक्टर से मिली जहां से तत्काल ही प्रीति के स्कूल में नामांकन कराने के साथ छात्रावास की व्यवस्था बनाने के निर्देश शिक्षा अधिकारियों को कलेक्टर ने दिए। प्रीति ने अपने माता पिता की आर्थिक स्थितियों का हवाला देते हुए बताया कि उसके पिता ज्ञानचंद्र पनिका रिक्शा चलाकर परिवार की परिवार का भरण पोषण करते हैं। मैंने कक्षा ९वीं के लिए एकलव्य स्कूल में प्रवेश परीक्षा दी थी, लेकिन मेरा चयन नहीं हो सका। मैं आगे पढऩा चाहती हूं। लेकिन मेरे पिता गरीबी के कारण मेरी पढ़ाई छुड़वाकर घर में रहने का दबाव बना रहे हैं। कुछ दस्तावेजी व्यवस्थाओं में पूर्व निर्धारित तिथि में मैं अन्य स्कूलों में नामांकन से वंचित हो गई हूं। मुझे स्कूल में नामांकन के साथ रहने व खाने के लिए छात्रावास की भी व्यवस्था करवा दी जाए, ताकि मैं परिवार पर भार बनने से बच आगे की पढ़ाई कर सकू। हालांकि शुरूआत में शिक्षा विभाग ने आनाकानी करने की कोशिश की, लेकिन बाद में कलेक्टर के पास पहुंचे आवेदन में कलेक्टर अनुग्रह पी का कहना था लड़की खुद पढ़ाई जारी रखना चाहती है तो गरीबी के कारण उसकी पढ़ाई बीच में कैसे बाधित होगी। 

अवैध गिट्टी परिवहन करते पकड़े तीन हाईवा, मप्र छग सीमा से कर रहे थे परिवहन

अनूपपुर। राजेन्द्रग्राम में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन की लगातार मिल रही सूचना पर मंगलवार की रात खनिज निरीक्षक सुरेन्द्र पटेल ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान म.प्र.-छत्तीसगढ़ सीमा के बिजौरी व गौरेला गांव के पास अवैध गिट्टी के परिवहन करते तीन हाईवा वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की। जिसमें वाहन चालकों से परिवहन सम्बंधी कागजात की मांग पर चालकों द्वारा कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। खनिज निरीक्षक ने सभी वाहनों एमपी 65 जीए 1447, एमपी 65 जीए 1194 तथा सीजी 16 सीएच 9877 को जब्त करते हुए राजेन्द्रग्राम थाने को सुपुर्द किया। खनिज निरीक्षक का कहना है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान तीनों वाहनों को एक साथ अवैध गिट्टी परिवहन करते पकड़ा गया है। जांच रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया कुर्बानी का पर्व बकरीद ,


अल्लाताला के सजदे में झुके सिर गले मिल एक दूसरे को दी बधाईया
अनूपपुर मुस्लिम समुदायों का ईद-उल-जुहा का पर्व बुधवार को जिले के 18 ईदगाहो में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय सहित जैतहरी, भालूमाड़ा, राजनगर, कोतमा, बिजुरी, रामनगर, चचाई, वेकटनगर सहित अन्य स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों में नमाज अता कर विभिन्न धर्मों के बीच शांति एवं भाईचारे बने रहने की कामना की। इस अवसर पर जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 2 स्थित चंदास नदी के पास बने ईदगाह पर बकरीद की नमाज अता की गई। इस नमाज में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाह पर शामिल होते हुए अल्लाताला के सजदे में सिर नवाए। जहां सुबह 9 बजे से हाफिज मो.सलमान रजा मदीना जामा मस्जिद अनूपपुर द्वारा किया गया। जहां शांतिपूर्ण नमाज अदा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। कुर्बानी के रूप में मनाए जाने वाले मुस्लिम समुदाय के इस पावन त्यौहार पर जिले के प्रशासनिक विभागों से नमाज अदाएगी के दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर जगह-जगह पर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। 51 पुलिस बल उमरिया से बुलाये गये स्थानिय 100 बल के साथ तैनात किए गए थे साथ ही वाहनों के आवागमन को देखते हुए शहर के मुख्य मार्गो पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस तैनात की गई। नमाज के पश्चात मुस्लिम समुदाय के लोगों अतिथियों से गले मिलकर एक दूसरे को ईद-उल-जुहा की बधाई दी। इस अवसर पर कलेक्टर अनुग्रह पी, पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह, अपर कलेक्टर डां.आर.पी.तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैष्णो शर्मा, तहसीलदार ईश्वर प्रधान,एसडीओपी उमेश गर्ग, नपाध्यक्ष राम खेलावन राठौर,थाना प्रभारी प्रभुल्ल राय,यातायात प्रभारी विजेंद्र मिश्रा, नपा अधिकारी, एड. बासुदेव चटर्जी,आशीष त्रिपाठी, पार्षद के साथ जिला मुख्यालय के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



मंगलवार, 21 अगस्त 2018

तालाब के बीच संचालित खनिज एवं नापतौल कार्यालय



बरसात के बाद इस गड्डे में होता है मूर्ती विसर्जन 
अनूपपुर जिला मुख्यालय में वर्ष 2014 से खनिज विभाग एवं नापतौल विभाग के कार्यालय का भवन निर्माण के बाद से इन दोनो जिला कार्यालय तक पहुंचने के लिए सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा है, जहां 20 अगस्त की शाम हुई जोरदार बारिश में दोनो कार्यालयो के परिसर पानी से भरकर तालाबनुमा हो गया है, जहां विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने से पहले पानी से भरे तलाबनुमा गड्डो को पार कर पहुंचना पड़ रहा है। वहीं जिला स्वच्छ व सुगढ बनाने की परिकल्पला वाले इस जिले में तालाब के बीच संचालित दोनो कार्यालयो का नजारा लोगो के लिए अकार्षण का केन्द्र बना है। इतना ही नही बरसात के बाद इस गड्डे में मूर्ती विसर्जन भी किया जाता है।
नापतौल प्रयोगशाला सह कार्यालय २५ लाख २४ हजार की लागत से बना  
वर्ष 2003 में जिला बनने के बाद वर्ष 2005 में जिला नापतौल विभाग का संचालन किराए के भवन में किया गया और वर्ष 2010 में इस कार्यालय के भवन का निर्माण संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर बनाए जाने की प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन भूमि की कमी के कारण बाद इसे संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाउंड्रीवॉल के बगल से भूमि आवंटित कर दी गई और लोक निर्माण विभाग द्वारा 25 लाख 24 हजार की लागत से वर्ष 2012 में जिला नापतौल का प्रयोगशाला सह कार्यालय बनाया गया और 28 जुलाई 2014 को नए भवन में इस कार्यालय का संचालन किया गया। वहीं वर्ष 12-13 में नाप तौल विभाग के बगल से खनिज विभाग का कार्यालय निर्माण लोनिवि द्वारा 18 लाख की लागत से बनाया गया लेकिन दोनो कार्यालय तक पहुंचने के लिए मार्ग न होने के कारण लगातार विभाग द्वारा जिला प्रशासन सहित उच्च अधिकारियों से पत्राचार किया गया, लेकिन 7 वर्ष बीत जाने के बाद इस ओर किसी तरह का ध्यान नही दिया गया।
पानी से भरे तलाबनुमा गड्डो तक पहुंचते लोग
संयुक्त कलेक्ट्रेट के बगल से संचालित खनिज भवन एवं नापतौल विभाग का परिसर 20 अगस्त की शाम से लगातार हुई बारिश के कारण पानी से पूरी तरह भर गया है, एक तरफ नापतौल विभाग का कार्यालय मार्ग विहीन है वहीं दूसरी तरफ पानी की निकासी नही होने के कारण दोनो कार्यालयो के बीच गड्डो में पानी भर जाने के बाद कार्यालय तक पहुंच गया है, जहां तालाब के बीच में दोनो कार्यालयो का दृश्य लोगो को अचंभित कर रहा है। बावजूद इसके जिला प्रशासन द्वारा इस ओर किसी तरह का ध्यान नही दिया जा रहा।
मार्ग विहीन कार्यालय
जिला नापतौल विभाग एवं खनिज विभाग कार्यालय का भवन निर्माण और उसके संचालन के बाद से यहां तक पहुंचने के लिए अब तक मार्ग की व्यवस्था नही होने से परेशानी बनी हुई है, कार्यालय के सामने बड़े-बड़े गड्ढो के साथ ही मूर्तियों के विसर्जन के लिए अस्थाई कुंड बने होने के कारण सड़क निर्माण की व्यवस्था नही हो पाई है, प्रारंभ में माप तौल कार्यालय में आने जाने के लिए संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर के बाउंड्रीवॉल के बीच से रास्ता भी छोड गया गया था। लेकिन जिला प्रशासन द्वारा भी संयुक्त कलेक्ट्रेट की सुरक्षा को देखते हुए भी बाउंड्रीवॉल को बंद करा दिया गया। जिसके अब जिला नापतौल तक पहुंचने के लिए मार्ग नही होने के कारण भी अधिकारियों और कर्मचारियों सहित कार्यालय पहुंचने वाले लोगो एवं व्यापारियों के लिए परेशानी बनी हुई है।
बाउंड्रीवॉल और पानी की समस्या
9 वर्ष तक किराए के भवन में संचालन के बाद नापतौल विभाग वर्ष 28 जुलाई 2014 को स्वयं के भवन स्थानातरित किया गया, लेकिन इस कार्यालय के चारो ओर न तो बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया और न ही पानी की किसी भी प्रकार की व्यवस्था की गई जिसके कारण यहां पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों को पेयजल के लिए संयुक्त कलेक्ट्रेट में जाना पड़ता है जहां पर भी पेयजल की व्यवस्था हितग्राही एवं आवेदक के लिए पहले से बनी हुई है। वहीं पानी की व्यवस्था न होने कारण ाी कार्यालय में साफ-सफाई का अभाव बना हुआ है साथ ही पानी की समस्या के कारण यहां बने शौचालय का उपयोग अधिकारी कर्मचारी नही पा रहे है।
दोनो कार्यालयो तक पहुंचने भटकते लोग
जिले के चारो विकासखंड से पहुंचने वाले व्यापारी अपने कांटा, बांट का सत्यापन करने के लिए जिला नापतौल विभाग कार्यालय के पास तो पहुंच जाते है, लेकिन नापतौल कार्यालय का रास्ता नही मिलने के कारण उन्हे परेशान होना पड़ता है और वे कार्यालय के सामने बड़े-बड़े गड्ढो को पार कर जद्दोजहद करनी पड़ रही है, वहीं जिला प्रशासन ने प्रारंभिक समय में इस कार्यालय के लिए रास्ता न होने के कारण संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर की बाउंड्रीवॉल में जगह छोड कर मापतौल कार्यालय तक पहुंचने के लिए अस्थाई व्यवस्था की गई, लेकिन अब संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा को देखते हुए भी बिना मार्ग के वैकल्पिक व्यवस्था किए मार्ग बंद करा दिया गया था, तब से नापतौल विभाग मार्ग विहीन हो गया है।

जिला अभियोजन कार्यालय सहित जिले भर में दिलाई गईसद्भावना की शपथ



अनूपपुर। भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री, संचार क्रांति के जनक स्व. राजीव गांधी की जयंती के मौके पर जिला न्यायालय के अभियोजन कार्यालय में २० अगस्त की सुबह ११ बजे न्यायालय में उपसंचालक अभियोजन एवं जिला अभियोजन अधिकारी रामनरेश गिरी ने अभियोजन अधिकारियों, कर्मचारियों को भावनात्मक एकता व सद्भावना की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में हमेंत अग्रवाल(एडीपीओ) राकेश पांडेय (एडीपीओ) जितेन्द्र कुमार रजक, शैलेन्द्र जगेत, आलम हुसैन कादरी (एपीसीडी), विजयशंकर मिश्रा सहित अन्य सम्मिलित रहे। वहीं राजनगर में नगरवासियों ने सद्भावना का संकल्प लेते हुए राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान लोगों ने राजीव गांधी के याद में उनके जीवनवृतांत पर प्रकाश डालकर उन्हें याद किया। जबकि बदरा जमुना में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी के जयंती के अवसर पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में जिला कांग्रेस महिला कमेटी ने संकल्प दिवस के रूप मनाया। भालूमाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में विचार गोष्ठी  रखी गई। जिसमें स्व. राजीव गांधी की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर गांधी पर विस्तार से विचार रखा गया।

सट्टा खिलाते तीन सटोरियो से 3870 रूपए नगद जब्त



अनूपपुर। पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह के निर्देशन व एसडीओपी उमेश गर्ग के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने २० अगस्त की रात तीन सटोरियों पर कार्यवाही करते हुए उनके पास से ३८७० रूपए नगद जब्त कर ४ जुआं एक्ट की कार्यवाही की गई। मामले की जानकारी देते हुए सहायक उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे ने बताया कि सट्टे की लगातार शिकायत के बाद कोतवाली निरीक्षक प्रफुल्ल राय के निर्देशन में तीन लोगो पर कार्यवाही की गई जिसमें मो. हलील पिता मो. शेख सलीम उम्र ३५ वर्ष निवासी सब्जीमंडी को सट्टा खिलाते हुए रंग हाथो गिरफ्तार किया गया जिसके पास से ११२० रूपए नगद, विक्की उर्फ अबरार उम्र २८ वर्ष निवासी सब्जीमंडी से १ हजार २५० रूपए, कल्याण पटेल पिता सरमन पटेल उम्र २८ वर्ष निवासी ग्राम दुलहरा को १ हजार ५०० रूपए नगद सहित सट्टा पट्टी जब्त करते हुए ४ क जुआं एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। वहीं तीनो ही मामलो में आरोपियों ने असलम उर्फ ज्वांयटी पिता युनूस निवासी मस्जिद मोहल्ला को दिए जाने की बात पर धारा १०९ के तहत कार्यवाही की गई।

कलेक्ट्रर की कार्यवाही से नाराज सहायक आयुक्त हुऐ लापता,



डिप्टी कलेक्टर को मिला प्रशासकीय प्रभार
अनूपपुर वित्तीय अनियमितता एवं कार्यो में लापरवाही बरतने के मामले में कलेक्टर ने 7 अगस्त सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग पी.एन.चतुर्वेदी से वित्तीय अधिकार से हटाते हुए जिला पंचायत सीईओ डॉ. सलोनी सिडाना को प्रभार एवं पी.एन.चतुर्वेदी को प्रशासकीय कार्य संपादित किए जाने के आदेश दिए थे। जिसके बाद वित्तीय अधिकार छिनने के बाद सहायक आयुक्त पी.एन. चतुर्वेदी ने 10 अगस्त को आदेश क्रमांक/2888/समा.स्था./ज. का.वि/2018 जारी करते हुए सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर का प्रभार सहायक संचालक शिक्षा महेन्द्र यादव को सौंप कार्यालय से लगातार अनुपस्थित रहे। जहां महेन्द्र यादव ने पत्र के माध्यम से इस आदेश न्याय संगत नही होने पर आदेश निरस्त करने सहायक आयुक्त को पत्र लिखा गया। जिसके बाद पूरा मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर सहायक आयुक्त पी.एन.चतुर्वेदी को अपने स्तर से बिना सक्षम स्वीकृति/अनुमोदन प्राप्त किए बिना कार्यालय से लगातार अनुपस्थित होने तथा शासकीय कार्य प्रभावित होने पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर का प्रशासकीय प्रभारी डिप्टी कलेक्टर ऋषि कुमार सिंघई को आगामी आदेश तक सौंपा है। जहां डिप्टी कलेक्टर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशन में पदीय दायितवो का निवर्हन करेगे। जहां 21 अगस्त को डिप्टी कलेक्टर ने सहायक आयुक्त का प्रभार लिया।
नियम विरूद्ध तरीके से सहायक आयुक्त ने सहायक संचालक को दिया प्रभार
जिसके बाद सहायक संचालक महेन्द्र यादव जनजातीय कार्य विभाग ने 13 अगस्त को सहायक आयुक्त को 3 बिन्दुओं का पत्र क्रमांक/2894/सा.स्था./ज.का.वि/2018 के माध्यम से बताया की शासन स्तर आप स्वयं पदस्थ है तथा कार्यालय के प्रभारी अधिकारी है तथा आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग म.प्र. के आदेश क्रमांक/ शि.स्था. 1/821/2018/6466 भोपाल दिनांक 16 फरवरी के द्वारा मेरी पदस्थापना सहायक संचालक शिक्षा के पद पर की गई है। मेरे द्वारा शासन के निर्देशानुसार कर्तव्यों का निर्वहन किया जा रहा है, जहां तक सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग पद पर पदस्थापना एवं कार्य व्यवस्था का प्रश्र है तो इस संबंध में यह कार्यवाही शासन एवं सक्षम प्राधिकारी स्तर से की जाती है आपके आदेश के माध्यम से स्वयं ही सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर कार्यालय के प्रभार व्यवस्था विषयक आदेश जारी करते हुए कार्यालय का प्रभार मुझे सौंपा जाना नियम संगत प्रतीत नही है, जिस पर आदेश निरस्त किए जाने की मांग की गई।
वित्तीय अनियमितता मामले में हटाए गए थे सहायक संचालक
7 अगस्त को कलेक्टर ने वर्ष 2015-16, 2016-17 में छात्रावास आश्रमो के लिए सामग्री प्रतिपूर्ति मद से उपलब्ध कराए गए बजट आवंटन 692.17 लाख रूपए बिना क्रय समिति गठित कराए राशि छात्रावास आश्रमों के पालक शिक्षक संघ के खाते में नियम विरूद्ध तरीके से प्रदाय किए जाने के कारण तथा बिना कोई सूचना एवं अवकाश स्वीकृत कराए मुख्यालय एवं साप्ताहिक समय-सीमा बैठको में प्रय: अनुपस्थित रहने, जिले में जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत बैगा महिलाओं को पोषण आहार सहायता की राशि समय पर प्रदाय एवं सर्वेक्षण नही कराए जाने एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों का तत्परतापूर्वक समय-सीमा में क्रियान्वयन नही कराए जाने के कारण सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग पी.एन. चतुर्वेदी, जनजातीय कर्य विभाग अनूपपुर के वित्तीय अधिकार को स्थगित कर म.प्र. वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2012 भाग एक, खंड एक के क्रमांक 1.11 में प्रदत्त अधिकारो का प्रयोग करते हुए सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग अनूपपुर एवं सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अनूपपुर का वित्तीय अधिकार, आहरण संवितरण अधिकार एवं प्रशासकीय अधिकार जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना को सौंपा गया।

मारपीट और शराब मामले में आरोपियों को मिली कारावास व अर्थदंड की सजा



अनूपपुर। कोतमा न्यायालय ने दो अलग अलग मामलों में चार आरोपियों को दोषी पाते हुए तीन हजार से अधिक के जुर्माने की सजा सुनाई है। मीडिया प्रभारी राकेश पांडेय के अनुसार अभियोजन अधिकारी कोतमा राजगौरव तिवारी ने बताया कि बिजुरी थाना क्षेत्र निवासी रामदास, लखन और रामनाथ द्वारा ग्राम सरिस्ताल बिजुरी में मंत्रीबाई के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी सूचना कोतमा थाने में दर्ज कराई। अनुसंधान के बाद मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां अभियोजन अधिकारी के तर्को के उपरांत न्यायालय ने तीनों आरोपियों को कारावास के साथ ७००-७०० कुल २१०० रूपए अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं न्यायालय द्वारा जयमंत्रीबाई को अपील अवधि बाद १ हजार ५०० रूपए बतौर प्रतिकर दिए जाने का आदेश दिया। जबकि एक अन्य मामले में भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब रखे पकड़े गए आरोपी जीतेन्द्र के खिलाफ न्यायालय ने एक हजार रूपए का अर्थदंड की सजा सुनाई।

उपजिलाध्यक्ष ने किया आवेदकों की समस्याओं का किया त्वरित निदान



अनूपपुर। जनसुनवाई में उपजिलाध्यक्ष ऋ षि कुमार सिंघई ने आवेदकों की समस्याओं को सुनकर सम्बंधित अधिकारियों से चर्चा कर उनका त्वरित निदान किया। जनसुनवाई में ग्राम उरतान तहसील कोतमा के निवासी अयोध्या नापित पिता छोटा उर्फ गंगा नापित ने पुस्तैनी पुराने कच्चे मकान के स्थान पर प्रधानमंत्री आवास निर्माण में विवाद करनें के संबंध में, वार्ड नं० ०५ जैतहरी निवासी रीनू कोरी सहायता रािश नाबलिक के खातें में राशि जमा कराये जाने के संबंध में,ग्राम पंचायत बसखली विकासखण्ड कोतमा निवासी मो०युसुफ पिता मो० नूर ने पी०ए० आवास निर्माण कराने में आये बाधा के संबंध में,ग्राम दर्रीटोला ग्राम पंचायत धनगवां तह० जैतहरी रामरती चौधरी पति प्यारेलाल ने अंतेष्टिी एवं अनुग्रह सहायता का पूरा पैसा बिना वारिसदार की जानकारी के निकलवा लेने के संबंध आदि सम्बंध में आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

जिला परिवहन कार्यालय में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार



अनूपपुर। जिला मुख्यालय में 4 किमी दूर स्थित ग्राम हर्री-बर्री में संचालित जिला परिवहन कार्यालय में 26 जुलाई की रात अज्ञात चोरो द्वारा कार्यालय में घुस कर कक्ष में रखे कम्प्यूटर सेट चोरी कर लिए जाने की सूचना परिवहन विभाग द्वारा कोतवाली अनूपपुर में दी गई, जहां कोतवाली निरीक्षक प्रफुल्ल राय ने घटना की सूचना के बाद सहायक उप निरीक्षक पीडी अंधवान को जांच सौंपी गई। जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर 21 अगस्त को दो लोगो जिनमें आशीष कुमार पिता राम प्रसाद विश्वकर्मा एवं तेजलाल उर्फ सूरज पिता गोविंद उर्फ लल्लू राठौर दोनो निवासी सेंदुरी को संदेह के आधार पर पकडकर पूछताछ की गई की गई, जिस पर दोनो आरोपियों ने परिवहन कार्यालय से कम्प्यूटर सेट चोरी करना कबूला जिस पर पुलिस ने दोनो के घरो से कम्प्यूटर सेट जिसमें मॉनीटर, माऊस, कीबोर्ड, सीपीयू आदि जब्त करते हुए दोनो आरोपियो के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत गिरफ्तार किया गया।

अमरकंटक जैन मंदिर परिसर के पास 5 पेड़ कट कर मिट्टी मुरूम में रखा गया ढ़क कर

नायब तहसीलदार ने कार्रवाई सभी जप्त
अनूपपुर अमरकंटक में मंदिर और आश्रमों की आड़ में ऐसे रोजाना पेड़ो की कटाई का कार्य किया जाता है। लगातार प्रशासन को जानकारी देने के बाद भी प्रशासन में बैठे लोग आंख मूंद लेते थे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जैन मंदिर पार्किंग क्षेत्र में पेड़ काटे जाने की मिली सूचना मिली जिस पर एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार ने कार्रवाई करते हुए जैन मंदिर परिसर के पास 5 साल के पेड़ कटे पाए। इसमें दो पेड़ बिना मिट्टी व 3 पेड़ मिट्टी मुरूम से ढ़क मिला। जांच पड़ताल में पेड़ लगभग दो से तीन दिन पूर्व काटा जाना पाया गया। कटे सभी पेड़ की गोलाई व लम्बाई 172 सेमी व 10 सेमी, 144 सेमी व 10 सेमी, 144 सेमी व 25 सेमी, 124 सेमी व 15 सेमी, 240 सेमी व 30 सेमी पाया गया। इसी दौरान अतिक्रमण क्षेत्र में बने राजेन्द्र मोगरे पिता गेंदलाल मोगरे के घर की बाड़ी के बगल में भी 8 नग हरी साल के मोटे पेड़ की कटिंग का हिस्सा मिला। जिसकी लंबाई व मोटाई 160 सेमी व 1 मीटर, 120 सेमी व 90 सेमी, 90 सेमी व 80 सेमी, 130 सेमी व 50 सेमी, 150 सेमी व 90 सेमी, 140 सेमी व 64 सेमी, 130 सेमी व 72 सेमी, 1 मीटर व 74 सेमी पाया गया। इस दौरान जैन मंदिर परिसर के अंदर खसरा नंबर 211/1 रकवा 4.680 हेक्टेयर में साल के पेड़ की रखी लकड़ी को ढूंढ़ा गया। जिसमे मंदिर के उत्तरी भाग पर जेसीबी मशीन से खुदाई कर 9 साल के पेड़ की कटिंग निकली गई। जिसमें 270 सेमी व 90 सेमी, 310 सेमी व 60 सेमी, 230 सेमी व 110 सेमी, 230 सेमी व 135 सेमी, 3 मीटर व 110 सेमी, 150 सेमी व 190 सेमी, 170 सेमी व 54 सेमी, 150 सेमी व 64 सेमी की लकड़ी थी। इस प्रकार  जैन मंदिर परिसर से 10  नग पेड़ो की कटिंग तथा राजेन्द्र मोगरे की बाड़ी से 8 नग पेड़ो के कटिंग निरीक्षण दल को मिले हैं। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार, बीटगार्ड, सीएमओ अमरकंटक, नपा उपाध्यक्ष अमरकंटक रामगोपाल द्विवेदी, भगवानदास, शंकर लाल, कन्हैया लाल, शारदा प्रसाद, मनीराम सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे। बावजूद पेड़ काटने के मामले में राजस्व विभाग और नगरपालिका ने अबतक कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक इन पेड़ों की कटाई में नपा सीएमओ अमरकंटक सुरेन्द्र सिंह उईके ने कार्रवाई करने से पल्ला झाड़ते हुए मामला देखने की बात कही। वहीं नायब तहसीलदार पंकज नयन तिवारी ने भी दो दिनों बाद कार्रवाई करने की बात कही। बताया जाता है कि लकडिय़ों की जब्ती के बाद राजस्व विभाग ने इन लकडिय़ों को वनविभाग डिपो में सुपुर्द करवा दी है। नगरवासियों का कहना है कि अमरकंटक में मंदिर और आश्रमों की आड़ में ऐसे रोजाना पेड़ो की कटाई का कार्य किया जाता है। लेकिन हर बार नगरपालिका और प्रशासन आंखें मूंद लेती है
इनका कहना है
मामला दर्ज किया जाकर एसडीएम न्यायालय में रिपोर्ट पेश की जाएगी। 
पंकज नयन तिवारी, नायब तहसीलदार पुष्पराजगढ़।

सोमवार, 20 अगस्त 2018

चाकू चमकाते युवक गिरफ्तार



अनूपपुर। राजेन्द्रग्राम थाना क्षेत्र के धनपुरी पिपरहा गांव में चोरी की नियत से रविवार १९ अगस्त की शाम हाथों में चाकू लेकर धूम रहे युवक इरफान खान पिता ताज मोहम्मद को देख ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से एक एक बड़ी चाकू सहित छोटी चाकू व एक मोबाईल तथा एक लाईटर जब्त की। पुलिस ने युवक के खिलाफ २५ बी आम्र्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों का कहना था कि चोरी की नियत से युवक गांव की ओर चाकू लेकर आया था, जहां चाकू चमकाते हुए लोगों को डरा रहा था।



रिश्वत की पूरी रकम नही दी तो नौकरी से निकाला



कलेक्टर से शिकायत के बाद भी नही मिला न्याय
अनूपपुरशासकीय अनुसूचित जाति सीनियर कन्या (हरिजन) छात्रावास कोतमा में बीते तीन वर्ष 2015-16 से मजदूरी दर पर भृत्य के पद पर संरक्षित बैगा जनजाति की महिला अमर कली बैगा की पति की मृत्यु 3 वर्ष पूर्व हो चुकी है। किसी तरह बालिका छात्रावास में अनियमित चपरासी की नौकरी कर अपने दो छोटे बच्चो का पेट पाल रही थी। जिसे छात्रावास अधीक्षिका राधा प्रजापति द्वारा सहायक आयुक्त विभाग में पदस्थ अपने रिश्तेदार द्वारा नियमित कराने के नाम पर 30 हजार रूपए की मांग की गई थी। जिसमे अमर कली द्वारा 12 हजार रूपए दे दिया गया था। शेष रकम देने के लिए छात्रावास अधीक्षिका राधा प्रजापति द्वारा लगातार दवाब बनाया जा रहा था। जिसमे अमरकली शेष रकम देने में असमर्थता बताई। रकम न मिल पाने के कारण अमरकली बैगा को छात्रावास अधीक्षिका द्वारा नौकरी से निकाल कर दूसरे को रख लिया गया। नौकरी से निकाले जाने और रिस्वत की रकम वापस न मिलन से दुखित हो शासन से की न्याय की मांग, जिस पर अमरकली बैगा द्वारा अनपुपर कलेक्टर से 13 जुलाई को लिखित शिकायत की गयी थी। जिस पर कलेक्टर ने मामले की जांच करवाकर न्याय दिलाने की बात कही गई थी। मगर शिकायत के एक माह बीत जाने पर कोई कार्यवाही न होने पर महिला द्वारा जनसुनवाई में 7 अगस्त 2018 को भी अनूपपुर कलेक्टर के यहां दोबारा लिखित शिकायत की गई फिर भी आज तक न कोई जांच हुई और न न्याय मिला।
छात्रावास सहित घरेलू काम भी कराती थी अधीक्षिका
शासन के नियमानुसार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी से छात्रावास में मात्र 10 महीने ही नौकरी का प्रावधान है चूंकि गर्मी में बच्चो की छुट्टी रहती है। वावजूद उसके अधीक्षिका द्वारा ड्यूटी टाइम के अलावा पूरी गर्मी में अपने घर का काम भी कराया जाता रहा है। वहीं नौकरी से निकाले जाने एवं आर्थिक तंगी सहित बीमारी से जूझ रही संरक्षित बैगा द्वारा की गई शिकायत पर कोई कार्यवाही नही हो हुई जिस पर अमर कली बैगा की शासन से अधीक्षिका द्वारा लिए गए रिश्वत का पैसा वापस दिलाने और नौकरी दिलाने की मांग है ताकि अपने गरीब बच्चो का पेट पाल सके।
इनका कहना है
पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पर कार्यवाही होगी।
अनुग्रह पी, कलेक्टर अनूपपुर

एकलव्य आवासीय विद्यालय के 7 कर्मचारियों को 6 माह से नही मिला वेतन



आर्थिक तंगी से परेशान कर्मचारियों ने अन्यंत्र पदस्थापना की कि मांग
अनूपपुर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अनूपपुर में पदस्थ स्थाई कर्मी 6 एवं 1 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को बीते ६ माह से वेतन नही मिल सका है। जिस संबंध में कर्मचारियों द्वारा लगातार प्राचार्य, सहायक आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ एवं कलेक्टर को लिखित आवेदन देते हुए वेतन दिलाए जाने मांग की गई। लेकिन अब तक इस ओर जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नही की। जहां बीते 6 माह से वेतन नही मिलने के कारण 7 कर्मचारियों को आर्थिक तंगी का सामना लगातार करना पड़ रहा है।
बजट मिलने पर वेतन का दिया गया था आश्वासन
जानकारी के अनुसार एकलव्य आवासीय विद्यालय में 7 कर्मचारियों को नियुक्ति दिनांक से मजदूरी मद आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के डीडीओ के माध्यम से स्थाई कर्मियो एवं दैनिक वेतन भोगीयो का भुगतान किया जाता था। जहां वित्तीय वर्ष 2018-19 से मजदूरी मद में बजट न देने के कारण 7 कर्मचारियों को माह मार्च 2018 से अब तक वेतन नही मिल सका है। जबकि नियमित कर्मचारियों का वेतन भुगतान आदर्श उमा. विद्यालय के डीडीओ से आज भी किया जा रहा है। वहीं स्थाई एवं दैनिक कर्मियो का वेतन हेतु मजदूरी मद में बजट देना रोक दिया गया है।
सीएम हेल्प लाईन सहित मुख्यमंत्री से हुई शिकायत
एकलव्य विद्यालय के स्थाई व दैनिक वेतन भोगियों को बीते 6 माह से वेतन न मिलने के कारण भृत्य भान सिंह ने सीएम हेल्प लाईन नंबर 6728098, देवेन पुरी गोस्वामी सीएम हेल्पलाईन नंबर 6669252 एवं रसोईयां परशुराम केवट द्वारा सीएम हेल्मलाईन नंबर 6672341 में सीएम हेल्पलाईन में भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कर्मचारियों के वेतन भुगतान संबंधी किसी तरह की कार्यवाही नही की जा सकी है। वहीं 6 माह से लगातार वेतन नही मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मियों ने जन आर्शिवाद यात्रा में अनूपपुर पहुंच मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंप वेतन दिलाए जाने की मांग की गई थी। वहीं एकलव्य में पदस्थ सातों कर्मचारियों ने अन्यंत्र पदस्थापना करने की मांग की है जिससे समय पर वेतन भुगतान हो सके।
इनका कहना है
मुझे जानकारी मिली है, मामले की जांच कराकर जल्द ही वेतन का भुगतान कराया जाएगा।
अनुग्रह पी, कलेक्टर अनूपपुर

भारत रत्न प्राप्त पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की मनाई गई जयंती



अनूपपुरजिला कांग्रेस द्वारा 20 अगस्त को अंबेडकर भवन में भारत रत्न प्राप्त पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती मनाई गई, इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की छायाचित्र पर दीप प्रज्जवलित कर माल्याणर्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं म.प्र. कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बिसाहू लाल सिंह, विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस से नियुक्त प्रभारी राहुल साल्वे द्वारा स्व. राजीव गांधी द्वारा जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक भारत का स्वप्र दृष्टया एवं संचार क्रांति का जनक बताया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, गीता सिंह, प्रेम कुमार त्रिपाठी, रामनरेश गर्ग, रामखेलावन राठौर, भगवती शुक्ला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राम सिंह, उदय सिंह, धीरेन्द्र सिंह, बृजेश सिंह, शिव कुमार गुप्ता, मोहित पटेल, राकेश गुप्ता, धर्मेन्द्र सोनी, संजय सोनी, रियाज अहमद, अनिल पटेल, यशोदा सिंह, विमला पटेल, रेहाना बानो, योगेन्द्र राय, जयंत राव, बेदक पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जयंतराव के द्वारा किया गया।

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...