https://halchalanuppur.blogspot.com

बुधवार, 22 जुलाई 2026

कांग्रेस ने छात्रों की समस्याओं पर केंद्र सरकार को घेरा, परीक्षा सुधार और एनआईटी भंग करने की उठाई मांग



पत्राकार वार्ता में एआईसीसी समन्वयक प्रतिभा रघुवंशी ने केंद्र पर बोला हमला 

अनूपपुर। कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान की एआईसीसी समन्वयक प्रतिभा रघुवंशी ने बुधवार को अनूपपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संसद मार्च के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की गई और राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों को हिरासत में लिया गया, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। वहीं  दिल्ली की कार्रवाई के विरोध में रेलवे चौक में रात में प्रदर्शन भी किया।

इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गुड्डू श्याम सिंह चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश सिंह, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनवेंद्र मिश्रा, जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष रजन राठौर, पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रफी अहमद सहित अन्य उपस्थित रहे।

रघुवंशी ने कहा कि देशभर से हजारों छात्र-युवा अपनी मांगों को लेकर दिल्ली पहुंचे थे, ताकि सरकार उनकी समस्याएं सुने और समाधान निकाले। लेकिन संवाद के बजाय उन्हें पुलिस बल का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, महिला छात्रों के साथ दुर्व्यवहार हुआ और कई छात्र-छात्राएं घायल हुए।

उन्होंने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांगें निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षाएं, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने संवाद के बजाय दमन का रास्ता अपनाया, जबकि पेपर लीक, भर्ती में देरी और परीक्षा अनियमितताओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

प्रतिभा रघुवंशी ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में कम-से-कम 152 पेपर लीक की घटनाओं से 7.5 करोड़ से अधिक छात्र प्रभावित हुए हैं। उनके अनुसार, परीक्षाएं रद्द होने, परिणामों में देरी और भर्ती प्रक्रियाओं के लंबित रहने से युवाओं का भरोसा शिक्षा व्यवस्था पर कमजोर हुआ है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली के स्वतंत्र ऑडिट, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, संसद में शिक्षा व्यवस्था पर विशेष चर्चा, छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की स्वतंत्र जांच तथा परीक्षाओं और भर्तियों के लिए बाध्यकारी वार्षिक कैलेंडर लागू करने की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठाती रहेगी। 

दिल्ली की कार्रवाई के विरोध में रात में किया प्रदर्शन

मंगलवार रात जिला कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की दिल्ली में हुई हिरासत के विरोध में प्रदर्शन किया। रेलवे स्टेशन चौराहा पर हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के पोस्टर जलाए, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिला कांग्रेस कार्यालय से रेलवे स्टेशन चौक तक पैदल मार्च निकाला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार 'गुड्डू' चौहान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में शाम से हो रही बारिश के बावजूद कार्यकर्ता डटे रहे। प्रदर्शन कई घंटों तक चला। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास आयोजित प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और संसद में पेपर लीक मामले पर चर्चा की मांग को लेकर किया गया था।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कांग्रेस ने छात्रों की समस्याओं पर केंद्र सरकार को घेरा, परीक्षा सुधार और एनआईटी भंग करने की उठाई मांग

पत्राकार वार्ता में एआईसीसी समन्वयक प्रतिभा रघुवंशी ने केंद्र पर बोला हमला  अनूपपुर। कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान की एआईसीस...