https://halchalanuppur.blogspot.com

बुधवार, 19 जून 2024

कार्यालय के सामने वनीय क्षेत्र में सुलगती रही आग, घंटों बेखबर रहे कर्मचारी

 


वन विभाग की नर्सरी में भड़की आग, झाडि़यों की आड़ में झुलस गए नवीन पौध

अनूपपुर। जिला मुख्‍यालय स्थित मुख्‍य वन विभाग कार्यालय परिसर के नर्सरी में बुधवार की दोपहर आग की लपटें उठने लगी। जिससे नर्सरी में लगे जंगली झाड़ के साथ सैकड़ों नवीन पौधे झुलस गए। इस दौरान वनविभाग की सूचना पर नगरपालिका अनूपपुर की दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर अमले और कर्मचारियों की सहयोग से आग पर पानी का छिड़काव कर काबू पाया गया।

वन मंडलाधिकारी कार्यालय अनूपपुर परिसर से सटे नर्सरी में बुधवार की दोपहर आग लगने से जंगली झाड़ के साथ सैकड़ों नवीन पौधे झुलस गए। इस दौरान वनविभाग की सूचना पर नगरपालिका अनूपपुर की दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर अमले और कर्मचारियों की सहयोग से आग पर पानी का छिड़काव कर काबू पाया गया।

गेलवरी‍ द्व्‍ेमाल की जा रही है वनविभाग कर्मचारियों के अनुसार कार्यालय से सटे सोननदी के किनारे कार्यालय के बाहरी क्ष्‍ोत्र में किसी ने धूम्रपान कर फेंक दिया होगा, जिसमें गर्मी की तेज तपिश के कारण सूखे पत्‍तों में आग तेजी से पकड़ लिया होगा। लेकिन विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही यहां स्‍पष्‍ट रुप से नजर आई, आग ने जहां अपना पांव पसारा था, वह मुख्‍य कार्यालय के सामने का हिस्‍सा था। जहां सभी कर्मचारी व विभागीय अधिकारियों की आवाजाही रहती है। यहीं नहीं कार्यालय के बाउंडीवॉल की दूसरी ओर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों का आवासीय परिसर भी है, बावजूद आग की सुलगन और उठते धुंए की गुब्‍वार में किनारे से कार्यालय परिसर की नर्सरी तक पहुंची आग की भभक को कर्मचारियों व अधिकारियों ने नजर अंदाज कर दिया। उल्‍लखनीय है कि वनविभाग की नर्सरी में प्रत्‍येक वर्ष आग का ताडंव मचता है, जिसमें वनविभाग की लापरवाही में हजारों पेड़ पौधे आग की भेंट चढ़ जाते हैं।

मानसून की दस्‍तक, तेज हवाओं के साथ आसमान में छाए काले बादल


बरसी बारिश की रिमझिम फुहार, गर्मी से मिली राहत

अनूपपुर। प्रदेश के साथ अनूपपुर जिले में भीषण गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। जहां दो तरह का मौसम चल रहा हैं। एक बारिश का तो दूसरा भीषण गर्मी का, प्री-मानसून बारिश से मप्र सहित अनूपपुर के कुछ क्षेत्रों में चुभती और तपती गर्मी से राहत मिली है। बुधवार को दोपहर 3:30 बजे से लगातार झमाझम बरसात का दौर जारी है पिछले एक सप्ताह से आसमान में बादलों का डेरा था लेकिन आसमान से बरसात हो नहीं रही थी लेकिन बुधवार को अचानक 3:30 पर जैसे ही बादलों ने बरसना शुरू किया तो लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और मानसून के आगमन में अनूपपुर में दोपहर 3.30 बजे आसमान में काले बादलों की उमड़ धूमड़ के बाद हवाओं के साथ रिमझिम बारिश आरंभ हुई जो शाम तक लगातार जारी हैं। इस दौरान हवाओं से शहर की बिजली गुल हो गई। लेकिन बारिश की सराबोर में मौसम सुहाना हो गया। वहीं दिन तापमान में भी नरमी पाई गई, जहां दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री तो न्‍यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बताया जाता है कि यह बारिश जिला मुख्‍यालय सहित जैतहरी, दैखल, भालूमाड़ा सहित आसपास के क्षेत्र में प्रभावी रहा। हालांकि आज अमरकंटक और राजेन्‍द्रग्राम के क्षेत्र बारिश की बूंदों से अछूता रहा। वहीं अमरकंटक में मंगलवार को हुई बारिश से नागरिकों ने गर्मी से राहत महसूस किया था।

सोमवार, 17 जून 2024

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक की मौत 2 गंभीर

अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार की दोपहर तेज आंधी तूफान के साथ बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मृत्यु हो गई वहीं दो गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच में लगी हुई है।

जानकारी अनुसार बिजुरी थाना क्षेत्र के ग्राम जलसार में बारिश के दौरान ही तेज आंधी तूफान के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 25 वर्षीय बृजमोहन कोल पुत्र गोविंद मृत्यु हो गई वहीं 25 वर्षीय अनिल कोल पुत्र मैकू कोल वर्ष निवासी छीरहिटी थाना खैरहा एवं 35 वर्षीय गोले कोल पुत्र कमल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी में भर्ती कराया गया है। वहीं कपिलधारा बरघाट में पांच बकरी भी बिजली के चपेट में आने से मौत हो गई हैं।

उमस भरी गर्मी के बीच पढ़ी गई बकरीद की नमाज, मांगी अमन शांति एवं खुशहाली की दुआ

जिले भर में मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को दी मुबारकबाद

अनूपपुर। ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व सोमवार 17 जून को उमस भरी गर्मी के बीच पूरे जिलेभर में परंपरागत तरीके से मनाया गया। त्याग और समर्पण के प्रतीक स्वरूप कुर्बानियां दी गई। बकरीद के नमाज पढ़कर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अमन शांति एवं खुशहाली की दुआएं मांगी। अनूपपुर सहित जैतहरी, भालूमाड़ा, राजनगर, कोतमा, बिजुरी, रामनगर, चचाई, वैंकटनगर सहित अन्य स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों में नमाज अदा कर विभिन्न धर्मों के बीच शांति एवं भाईचारे बने रहने की कामना की। जिला मुख्यालय अनूपपुर स्थित वार्ड क्रमांक 2 स्थित चंदास नदी के पास बने ईदगाह पर बकरीद की नमाज अनूपपुर मुख्यालय में हाफिज मोहम्मद सलमान रजा मदीना जामा मस्जिद अनूपपुर के द्वारा अदा कराई गई। नमाज में हजारो की तादाद में मुस्लिम समुदाय के नमाजियों ने ईदगाह पर शामिल होते हुए अल्लाताला के सजदे में सिर नवाए।

प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विशेष अवसर हमारे समाज में सद्भाव और एकजुटता के बंधन को और मजबूत करे। सभी लोग खुश और स्वस्थ रहें।

अनूपपुर ईदगाह में नमाज के बाद संबोधित करते हुए इमाम हाफिज मोहम्मद सलमान रजा ने कहा कि ईद उल अजहा बलिदान और संयम का दिन है। इस्लामी कैलेंडर के अंतिम माह जिलहिज्जा की दसवीं दसवीं तारीख को यह पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी आत्मा को शुद्ध करने का एक उत्तम साधन है। कुर्बानी में इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि दिखावे के लिए न हो। उन्होंने कहा कि हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह के हुक्म पर अपने बेटे हजरत इस्माइल अलेही सलाम को कुर्बानी देने के लिए तैयार हो गए थे। अल्लाह को यह अदा काफी पसंद आई। इसके बाद सभी लोगों ने त्याग एवं समर्पण के प्रतीक स्वरूप के अनुसार बकरे की कुर्बानी दी गई। उसके बाद देर शाम तक कुर्बानियों का सिलसिला चलता रहा। सभी धर्मों के लोगों ने इस्लाम धर्मावलंबियों से गले मिलकर बधाई दी। घर-घर पकवान बने। एक दूसरे के घर जाकर लोगों ने पकवान भी बांटे। मौके पर लोगों ने कहा कि ईद उल अजहा एकता का संदेश देता है एकता से बड़ी कोई दौलत नहीं है।

अनूपपुर मुख्यालय के ईदगाह पर सुबह 7.15 बजे आयोजित ईद उल जुहा की नमाज हाफिज मोहम्मद सलमान रजा मदीना जामा मस्जिद अनूपपुर के द्वारा अदा कराई गई। नमाज अदाएगी के बाद नमाजियों ने ईदगाह के बाहर अतिथियों से गले मिलकर एक दूसरे को ईद-उल-जुहा की बधाई दी। इस मौके कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक जितेंन्‍द्र पवॉर जिले के कई ईदगाह में पहुंच कर बधाई दी। जिला मुख्‍यालय में अपर अपर कलेक्टर अमन वैष्णव, एसडीएम दीपशिखा भगत, एसडीओपी सुमित केरकेट्टा, नायब तहसीलदार अनूपपुर, थाना अनूपपुर प्रभारी संजय खलको सहित जिले के समस्‍त थाना प्रभारी व नपा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्षद सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें। सुरक्षा व्यवस्थाओं के मद्देनजर जगह-जगह पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। वाहनों के आवागमन को देखते हुए शहर के मुख्य मार्गो पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस तैनात की गई थी। नगरवासियों के अनुसार ईद उल जुहा की तैयारियों में पूर्व से ही जुटे मुस्लिम समुदायों के लोगों ने कुर्बानी के लिए बढ़-चढ़ कर बकरों की खरीदारी की।

भालूमाड़ा नगर में मुस्लिम पर्व ईद उल जुहा (बकरीद) का पर्व शांति सद्भाव से मनाया गया। नगर के लोगों ने ईदगाह में ईद उल जुहा की नमाज अदा की। दफाई नंबर 3 के छोटी मस्जिद व जमुना कॉलरी में भी वार्ड क्रमांक 2 में नमाज अदा की गई। ईदगाह में नमाज सुबह अदा की गई। इस दौरान थोड़ी-थोड़ी बारिश भी होती रही। लेकिन लोगों ने बारिश की परवाह किए बगैर नमाज़ पढ़े। ईदगाह में हमेशा की तरह छोटे-छोटे बच्चे सज धज कर आए थे। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाईयां दी।

कोतमा नगर में नमाज अता कर मांगी अमन-चैन की दुआ

कोतमा नगर में ईद उल अजहा (बकरीद) का त्यौहार शांति एंव भाईचारे के साथ मनाया गया। यह त्यौहार कुबार्नी के रुप में जाना जाता है। मुस्लिम धर्मालंबियो द्वारा पर्व की तैयारी जोर शोर से की गई थी। सुबह सैकडो की संख्या में नमाज पढऩे के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग ईदगाह एंव मस्जिद पहुंचे, जहां नमाज अताकर क्षेत्र में अमन-चैन की दुआ मांगी। वार्ड 9 के विकास नगर स्थित मस्जिद में सुबह ईद की नमाज अदा करवाई गई। वहीं लहसुई गांव स्थित ईदगाह में भारी संख्या में मुस्लिम धर्मालंबियो द्वारा ईद उल अजहा की नमाज पढी गई। ईदगाह स्थल पर नगर पालिका द्वारा सफाई, जल एंव अन्य व्यवस्थाए बनाई गई थी। ईद के मौके पर थाना प्रभारी, अन्‍य प्रसाशनिक अमला सहित गणमान्य नागरिको ने नमाजियों को शुभकामनाएं दी। कोतमा के अलावा निगवानी, पैरीचुआं, सारंगगढ़ मे भी शांति के साथ नमाज पढी गई।


शनिवार, 15 जून 2024

अमरकंटक के शंभूधारा जलाशय में डूबे युवक का देर रात एसडीआरएफ गोताखोर ने निकाला शव

 


अमरकंटक दोस्‍तों के साथ गया था घूमने, आज होगा पोस्टमार्टम, मृत्यु के कारणों का चलेगा पता

अनूपपुर। अमरकंटक के शंभूधारा जलाशय में पिकनिक मनाने गये युवको जलाशय में नहाने के दौरान 26 वर्षीय गजेन्द्र पटेल निवासी ग्राम धिरौल देवहरा थाना चचाई की डूबने से मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर अनूपपुर से एसडीआरएफ के गोताखोरो की टीम रात 8 बजे के बाद से युवक के शव को ढूढना प्रारंभ किया जिसे देर रात 1.30 बजे शव को बाहर निकाला गया। जिसका जिला चिकित्सालय अनूपपुर में रविवार को परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चलेगा।

ज्ञात हो कि शनिवार को देवहरा चौकी थाना चचाई के ग्राम धिरौल निवासी व टीव्हीएस शोरूम अनूपपुर के संचालक 26 वर्षीय गजेन्द्र पटेल अपने साथियों मनीष, पवन, राजेश एवं आलोक के साथ अमरकंटक घूमने निकले थे, जहां दोपहर 2 बजे पिकनिक स्पॉट शंभूधारा पहुंचे इस दौरान कुछ साथी खाना खा रहे थे, कुछ शंभूधारा जलाशय में रहें नहा रहें थे। इस दौरान गजेन्द्र पटेल भी जलाशय में कूदा और जलाशय से बाहर नही निकल सका। इससे परेशान साथियो ने कुछ देर तक तलास करने के बाद स्थानीय लोंगो ने ढूढने प्रयास किया। किन्‍तु सफल नहीं हुए सूचना मिने पर अमरकंटक पुलिस ने एसडीआरएफ अनूपपुर को सूचना दी। मौंके पर पहुंचे पुष्पराजगढ़ एसडीएम, अमरकंटक नायब तहसीलदार कौशलेंद्र मिश्रा, अमरकंटक वन विभाग की टीम ने भी प्रयास किया लेकिन गजेन्द्र के शव को नहीं ढूढ़ सकें। रात 8 बजे के बाद से एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम पहुंचने पर ढूढ़ने का अभियान प्रारंभ किया। टीम ने जलाशय में तलाश प्रारंभ करते हुए रात्रि 1.30 बजे दलदल में फंसा गजेन्द्र का शव मिला। एसडीआरएफ की टीम और पुलिस ने शव को बाहर निकला जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाया जहां रविवार को परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम किया जाएगा।

होमगार्ड कमांडेंट जेपी उइके ने बताया कि एसडीआरएफ के गोताखोरो ने पूरी रात सर्च आपरेशन कर दलदल में फंसे युवक के शव को रात्रि 1.30 बजे ढूढ़ने में सफलता मिली। जिसे अमरकंटक पुलिस ने जिला चिकित्सालय भेजा गया जहां आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

 

 

अमरकंटक के शंभूधारा जलाशय में कूदा युवक नही आया वापस, गोताखोर की टीम कर रही तलाश

 


अनूपपुर के टीव्हीएस शोरूम का मालिक हैं युवक, अमरकंटक दोस्‍तों के साथ गया था घूमने

अनूपपुर। अमरकंटक के घूमने गये 5 युवकों में एक युवक की शंभूधारा बांध में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर अमरकंटक पुलिस ने जांच शुरू की। वहीं अनूपपुर से एसडीआरएफ की टीम रात 8 बजे तक मौंके पर नहीं पहुंच सकी हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम धिरौल देवहरा थाना चचाई निवासी व टीव्हीएस शोरूम अनूपपुर के संचालक 26 वर्षीय गजेन्द्र पटेल पिता रामचरण पटेल अपने साथी मनीष, पवन, राजेश एवं आलोक के साथ शनिवार की सुबह अमरकंटक घूमने निकले थे दोपहर 2 बजे पिकनिक स्पॉट शंभूधारा पहुंचे जहां कुछ साथी खाना खा रहे थे, कुछ शंभूधारा में नहा रहे थे। इसी दौरान गजेन्द्र पटेल भी जलाशय में कूदा, लेकिन वह जलाशय से बाहर नही निकल सका। कुछ देर तक साथियो ने तलास किया नहीं मिने सूचना स्थानीय पुलिस को दी, पुलिस मौके पर पहुंच एसडीआरएफ अनूपपुर को सूचना दी। वहीं अमरकंटक पार्षद वार्ड 06 के कान्हा तिवारी भी जानकारी बाद पहुंचे और कुछ लोगो ने डैम में कूद कर ढूढने की भरसक प्रयास किया। सूचना पर मौंके पर पुष्पराजगढ़ एसडीएम, अमरकंटक नायब तहसीलदार कौशलेंद्र मिश्रा, अमरकंटक के वन विभाग की टीम, अमरकंटक पुलिस सभी भरसक प्रयास में लगे हुए है। समाचार लिखे जाने तक गजेन्द्र पटेल नही मिल सका।

जिला होमगार्ड प्रभारी जेपी उइके ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम पहुंच रहीं हैं, रात में ही गोताखोरों की टीम गजेन्द्र पटेल की तलाश करगी। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

गुरुवार, 13 जून 2024

अनूपपुर से गुजरने वाली 28 ट्रेनों के पहिए 25 दिनों के लिए फिर थमेगें

मालखेड़ी-महादेवखेड़ी रेलवे स्टेशनों को दूसरी रेललाइन से जोड़ने का होगा कार्य

अनूपपुर। लोकसभा चुनाव के 3 माह बाद फिर विकाश के नाम पर करोडो रेल यात्रियों की जून माह की गर्मी व स्कूलों की छुट्टी का मजा किरकिरा हो रहा है, यात्री ट्रेनों को रद्द कर लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। अभी 12 से 21 जून तक दो दर्जन से अधिक यात्री ट्रेनों को बंद कर परेशानी कम नहीं हुई कि अब रेल लाइन जोड़ने के नाम पर कटनी, बिलासपुर मार्ग की 28 ट्रेनों के पहिए 25 दिनों के लिए 16 जून से 10 जुलाई तक थम जायेंगे। रेल प्रशासन के अनुसार पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल रेल मंडल के मालखेड़ी-महादेवखेड़ी रेलवे स्टेशनों को दूसरी रेललाइन से जोड़ने के लिए नॉन इंटरलोकिंग का कार्य का नाम देकर 16 जून से 10 जुलाई तक 28 ट्रेनों का परिचालन बंद करने का आदेश जारी किया हैं। वहीं दुर्ग-निज़ामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग न्यू कटनीकटनी-ओहन केबिन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी जंक्शन होकर चलेगी।

रद्द होने वाली गाडियां

29 जून एवं 06 जुलाई को गाडी संख्या 20971 उयदपुर-शालीमार एक्सप्रेस, 30 जून एवं 07 जुलाई को गाडी संख्या 20972 शालीमार- उयदपुर एक्सप्रेस, 16, 23, 30 जून एवं 07 जुलाई, को गाडी संख्या 20471 बीकानेर-पूरी एक्सप्रेस, 19, 26 जून एवं 03, 10 जुलाई, 2024 को पूरी से रवाना होने वाली गाडी संख्या 20472 पूरी- बीकानेर एक्सप्रेस, 29 जून एवं 06 जुलाई, को गाडी संख्या 22830 शालीमार- भुज एक्सप्रेस, 02 एवं 09 जुलाई, गाडी संख्या 22829 भुज-शालीमार एक्सप्रेस, 27 जून एवं 04 जुलाई, को गाडी संख्या 18573 विशाखापटनम-भगत की कोठी एक्सप्रेस, 29 जून एवं 06 जुलाई को गाडी संख्या 18574 भगत की कोठी-विशाखापटनम एक्सप्रेस, 05, 06 एवं 09 जुलाई को गाडी संख्या 20807 विशाखापटनम-अमृतसर एक्सप्रेस, 06, 07 एवं 10 जुलाई को गाडी संख्या 20808 अमृतसर-भगत की कोठी एक्सप्रेस रद्द, 14, 21 एवं 28 जून, को गाडी संख्या 08475 पुरी-निज़ामुद्दीन स्पेशल, 15, 22 एवं 29 जून, को गाडी संख्या 08476 निज़ामुद्दीन-पूरी स्पेशल, 14 जून से 09 जुलाई तक गाडी संख्या 18236 बिलासपुर भोपाल एक्सप्रेस,   16 जून से 11 जुलाई तक गाडी संख्या 18235 भोपाल- बिलासपुर एक्सप्रेस, 01 एवं 08 जुलाई को गाडी संख्या 18207 दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस, 02 एवं 09 जुलाई को गाडी संख्या 18208 अजमेर-दुर्ग एक्सप्रेस, 30 जून एवं 07 जुलाई को गाडी संख्या 18213 दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस, 01 एवं 08 जुलाई को गाडी संख्या 18214 अजमेर-दुर्ग एक्सप्रेस, 09 जुलाई को गाडी संख्या 12549 दुर्ग-शहीद कैप्टन तुषार महाजन (ऊधमपुर) एक्सप्रेस, 11 जुलाई को वाली गाडी संख्या 12450 शहीद कैप्टन तुषार महाजन (ऊधमपुर)-दुर्ग एक्सप्रेस, 03 जुलाई को गाडी संख्या 20847 दुर्ग-शहीद कैप्टन तुषार महाजन (ऊधमपुर) एक्सप्रेस, 05 जुलाई को वाली गाडी संख्या 20848 शहीद कैप्टन तुषार महाजन (ऊधमपुर)-दुर्ग एक्सप्रेस, 05 एवं 09 जुलाई को संख्या 22867 दुर्ग-निज़ामुद्दीन एक्सप्रेस रद्द, 06 एवं 10 जुलाई को संख्या 22868 निज़ामुद्दीन-दुर्ग एक्सप्रेस, 09 जुलाई, को गाडी संख्या 22408 निज़ामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस, 11 जुलाई, को गाडी संख्या 22407 अम्बिकापुर- निज़ामुद्दीन एक्सप्रेस, 03 एवं 10 जुलाई को गाडी संख्या 22169 रानी कमलापति-सांतरागाछी एक्सप्रेस एवं  04 एवं 11 जुलाई को गाडी संख्या 22170 सांतरागाछी रानी कमलापति- एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाडियां

06 एवं 08 जुलाई को गाडी संख्या 12823 दुर्ग-निज़ामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस एवं 05, 07 एवं 09 जुलाई को गाडी संख्या 12824 निज़ामुद्दीन- दुर्ग संपर्क क्रांति एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी जंक्शन-ओहन केबिन- कटनी- न्यू कटनी होकर चलेगी।

बिलासपुर रेल जोन के जनसंपर्क अधिकारी रामलाल मीणा ने बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल रेल मंडल के मालखेड़ी-महादेवखेड़ी रेलवे स्टेशनों को दूसरी रेललाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए यात्री ट्रेनों को बंद किया गया हैं। इसके बन जाने से लोगो की यात्रा सुगम होगी। रेल प्रशासन यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की आशा करता है।

शनिवार, 8 जून 2024

चरित्र संदेह पर पति ने पत्नी का गला दबाकर की हत्या, बेटा रहा प्रत्यक्षदर्शी

 


पति पुलिस हिरासत में, पूछताछ जारी 

अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर के वार्ड क्रमांक 10 शांति नगर में चरित्र संदेह को लेकर आए दिन विवाद व लड़ाई झगड़े के कारण 7-8 जून की रात पति ने 23 वर्षीय पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद पति ने परिजनों सहित पड़ोसियों को पत्नी के फांसी लगा लेने के कारण बेहोश हो जाने की सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर महिला को 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शनिवार को पंचनामा तैयार करते हुए शव का पोस्‍टमार्डम करा अंतिम संस्‍कार हेतु परिजनों को सौंप पर पुलिस जांच में जुट गई। वहीं पुलिस ने आरोपित पति संतोष गिरी गोस्वामी पिता अशोक गिरी गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना का मृतिका के 6 वर्षीय पुत्र शिवांश गोस्वामी प्रत्यक्षदर्शी रहा जिसने बताया कि रात को जब वह सो रहा था तब अचानक मम्मी और पापा लड़ाई कर रहे थे, जहां पापा ने पहले मम्मी को मारा और फिर उनका गला पकड़ लिया था।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 शांति नगर में निवास करने वाले संतोष गिरी गोस्वामी ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी साक्षी गोस्वामी पर चरित्र संदेह को लेकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया। जिसकी सूचना लगते ही पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह पवॉर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी सहित कोतवाली पुलिस घटना स्थल पहुंच कर निरीक्षण करने के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचकर मृतिका के परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि साक्षी का विवाह 6 वर्ष पूर्व संतोष गिरी गोस्वामी के साथ हुआ था, जिनसे 6 वर्षीय एवं डेढ़ वर्षीय दो बच्चे है। वहीं मृतिका का मायका ग्राम तरौर जिला माऊगंज है। परिजनों ने बताया कि 7-8 जून की रात संतोष गिरी का फोन आया कि उसकी पत्नी साक्षी गोस्वामी अचानक बेहोश हो गई है, जिसके बाद परिजनों के पहुंचने के बाद महिला को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया था।

परिजनों ने बताया कि दोनो पति-पत्नी के बीच आए दिन लड़ाई झगड़ा होता था। आरोपित पति संतोष गिरी गोस्वामी के अनुसार उसकी पत्नी साक्षी गोस्वामी किसी तीसरे व्यक्ति के साथ लगातार बातचीत करने तथा मिलने के कारण परेशान हो जाने पर तथा कई बार समझाईश के बाद नही मानने के कारण आए दिन वाद विवाद तथा लड़ाई झगड़ा होता था। जिससे परेशान होकर पति संतोष गिरी गोस्वामी ने पत्नी साक्षी गोस्वामी की बीती रात गला दबा कर हत्या कर दी गई। वहीं पुलिस अब तीसरे व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। वहीं मृतिका के मायके पक्ष द्वारा हत्‍यारे पति पर कठोर कार्यवाही किए जाने की बात पुलिस से कही है।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह पवॉर ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है, पीएम रिपोर्ट अप्राप्त है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

अनूपपुर एवं शहडोल से गुजरने वाली 12 जोड़ी यात्री गाड़ियों का परिचालन 10 दिन रहेगा बंद

 


12 से 21 जून तक मुदरिया स्टेशन में तीसरी लाइन कनेक्टीविटी हेतु प्री-एनआई व एनआई का होगा कार्य

अनूपपुर। अनूपपुर से कटनी के बीच चल रहें तीसरी लाईन के कार्य में अनूपपुर -न्यू कटनी जंक्शन सेक्शन के मुदरिया स्टेशन में तीसरी लाइन कनेक्टीविटी हेतु प्री-एनआई व एनआई का कार्य किया जायेगा। इससे अनूपपुर एवं शहडोल से गुजरने वाली 12 जोड़ी यात्री गाड़ियों का परिचालन 12 से 21 जून तक पूर्णत: बंद रहेंगी। इस दौरान गोंदिया – बरौनी - गोंदिया एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया नैनपुर जबलपुर - कटनी के रास्ते चलेगी।

रद्द होने वाली गाडियां

13 से 20 जून तक गाडी संख्या 08269 चिरमिरी-चंदिया रोड पैसेंजर, 13 से 20 जून गाडी संख्या 08270 चंदिया रोड - चिरमिरी पैसेंजर स्पेशल, 12 से 19 जून गाडी संख्या 06617 कटनी-चिरमिरी पैसेंजर, 13 से 20 जून तक गाडी संख्या 06618 चिरमिरी-कटनी पैसेंजर स्पेशल, 13, 15, 18 एवं 20 जून गाडी संख्या 05755 चिरमिरी-अनूपपुर पैसेंजर स्पेशल,  13, 15, 18 एवं 20 जून गाडी संख्या 05756 अनूपपुर-चिरमिरी पैसेंजर स्पेशल, 12 से 19 जून तक बिलासपुर से रवाना होने वाली गाडी संख्या 18247 बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस,12 से 19 जून 2024 तक गाडी संख्या 18248 रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस, 13 से 20 जून गाडी संख्या 18234 बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस, 12 से 19 जून तक गाडी संख्या 18233 इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस, 12 से 19 जून तक गाडी संख्या 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस, 13 से 20 जून  तक गाडी संख्या 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस, 12 से 20 जून तक गाडी संख्या 11265 जबलपुर-अम्बिकापुर एक्सप्रेस रद्द,13 से 21 जून तक गाडी संख्या 11266 अम्बिकापुर-जबलपुर एक्सप्रेस, 12 से 20 जून 2024 तक गाडी संख्या 11201 नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस, 13 से 21 जून तक गाडी संख्या 11202 शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस, 12, 14, 17 एवं 19 जून को गाडी संख्या 11751 रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस, 13, 15, 18 एवं 20 जून को गाडी संख्या 11752 चिरमिरी-रीवा एक्सप्रेस, 13 एव 17 जून को गाडी संख्या 12535 लखनऊ-रायपुर गरीबरथ, 14 एवं 18 जून को गाडी संख्या 12536 रायपुर- लखनऊ गरीबरथ एक्सप्रेस, 12 एवं 19 जून को गाडी संख्या 20828 सांतरागाछी - जबलपुर एक्सप्रेस, 13 एवं 20 जून को गाडी संख्या 20827 जबलपुर- सांतरागाछी एक्सप्रेस, 16 जून को गाडी संख्या 18213 दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस, 17 जून को गाडी संख्या 18214 अजमेर- दुर्ग एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाड़ियां

12 से 20 जून 2024 तक गाड़ी संख्या 15231 बरौनी गोंदिया एक्सप्रेस एवं 13 से 21 जून तक गाड़ी संख्या 15232 गोंदिया - बरौनी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग व्हाया कटनीजबलपुरनैनपुर के रास्ते चलेगी।

गुरुवार, 6 जून 2024

पुलिस के प्रयास से बदला शहर में भारी वाहनों के प्रवेश का समय, अब 8 नहीं 10 बजे खुलेगी नो इन्‍ट्री

 


अनूपपुर। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के समय को लेकर बड़ा फेरबदल किया गया है। भारी वाहनों में राखड़ डम्‍फर 8 बजे से शहर कें मुख्‍य मार्गो से निकला प्रारंभ होता था जिसके समय में बदलाव करते हुए अब सभी वाहनो का प्रात: 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। भारी वाहनों के समय में परिवर्तन को लेकर समय-समय में नगरिकों एवं पत्रकारों ने मांग उठाई थी।

अनूपपुर जिले में बिगड़ती यातायात व्यवस्था लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भारी वाहनों की नो एंट्री में परिवर्तन के लिए लोग गुहार लगा रहें थे जिससे निपटने के लिए जिले का यातायात विभाग असफल रहा है लगातार भारी वाहन अनूपपुर की सड़कों में कभी मानव को तो कभी बेज़ुबान जानवरों को रौंदा हैं। जिस पर यातायात निरिक्षक ज्‍योति दुबे ने नगर के लोगो की पीड़ा समझते हुए प्रस्‍ताव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी को दिया जिसे पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह पवॅार के पास रखा गया जहां विचार करने के बाद इसे कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के पास भेजा गया गया। जिस पर कलेक्टर ने अनूपपुर सहित कोतमा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत गुजरने वाले भारी वाहनों के समय में परिवर्तन का आदेश जारी किया।

कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा हैं कि 09 सितम्बर 2021 नगर पालिका क्षेत्र अनूपपुर एवं कोतमा में बढ़ती सड़क दुर्घटना को रोकने तथा आवागमन की सुविधा की सुगम व्यवस्था, जनमानस सुरक्षा के संबंध में अनूपपुर एवं कोतमा के मुख्य मार्गों में प्रातः 08.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक 06 चक्के या 06 चक्के से अधिक भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया गया है। 01 मार्च 2022 द्वारा हिन्दुस्तान पावर कंपनी जैतहरी से निकलने वाली ऐश के परिवहन की अनुमति रात्रि 08.00 बजे से प्रातः 08.00 बजे तक दी गई थी, किन्तु इस अवधि में ऐश वाहनों के साथ अन्य भारी वाहन भी प्रवेश करते हैं, जिस कारण उक्त मार्गो में दुर्घटना की संभावना बनी रहती है, जिसके फलस्वरूप कार्यालयीन 01 मार्च 2022 के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर से प्राप्त प्रतिवेदन एवं 20मई 2024 को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में पारित प्रस्ताव को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व में जारी कार्यालयीन आदेश 09 सितम्बर 2021 में आंशिक संशोधन करते हुए अनूपपुर मुख्यालय एवं कोतमा के मुख्य मार्गों पर ट्राफिक का दबाव अधिक रहने के कारण 06 चक्के या 06 चक्के से अधिक सभी प्रकार के भारी वाहनों का संचालन प्रातः 06.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक प्रतिबंधित किया जाता है। पूर्व में जारी आदेश 01 मार्च 2022 तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। आदेश 09 सितम्बर 2021 की शर्ते यथावत् रहेगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

पति की लम्बी आयु कामना लिए महिलाओं ने वट वृक्ष का किया पूजन

 


वट वृक्षों के तनों में अक्षय सूत्र के 108 परिक्रमा लगाते हुए कामना के सूत्र बांधे

अनूपपुर। वट सावित्रि व्रत में वट यानि बरगद के वृक्ष के साथ-साथ सत्यवान-सावित्रि और यमराज की पूजा की जाती है। माना जाता है। वटवृक्ष में ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों ईष्टदेवों का वास होता है। वट वृक्ष के समक्ष बैठकर पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। गुरूवार 6 जून को वट सावित्री पूजा के अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लम्बी आयु और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लिए वट सावित्री का पावन व्रत किया। सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्षों की पूजा अर्चना कर सत्यवान-सावित्री कथा के प्रसंग में पति की लम्बी आयु की कामना लिए ईष्टदेव से सदा सुहागन का आशीष मांगा। सुबह से ही महिलाओं ने निर्जला व्रत करते हुए नगर के मुख्य पीपल वृक्षों के तनों में अक्षय सूत्र के 108 परिक्रमा लगाते हुए कामना के सूत्र बांधे। इस विधि में हर फेरे में महिलाओं ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए ईष्टदेव से मन्नते मांगी। महिलाओं ने जड़ों में फल-फूल चढ़ाकर हवन-धूप भी किया।

मान्यता है कि इस दिन सौभाग्यवती स्त्रियां अपने पति की लंबी आयु स्वास्थ्य और उन्नति और संतान प्राप्ति के लिए यह व्रत रखती हैं। ज्योतिष गणना के अनुसार इस वर्ष यह पर्व 6 जून को कृतिका नक्षत्र और शोभन योग में पड़ा है, जो ज्योतिषीय गणना के अनुसार उत्तम योग माना गया है। जिले के पसान, कोतमा, जैतहरी, बिजुरी, पसान, अमरकंटक, राजेन्‍द्रग्राम, चचाई में भी वट सावित्री व्रत मौके पर सुबह से ही सुहागिन महिलाओं द्वारा मंदिरो एंव वृक्षों की परिक्रमा के साथ पूजा पाठ किया गया। पीपल, तुलसी सहित अन्य दूसरे वृक्षों में भी 108 फेरी लगाने के बाद मंदिर में पूजा अर्चना की गई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पूजा करने का उद्देश्य पति की लम्बी आयु के साथ परिवारिक समृद्धि की कामना होती है।

पंडित सुनील दुबे कहते है की वट वृक्ष (बरगद पेड़) में देव निवास करते है। बरगद के पेड़ में जगत के पालनहार भगवान विष्णु, शिव और ब्रम्हा का वास होता है जिसकी पूजा आराधना करने से सौभाग्य, आरोग्य व सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। वट वृक्ष में त्रिदेव का वास होता है इसलिए इसमें जल भी चढ़ाया जाता है। शास्त्रों में बताया है की वट सावित्री व्रत में 108 परिक्रमा लगानी चाहिए। अससे वैवाहिक जीवन में खुशियां आती है। देवी सावित्री ने अपने पति सत्यवान को वट वृक्ष नीचे छांव में रख यमराज से अपने पति का जीवन पाया था। इस दिन से ही पूजन विधान प्रारंभ हुआ। बरगद पेड़ के तनों में भगवान विष्णु, जड़ों में भगवान ब्रह्मा और शाखाओं में भगवान शिव का वास रहता है। वृक्ष की कई शाखाएं नीचे की ओर झुकी रहती है जिन्हे देवी सावित्री का रूप माना जाता है। इन्ही सब मान्यताओं के आधार पर हिंदू सुहागिन महिलाए यह व्रत करके अपने सुहाग की रक्षा हेतु व्रत रख पूजन, आराधना करतीं है।

जमुना कोतमा में वट वृक्ष की हुई पूजा

अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर गुरुवार को महिलाओं द्वारा वट सावित्री का व्रत रखते हुए पूजा अर्चना कर पति की दीर्घायु जीवन की कामना की। जमुना कोतमा के रेलवे कॉलोनी, ठाकुर बाबा धाम, पंचायती मंदिर, रेस्ट हाऊस रोड शिव मंदिर, विकास नगर रोड मन्दिर सहित अन्य वट वृक्षों में सुबह से महिलाओं ने विधि विधान से पूजा करते हुए सुहागन सामग्री चूड़ी, बिंदी महावर को अर्पित कर परिक्रमा करते हुए अपने पति की दीर्घायु की कामना की।

नर्मदा उद्गम अमरकंटक में महिलाओं ने की वट वृक्ष की पूजा

मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली अमरकंटक में ज्येष्ठ मास की अमावस्या तिथि को गुरुवार 6 जून को महिलाओं ने सावित्री व्रत रहकर वट वृक्ष की पूजन, आराधना कर बारह परिक्रमा लगाते हुए इस पति की दीघार्यु में वृद्धि की कामना की। अमरकंटक क्षेत्र व आसपास की सुहागिन महिलाएं ही अपने पति की दीर्घायु और सुख समृद्धि के लिए व्रत रख पूजन, आराधना और वट वृक्ष की परिक्रमा लगा सौभाग्य का आशीर्वाद लिया। इसी पूजन को नगर की कुछ महिलाए नर्मदा नदी तट किनारे वट वृक्ष की विधि विधान पूर्वक पूजन , आराधना और परिक्रमा किया।

 

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...