https://halchalanuppur.blogspot.com

सोमवार, 20 मई 2024

घर की बाड़ी में लगे अवैध गांजा के 244 पौधे जप्‍त, दो अरोपित भेजे गये जेल

अनूपपुर। अमरकंटक थाना अंतर्गत ग्राम बहपुर मे अवैध रूप से गांजे के पौधे घर के पीछे 244 लगे पाये गये जिस पर पुलिस ने सभी पौधों का जप्‍त किया जिसका वजन 32 किला ग्राम की कीमत 16.4 हजार रु. आकी गई है। वहीं मकर महरा पुत्र भूरवल महरा एवं अनुपशाह महरा पुत्र मकर महरा निवासी ग्राम बहपुर को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।

उपनिरिक्षक बी.एल. गोलिया ने बताया कि रविवार को ग्राम बहपुर मे मकर महरा पुत्र भूरवल महरा एवं अनूपशाह महरा पुत्र मकर महरा के घर के पीछे बनी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगे होने की सूचना मुखबिर से मिने पर इससे पुलिस अधीक्षक जितेंद्र पवार, अति.पुलिस अधीक्षक मो.इसरार अंसारी को अवगत कराते हुए एसडीओपी पुष्पराजगढ़ सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमरकटंक साथ में उपनिरिक्षक बी.एल.गोलिया के नेतृत्‍व में घेराबंदी करते हुए छापामार की कार्यवाही करते हुए घर की बाड़ी में लगे गांजा के 244 पौधे मिले, जिसका वजन 32 किलो 800 ग्राम कीमत 16,400 रु. आंकी गई। जिस पर अपराध की धारा 8/20 NDPS एक्ट की कार्यवाई करते हुए सोमवार को दोनो अरोपितो को राजेंद्रग्राम न्यायालय में पेश किया गया, जहांसे जेल भेज दिया गया।

रविवार, 19 मई 2024

अज्ञात वाहन की ठोकर से बाईक चालक की मृत्यु, एक घायल

 

बाईक से कोरबा जा रहें थे दोनो युवक

अनूपपुर। अनूपपुर-जैतहरी मुख्य मार्ग से सोमवार की सुबह दो पहिया वाहन से रामपुर से कोरबा जा रहे दो युवकों का छुलहा एवं बेलिया फाटक के बीच अज्ञात वाहन से ठोकर से एक युवक की जिला चिकित्सालय पहुंचने के पूर्व मौत हो गई वहीं दूसरा युवक गंभीर घायल का उपचार जारी है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने स्थल का निरीक्षण कर गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय भेजा। वहीं वाहन चालक वाहन सहित फरार है पुलिस तलास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार अनूपपुर जिले से लगे शहडोल जिले के अमलाई थाना अंतर्गत रामपुर गांव के निवासी 28 वर्षीय संतोष कुमार साहू पुत्र अशोक कुमार साहू कार्य में अवकाश होने पर अपने गांव आया जहां सोमवार की सुबह 4 बजे दो पहिया वाहन क्र,एमपी 65 एमडी 4548 से गांव के पूर्व सरपंच झोले बैगा के 25 वर्षीय पुत्र सूरज बैगा के साथ छग के कोरबा के समीप स्थित कुशमुंडा कोयला खदान में जा रहे थे जहां वह पदस्थ है। अनूपपुर-जैतहरी-वेंकटनगर मुख्य मार्ग पर छुलहा एवं बेलिया फाटक के बीच जैतहरी की ओर से आ रहे अज्ञात बड़े वाहन द्वारा ठोकर मारने पर दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, घटना की जानकारी पर कोतवाली थाना अनूपपुर पुलिस घटनास्थल से दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्‍सक ने परीक्षण में अशोक कुमार साहू की जिला चिकित्सालय पहुंचने के पूर्व ही मृत्यु होना बताया। परिजनों की उपस्थिति में मृतक के शव का पंचनामा की कार्यवाही कर शव के पोस्‍टमार्डम उपरांत अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप कर पुलिस प्रारंभिक जांच में जुट गई। वहीं घटना में घायल 26 वर्षीय सूरज बैगा को का उपचार पारी हैं।

कार ने भारी वाहन को पीछे से मारी टक्कर, चालक की मौत, एक घायल

 


अनूपपुर। कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोतमा-मनेन्द्रगढ़ राष्‍ट्रीय राजमार्ग में केवई पुल के पास अज्ञात भारी वाहन के पीछे से तेज रफ्तार चार पहिया वाहन के चालक ने टक्कर मार दी, जिससे चार पहिया वाहन चालक सूरज गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोतमा में भर्ती कराया गया, जहां से जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का पंचनामा बनाते हुए पोस्टमार्डम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार 19 मई की सुबह बिजुरी से कोतमा आ रहीं कार क्रमांक एमपी 20 टी 8054 का चालक तेज रफ्तार वाहन को चलाते हुए उसके आगे चल रहें अज्ञात भारी वाहन के पीछे ठोकर मार दी, दुर्घटना में चार पहिया वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक सूरज गुप्ता की मौके पर मृत्‍यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बेटू नामक व्यक्ति को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का पंचनामा बनाते हुए पोस्टमार्डम उपरांत शव परिजनों को सौंप कर मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

झाड़-फूंक के बहाने युवती से अश्लील हरकत करने वाला आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल

 


अनूपपुर। झाड़- फूंक के बहाने 23 वर्षीय युवती से अश्लील हरकत करने पर नादिर अली पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी वार्ड नंबर 2 पटोरटोला अनूपपुर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया गया हैं।

कोतवाली नगर निरिक्षक अरविंद जैन ने बताया कि शनिवार की शाम अनूपपुर निवासी 23 वर्षीय युवती अपनी माता- पिता के साथ थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि विगत कुछ दिनों से पेट में दर्द होने से पिता के झाड़-फूंक से इलाज के लिए 49 वर्षीय नादिर अली पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी वार्ड नंबर 2 पटोरटोला अनूपपुर को घर लाये थे, जहां झाड़-फूंक के बहाने नादिर कमरे में कपड़े हटाकर पेट एवं सीने में हाथ लगाकर अश्लील हरकत की गई, जिससे परेशान युवती ने इसकी जानकारी माता-पिता को दी। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध की धारा 354 भारतीय दंड विधान एवं 3(2) (va) एस.सी. एस.टी. एक्ट पंजीबद्ध करते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह पवार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मंसूरी एवं एस.डी.ओ.पी.अनूपपुर सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में नादिर अली को गिरफ्तार किया गया।  रविवार को न्‍यायालय में प्रस्‍तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। कार्यवाई में कोतवाली नगर निरिक्षक अरविंद जैन, महिला उपनिरीक्षक दयावती मरावी, महिला प्रधान आरक्षक जया, महिला आरक्षक ज्योति धारवे, प्रधान आरक्षक राजेश, रशीद शामिल रहें।

शुक्रवार, 17 मई 2024

सोते समय जहरीला कीड़ा काटने से युवती की मौत,परिवार में पसरा मातम

 


अनूपपुर कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी युवती को गुरुवार एवं शुक्रवार रात्रि सो रही थी सुबह जहरीले कीड़े ने हाथ की कोहनी में काट लिया, गंभीर हालत में परिजनों द्वारा उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार दौरान मौत हो गई।

जानकारी अनुसार कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम बरबसपुर निवासी स्व. सीताराम पांडेय की 25 वर्षीय पुत्री आयुषी पांडेय उर्फ शिल्पी गुरुवार एवं शुक्रवार की रात्रि प्रत्येक दिन की तरह घर में कमरे में पलंग पर परिजनों के साथ सो रही थी, शुक्रवार की सुबह अचानक एक जहरीले कीड़े ने बाएं हाथ के कोहनी के पास काट लिया, परिजनों द्वारा गंभीर हालत पर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार दौरान मौत हो गई। पुलिस मृतिका के परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा एवं पोस्‍टमार्डम कार्यवाही कर शव परिजनों सौप दिया गया। घटना की जानकारी लगते ही पांडे परिवार के साथ अन्य परिचित भी सदमे में है।

विषेश: अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 18 मई, संस्कृति के संरक्षण में संग्रहालय की भूमिका होती है अहम

 


इंगांराजवि का आदिवासी संग्रहालय आने वाली पीढ़ी गौरवशाली इतिहास और महत्व जानने पुरातात्विक धरोहरों को सहेजा

अनूपपुर। विश्व संग्रहालय दिवस 18 मई को मनाने का उद्देश्य यह है कि हम अपने आसपास की प्राचीन धरोहरों, अवशेषों को सहेज कर रखें जिससे हम और हमरी आने वाली पीढ़ी इसका गौरवशाली इतिहास और महत्व जान सके। प्रदेश की संस्कृति एवं धरोहरों को संरक्षित रखने एवं प्रचारित करने के लिये विभाग संकल्पित है। सम्पूर्ण जिले में आज भी कई ऐसी धरोहरें हैं। किसी भी क्षेत्र का इतिहास जानना हो तो उस क्षेत्र का संग्रहालय अवश्य देखना चाहिए इससे क्षेत्र का ऐतिहासिक काल, मूर्तिकला, शासक और संस्कृति का पता चलता है, इन्ही सबको ध्यान में रखकर 1981 तीर्थंकर महावीर पुरातत्व संग्रहालय की स्थापना की गयी थी। इसका उद्देश्य जिले की पुरातात्विक धरोहरों को सहेजना और उसका महत्व बताना है। जिले के इंगांराजवि अमरकंटक के संग्रहालय में अनूपपुर, शहडोल और उमरिया जिले की तीसरी सदी से लेकर तेरहवीं सदी तक प्राचीन मंदिरों से और खुदाई में मिली मूर्तियां, कलचुरी वंश की मूर्तियां, मिट्टी के बर्तन, शिल्पियों द्वारा बनाई गई कलाकृति और पुरातत्व के अवशेष, पाषाण कालीन पत्थर के औजार मौजूद है। शोध करने वाले छात्रों के लिए संग्रहालय स्वयं जीता जागता इतिहास है जहां वह प्रत्यक्ष रूप से इन्हे देख सकते हैं और अध्ययन कर जानकारी एकत्रित कर सकते है।

अनूपपुर जिला मुख्यालय से मात्र 65 कि.मी. की दूरी पर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय वि. वि. के आदिवासी संग्रहालय (ट्राइबल म्यूजियम) में जिले में पाई जाने वाली विशेष जनजातीय धरोहरों को संजो कर रखा गया है जैसे कि पहनावा, आभूषण, औशधीय वस्तुएं, जिले में बनाए जाने वाले मिट्टी के बर्तन, बांस से बनाई गई वस्तुएं, बैलगाड़ी की साज-सज्जा की वस्तुएं, कृषि में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण व औजार, वाद्ययंत्र, मुखौटे शामिल हैं।

सम्पूर्ण संभाग का प्राचीन इतिहास अत्यंत गौरवशाली और समृद्ध रहा है। संभाग के तीनों जिलों में खुदाई में अनेक प्राचीन मंदिर, गढ़ी, प्राचीन बावड़ियां, मूर्तियां, प्राचीन मूर्तियों के अवशेष मिले हैं। आज भी अनेक स्थानों में शोध कार्य जारी है। अमरकंटक स्थित प्राचीन कलचुरी कालीन मंदिर समूह, माँ नर्मदा उद्गम स्थल एवं मंदिर समूह, प्राचीन गणेश मंदिर धरहरकलां, ग्यारहवीं शताब्दी का शिव मारुति मंदिर समतपुर, गाज मंदिर, प्रथम शताब्दी ईसवी सहित अनेक प्राचीन अवशेष एवं प्रतिमा पाई गई है जिनके संरक्षण हेतु जिला प्रशासन, राज्य पुरातत्व विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण संस्थान से समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जा रहें हैं।

गुरुवार, 16 मई 2024

स्टेशन में महिला मजदूर की मौत, कारण बनी 108 एंबुलेंस सेवा

 


स्टेशन मास्टर एवं जीआरपी बनी निष्‍ठुर, नहीं दिखाई मनावता

अनूपपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक पर महिला मजदूर अपने 3 वर्षीय अबोध पुत्री के साथ मजदूरी का काम कर वापस लौटी रही कि अचानक मौत हो गई। जीआरपी पुलिस एवं 108 एंबुलेंस भोपाल से संचालित की लापरवाही महिला मजदूर की जान ले ली। वहीं मृतिका की तीन वर्ष की अबोध बालिका विचलित एवं परेशान होती रही लेकिन स्टेशन मास्टर एवं जीआरपी अनूपपुर का एक भी कर्मचारी महिला मजदूर को देखने तक की फुर्सत नहीं उठाई। यात्रियों द्वारा 100 डायल पुलिस को सूचना दिए जाने पर 100 डायल भोपाल स्थित संचालन एंबुलेंस भेजने की जगह आधे घंटे तक विभिन्न तरह की बातें पूछते रहे जिससे विलंब होने के कारण महिला की जिला अस्पताल ले के पूर्व मृत्‍यु हो गई।

जिला अस्पताल में डॉक्टर द्वारा परीक्षण में पूर्व से मृत होना बताया। सूचना पर पुलिस पति की उपस्थिति में मृतिका के शव को जिला प्रशासन एवं सीएमएचओ के सहयोग से पैतृक गांव डिण्डौरी जिला भेजा गया।

जानकारी अनुसार डिंडोरी जिले के गाडासरई थाना अंतर्गत ग्राम बरगांव निवासी शिवराम मार्को की 28 वर्षीय पत्नी सरोज मार्को 3 वर्ष की पुत्री मोनिका के साथ दो माह पहले अपने मायका से किसी के साथ उत्तरप्रदेश के कानपुर मजदूरी का काम करने गई थी, जो 16 मई की सुबह अनूपपुर स्टेशन में उतरी तथा इस बीच सरोज ने अपने भतीजे को फोन के माध्यम से अनूपपुर आने तथा पति शिवराम मार्को को अनूपपुर स्टेशन भेजने की बात कही इस बीच सरोज की अचानक तबीयत खराब हो जाने पर वह अनूपपुर के प्लेटफार्म क्रमांक एक में आरपीएफ थाना के पास अपनी बच्ची के साथ लेट गई और अचेत हो गई यात्रियों द्वारा स्टेशन मास्टर, जीआरपी पुलिस, आरपीएफ पुलिस को जानकारी देते हुए 108 एम्बुलेंस पर फोन किया किंतु 108 एंबुलेंस कालसेंटर भोपाल द्वारा एंबुलेंस भेजने की जगह सूचना कर्ता से ही विभिन्न तरह की बातें आधे घंटे तक करते रहे, वहीं सूचना के बाद भी जीआरपी पुलिस का एक अदना सा कर्मचारी गंभीर रूप से बीमार, अचेत अवस्था में पड़ी महिला को देखने तक की फुर्सत नहीं निकाल सका। इस बीच यात्रियों द्वारा हंड्रेड डायल पुलिस को सूचना दिए जाने पर हंड्रेड डायल के आरक्षक कपिल सोलंकी,पायलट मनोज कुमार यादव रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर एवं जीआरपी थाना अनूपपुर को सूचना दी गई किंतु काफी देर बाद भी कोई नहीं आया घटना की जानकारी पर अनूपपुर के समाजसेवी शशिधर अग्रवाल भी मौके पर पहुंचकर हंड्रेड डायल पुलिस, आरपीएफ पुलिस एवं स्टेशन के अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों के सहयोग से महिला को 108 एंबुलेंस से पीड़िता को जिला चिकित्सालय अनूपपुर लाया गया, इस बीच महिला यात्रियों द्वारा महिला की बालिका को सम्‍हाला, फोन से मिली जानकारी पर सरोज की पति शिवराम मार्को गांव से अनूपपुर स्टेशन पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी दी गई। डॉक्टर ने परीक्षण कर सरोज की पूर्व में ही मृत्यु हो जाने की जानकारी दी। पुलिस द्वारा मृतिका के पति एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा सफाई कर्मचारियों के सहयोग से शव का पंचनामा व शव परीक्षण की कार्यवाही की गई। इस बीच जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा मृतिका महिला मजदूर के शव को जिला चिकित्सालय के शव वाहन से पति के साथ पैतृक गांव डिंडोरी जिले की में भेजा गया।

बुधवार, 15 मई 2024

अवमानना नोटिस से नराज जिला पंचायत सीईओ पर लगा आवेदक को धमकाने का आरोप

 


कहा: जो करना है कर लो, ऐसे कोर्ट के आर्डर बहुत देखा हूँ अब कोर्ट से ही पैसा मिलेगा   

अनूपपुर। जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में कार्यरत दैनिक वेतनभेगी कर्मचारी अपने लंबित वेतन भुगतान के लिए उच्च न्यायालय जबलपुर में याचिका दायर कर गुहार लागाई जिस पर न्यायालय ने विभाग को 90 दिनों में प्रकरण के निराकरण के आदेश दिया। जिसके बाद भी कर्मी का वेतन का भुगतान नहीं हो सका। इस पर दैनिक वेतनभेगी कर्मचारी ने अवमानना प्रकरण लगाया जिस पर उच्च न्यायालय ने जिला पंचायत अनूपपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा को अवमानना नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जबाब मांगा। जिससे नराज सीईओं ने आवेदक को धमकाते हुए कहा कि एक रुपया नहीं मिलेगा तुम्हें जो करना है कर लो तुम तो फीस देकर मुकदमा करते हो हमारी तरफ से शासन के लोग लड़ लेंगें ऐसे कोर्ट के आर्डर बहुत देखा हूँ जाओ अब कोर्ट से ही तुम्हारा पैसा मिलेगा

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में कार्यरत दैनिक वेतनभेगी कर्मचारी विनोद कुमार पाटकर अपने लंबित वेतन भुगतान के लिए उच्च न्यायालय जबलपुर में याचिका दायर कर गुहार लागाई जिस पर उच्च न्यायालय ने 90 दिनों प्रकरण के निराकरण के आदेश दिया था जिसके बाद भी वेतन का भुगतान नहीं हो सका। इस पर विनोद कुमार ने अवमानना प्रकरण लगाया जिस पर उच्च न्यायालय ने जिला पंचायत अनूपपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा को अवमानना नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जबाब मांगते हुए उपस्थित होने को कहा गया हैं। इससे नराज जिला पंचायत अनूपपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कर्मचारी को उन उपर भड़क गये और बोले "मैनें तुम्हें नौकरी पर रखा था क्या जो मेरे खिलाफ मुकदमा लगाते हो, एक रुपया नहीं मिलेगा तुम्हें जो करना है कर लो तुम तो फीस देकर मुकदमा करते हो हमारी तरफ से शासन के लोग लड़ लेंगें ऐसे कोर्ट के आर्डर बहुत देखा हूँ मैं जाओ अब कोर्ट से ही तुम्हारा पैसा मिलेगा, ज्यादा नौटंकी करोगे तो अंदर करवा दूंगा, अभी हमारी ताकत जानते नहीं हो एक भी कर्मचारी तुम्हारा साथ नहीं देंगें मैं जैसा चाहूंगा वैसा रिपोर्ट बनाकर देंगें तुमने कभी कोई काम नहीं किया है" इससे विनोद कुमार डर कर जाने लगा तो सीईओ बोले कि कोरे कागज पर दस्तखत करके जाओ। इसके बाद विनोद एक वरिष्ठ अधिकारी के सामने निः सहाय था। विनोद अपने साथ हुए व्यवहार के विरूद्ध 13 मई 24 को अनूपपुर कलेक्टर कार्यालय के आवक जावक शाखा में शिकायत की प्रति देते हुए मुख्य सचिव, संभागायुक्त, मुख्यमंत्री, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर, पुलिस महानिरीक्षक शहडोल को आवेदन कर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही उच्च न्यायालय में विचाराधीन अवमानना प्रकरण में सभी शिकायती पत्र प्रस्तुत करने हेतु जबलपुर भेजा है। जिले में यह पहला मामला हैं जब किसी वरिष्ठ अधिकारी द्वारा भृत्य को धमकाने गया है। प्रदेश में प्रशासन को दूरस्त करने के लिए भले ही लाख प्रयास किए जाएं पर अधिकारियों के आचरण पर कोई लगाम नहीं है, जिला पंचायत की कार्यप्रणाली से पूरे प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लग गया है, जब कर्मचारियों के साथ अधिकारी द्वारा ऐसा व्यवहार तो आम आदमी के साथ क्या होता होगा

मंगलवार, 14 मई 2024

लुटेरो ने चाकू की नोक पर किसान से लूटा 14 हजार नगद व मोबाइल, मारपीट से किसान गंभीर घायल

 


एक गिरफ्तार भेजा गया जेल, तीन की तलाश जारी

अनूपपुर। राजेन्द्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत उमनिया-करौंदी मार्ग में 13 मई की शाम दो पहिया वाहन से घर जा रहे किसान को चार बाइक सवारों ने रास्ता रोककर चाकू से हमला करते हुए मारपीट कर मोबाइल फोन एवं 14 हजार रूपए नगद छीन कर भाग गये। हमले में किसान को गंभीर चोट आई, उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजेन्द्रग्राम भर्ती कराते हुए सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चार पर धारा 341, 394, 397, 398 के तहत मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन की तलाश में जुटी हुई है। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी ने बताया कि 13 मई की शाम 27 वर्षीय सुमंत कुमार चन्द्रवंशी पुत्र राजेन्द्र प्रसाद चन्द्रवंशी निवासी करौंदी को घायल अवस्था में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस ने सुमंत कुमार चंन्द्रवंशी से पूछताछ पर सुमंत कुमार ने बताया कि 13 मई को बिलासपुर का व्यापारी से टमाटर खरीदने गांव आया था, परिवार के साथ जोहिला नदी के किनारे स्थित खेत से टमाटर तोडक़र व्यापारी को टामाटर बेचा जिसकी राशि 14 हजार रूपए मिली जिसे अपने पास रख बाइक से भाई विनोद को छोडऩे घर ग्राम उमनिया छोड़ अपने घर करौंदी जा रहा था, उमनिया-करौंदी के रास्ते में चार बाइक सवार तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए मेरे सामने अड़ाकर लगाते हुए रास्ता रोक लिया तथा उनमें से एक व्यक्ति ने चाकू दिखाते हुए मारपीट करने लगे तथा एक व्यक्ति ने चाकू से मुझपर हमला कर दिया, बचाव में चाकू मेरे कान में लगा। मारपीट करते हुए जमीन मे गिरा चारों ने मेरी तलाशी लेते हुए मोबाइल एवं 14 हजार नगद राशि लूट ली। शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे लोगो दौडक़र आने पर चारों लोगो ने अपनी बाइक लेकर भागने लगे। रास्ता पथरीला व कच्चा होने के कारण चारो बाइक से गिर गए और अपनी बाइक को रास्ते में ही छोडक़र खेत होते हुए जोहिला नदी होते हुए भाग निकले।

मौके पर पहुंचे एसपी, पीडि़त से की मुलाकात

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह पवॉर ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए पीडि़त से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और थाना प्रभारी राजेन्द्रग्राम को निर्देशित करते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द पकडऩे हेतु टीम का गठन किया।

लूट के समय पीडि़त द्वारा चार बाइक सवारों में एक की पहचान 20 वर्षीय मनीष कुमार चंद्रवंशी पुत्र स्व. लवलेश कुमार के रूप में किए जाने पर पुलिस ने मनीष कुमार चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया पूछतांछ में मनीष ने अपना अपराध स्‍वीकार करते हुए तीन अन्य साथियों की पहचान कराई गई, जिस पर चारों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

वहीं पुलिस तीन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिया हैं। कार्यवाई में राजेन्द्रग्राम थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार बरकरे, उपनिरीक्षक प्रवीण साहू, सहायक उपनिरीक्षक दीपचंद्र वर्मन, यादवेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र प्रसाद यादव, शिवकुमारी धुर्वे, आरक्षक मदगेन्द्र पटेल, मूरत सिंह, अजय परस्ते, रविशंकर मरावी सहित थाना प्रभारी अमरकंटक कलीराम परस्ते की भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह पवॉर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित किया गया था, जहां एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है, तीन अन्य आरोपियों की तलास की जा रही है।

वाटरपार्क में नबालिक की मृत्यु मामले में मालिक रहीस खान की जमानत याचिका निरस्त


वाटरपार्क निर्माण में नियमों का पालन नहीं, जांच टीम ने कलेक्टर को सौंपा प्रतिवेदन

अनूपपुर। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश अनूपपुर पंकज जायसवाल की न्यायालय ने  वाटरपार्क में डूबने से हुई मृत्यु मामले में वाटरपार्क के मालिक रहीस खान की जमानत को निरस्त करते हुए पुन: जेल भेज दिया। पैरवी जिला लोक अभियोजक पुष्पेन्द्र कुमार मिश्रा ने की। वहीं दूसरी ओर प्रशासन और पुलिस की टीम ने वाटरपार्क का निरिक्षण कर जांच प्रतिवेदन बनाकर कलेक्टर को प्रेषित कर दिया हैं। जांच में वाटरपार्क के निर्माण में नियमो की अनदेखी की गई हैं।

जिला लोक अभियोजक पुष्पेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस प्रतिवेदन एवं प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार रहीस खान सर रिर्सोस एण्डद फन सिटी अमरकंटक रोड जमुडी सिथत वाटर पार्क का मालिक है 11 मई 2024 को वाटर पार्क में शुभम प्रजापति आयु 17 वर्ष की डूबने से मृत्यु हो गई। वाटर पार्क के अंदर प्रवेश् हेतु प्रत्येक व्यक्ति से रू. 150 टिकट ली जा रही थी, जहां करीब 150 से 200 महिला पुरूष नहा रहे थे, जहां डूबने से बचाने के लिये कोई तैराक नहीं था और न ही सुरक्षा हेतु लाईफ सेविंग जैकिट, स्वीरमिंग ट्यूब दी गई थी। पुल में पानी करीब 8 फिट गहरा था और डूबने की संभावना थी। सावधानी वाला बोर्ड एवं संकेत नहीं लगाया गया था, गहरे होने के स्थान पर कोई रस्सी नहीं बांधी गई थी इसके साथ ही मौके पर मेडिकल सुविधा जैसे ऑक्सीनजन मॉस्क, सिलेंडर नहीं था। अरोपित को ज्ञान था कि वाटर पार्क की गहराई ज्यादा है और उसमें पानी ज्यादा होने से किसी व्यक्ति की मृत्यु हो सकती है। इसके वाबजूद सुरक्षा मानकों को अनदेखा करते हुए वाटर पार्क संचालित कर रहा था। जिला लोक अभियोजक की दलील से सहमत होते हुए न्यायालय ने वाटरपार्क के मालिक आरोपित रहीस खान की जमानत आवेदन को निरस्त‍ करते हुए पुन: जेल भेज दिया।

वाटरपार्क निर्माण में नियमों का पालन नहीं

कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की टीम ने वाटरपार्क का निरिक्षण कर जांच प्रतिवेदन बनाकर कलेक्टर को प्रेषित कर दिया हैं। तहसीलदार गौरी शंकर शर्मा ने बताया कि वाटरपार्क के निर्माण में मापदंडों का पालन नहीं किया गया हैं, किसी भी प्रकार की अनुज्ञप्ति नहीं ली गई। निर्माण के पूर्व ग्राम पंचायत से अनुमति न‍हीं ली गई हैं साथ ही वाटरपार्क में बने पुल की गहराई मापदडं से अधिक पाई गई, जांच प्रतिवेदन को प्रेषित कर दिया हैं। कलेक्टर के निर्देश के बाद कार्यवाई की जायेंगी। संभावना हैं कि कार्यवाई में प्रशासन का बुलडोजर चल सकता हैं।

 


सोमवार, 13 मई 2024

प्रधान जिला न्यायाधीश ने जिला जेल का किया निरिक्षण, साफ-सफाई के दिये निर्देश


अनूपपुर। म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर 13 मई को रविन्दर सिंह, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जिला जेल अनूपपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुरूष एवं महिला बैरकों में साफ-सफाई, बंदियों के बिस्तर, पाकशाला, शौचालय,  की साफ-सफाई प्रतिदिन दिये जाने वाले आहार की मात्रा संबंधी सारणी एवं जेल अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की जांच अवाश्‍यक निर्देश दिये।

प्रधान जिला न्यायाधीश रविन्दर सिंह ने सोमवार को अनूपपुर जिला जेल का निरिक्षण किया। जहां उन्होंने जेल मैनुअल अनुसार जेल में बंदियों को उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए पुरूष एवं महिला बैरकों का निरीक्षण किया। बैरकों में साफ-सफाई, बंदियों के बिस्तर, पाकशाला, शौचालय की साफ-सफाई का निरीक्षण किया।

प्रधान जिला न्यायाधीश ने पाकशाला की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता व प्रतिदिन दिये जाने वाले आहार की मात्रा संबंधी सारणी को देखा साथ ही जेल अस्पताल के निरीक्षण में उपलब्ध दवाओं की जांच की। जिला जेल के सामुदायिक शौचालय में उचित साफ-सफाई के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और विधि सम्मत सलाह दी। मुलाकात कक्ष के बंदियों द्वारा उपयोग में लाये जा रहे टेलीफोन तथा सीसीटीव्ही कैमरों के विषय में जानकारी ली। किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति का भी निरीक्षण किया जहां साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था आदि के लिये निर्देशित किया।

निरिक्षण के दौरान दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मोनिका आध्या, न्यायिक मजिस्ट्रेट अंजली शाह, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह, उपजेल अधीक्षक इंद्रदेव तिवारी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल संतदास नापित, शाबिर अली एवं रामकृष्ण सोनी डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल, आयुष सोनी असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सहित न्यायालीन स्टाफ एवं जेल स्टाफ उपस्थित रहा।

सनबीम कान्वेंट, भारत ज्योति स्कूल सहित 2 अन्य स्कूलों की मान्यता समाप्त का प्रस्ताव

 

अनूपपुर। जिला मुख्‍यालय सहित जिले की अशासकीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में कई कमियां पाई गई थीं, जिसमें फीस वृद्धि की जानकारी, पुस्तकों की सूची सभी दुकानदारों को उपलब्ध नही कराए जाने तथा मापदण्ड के अनुसार संस्था संचालित नही करने पर कारण विद्यालयों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था।

जिला शिक्षा अधिकारी रमेश सिंह धुर्वे ने बताया कि गत दिनों जिले की अशासकीय विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में कई कमियां पाई गई थीं जिसमें फीस वृद्धि की जानकारी निर्धारित प्रारूप में कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी में नही भेजे जाने, पुस्तकों की सूची सभी दुकानदारों को उपलब्ध नही कराए जाने तथा मापदण्ड के अनुसार संस्था संचालित नही करने पर 4 विद्यालयों सनबीम कान्वेंट स्कूल अनूपपुर, भारत ज्योति अनूपपुर, सनराईज स्कूल बिजुरी तथा न्यू स्टेला लहरपुर जैतहरी के विरूद्ध मान्यता समाप्त करने एवं आवश्यक कार्यवाही किए जाने के लिए लोक शिक्षण शहडोल संभाग शहडोल के संयुक्त संचालक को प्रस्ताव भेजा गया है।

मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं आरईएस ई को हाईकोर्ट का नोटिस, चार सप्ताह में देगे जबाब

 


निविदाकार का 16 वर्ष पुराने कार्य के बकाया भुगतान नहीं किये जाने पर     

अनूपपुर। जिला पंचायत अनूपपुर की कार्यप्रणाली उच्च न्यायालय जबलपुर सवाल उठा रहीं हैं इसके बाद भी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हो रहा हैं। उच्च न्यायालय जबलपुर ने एक बार फिर नोटिस जारी किया हैं। जिला पंचायत के अंतगर्त कार्य करने वाले विभाग कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा में निविदाकार धर्मेंद्र कुमार चौबे के 16 वर्ष पुराने का बकाया 12.17 लाख रुपयें का भुगतान नहीं किये जाने पर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास भोपाल मलय श्रीवास्तव एवं प्रभारी कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अनूपपुर सुगंध प्रताप सिंह को चार सप्ताह में जबाब प्रस्‍तुत करने के निर्देश दिये हैं। याचिकाकर्ता की तरफ से दीपक कुमार पांडे और अनुभव सिंहल ने पक्ष रखा।

अधिवक्ता दीपक कुमार पाण्‍डेय ने बताया कि निविदाकार धर्मेंद्र कुमार चौबे द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास के अंतगर्त ग्रामीण यांत्रिकी सेवा में वित्तीय वर्ष 2009, 2010, 2011, 2012 में विभाग द्वारा दिए गए स्वीकृत कार्य किए करने के पश्‍चात 12 लाख 17 हजार रूपयें का भुगतान नहीं किये जाने से परेशान निविदाकार धर्मेंद्र कुमार चौबे ने उच्च न्यायालय जबलपुर की शरण लेते हुए याचिका प्रस्तुत किया था, जिस पर उच्च न्यायालय ने 60 दिवस के अंदर भुगतान करने के निर्देश दिए थे, इसके बाद कई बार आवेदन देने पर भी भुगतान नही होने पर याचिका कर्ता ने उच्च न्यायालय में अवमानना याचिका प्रस्तुत की। जिस पर उच्च न्यायालय ने सुनवाई करते हुए मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास भोपाल मलय श्रीवास्तव एवं प्रभारी कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा अनूपपुर सुंगध प्रताप सिंह को नोटिस जारी करते हुए चार सप्ताह में जवाब मांगा है। जिले में बैठे अधिकारी शासन के आदेश के बाद भी न्यायालय के आदेश का समय पर पालन नही किया जा रहा है। जिससे व्यथित होकर कार्य करने वालो को हाईकोर्ट की शरण में जाना पड़ता है जिससे अनावश्यक समय और पैसा लगता है जिला पंचायत अनूपपुर को एक सप्ताह में दूसरी बार अवमानना का नोटिस जारी हुआ है

 

रविवार, 12 मई 2024

वाटर पार्क में डूबने से मृत्यु मामले में मालिक एवं मैनेजर गिरफ्तार, भेजे गये जेल

 

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज, वाटर पार्क को किया सील

अनूपपुर। थाना कोतवाली अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरा के जमुड़ी अंतर्गत सर रिसोर्ट एण्ड फन सिटी वाटर पार्क में 11 मई की दोपहर स्विमिंग पूल में बुढार निवासी 17 वर्षीय नाबालिग बालक शुभम प्रजापति के डूबकर मृत्यु के मामले में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जोन, शहडोल डी.सी. सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर इसरार मन्सूरी ने घटनास्थल का पहुंचकर निरीक्षण किया एवं स्थानीय चक्षुदर्शी साक्षियो से पूछताछ उपरांत वाटर पार्क के मालिक एवं मैनेजर के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिये जाने पर थाना कोतवाली अनूपपुर में सर रिसोर्ट एण्ड फन सिटी वाटर पार्क के मालिक 54 वर्षीय मो. रईस खान पुत्र इसहाक मोहम्मद एवं  मैनेजर 50 वर्षीय अंसार मोहम्मद उर्फ मुन्ना पुत्र निसार मोहम्मद दोनो निवासी वार्ड न. 12 चंदासटोला अनूपपुर के विरूद्ध धारा 304, 34 भा.द.वि. गैरइरादतन हत्या का आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए दोनो आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्‍यायलय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

ज्ञात हो कि शनिवार की दोपहर नाबालिग बालक 17 वर्षीय शुभम प्रजापति पुत्र शिवप्रसाद प्रजापति निवासी बुढार जिला शहडोल अपने मित्रो आयुष यादव, यश लंहगीर, आदित्य कोरी, नीलेश कोरी के साथ कार से अनूपपुर जिले में अमरकंटक रोड पर ग्राम जमुड़ी में बने वाटर पार्क में टिकिट कटाकर अंदर स्विमिंग पूल में चले गये जहां पहले से ही बड़ी संख्या में करीब 150-200 लोग मौजूद थे। कुछ देर बाद अचानक शुभम प्रजापति अपने मित्रो को नहीं मिलने पर हो हल्ला हुआ और थोड़ी देर बाद स्विमिंग पूल के पानी में शुभम प्रजापति अचेतन अवस्था में मिला जिसे तुरंत उठाकर जिला अस्पताल ले जाने पर डाक्टर द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही नगर निरिक्षक कोतवाली अरविन्द जैन अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर शव के पंचनामा पोस्‍टमार्डम उपरांत मर्ग जांच की गयी एवं शोकाकुल मृतक के पिता शिव प्रसाद प्रजापति को आश्वस्त किया गया कि पुलिस द्वारा शीघ्र ही जांच पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाटर पार्क को सीलबंद कर दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग जाँच पर पाया कि सर रिसोर्ट एण्ड फन सिटी वाटर पार्क के मालिक रईस खान एवं मैनेजर मुन्ना उर्फ अंसार खान द्वारा वाटर पार्क निर्माण के लिए किसी भी संबंधित विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गयी थी। हाल ही में बड़ी संख्या में 150 रूपये की प्रवेश टिकिट की राशि ली लेकर बड़ी संख्या में लोगो को वाटर पार्क एवं स्विमिंग पूल में सुरक्षा नियमो की अनदेखी कर प्रवेश दिया जाता था। जिससे वाटर पार्क में बने स्विमिंग पूल के पानी में डूबने से बचा ने के लिए कोई तैराक नहीं लगाया था, स्विमिंग पूल में अंदर जाने वालों को लाइफ सेविंग जैकेट नहीं दी गई थी, न ही स्विमिंग ट्यूब उपलब्ध नहीं कराई गई थी, पूल में पानी करीब 8 फीट गहरा और डूबने की संभावना थी वहां कोई सावधानी वाला सूचना बोर्ड एवं संकेत भी नहीं लगाया गया था, गहरे होने वाले स्थान पर कहीं कोई रस्सी या डोरी नहीं बांधी गई थी, मौके पर कोई भी मेडिकल सुविधा जैसे ऑक्सीजन मास्क और ऑक्सीजन सिलेंडर भी नहीं था। वाटर पार्क का मालिक रईस खान निवासी सर लगन पैलेस अनूपपुर एवं मैनेजर मुन्ना भाईजान उर्फ अंसार खान यह बात भली भांती जानते समझते थे कि 8 फुट की गहराई के पानी भरे हुए जान की जोखिम वाले स्विमिंग पुल और वाटर पार्क में सुरक्षा और सुविधाओ के बगैर किसी भी व्यक्ति की पानी में डूबने से मृत्यु हो सकती है, उसके बाद भी बड़ी संख्या में एक साथ 150-200 लोगो को स्वीमिंग पुल और वाटर पार्क से कमाई करने के लिए फीस लेकर अंदर गहरे पानी में जाने दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस जाँच में पाया गया कि वाटर पार्क के मालिक रईस खान एवं मैनेजर मुन्ना उर्फ अंसार खान यह जानते थे कि 8 फुट गहराई वाले स्वीमिंग पुल में डूबने से किसी की भी जान जा सकती है, तब भी किसी भी सुरक्षा मानदंड का पालन न करते हुए संबंधित विभागो से अनुमति लिये बगैर आर्थिक लाभ कमाने के वाटर पार्क का संचालक किया जा रहा था, जिससे शुभम प्रजापति की मृत्यु हुई। जिस पर थाना कोतवाली में अपराध की धारा 304,34 भा.द.वि. पंजीबद्ध करते हुए मो. रईस खान एवं अंसार मोहम्मद उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार करते हुए न्‍यायलय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्यवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर जितेन्द्र सिहं पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर इसरार मन्सूरी एवं एसडीओपी अनूपपुर सुमित केरकेट्टा के निर्देशन में नगर निरिक्षक कोतवाली अरविन्द जैन के नेतृत्‍व में उपनिरीक्षक संजय खलखो, स.उ.नि. सुखीनंद यादव, हरपाल सिहं, प्र.आर.राजेश कंवर, प्र.आर. शेख रसीद, भानु प्रताप एवं आरक्षक कमलेश रैदास, आरक्षक ओम प्रकाश शामिल रहें।

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...