अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों में पशुधन को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजुरी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत उमरदा के पकरिया गांव में खेत में धान की रोपाई कर रही महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिर गई। थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि घटना में पुनिया साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार की मुनी बाई और सुनीता साहू गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पुनिया साहू को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, कोतमा थाना क्षेत्र के पथरोड़ी गांव में राइस मिल के पास बकरियां चराने गए 45 वर्षीय मोतीलाल यादव की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि बारिश शुरू होने पर मोतीलाल एक अस्थायी झोपड़ी में शरण लेने पहुंचे थे, तभी वे बिजली की चपेट में आ गए। इस घटना में उनके मवेशियों को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस बीच, कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने दोनों घटनाओं पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कोतमा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिलते ही उन्होंने संबंधित एसडीएम से दूरभाष पर चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आवश्यक राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी घायलों का तत्काल एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें