https://halchalanuppur.blogspot.com

गुरुवार, 18 अप्रैल 2024

शहडोल लोकसभा: 2199 मतदान केंद्रों में पहुंचा मतदान दल, 17.76 लाख से अधिक मतदाता 19 अप्रैल को करेंगे मतदान


192 मतदान केंद्रो को पूरी तरह महिलायें के हाथों में, 462 में दो महिला प्रबंधकीय बूथ की व्यवस्था, दल पहुंचा मतदान केंद्र

अनूपपुर। लोकसभा चुनाव में 19 अप्रैल को प्रथम चरण के लिए गुरूवार को लोकसभा की 8 विधानसभा से 2199 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्र पहुंच चुकें हैं। लोकसभा संसदीय क्षेत्र में शहडोल लोकसभा में शहडोल जिले की दो जयसिंहनगर एवं जैतपुर, अनूपपुर जिले की तीन कोतमा, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़, उमरिया जिले की दो मानपुर व बांधवगढ़ एवं कटनी जिले की एक बडवारा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

जहां 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 4 जिलों की 8 विधानसभा क्षेत्र के 17 लाख 76 हजार 730 जिसमें 9 लाख 1 हजार 220 पुरुष, महिला 8 लाख 75 हजार 944 एवं थर्ड जेंडर के 20 मतदाता 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान करेंगे। जहां 196 मतदान केंद्रों में संचालन का कार्य पूरी तरह महिलायें करेंगी। 462 मतदान केंद्रों में दो महिला प्रबंधकीय बूथ की व्यवस्था की गई है। 128 मतदान केंद्रों का माडल मतदान केंद्र बनाया गया हैं। वहीं लोकसभा के पांच मतदान केंद्रों को पूरी तरह दिव्यांग कर्मचारी संभालेंगे।

अनूपपुर जिले में 5 लाख 35 हजार 594 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें 2 लाख 69 हजार 492 पुरुष, 2 लाख 66 हजार 95 महिला मतदाता और 7 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। कोतमा विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 51 हजार 979 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें 76 हजार 587 पुरुष तथा 75 हजार 388 महिला मतदाता तथा 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 80 हजार 538 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें 91 हजार 491 पुरुष, 89 हजार 45 महिला मतदाता और 2 अन्य मतदाता शामिल हैं। पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 3 हजार 77 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें एक लाख एक हजार 414 पुरुष, एक लाख एक हजार 662 महिला मतदाता और 1 अन्य मतदाता शामिल हैं।

शहडोल जिले की जयसिंहनगर विधानसभा में 301 मतदान केंद्र में 2 लाख 58 हजार 180 जिसमें पुरुष 1 लाख 30 हजार 534, महिला 1 लाख 27 हजार 640 एवं 6 अन्य, जैतपुर विधानसभा के 315 मतदान केंद्रों में कुल मतदाता 2 लाख 49 हजार 248 एवं 4 अन्य, जिसमे पुरुष 1 लाख 25 हजार 938, महिला 1 लाख 23 हजार हजार 275 एवं अन्‍य 4  मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे।

उमरिया जिले की की बांधवगढ़ विधानसभा में 271 मतदान केंद्रों में 2 लाख 28 हजार 539 जिसमें पुरूष 1 लाख 16 हजार 493, महिला 1 लाख 12 हजार 44 एवं दो अन्य, मानपुर विधानसभा में 314 मतदान केंद्र में 2 लाख 50 हजार 166 जिसमें पुरुष 1 लाख 28 हजार 561 महिला मतदाता 1 लाख 21 हजार 605 मतदाता हैं। कटनी जिले की बड़वारा विधानसभा में 299 मतदान केंद्रों में 2 लाख 55 हजार 3 जिसमें पुरुष 1 लाख 30 हजार 202, महिला 1 लाख 25 हजार 285 अन्य 1 शामिल हैं।

434 मतदान केन्द्रों की वेबकास्टिंग

अनूपपुर जिले के 699 मतदान केन्द्रों में से की जाएगी तथा 9 मतदान केन्द्रों में सीसीटीवी की व्यवस्था रहेगी। 699 मतदान केन्द्रों में 102 संवेदनशील मतदान केन्द्र भी शामिल हैं।

अनूपपुर जिले में 699 मतदान केंद्र, 3072 मतदान कार्मिकों की तैनातगी

जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 699 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्र. 01, 02, 03 व पी-2 बी (जिन मतदान केंद्रों में 1200 से अधिक मतदाता हैं, वहां नियुक्त किए गए हैं) के रूप में 3072 मतदान कार्मिक तैनात किए गए हैं। अतिरिक्त रूप से मतदान दल का 10 प्रतिशत रिजर्व दल के रूप में मतदान कार्मिकों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

26 आदर्श मतदान केंद्र

अनूपपुर जिले में 26 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 86-कोतमा विधानसभा क्षेत्र में 5, 87-अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र में 10 और 88-पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 11 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

192 पूर्ण महिला प्रबंधकीय बूथ बनाए गए

शहडोल लोकसभा की 8 विधानसभा में 192 पूर्ण महिला प्रबंधकीय बूथ बनाए गए हैं। अनूपपुर जिले में 45, शहडोल जिले में 51, उमरिया जिले में 66 एवं बडवाडा विधानसभा 30 पूर्ण महिला प्रबंधकीय बूथ बनाए गए हैं। जिनमें कोतमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 15, अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 20 और पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 10 पूर्ण महिला प्रबंधकीय बूथ बनाए गए हैं।

462 मतदान केंद्रों में दो महिला प्रबंधकीय बूथ की व्यवस्था

शहडोल लोकसभा की 8 विधानसभा में 462 मतदान केंद्रों में दो महिला प्रबंधकीय बूथ की बनाया गया हैं। जिसमें अनूपपुर जिले की तीन विधानसभा में 235 मतदान केंद्र शामि�ल हैं। शहडोल जिले की दो विधानसभा में 197, बडवाडा विधानसभा में 30 मतदान केंद्र हैं। उमरिया जिलेकी दोनो विधानसभा में कोई नहीं हैं। जयसिंहनगर विधानसभा में 130, जैतपुर विधानसभा में 67, कोतमा विधानसभा में 45, अनूपपुर विधानसभा में 100 और पुष्पराजगढ़ विधानसभा में 90 मतदान केंद्रों में दो महिला प्रबंधकीय बूथ की व्यवस्था की गई है।

70 सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति

निर्वाचन एवं कानून व्यवस्था की दृष्टि से अनूपपुर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 70 सेक्टर बनाए गए हैं। जिनमें 70 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। साथ ही पुलिस अधिकारियों और पुलिस मोबाइल पार्टी की भी तैनातगी की गई है। कोतमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 18 सेक्टरों में 18 सेक्टर अधिकारी, अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 22 सेक्टरों में 22 सेक्टर अधिकारी तथा पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 30 सेक्टरों में 30 सेक्टर अधिकारी बनाए गए हैं। इसके साथ ही एक-एक स्वास्थ्य अधिकारी सेक्टर में तैनात किए गए हैं। जिले में 302 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।

2090 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी व सुरक्षा दस्ते शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए किए गए तैनात

लोकसभा निर्वाचन 2024 में कानून व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह पवार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इरशाद मंसूरी के नेतृत्व में जिले के सभी मतदान केन्द्र स्तर पर सुरक्षा बलों की सख्त व्यवस्था की गई है। 70 निर्वाचन सेक्टरों में सेक्टर अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन की सुचिता को बनाए रखने के लिए सीएपीएफ के 72, सशस्त्र बल 10 वीं वाहिनी के 44, जीआरपी के 50, एसएपी के 67, होमगार्ड छत्तीसगढ़ के 200 जवान, उज्जैन होमगार्ड के 400 जवान, उज्जैन पुलिस फोर्स के 80 तथा सेक्टर एवं पोलिंग बूथ में पुलिस के 102 अधिकारी, एसएसटी, एफएसटी नाका व पोलिंग बूथ में 334 पुलिस कार्मिक, 23 रिजर्व बल सहित 2090 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का बल लगाया गया है। जो सुरक्षा की कमान संभालेंगे। निर्वाचन के दौरान कार्यपालिक दण्डाधिकारियों के साथ पुलिस बल के साथ ही क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) थाना स्तर पर बनाई गई है। कन्ट्रोल रूम स्थापित कर विशेष सुरक्षा दस्ता तैनात किया गया है। जिले में बनाए गए 699 मतदान केन्द्रो में विशेष पुलिस अधिकारियों की तैनातगी की गई है।

इनके बीच हो रहा है मुकाबला

लोकसभा में 10 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें भाजपा से हिमाद्री सिंह, कांग्रेस से फुंदेलाल सिंह माकों, बसपा से  धनीराम कोल, गोंगपा अनिल सिंह धुर्वे, पीपल्स पार्टी आफ इंडिया अमृतलाल सिंह उइके, छत्तीसगढ़ विकास गंगा राष्ट्रीय पार्टी डा. दुर्गावती भरिया, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी रविकरण सिंह धुर्वे, कम्युनिष्ट पार्टी आफ इंडिया समर शाह सिंह गोंड सहित दो निर्दलीय उम्मीदवार केशकली बैगा और गुंजान सिंह हैं।

 

 

 

  

बुधवार, 17 अप्रैल 2024

अनूपपुर से गुजरेगी दुर्ग-जबलपुर-दुर्ग के मध्य 09 फेरों के लिए चलेगी ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन

 


यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की विशेष पहल

अनूपपुर। ग्रीष्मकालीन के दौरान ट्रेनों में यात्रियो की होने वाली अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुये उन्हें कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु दुर्ग-जबलपुर-दुर्ग के मध्य अनूपपुर से होकर 09 फेरों के लिए अतिरिक्त ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 22 अप्रैल से दुर्ग से एवं 23 अप्रैल से जबलपुर से चलेगी।

इस गाड़ी का ठहराव अनूपपुर सहित 10 स्‍टेशनों में होगा।

 यह गाड़ी जबलपुर से प्रत्येक सोमवार को 22 अप्रैल से 17 जून, 2024 तक 01701 नं के साथ दुर्ग के लिए रवाना होगी। इसी प्रकार दुर्ग से प्रत्येक मंगलवार को 23 अप्रैल से 18 जून, 2024  को 01702 नं के साथ जबलपुर के लिए रवाना होगी। इस गाड़ी में 02 एसएलआर, 02 सामान्य, 05 स्लीपर, 11 एसी थ्री तथा 02 एसी-2 सहित कुल 22 कोच की सुविधा रहेगी। गाड़ी जबलपुर से प्रत्येक सोमवार को 20:30 बजे रवाना होकर सिहोरा रोड 21:05 बजे, कटनी साउथ 21.35, बजे, उमरिया 22.55 बजे, शहडोल 00.04 बजे, अनूपपुर 00.41 बजे, पेंड्रा रोड 1:20 बजे, उसलापुर 02.50 बजे, भाटापारा 3:45 बजे, रायपुर 5:00 बजे, दुर्ग 6:15 पर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी दुर्ग रेलवे स्टेशन से प्रत्येक मंगलवार को 9:30 बजे रवाना होकर रायपुर 10:10 बजे, भाटापारा 12.05 बजे, उसलापुर 13:10 बजे, पेंड्रा रोड 14.45 बजे, अनूपपुर 15:30 बजे, शहडोल 16:10 बजे, उमरिया 17.00 बजे साउथ कटनी 19.15 बजे, सिहोरा रोड 20:30 बजे जबलपुर 21:15 बजे पहुंचेगी।

भय प्रकट कृपाला दीनदयाला के स्वर गूंजे मंदिरों में, धूमधाम से मनाया भगवान राम का प्रकृट्यत्‍सव

रिद्धि-सिद्धि की पूजा के साथ आदिशक्ति की उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्र समाप्त

अनूपपुर। नौ दिनों से मंदिरों और घरों में स्थापित घटों में विराजी आदिशक्ति माता की उपासना का मनाया जा रहा चैत्र नवरात्रि का महापर्व 17 अप्रैल को रिद्धि सिद्धि पूजन व हवन के साथ समाप्त हो गया। जिसमें भक्तों ने घंटाल, शंख बजाकर मां आदिशक्ति का आह्वान किया और अपने द्वारा किए गए अपराधों की क्षमा याचना मांग परिवार की सुख-समृद्धि की मनोकामनाएं पूर्ण करने का वर भी मांगा। इस मौके पर माताओं ने ब्रह्म कन्याओं की पूजा अर्चना कर उन्हें कन्या भोज कराया। जबकि दूसरी ओर चैत माह के शुक्ल नवमी के दिन भगवान श्रीराम के जन्म होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में रामनवमी का त्योहार भी मनाया गया। वहीं अमरकंटक में रामनवमी का जुलूस तें मधुमक्यिों ने हमला कर दिया जिसमे कई लोग घायल हो गयें।

जिला मुख्यालय अनूपपुर के रामजानकी मंदिर, बूढी देवी मढिया मंदिर, सहित बाबा कुटी धाम, शिव मारूति मंदिर मडफा तालाब सहित अमरकंटक, जैतहरी, पसान, कोतमा, बिजुरी, राजेन्द्रग्राम, चाचई सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा अर्चना के लिए पहुंची। यहां भक्तों ने मंदिरों और घरों में माता सीता संग भगवान श्रीराम और उनके भक्त श्रीहनुमान की विधि विधान से पूजा अर्चना की और प्रसाद वितरण किया। बिजुरी के हनुमान मंदिर में स्थानीय भक्तों ने कीर्तन भजन कर हर्षोल्लास के साथ रामनवमी का त्योहार मनाया। वहीं चैत्र नवरात्रि के नौवीं और रामनवमी दोनों पर्व के एक साथ होने पर जगह जगह श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया गया।


हिन्दु धर्म शास्त्रों के अनुसार त्रेतायुग में रावण के अत्याचारों को समाप्त करने तथा धर्म की पुन: स्थापना के लिए भगवान विष्णु ने मृत्यु लोक में श्रीराम के रूप में अवतार लिया था। श्रीराम चन्द्र का जन्म चैत्र शुक्ल की नवमी को रानी कौशल्या की कोख से राजा दशरथ के घर में हुआ था। रामनवमी का त्योहार पिछले कई हजार सालों से मनाया जा रहा है। यह पर्व, श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। रामनवमी के दिन ही चैत्र नवरात्र की समाप्ति भी हो जाती है। दोपहर के 12 बजते ही मंदिरों में घंटा घडियाल बजा कर भय प्रकट कृपाला दीनदयाला के स्वर गूंजने लगे भगवान राम का जन्‍मोत्‍सव धूमधाम से मनाया गया। शाम को मॉ काली का चल समारोह सिद्धबाबा चेतना नगर से निकल कर मुख्‍य मार्गो से होते हुए काली का स्‍वारूप के सामने खप्पड लेकर नाचते हुए मढिया दुर्गा मंदिर तलाब में विर्सजन हुआ। 

सुरक्षा के लिए की गई जवानो की तैनाती

पुलिस अधीक्षक जितेन्‍द्र सिंह पवॉर ने बताया कि नवरात्रि की समाप्ति और रामनवमी पर्व को देखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त रखी गई है। जिले के कुछ देवी स्थानों पर स्थापित किए गए जवारे के विसर्जन यात्रा शाम को आयोजित किया जाएगा। जिसमें सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच कन्या, महिलाएं व भक्तों द्वारा ज्वारा अपने माथे पर रखकर जुलूस निकालकर मां के जयकारे लगाएंगे। इनकी सुरक्षा के एसडीओपी सहित निरीक्षक और स्थानीय थाना क्षेत्रों के बल तालाब, जलाशय, नदी के पास तैनात किए गए हैं। इसके साथ अधिकारियों को सुरक्षा बरतने के साथ जवारा विसर्जन के लिए पहुंचने वाले लोगों को भी सुरक्षार्थ की सूचना देते हुए विसर्जन करने की अपील के निर्देश दिए हैं।



अमरकंटक में चैत्र नवरात्रि का महापर्व के अंतिम दिवस रामनवमीं के अवसर पर भगवान राम की शोभायात्रा निकाली गई जो फलहारी आश्राम से गुरूद्वारा तक वापस आने के दौरान मधुमक्खियों ने हमलाकर दिया। शोभायात्रा जिससे शोभायात्रा में भगदड मच गई। लोगो ने बताया कि अश्राम के पास पहुचने पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से कई लोगो स्‍थानिय चिकित्‍सालय पहुंचाया गया जहां इलाज जारी हैं। वहीं भूषण देशमुख
और रवि देशमुख गंभीर बताये जा रहें हैं।

मंगलवार, 16 अप्रैल 2024

यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं भारत का भविष्य तय करेगा - उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला


अनूपपुर और भालूमाड़ा में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी को उपमुख्यमंत्री ने किया संबोधित

अनूपपुर। यह लोकसभा चुनाव साधारण चुनाव नहीं भारत का भविष्य तय करेगा। देश में नरेंद्र मोदी की सरकार सरकार द्वारा पिछले 10 वर्षों में करोड़ों लोगों को पक्का मकान स्वास्थ्य सुविधा युवाओं को रोजगार महिलाओं का सशक्तिकरण किसानों का सम्मान गरीबों का कल्याण कश्मीर समस्या का समाधान धारा 370 एवं 35ए की समाप्ति तीन तलाक नागरिकता संशोधन कानून राम मंदिर का निर्माण जैसे अनेक कार्य विजन के आधार पर मोदी सरकार ने किया है। आज दुनिया के अंदर भारत मोदी सरकार के नेतृत्व में प्रगति के पथ पर अग्रसर है यही कारण है की तीसरी बार मोदी के प्रधानमंत्री बनने से विपक्षी घबराए हुए हैं। 16 अप्रैल मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने अनूपपुर जिला मुख्‍यालय में वरिष्‍ठ भाजपा नेता मनोज द्विवेदी के निवास पर सहित भालूमाडा बाल शिक्षा निकेतन स्कूल में आयोजित प्रबुद्ध जन संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदास पुरी, नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह, पूर्व मीडिया प्रभारी मनोज द्विवेदी एवं जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह सहित मंच पर सभी वर्गों से प्रबुद्ध जनों की उपस्थित रहें। अनूपपुर जिला विकाश मंच द्वारा उपमुख्यमंत्री को सम्‍मानित किया गया।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जात-पात को लेकर नहीं चलती है हम मानते हैं कि हमारे जात गरीब, किसान, नारी शक्ति और चौथी जाती युवा। गरीब गरीबी रेखा के बाहर निकले और हमारा देश आगे बढ़े, किसान केवल अपनी गरीबी नहीं दूर करेगा देश की गरीबी दूर करेगा युवा को रोजगार मिलेगा तो बेरोजगारी दूर होगी भाजपा ने जो काम किया इसी कारण से मध्य प्रदेश बीमारू राज्य से बाहर हुआ, सिंचाई के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के अंदर बड़े पैमाने पर कार्य किए गए, पूर्व प्रधानमंत्री स्‍व.अटल बिहारी बापपेई की नदी जोड़ो परियोजना में केन बेतवा को जोड़कर बुंदेलखण्‍ड में हरित क्रांती आयेगी। देश और प्रदेश के अंदर अनेक योजनाएं चल रही हैं जिसके कारण विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। पहले की सरकारे धन की कमी का रोना रोती थी आज हमारी सरकार के माध्यम से चारों तरफ विकास की अनेक परियोजना में तेज गति से चल रही है।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को सुधार हैं, देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचाई है। इस चुनाव के बाद भारत तीसरे नंबर पर होगा और 2047 तक भारत पहले स्थान पर अर्थव्यवस्था के मामले में अपना परचम लहराएगा। मोदी विजन के साथ कार्य कर रहे हैं भारत को विश्व गुरु के स्थान पर विराजित करने का लक्ष्य मोदी सरकार का है इसके लिए हमें चुनाव जीतना आवश्यक है अभी हमें पांच चुनाव और जीतना है।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहां कि स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी साकार हो रही है भारत मोदी के नेतृत्व में दुनिया के अंदर आगे बढ़ रहा है 21वीं सदी भारत की होगी यह अब दिखाई देने लगा है। देश की रफ्तार बढ़ेगी तो अर्थव्यवस्था भी तेज होगी। अस्पताल, स्कूल, रेलवे लाइन, खाद बीज हर क्षेत्र में अर्थव्यवस्था को मजबूत करेने का लक्ष्‍य हैं।

प्रेसवार्ता को किया संबोधित

प्रबुद्ध जन संगोष्ठी कार्यक्रम के पश्चात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने पत्रकारों के सामने भाजपा का संकल्प पत्र रखते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2047 के लक्ष्य को लेकर दुनिया के अंदर भारत को पहले स्थान पर लाकर देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना 2014 में प्रारंभ की गई जिसकी सफलता को देखते हुए इस बार मोदी सरकार 3 करोड़ और गरीबों के मकान बनाएगी। गरीबों के सर पर पक्का छत हो, महिलाओं का सशक्तिकरण एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। इस बार 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मुद्रा लोन की सीमा बढ़ाकर 10 लाख से 20 लाख करने का संकल्प लिया गया है यह योजना युवाओं का भविष्य बनाने के लिए सरकार बेहतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना एक सफल और गरीबों के लिए वरदान साबित हुई है अब 70 साल के बुजुर्गों के उपचार की निशुल्क व्यवस्था सरकार करेगी उसमें सभी वर्ग के लोग शामिल होंगे। कश्मीर समस्या का समाधान कर धारा 370 हटाई गई, देश में राम मंदिर का निर्माण के संकल्प को पूरा किया गया। देश की अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचने का कार्य मोदी सरकार ने किया हैं। सांसद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सांसद ने शहडोल संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं हम सब मिलकर विंध्य के विकास के लिए आगे और कार्य करेंगे।

सोमवार, 15 अप्रैल 2024

पति की हत्या कर भाई के साथ मिल छिपाया शव पत्नी को आजीवन कारावास

शव छिपाने में सहयोग पर साले को 05 वर्ष का सश्रम कारावास

अनूपपुर। अपर सत्र न्यायाधीश पवन शंखवार की न्यायालय के थाना अमरकंटक के अपराध की धारा 302, 201 भादवि के आरोपी 32 वर्षीय देवन्तीबाई पति सुखराम सिंह एवं 27 वर्षीय शिवकुमार पुत्र अंगद सिंह धुर्वे दोनों निवासी ग्राम ग्राम पमरा, बांधाटोला को सजा सुनाई हैं। जिसमे देवन्तीबाई को आजीवन कारावास एवं 3000 रूपये अर्थदण्ड, शिवकुमार को 05 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 1000 रूपये अर्थदण्ड की सजा सुनाई हैं। देवन्तीबाई को दो धाराओं में धारा 302 भादवि में आजीवन कारावास के साथ 2000 अर्थदण्ड एवं धारा 201 भादवि में 05 वर्ष का सश्रम कारावास सहित 1000 रूपये अर्थदण्ड कुल मिलाकर आजीवन कारावास एवं 3000 रूपये अर्थदण्ड एवं शिवकुमार को धारा 201 भादवि में 05 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 1000 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किए जाने का आदेश दिया है। पैरवी वरिष्ठ सहायक जिला अभियोजन अधिकारी नारेन्द्रदास महरा द्वारा की गई।

वरिष्ठ सहायक जिला अभियोजन अधिकारी ने सोमवार को जानकारी देते बताया कि घटना 27 दिसम्बर 2021 को रविकेश्वर सोनी ने दुआरी घाटा बंजारी मंदिर के पास बिलासपुर जंगल रोड के किनारे गढ्ढे में अज्ञात व्यक्ति की शव मिलने की सूचना थाना अमरकंटक को दी जिस पर जिस पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति का शव अधजली अवस्था में पडा हुआ था, पैर बंधे हुए थे तथा दाहिने आंख कनपटी और मुंह में चोट थी सिर के बाल व चेहरा जला हुआ था। जिस पर थाना अमरकंटक में अज्ञात व्यक्ति के विरूद्व धारा 302 201 भादवि पंजीबद्व की गई। विवेचना के दौरान शव से प्राप्त कपडे को देख मृतक की पत्नी देवंतीबाई ने शव को अपने पति सुखराम का होना बताया जिस पर संबंध में पहचान पंचनामा तैयार किया गया। रामसिंह मार्को का कथन लेखबद्व किया गया। संदेह पर देवंतीबाई से पूछताछ पर पति सुखराम की हत्या करना व शिवकुमार के साथ मिलकर शव वाहन से दुआरीघाट ले जाकर शव के चेहरे पर कपडा रखकर जलाना बताया। शिवकुमार से पूछताछ पर देवतीबाई के साथ मिलकर शव को छिपाना बताया। समस्त विवेचना उपरांत अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया गया। जहां न्यायालय द्वारा दोनो आरोपियों के विरूद्व मामला प्रमाणित पाये जाने पर सजा सुनाई।                                                                                                                                                                                                                                       

                                                                      

 

 

 

विशेष न्यायालय का फैसला: शेष प्राकृत जीवनकाल तक के लिये आजीवन कारावास, 1.33 हजार का जुर्माना

 


नाबालिक का अपहरण कर किया दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन कराना चाहता था आरोपी

अनूपपुर। विशेष न्यायालय (अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम) रविन्दर सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनूपपुर की न्यायालय ने थाना कोतवाली अनूपपुर के अपराध की धारा 363, 363ए, 376(2)एन, 5एल/6 पॉक्सो एक्ट, 3(2)5 एससी एसटी एक्ट, 3(1)डब्ल्यू (II) एससी एसटी एक्ट तथा म.प्र. धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम का आरोपी 35 वर्षीय सैय्यद असगर अली पुत्र सैय्यद ताजुद्दीन अली निवासी पुरानी बस्ती अनूपपुर को शेष प्राकृत जीवनकाल तक के लिये आजीवन कारावास की सजा सुनाई हैं। वहीं 1 लाख 33 हजार रूपयें के जुर्माने का आदेश दिया हैं। शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक हेमन्त अग्रवाल द्वारा की गई।

प्रभारी जिला लोक अभियोजन अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 10 जून 2021 को 16 वर्ष 05 माह की नाबालिग बालिका के लापता हो जाने पर पिता द्वारा अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध थाना कोतवाली में प्रथम सूचना रिपोर्ट लिखवाई। अन्वेषण के दौरान घटना के लगभग 50 दिन पश्चात पीडिता के मिलने पर पीडिता ने बताया कि आरोपी असगर शादी का झांसा देकर अंबिकापुर ले गया और वहां उसके साथ उसने कई बार बलात्कार किया और धर्म परिवर्तन कराए जाने की बात कहीं, जिसके आधार पर प्रकरण में अपराध से संबंधित धाराओं को बढ़ाने हुए, पीडिता सहित साक्षियों के कथन लेखबद्ध कर, आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य का संकलन कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अपराध की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय द्वारा आरोपी को जमानत का लाभ नहीं दिया गया। प्रकरण की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को सुनने और अभिलेख पर आए समस्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को सजा सुनाई गई। वहीं घटना के समय पीडिता 16 वर्ष की बालिका थी जबकि आरोपी 35 वर्ष का था, जिस पर न्यायालय ने दण्ड के साथ पीडिता के पुर्नवास के लिये प्रतिकर दिए जाने निर्देशित किया, साथ ही अपराध में प्रयुक्त बाईक को विक्रय कर विक्रय की राशि को भी राजसात किये जाने का आदेश दिया।

आरोपित को अलग-अलग धाराओं में शेष प्राकृत जीवनकाल तक के लिये आजीवन कारावास की सजा सुनाई हैं। जिसम धारा 363 में 02 वर्ष 2000 रू., 363ए भादवि में 5 वर्ष 5000 रू., 376(2)एन भादवि एवं 5एल/6 पॉक्सो एक्ट में शेष प्राकृत जीवन काल तक आजीवन कारावास व 50000 रू., 3(2)5 एससी एसटी एक्ट में आजीवन कारावास व 25000 रू. 3(1)डब्ल्यू (II) एससी एसटी एक्ट में 01 वर्ष व 1000 रू. तथा म.प्र. धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम में 02 वर्ष एवं 50000 रू. के सश्रम कारावास एवं अर्थदण्ड के दण्ड से दण्डित किया गया। 1 अगस्त को गिरफ्तारी से अभी तक न्यायिक अभिरक्षा में निरूद्ध था।

रविवार, 14 अप्रैल 2024

कार और बाईक की आमने-सामने से भिड़ंत, महिला को आई गंभीर चोटें

अनूपपुर। थाना भालूमाड़ा के फुनगा चौकी अतंगर्त राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में कदमटोला के पास तेज रफ्तार कार और दो पहिया वाहन में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक पर सवार महिला को गंभीर चोट आई है। उसे उपचार के लिए फुनगा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।   

राष्ट्रीय राजमार्ग 43 फुनगा चौकी अन्तर्गत रविवार को कदम टोला के पास दो पहिया वाहन और कार की भिड़ंत हो गई। इसमें दो पहिया वाहन सवार की महिला को चोटें आई हैं। पुलिस की जानकारी अनुसार कार क्रमांक एमपी-18सीए-5828 और दो पहिया वाहन क्रमांक एमपी-65एमई-6611 में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। कार सवार शहडोल से कोतमा जा रहा था। दो पहिया वाहन सवार कोतमा से अपने गांव अमलाई जा रहे थे। कदमटोला के पास दोनों की भिड़ंत हो गई। घटना में दो पहिया वाहन चालक पुष्पेंद्र सिंह की पत्नी इंदू सिंह को चोट आई हैं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में भर्ती कराया गया है। पुलिस को सूचना मिलने पर घायलों के बयान लिए जाकर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

ऑटो पलटने से एक ही परिवार के 10 लोग घायल, अनूपपुर से कोतमा जा रहा था परिवार

अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बेकाबू होकर ऑटो पलटने से एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। जिसमें 10 वर्षीय बच्चे सहित 2 पुरुष, 7 महिलाएं शामिल है। गंभीर रूप से घायल एक महिला को जिला चिकित्सालय अनूपपुर से शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार कोतमा निवासी परिवार मैहर से ट्रेन से अनूपपुर लौट कर ऑटो से कोतमा जा रहे थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे ऑटो बेकाबू होकर सांधा मोड़ के पास पलट गया। इसमें एक ही परिवार के सभी लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती किया गया है। घायलो में 10 वर्षीय बच्चे सहित 2 पुरुष, 7 महिलाएं शामिल है। जिनमें से गम्भीर घायल 24 वर्षीय सुनीता को शहडोल रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायल आरती, शारदा, मीना, बारेलाल पूरी, कुंती, प्रिंसी, हर्ष, प्रदीप का इलाज जिला चिकित्सालय अनूपपुर में चल रहा है।

पेड़ से गिरने व करंट लगने से दो महिलाओं की मृत्यु


अनूपपुरदो अलग-अलग घटनाओं में थाना भालूमांड़ अंतर्गत दो महिलाओं की जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जिसमें करंट लगने एवं एक पेड़ से गिरने का मामला हैं। परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा की कार्रवाई कर गवाहों के बयान लेकर परीक्षण के बाद दोनो शवों को अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप कर प्रारंभिक जांच करने के बाद प्रकरण की डायरी संबंधित थाना को प्रेषित की गई है।

जानकारी अनुसार भालूमाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम तितरीपोड़ी उप सरपंच कोमल प्रसाद केवट की 42 वर्ष की पत्नी भुमसेनिया बाई केवट 14 अप्रैल की सुबह दैनिक क्रिया करने बाद खाना बनाने के लिए कमरे के अंदर गई इसी दौरान अचानक करंट लगने से गंभीर होने पर परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परासी ले जाया गया जहां से जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई।

दूसरी घटना में भालूमाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम गंभीरवा टोला दारसागर निवासी 35 वर्षीय महिला केसमवती पति संतोष सिंह 13 अप्रैल को ईमली के पेड़ में चढ़कर ईमली तोड़ रही थी तभी अचानक पेड़ से गिरने पर सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में प्राथमिक उपचार बाद जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया जहां रविवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

शनिवार, 13 अप्रैल 2024

प्राधिकरण कमजोर वर्गों को मुफ्त विधिक सेवाओं को प्रदान करने का कार्य करता है- सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मोनिका आध्या


11 मई को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत जिला न्यायाधीश मोनिका आध्या ने दी पत्रकारों को जानकारी

अनूपपुर। जिला मुख्यालय में नव नियुक्त जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मोनिका आध्या ने शनिवार को पत्रकारो से चर्चा करते 11 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की पूर्व तैयारियों के संबंध एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं,कार्य प्रणाली के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल आयुष सोनी उपस्थित रहें।

जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा मोनिका आध्या ने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर वर्गों को मुफ्त एवं सक्षम विधिक सेवाओं को प्रदान करने का कार्य करता है। जन उपयोगी लोक अदालत से भी मुख्य- मुख्य समस्याओं का निराकरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक आर्थिक या किसी भी अन्य कारण से न्याय प्राप्त करने से वंचित न हो इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण कार्य करता है। लोक अदालत के माध्यम से किसी प्रकरण का निराकरण होने की स्थिति में न्याय शुल्क लौटाने का प्रवधान भी है। इससे पक्षकारों का न सिर्फ समय की बचत होती है, बल्कि उन्हें आर्थिक सहायता भी मिल जाती है। बिजली विभाग, नगर पालिका, टेलीफोन इत्यादि भी लोक अदालतों को बढ़ावा देने के लिए उपभोक्ताओं के लिए विशेष छूट का प्रवधान करते हैं। निकाय भी बकाया करो में अधिभार पर शत प्रतिशत तक छूट भी देता है। उन्होंने पत्रकारों से ज्यादा से ज्यादा राष्ट्रीय लोक अदालत एवं जन उपयोगी अदालत का प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध भी किया।

शुक्रवार, 12 अप्रैल 2024

शहडोल लोकसभा: कांग्रेस के लिए पुष्पराजगढ़ विधानसभा बना अभेद किला, 10 वर्षो में हुए चुनावों में नहीं भेद सकी भाजपा

अनूपपुर। जिले की पुष्पराजगढ़ विधानसभा जिसे भारतीय जनता पार्टी भेद नहीं पा रहीं हैं। कांग्रेस के लिए यह एक अभेद किला बना है। वर्ष 2013 से वर्ष 2023 तक की विधानसभा चुनाव वर्ष 2014, वर्ष 2016 के उपचुनाव एवं 2019 लोकसभा में जीत नहीं सकी।

अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ विधानसभा जो कांग्रेस का अभेद किला हैं इस किले को फतह करने के लिए भाजपा अपना पूरा दम लगा रहीं हैं 13 अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पुष्पराजगढ़ विधानसभा के ग्राम करपा में आमसभा कर भाजपा उम्मीदवार के लिए मतदान की अपील करेंगे। वर्ष 2013 के बाद से यह भाजपा के पैर सुदामा सिंह को मिली शिकस्‍त के बाद से भाजपा लगातार इस सीट पर कांग्रेस से पराजय मिल रहीं हैं। हालांकि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुछ हद तक गहरी खाई को पाटने में कामयाबी मिली किन्‍तु सफलता हासिल नहीं हो सकी। 2023 में कांग्रेस के फुंदेलाल लाल सिंह मार्को को 68020भाजपा के हीरा सिंह श्याम को 63534 वोट मिले थे। दोनो के बीच महज 4486 मतों का रहा। मोदी लहर के बाद भी पुष्पराजगढ़ भाजपा कांग्रेस से आगे नहीं हो सकी।

वर्ष 2013 की विधानसभा में कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाल लाल सिंह मार्को को 69192 वोट मिले थे, भाजपा उम्मीदवार सुदामा सिंह 33545 वोट मिले थे। 2014 की लोकसभा में मोदी लहर में भी पुष्पराजगढ़ विधानसभा से भाजपा के दलपत सिंह परस्ते को 43704 मत प्राप्‍त हुए। तो वहीं कांग्रेस की राजेश नंदिनी को 51693 वोट मिले थे। इस बीच राजेशनंदिनी के निधन के बाद 2016 के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रहीं राजेश नंदिनी की बेटी  हिमाद्री सिंह को पुष्पराजगढ़ विधानसभा से 53686भाजपा के ज्ञान सिंह को 45038 वोट से संतोष करना पड़ा था। वर्ष 2018 की विधानसभा में पुष्पराजगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाललाल सिंह मार्को को 62325 वोटभाजपा उम्मीदवार नरेंद्र मरावी को 40951 वोट ही मिले थे। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव में हिमांद्री सिंह ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुई। इस दौरान भी हिमांद्री सिंह को कांग्रेस से कम मत मिले। जिसमे कांग्रेस उम्मीदवार प्रमिला सिंह को 62077 मत, भाजपा से उम्मीदवार हिमांद्री सिंह 60377 वोट मिले थे। इसी तरह से वर्ष 2023 के विधानसभा में कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाल लाल सिंह मार्को को 68020हीरा सिंह श्याम को 63534 वोट मिले थे। इस तरह से 2013 से 2023 के बीच हुए लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भाजपा आज तक पुष्पराजगढ़ विधानसभा को जीत नहीं पाई है।



चलती ट्रेन से उतरते समय गिरने से छात्र की मौत,पुलिस जुटी जांच में


अनूपपुर। चिरमिरी से चंदिया जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में कोतमा की ओर से अध्ययन करने अनूपपुर आ रहे 24 वर्षीय छात्र की अनूपपुर में बन्द पड़े रेलवे फाटक के पास ट्रेन के धीमे होने पर उतरने दौरान गिरने से गंभीर चोट आने पर जिला अस्पताल पहुंचने के पूर्व मुत्यु हो गई।

घटना के संबंध में बताया गया कि 12 अप्रैल की सुबह आईटीआई अनूपपुर में स्टेनोग्राफर प्रथम वर्ष का छात्र जिले के रामनगर थाना अंतर्गत ग्राम हर्री पोस्ट सेमरा निवासी प्रेमलाल चौधरी के 24 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार चौधरी चिरमिरी-चंदिया पैसेंजर ट्रेन से अध्ययन के लिए अनूपपुर आ रहा था, अनूपपुर पहुंचने पर बन्द रेलवे फाटक के पास ट्रेन की धीमी गति होने पर उतरने का प्रयास किया इसी बीच पैर फिसल जाने पर गिरने से सिर तथा पैर में गंभीर चोट आई साथियों द्वारा जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाया गया जहां डॉक्टर ने परीक्षण करने मुत्यु बताया। पुलिस मृतक छात्र के शव का परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा की कार्यवाही कर डॉक्टर से शव परीक्षण के बाद अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप कर प्रारंभिक जांच करते हुए घटना की डायरी जीआरपी पुलिस को भेज दिया हैं।

ज्ञात हो कि अनूपपुर जिले के विभिन्न अंचलों से प्रत्येक दिन छात्र-छात्राएं अध्यापन कार्य हेतु जिला मुख्यालय अनूपपुर में संचालित विभिन्न विद्यालय, महाविद्यालय में अध्ययन करने आते हैं जो अक्सर रेलवे आऊटर के पास ट्रेनों की धीमी गति होने का लाभ उठाते हुए चलती ट्रेन में उतरने का प्रयास करते हैं जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं घटित हो जाती हैं।



गुरुवार, 11 अप्रैल 2024

मतदान दल प्रशिक्षण में नशे की हालत में उपस्थित दो शिक्षक निलंबित, सहायक शिक्षक को शोकाज नोटिस

 


अनूपपुर। लोकसभा चुनावों के मतदान दल का प्रशिक्षण के दौरान शराब के नशे में पहुंच शासकीय प्राथमिक विद्यालय बैगान टोला थमरदर के सहायक शिक्षक मुरलीलाल मरावी और शासकीय प्राथमिक विद्यालय पौनी के प्राथमिक शिक्षक अलकेश शर्मा को कलेक्टर तत्काल से निलंबित कर दिया। वहीं भ्रमण के दौरान मतदान केंद्र गोगा में अव्यवस्था मिलने पर व अनुपस्थित पाए जाने पर सहायक शिक्षक मुन्नी बाई मौर्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।

जानकारी अनुसार लोकसभा आम निर्वाचन 2024 को दृष्टिगत रख मतदान दल को आवासीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर में आयोजित प्रशिक्षण में शासकीय प्राथमिक विद्यालय बैगान टोला थमरदर के सहायक शिक्षक मुरलीलाल मरावी की ड्यूटी पी-1 एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय पौनी के प्राथमिक शिक्षक अलकेश शर्मा की ड्यूटी पी-3 में लगाई गई थी दोनो शराब के नशे में उपस्थित थे। दोनों कर्मचारियों द्वारा निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जानबूझकर लापरवाही बरतने, आचार संहिता का उल्लंघन एवं पदीय दयित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता तथा म.प्र. सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 03 के विपरीत होने के कारण कदाचरण की श्रेणी में आने पर कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने गुरूवार को लोकसभा निर्वाचन 2024 को दृष्टिगत रखते हुए सहायक शिक्षक मुरलीलाल मरावी व प्राथमिक शिक्षक अलकेश शर्मा को म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 09 के तहत तत्काल से निलंबित कर दिया है। संबंधित निलंबित कर्मचारियों का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैतहरी नियत किया गया है।

भ्रमण के दौरान मतदान केंद्र गोगा में अव्यवस्था पर सहायक शिक्षक को शोकाज नोटिस

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष वशिष्ठ तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व नोडल अधिकारी (एएमएफ) तन्मय वशिष्ठ शर्मा द्वारा 8 अप्रैल को जिले के विकासखंड पुष्पराजगढ़ के मतदान केंद्रों के बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता संबंधी भ्रमण के दौरान शासकीय प्राथमिक विद्यालय गोगा में अव्यवस्था के साथ कई शिकायते मिलने पर एवं जनजाति कार्य विभाग की सहायक आयुक्त ने सहायक शिक्षक मुन्नीबाई मौर्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर 3 दिवस के अंदर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है।

कारण बताओ सूचना पत्र में कहा गया हैं कि सहायक शिक्षक मुन्नी बाई मौर्य के अनुपस्थित पाए जाने पर विद्यालय में उपस्थित जनों द्वारा बच्चों को गुणवत्ता विहीन मध्यान भोजन प्रदान करने की शिकायत मिलने, विधानसभा निर्वाचन में मतदान दल को निर्वाचन में सहयोग प्रदान नहीं करने, विद्यालयीन समय पर उपस्थित नहीं होने, समय पूर्व विद्यालय से चले जाने के संबंध में प्राप्त शिकायत पर जनजाति कार्य विभाग की सहायक आयुक्त ने सहायक शिक्षक मुन्नीबाई मौर्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर 3 दिवस के अंदर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है। कारण बताओ सूचना पत्र का समयअवधि में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 09 के तहत एक पक्षीय अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।


बुधवार, 10 अप्रैल 2024

एक दूसरे के गले मिल मनाया गई ईद, मांगी गई अमन चैन की दुआ, 27 स्‍थानों में अदा की गई नमाज

जिले भर में भर में 300 सुरक्षा बल के साथ 13 मोबाइल पेट्रोलिंग रहीं तैनात   

अनूपपुर आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द के माहौल में एखलास व एहतराम के साथ ईद का त्योहार जिले भर मे शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया एक माह से चला आ रहा पवित्र रमजान का पावन महीना 11 अप्रैल गुरूवार को मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईदगाह में नमाज अदा करने साथ समाप्त हो गया। जिलेभर के विभिन्न ईदगाहों में सिर झुकाकर सजदा किया और विश्व कल्याण की दुआ मांगी गई।


जिला मुख्यालय अनूपपुर में प्रात: 8 बजे ईदगाह में ईद की नमाज मदीना जमा मस्जिद के हाफिज मो. सलमान द्वारा अदा कराई गई जिलेभर में 27 मस्जिद और ईदगाह जहां नमाज अदा की गई। एसडीओपी अनूपपुर सुमित केरकेट्टा ने बताया कि ईद के मौक पर जिलेभर में 27 मस्जिद और ईदगाह जहां नमाज अदा की गई। जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों प्वाईंट बनाते हुए 300 सुरक्षा बल के साथ 13 मोबाइल पेट्रोलिंग रहीं तैनात किए गए थे। इसके सभी जगह शांतिपूर्वक नमाज अदाएगी के साथ पर्व मनाया गया है। वहीं लोगो ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को मुबारकबाद दी। इस दौरान जिला प्रशसन और पुलिस सभी जगहों पर तैनात रहीं।

ईद का त्योहार शव्वाल का चांद देखकर मनाया जाता है, शव्वाल एक अरबी कैलेंडेर के महीने का नाम हैं, जो रमजान के महीने के बाद आता है शव्वाल की पहली तारीख को ईद उल फितर मनाई जाती है, ईद उल फितर को मीठी ईद भी कहा जाता है। इस दिन लोगों के घरों में सेवईं या फिर खीर के साथ-साथ कई बेहतरीन पकवान बनाए जाते हैं और फिर लोग एक दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद पेश करते हैं। ईद उल-फितर यानी मीठी ईद रमजान के रोजा की समाप्ति पर सुबह से शाम तक मनाई जाती हैं और महीने भर के रोजा के दौरान शक्ति और धीरज प्रदान करने के लिए अल्लाह को धन्यवाद देने के लिए मनाया जाता हैं। ईद की तारीख हिजरी कैलेंडर की वजह से हर साल बदलती है, यह कैलेंडर चंद्रमा पर आधारित होता है, इसमें चांद की घटती-बढ़ती चाल के अनुसार दिनों की गिनती की जाती हैं, जब एक नया चांद दिखाई देता है और धार्मिक अधिकारियों द्वारा इसकी पुष्टि की जाती है। इसके बाद ही इस्लामी महीना शुरू होता है, नया चांद दिखने के आधार पर ही दुनियाभर में अलग-अलग दिनों में ईद का त्योहार मनाया जाता हैं। 

कोतमा में राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने ईदगाह पहुंच दी मुबारकबाद

ईद के मौके पर गुरुवार को कोतमा ईदगाह स्थल पर प्रदेश के राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल ने पहुंचकर मुस्लिम भाइयों के गले मिलकर ईद की बधाई दी। ईदगाह स्थल पर प्रशासन के साथ ही पुलिस विभाग नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहें। इस दौरान शहडोल लोकसभा उम्‍मीदवार फुन्‍देलाल सिंह ईदगाह स्थल पर मुस्लिम भाइयों के गले मिलकर ईद की बधाई दी।

राजेन्द्रग्राम में भी ईद के मौके पर स्थानीय मुस्लिम धर्मावलंबियों ने जुहिला नदी के किनारे बने मस्जिद में खुशियों के साथ नमाज अदा की तथा अल्लाह के सजदे में अपना सिर एक साथ झुकाया। जबकि भालूमाड़ा में ईद उल फित्र का पर्व सदभावनापूर्ण व सौहार्द्र के साथ मनाया गया। सुबह भालूमाड़ा ईदगाह में नमाज 9 बजे अदा की गई। नमाज अदाएगी की बाद उपस्थित लोगों ने एक दूसरे को ईद का मुबारकबाद पेश की। कोतमा नगरीय क्षेत्र में पूर्व निर्धारित समयानुसार ईद की नमाज अदाएगी की गई। नमाज सम्पन्न होने के बाद सभी नमाजियों ने उपस्थित लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। वहीं जैतहरी नगर में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद उल फितर में भी मस्जिद में नमाज अदा की गई।

कानून व्यवस्था का लिया जायजा

ईद- उल- फितर के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सद्भावना और भाईचारे की गौरवशाली परंपरा को कायम रखने कानून एवं शांति व्यवस्था के तहत अनुभाग अनूपपुर, जैतहरी ,पुष्पराजगढ़ एवं कोतमा में कार्यपालक दंडाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों की तैनातगी की गई थी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ईद- उल -फितर के मौके पर नमाज अदा की गई कलेक्टर आशीष वशिष्ठ तथा पुलिस अधीक्षक ने जिले के कोतमा एवं अनूपपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कानून व्यवस्था का जायजा लिया।

 


भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...