https://halchalanuppur.blogspot.com

शुक्रवार, 5 जुलाई 2024

अल्प प्रवास पर अमरकंटक पहुंचे केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू, मां नर्मदा से लिया आशीर्वाद

अनूपपुर। केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू 5 जुलाई को अमरकंटक पहुंच कर मां नर्मदा दर्शन करते हुए पूजा अर्चना कर विभिन्‍न अश्रमों में संत महत्‍माओं से आशीर्वाद प्राप्‍त किया।

जानकारी अनुसार शुक्रवार को केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू अल्प प्रवास पर अमरकंटक पहुंचे जहां वह सीधे मॉ नर्मदा मंदिर में मॉ नर्मदा की पूजा अर्चना कर देश की ख़ुशहाली के लिए आशीर्वाद माँगा। इसके बाद श्रीकल्याण सेवा आश्रम में स्वामी हिमाद्री मुनि महाराज जी का आशिर्वाद प्राप्त किया। जहां स्वामी धर्मानंद महाराज, स्वामी हरस्वरुप महाराज, स्वामी सुंदरानंद जी महाराज ने स्वागत किया। जहां मंत्री ने अमरकंटक के विषय में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान साथ में गोपाल, अमित मेठवानी अमरकंटक के भाजपा नेता एवं पत्रकार उमाशंकर पाण्डेय सहित अन्‍य शामिल रहें।

स्कूली वाहनों का चेकिंग अभियान: 38 स्कूल वाहन की जांच, 10 पर कार्रवाई कर 22000 रुपए का वसूला जुर्माना

परमिट न होने पर गीतांजलि बस का कटा 10,000 का चालान 

अनूपपुर। जिला मुख्‍यालय में स्कूली वाहन चेकिंग सघन जांच में 38 वाहन चेक किए गए, जिसमे 10 वाहनों में कमी पाए जाने पर चालानी कार्रवाई कर 22000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं स्कूल में अटैच गीतांजलि बस सर्विस की बस का परमिट न होने पर 10,000 का चालान काटा गया। दो वाहन बिना बीमा पाए पर चालानी कार्रवाई करते हुए 6000 का जुर्माना लगाया गया। सभी वाहन चालको एवं स्कूल प्रबंधन को स्कूली वाहनों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार सुरक्षा मापदंडों को शीघ्र पूर्ण करने की हिदायत दी गई।

यातायात प्रभारी ज्योति दुबे ने बताया कि 5 जुलाई को पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह पवांर, एव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी अनूपपुर सुरेंद्र सिंह गौतम एवं यातायात की संयुक्त टीम द्वारा जांच में दौरान वाहनों के दस्तावेज फिटनेस, परमिट बीमा, प्रदूषण कार्ड ,ड्राइवर का ड्राइविंग लाइसेंस एवं बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से वाहनों में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम जैसे अग्निशमन यंत्र, सीसीटीव्ही कैमरे, स्कूल वाहन की खिड़कियों में लगी ग्रिल आदि की जांच की गई जांच में 38 वाहन चेक किए गए, जिसमे 10 वाहनों में कमी पाए जाने पर चालानी कार्रवाई कर 22000 का जुर्माना लगाया गया।

बिना परमिट बस पर हुई चालानी कार्रवाई

बेथल पब्लिक स्कूल में अटैच गीतांजलि बस सर्विस की बस का परमिट न होने पर 10,000 का चालान काटा गया।

बिना बीमा दो वाहन पर हुई कार्रवाई

महर्षि एंग्लो हायर सेकेंडरी स्कूल के वाहन चेक करने पर दो ओमनी वाहन बिना बीमा पाए गए, जिन पर चालानी कार्रवाई करते हुए 6000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं एक वाहन में फिटनेस ,बीमा एवं परमिट न होने पर जप्त किया गया। अग्निशमन यंत्र एवं फर्स्ट एड बॉक्स ना होने पर 10 वाहनों पर की गई चालानी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई मे एएसआई आनंद तिवारी,प्रधान आरक्षक जितेंद्र नरवरिया,प्रधान आरक्षक सुखसेन कोल, आरक्षक दिलीप एवं गणेश उपस्थित रहे।

 

 

बुधवार, 3 जुलाई 2024

शहर को जोडने वाला फ्लाईओवर निर्माण में लेट लतीफी: 18 माह होना था पूर्ण, 3 वर्ष बाद भी अधूरा

निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, कार्य में तेजी लाने दिए निर्देश

ठेकेदार की सुस्ती में सेतु के अभाव में बाजार हुए बेजार, नागरिकों की बढ़ी परेशानी

8 जुलाई को कलेक्टर करेंगे निर्माण सम्बंधित समीक्षा

अनूपपुर। दो हिस्सों में बंटे अनूपपुर शहर को जोड़ने वाला रेलवे ओवरब्रिज अनूपपुर का निर्माण 16 अगस्त 2021 में 18 माह में हुआ पूर्ण करने के आश्वासन पर आरंभ हुआ। तैयारी लेकर सेतु निर्माण कार्य तीन साल बाद भी अधूरा पड़ा है। इसके निर्माण कार्य पूर्ण होने में अभी भी सालभर की समयावधि लगने की संभावना है। इसे पूर्ण होने को लेकर अब तक न तो ठेकेदार की ओर से और ना ही जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी दी जा रही है। शहर की मुख्य कड़ी मार्ग कही जाने वाला यह मार्ग अब बारिश की बौछार में दलदली स्थल बन गया है। नागरिकों को हो रही परेशानियों पर अपर कलेक्टर अमन वैष्णव ने निर्माणाधीन रेलवे फ्लाई ओवर ब्रिज कार्य का निरीक्षण किया तथा फ्लाईओवर कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के संबंध में कार्य में तेजी लाने निर्देश अधिकारियों को दिए। वहीं 8 जुलाई को कलेक्टर रेल अधिकारियों के साथ रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की समीक्षा करेगे।

इस दौरान अपर कलेक्टर ने फ्लाईओवर के गुणवत्ता के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली। अपर कलेक्टर को बताया गया कि फ्लाईओवर के दोनों ओर मार्गो में आवागमन की स्थिति बेहतर नहीं है। वर्षा के कारण कीचड़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। जिस पर अपर कलेक्टर ने कीचड़ वाले मार्ग पर बजरी गिट्टी डलवाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे सरिया एवं अन्य निर्माण सामग्रियों को व्यवस्थित करने के भी निर्देश भी दिए। साथ ही फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण कार्य की वस्तुस्थिति एवं प्रगति की जानकारी प्रतिदिन प्रदान करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी सेतु को दिए।

तीन साल बाद भी अधूरा, 5 साल पूर्व मिली थी तकनीकि स्वीकृति

बताया जाता है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 6 अगस्त 2016 को आमसभा में ब्रिज निर्माण की घोषणा की थी। 14 दिसम्बर 2016 में ही प्रशासकीय स्वीकृति भी प्रदान। यहां तक कि 8 मई 2017 को कार्यादेश जारी कर दिया था। यहां तक वर्ष 2020 में मुख्यमंत्री ने खुद ही ओवरब्रिज निर्माण की आधारशिला रखी थी। जानकारी के अनुसार 12.01 करोड़ की लागत से 12-12 मीटर चौड़ाई और 462.44 मीटर का यह लम्बा पुल होगा। रेल पटरियों के उपर 56 मीटर लम्बी स्पॉन और ब्रिज में पिलर और आड़ीबॉल का भी उपयोग करते हुए 10 पिलर खड़े किए जाएंगे। दोनों छोर पर 50-50 मीटर लम्बी बीबीसी और 3-3 मीटर की चौड़ी सर्विस रोड प्रस्तावित है। लेकिन विभागीय व प्रशासकीय लापरवाही के कारण स्वीकृत ओवरब्रिज का निर्माण आज तक पूर्ण नहीं हो सका।

दो किलोमीटर अतिरिक्त शहर का लग रहा चक्कर

दो हिस्सों में बंटे अनूपपुर शहर इंदिरा तिराहा से कोतवाली तिराहे के बीच कड़ी के रुप में रेलवे फाटक से जुड़ा है यह रेलवे फाटक फ्लाईओवर अनूपपुर शहर के विकास की धुरी है। व्यापार, सब्जी मंडी, प्रशासकीय विभाग के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड,जिला चिकित्सालय की आवाजाही का एक मात्र मार्ग। बावजूद रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में राजनीतिक पक्षों के साथ सामाजिक संगठनों, प्रशासकीय अधिकारियों व स्वयं रेलवे ने भी जल्द कार्य पूर्ण होने करने की दिलचस्पी नहीं दिखाई। जिसके कारण अब नगरवासियों को बायपास मार्ग से 4 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर मुख्य बाजार की ओर जाना पड़ रहा है। 

उड़ीसा से आ रहा 7 लाख का गांजा कार सहित जप्त, 5 के खिलाफ मामला दर्ज, 2 गिरफ्तार

 


शहडोल जिले के ब्यौहारी में हजारी साकेत के यहां जा रहा था 70 किलो गांजा

अनूपपुर। कार में उड़ीसा से गांजा की खेप ला रहें लोगों को कोतमा पुलिस ने 2-3 जुलाई की रात कोतमा-भालूमाड़ा रोड स्थित कदमटोला के जंगल के पास घेराबंदी कर रोकते हुए कार से 70 किलो गांजा जप्त कर मौके पर दो आरोपितो महेन्द्र उर्फ मिन्दा 24 वर्षीय सोनी पिता हरीश सोनी निवासी कोतमा एवं 26 वर्षीय अंगद सिंह गोड़ पिता सुरेश सिंह गोड़ निवासी ग्राम भालूगोड़ार बिजुरी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए विनय सोनी उर्फ गुड्डी निवासी सोहागपुर जिला शहडोल मौके से फरार हो गया। पुलिस ने 5 आरोपितों के खिलाफ एनडीपीए एक्ट के तहत कार्यवाही की।

जानकारी के अनुसार उड़ीसा से कार में गांजा की खेप लाए जाने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह पवॉरअतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी के निर्देशन एवं एसडीओपी सुमित केरकेट्टा के मार्गदर्शन में कोतमा थाना प्रभारी सुन्द्रेश मरावी ने कदमटोला के जंगल में घेराबंदी करते हुए कार क्रमांक सीजी 04 एचएल 2137 को रोकते हुए कार की तलाशी ली गई। जिसमे कार के अंदर से 5-5 किलो के 14 पैकेट में कुल 70 किलो गांजा (अनुमानित कीमत 7 लाख रूपयें) को जप्त करते हुए दो अरोपितों महेन्द्र उर्फ मिन्दा सोनी एवं आंगद सिंह गोड़ को पकड़कर थाना लाया गयावहीं मौके का फायदा उठाते हुए विनय सोनी उर्फ गुड्डी निवासी सोहागपुर जिला शहडोल फरार हो गया। पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि गांजा लेने उड़ीसा के जशपुर गए थे। जहां से कार में गांजा भर कर शहडोल जिले के ब्यौहारी में किसी हजारी साकेत के यहां जा रहें थे। जब पुलिस ने कार रोकी तो इस दौरान गांजा भरी कार को फॉलोअप में लगी कार मौके से भाग निकलीजिसका कोतमा पुलिस ने फुनगा तक पीछा किया। जिसमे सद्दाम खान निवासी मनेन्द्रगढ़ द्वारा पॉयलेटिंग की जा रही थी। जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपितो महेन्द्र उर्फ बिन्दा सोनीआंगद सिंह गोड़ पिता सुरेश सिंह गोड़ को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आरोपित विनय सोनी निवासी सोहागपुर जिला शहडोलसद्दाम खान निवासी मनेन्द्रगढ़ एवं हजारी साकेत निवासी ब्यौहारी जिला शहडोल फरार हैजिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

रविवार, 30 जून 2024

अमरकंटक ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर 5 ने बनाया लगातार 300 दिन विद्युत उत्पादन करने का नया रिकार्ड


अनूपपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई (अनूपपुर) के अभियंताओं व कार्मिकों के समर्पण, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता ने 210 मेगावाट स्थापित क्षमता की यूनिट को लगातार 300 दिन तक संचालित करने में सफलता हासिल की है। यह विद्युत यूनिट की स्थापना के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस यूनिट ने 27 अगस्त 23 से 22 जून 2024 तक 300 दिन सतत् विद्युत उत्पादन करने का नया रिकार्ड बनाया। इस यूनिट के सतत् बिजली उत्पादन करने से प्रदेश की बिजली की आपूर्ति को विश्वसनीय बनाने के पावर जनरेटिंग कंपनी के उद्देश्य में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 

विभिन्न मापदंडों में भी मिली उपलब्ध‍ि

210 मेगावाट की यूनिट ने जब 300 दिन सतत् विद्युत उत्पादन करने का कीर्तिमान अर्जित किया तब इसने विभिन्न मापदंडों में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। यूनिट ने 100.24 फीसदी प्लांट उपलब्धता फेक्टर (पीएएफ), 98.6 फीसदी प्लांट लोड फेक्टर (पीएलएफ) व 9.29 प्रतिशत ऑक्जलरी कंजम्पशन की उपलब्ध‍ि हासिल की।  

ऊर्जा मंत्री व अपर मुख्य सचिव ने दी बधाई

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा मनु श्रीवास्तव व मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, अमरकंटक ताप विद्युत गृह के मुख्‍य अभियंता एम. एल. पटेल ने अमरकंटक ताप विद्युत गृह के यूनिट नंबर 5 के अभियंताओं व कार्मिकों को बधाई देते हुए उनकी सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, कड़ी मेहनत व प्रतिबद्धता से लक्ष्य अर्जित करने का यह सर्वश्रेष्ठ व अनुकरणीय उदाहरण है।


शनिवार, 29 जून 2024

राशि आहरण कर अवैधानिक तरीके से दुरुपयोग किए जाने पर उपयंत्री रिंकू सोनी की सेवा समाप्त

अनूपपुर। जनपद पंचायत अनूपपुर के उपयंत्री रिंकू सोनी को निर्माण कार्य में शासन द्वारा जारी आदेश- निर्देशों का उल्लंघन तथा पदीय दायित्वों का दुरुपयोग व राशि आहरण कर अवैधानिक तरीके से दुरुपयोग किए जाने के शिकायत की जांच के बाद संविदा सेवा समाप्त करते हुए उपयंत्री पद से पृथक करने का आदेश कलेक्टर के अनुमोदन के उपरांत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा द्वारा जारी किया है।

जानकारी अनुसार जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत दुधमनिया में जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से निर्मित संरचना पुलिया निर्माण व मनरेगा से स्वीकृत रिटेनिंग वॉल गैबियन के नाम पर 14.15 लाख एवं जनपद पंचायत अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भाद में स्वीकृत प्राथमिक पाठशाला बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य में राशि 14.80 के देयक में हस्ताक्षर करने व राशि आहरण अवैधानिक तरीके से दुरुपयोग आदि मामले मे उपयंत्री पर शिकायती आरोप सिद्ध पाये जाने पर कार्रवाई की गई है।


गुरुवार, 27 जून 2024

कोयला चोरी के संदेह पर 1 करोड़ 25 लाख का 3 ट्रक कोयला जप्त


अनूपपुर। कोयलांचल में कोयला चोरी एवं तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार- गुरूवार की रात कोतमा पुलिस ने तीन ट्रक कोयला चोरी का होने के संदेह में जप्त करते हुए थाने खड़ा कराते हुए धारा 379,41,1,4 के तहत मामला दर्ज किया।

कोतमा थाना प्रभारी सुन्द्रेश मरावी ने बताया कि रामपुर खाड़ा खदान से तीन ट्रॅक में कोयला लोड होकर बिजुरी की ओर जा रहा था। पुलिस को सूचना मिलने पर वाहनों को राष्‍ट्रीय राजमार्ग 43 मनमारी के समीप रोकते हुए वाहन चालक से परिवहन संबंधी दस्तावेजों की मांग की गई। जिसमे टीपी में समय समाप्त एवं अन्य खामियां पाये जाने पर कोयला संदिग्ध व चोरी की कार्यवाही की गई। वाहन ट्रक हाईवा क्रमाक सीजी 12 बीएल 6250 जिसमें 40 टन कोयला भरा था। जिसका चालक 30 वर्षीय दिनेश विश्वकर्मा पुत्र राजकरण निवासी बामनी थाना चुरहट जिला सीधी, वाहन क्रमांक सीजी 12 बिल 6251 चालक 30 वर्षीय उपेंद्र कुमार निवासी मरदा जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश एवं वाहन क्रमांक सीजी 12 बीएल 6240 में भी 40 टन कोयला पाया जिसके चालक 22 वर्षीय अमन नावेद पुत्र सूर्यनारायण केवट निवासी बहरी थाना चुरहट जिला सीधी के खिलाफ धारा 4,1, 4, एवं 379 आईपीसी में मामला दर्ज करते हुए कार्यवाही की जा रही है।  जप्त किए गए ट्रक एवं कोयले की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 25 लाख बताई जा रही है। इसे लेकर दिनभर थाने में सर गर्मी बनी रही। कार्यवाही में उप निरीक्षक डी.एस. बागड़ी, बृजेश पांडेय, विवेक पांडेय सहित अन्य लोग शामिल रहें।

बर्खास्त कर 65 लाख की वसूली के आदेश, आठ महीने में उसी कार्यालय में पदस्थपना


दोषमुक्त पर प्रदेश सरकार पर खड़े होते सवाल  

अनूपपुर। फर्जी भर्ती से हुए शासकीय कोष को हुई हानि की वसूली भी इन्हीं आरोपी अधिकारियों से वसूली के आदेश दिए गए थे। दोषी अधिकारियों ने अपने बच्चों तक की भर्ती नगर परिषदों के विभिन्न पदों में कर ली थीलेकिन सरकार का रुख अब इन पर नरम पड़ गया है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय ने 8 महीने पहले बर्खास्त किए भर्ती घोटाले के आरोपित रहे, नगरीय प्रशासन विभाग भोपाल ने तत्कालीन संयुक्त संचालक मकबूल खानप्रभारी कार्यपालन यंत्री राकेश तिवारी सहित दोषी पाए गए 4 अन्य मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया था।

शहडोल एवं अनूपपुर जिले में नवगठित नगरपरिषदों में फर्जी तरीके से 300 से अधिक लोगों की भर्ती की गई थी। इस मामले में जांच कर नगरीय प्रशासन विभाग भोपाल ने तत्कालीन संयुक्त संचालक मकबूल खानप्रभारी कार्यपालन यंत्री राकेश तिवारी सहित दोषी पाए गए 4 अन्य मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। फर्जी भर्ती से हुए शासकीय कोष को हुई हानि की वसूली भी इन्हीं आरोपी अधिकारियों से वसूली के आदेश दिए गए थे। दोषी अधिकारियों ने अपने बच्चों तक की भर्ती नगर परिषदों के विभिन्न पदों में कर ली थीलेकिन सरकार का रुख अब इन पर नरम पड़ गया है।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय ने 8 महीने पहले बर्खास्त किए भर्ती घोटाले के आरोपित रहे वापस से बहाल कर फिर से उसी कार्यालय में उसी पद पर नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। प्रदेश के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों द्वारा की गई जांच में दोषी पाए गए बर्खास्त अधिकारियों को इस तरह दोषमुक्त करने से मध्य प्रदेश सरकार पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

मोबाइल ऐप यूटीएस से ऑनलाइन टिकट बुकिंग में अनूपपुर, शहडोल स्टेशन का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन

सभी बुकिंग कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय द्वारा किया गया सम्मानित  

अनूपपुर। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा और डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। यूटीएस मोबाइल ऐप का उपयोग कर यात्री बिना किसी परेशानी के टिकट बुक कर सकते हैं, जिससे बुकिंग कार्यालयों पर भीड़ कम होती है और यात्रियों को बेहतर सेवा मिलती है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों में हेल्प-डेस्क के माध्यम से टिकट चेकिंग व बुकिंग स्टाफ द्वारा यात्रियों को यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी निरंतर दी जा रही है, जिससे यात्रीगण इसका सरलतापूर्वक प्रयोग कर इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठा सके। इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 27 जून को अनूपपुर से स्टेशन अधीक्षक वाणिज्य जयंतोदास गुप्ता के नेतृत्‍व में 16 बुकिंग कर्मचारियों सम्मानित किया गया। वहीं शहडोल से 14 बुकिंग कर्मचारियों शामिल रहें। इसके साथ ही छग के 2 स्टेशनों चांपा व रायगढ़ के बुकिंग स्टाफ को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

 बिलासपुर मंडल के सभी स्टेशनों के बुकिंग कार्यालय के कर्मचारियों ने यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट लेने के लाभों को समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस प्रयास से यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप से ऑनलाइन अनारक्षित टिकट खरीदने वाले यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई। साथ ही यात्रियों को भी टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में सुविधा और समय की बचत हुई। माह मई में मंडल के अनूपपुर, शहडोल, चांपा व रायगढ़ स्टेशनों के बुकिंग कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा ऑनलाइन अनारक्षित टिकट की बिक्री में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सराहनीय योगदान दिया गया। इस सराहनीय योगदान के लिए गुरूवार को बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने चारो स्टेशनों के बुकिंग कार्यालय के कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र व नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा बुकिंग कार्यालय के कर्मचारियों के इस उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए इसी उत्साह के साथ भविष्य में भी कार्य करते रहने की शुभकामनायें दी गई। इस अवसर पर वरि.मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनुपम दत्ता भी उपस्थित रहें।

इस दौरान प्रतीकत्‍मक रूप से प्रत्‍येक स्टेशनों से दो-दो बुकिंग कर्मचारियों को बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बुला कर प्रशस्ति-पत्र व नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अनूपपुर से स्टेशन अधीक्षक वाणिज्य जयंतोदास गुप्ता के नेतृत्‍व में वरिष्ठ वाणिज्य लिपिक नेहा गुर्जर एवं मौमिता मजूमदार ने प्रशस्ति-पत्र व नगद पुरस्कार प्राप्‍त किया।

अनूपपुर से सम्मानित होने वाले कर्मचारी

जयंतोदास गुप्ता स्टेशन अधीक्षक वाणिज्य, विजय बाबू समुद्र वाणिज्य पर्यवेक्षक, बाबू मुख्य वाणिज्य लिपिकों में सदाशिव पांडे, मनीमधुकर, पी वेंकट राव, ओंकार सिंह ठाकुर, मौमिता मजूमदार, कुमारी नेहा गुर्जर, कृष्णा ताम्रकार  अंकित रोहिणी, स्वप्निल कैकडे, शुभम पांडे, अमन सिंह, अजहर नवाज एवं रिसभ एक्का वाणिज्य लिपिक शामिल हैं।

मंगलवार, 25 जून 2024

जोहिला नदी में नहाने गये किशोर-किशोरी की डूबने से मृत्यु


अनूपपुर। पुष्पराजगढ़ के थाना राजेन्द्रग्राम अंतर्गत ग्राम बसनिहा में जोहिला नदी में 25 जून की दोपहर नहाने गये दो किशोरो की डूबने से मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस ने दोनों के शवों को नदी से बाहर निकलवा‍कर पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप कर मर्ग कायम करते हुए जांच प्रारंभ कर दी हैं।

जानकारी अनुसार ग्राम बसनिहा निवासी अशोक गुप्ता के घर से पांच बच्चे 25 जून की दोपहर पास में बह रहीं जोहिला नदी मे नहाने गए, जहां नहाते समय 20 वर्षीय किशोरी आकांक्षा पिता अशोक गुप्ता ग्राम बसनिहा एवं 16 वर्षीय अंशु पिता बिहारी गुप्ता ग्राम मरवाही दोनों गहरे पानी मे चले जाने से डूब गए और दोनों मृत्यु हो गई। इस दौरान अन्ये बच्‍चों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सकें।

बताया जाता हैं कि अंशु गुप्ता कुछ दिन पहले ही बसनिहा अपनी बुआ के यहां आया था। किसी को तैरना नहीं आता था। बच्चों ने घटना की जानकारी घर वालों को दिये जाने पर परिजन एवं गांव वालो द्वारा इस घटना की जानकारी राजेंद्रग्राम पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों के शव को पानी से बाहर निकालते हुए पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप कर मर्ग कायम करते हुए जांच प्रारंभ कर दी हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। 

सोमवार, 24 जून 2024

राखड से ओवरलोड हईवा वाईक सवार दम्पत्ती को मारी ठोकर, पत्नी के पैर में चढ़ा टायर

अनूपपुर। भालूमाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम कुशियारा रेलवे अंडर ब्रिज के पास ओवरलोड फ्लाई ऐश हाईवा ने दो पहिया वाहन सवार पति-पत्नी दवाई करने के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल जा रहे थे तभी अचानक ओवरलोड हाईवा वाहन ने ठोकर मार दी जिससे पति- पत्नी गिर पडें और वाहन का अगला टायर महिला के पैर मे चढ गया जिससे पैर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जिसे तत्‍काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल भेजा गया है जहां महिला का उपचार जारी है। दुर्घटना के वाहन चालक फरार हो गया।

एसईसीएल के जमुना कोतमा क्षेत्र बंद पड़ी हरद ओसियम खदान में मोजरबेयर पावर प्लांट जैतहरी से फ्लाई ऐश (राखड) डंपिंग का कार्य ट्रांसपोर्टिंग के माध्यम से एचआरसी कंपनी द्वारा ट्रांसपोर्टिंग किया जा रहा है। भालूमाड़ा थाना प्रभारी राकेश उईके ने बताया कि 24 जून की सुबह जैतहरी से राखड भरकर एमपी 34 एच 1080 हाईवा वाहन ओसियम खदान जा रहा कुशियरा रेलवे फाटक के पास बैरीगेट के बगल से निकाल रहा था तभी पगडंडी रास्ते से दो पहिया वाहन सवार पति लखन शुक्ला पत्नी प्रीति शुक्ला आने से भिड़ंत हो गई। और वाहन का अगला चक्का महिला के पैर के जांग में चढ़ गया। वहीं हाईवा चालक गाड़ी को सड़क पर खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिने पर वाहन को थाने मे लाकर खड़ा करते हुए वहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया हैं। वहीं जांच के बाद दुर्घटना व ओवरलोड सहित हर बिन्दुओ पर कार्रवाई की जायेगी।


रविवार, 23 जून 2024

लक्ष्‍य 113666 बच्चों को खुराक देने का, प्रथम दिवस 81.30 प्रतिशत बच्चों को पिलाई गई खुराक

बच्चों को दो बूंद पोलियो की खुराक पिलाकर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने किया तीन दिवसीय अभियान का शुभारंभ

अनूपपुर। प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने गृह जिला मुख्यालय अनूपपुर स्थित वार्ड क्रमांक 2 के आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की। तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी व स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास का अमला उपस्थित रहा। राज्यमंत्री ने इस दौरान बच्चो को पोलियो ड्रॉप पिला उपस्थित जनों को अभियान के सफल क्रियान्वयन में सहयोग का संकल्प दिलाया। जिले में 113666 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की खुराक देने का लक्ष्‍य रखा गया हैं। जिसमें प्रथम दिन जिले के चारो विकासखंडो में 92406 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाई गई।

राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने अभिभावकों से आव्हान करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों को दो बूंद जिंदगी की खुराक अवश्य पिलाये ताकि कोई भी बच्चा छूटे न। ज्ञात हो कि आज राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 23 जून को आयोजित किया गया। अभियान तीन दिवस तक चलाया जायेगा। प्रथम दिवस 23 जून को पोलियो बूथ पर 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के साथ 24 एवं 25 जून को टीम सदस्यों द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

जिले में 113666 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की खुराक देने का लक्ष्‍य रखा गया हैं। जिसमें प्रथम दिन जिले के चारो विकासखंडो में 92406 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाई गई। जिसमे अनूपपुर विकासखंड में में 26748 में 21453, जैतहरी 16364 में 13961, कोतमा 32974 में 26451 6451 एवं विकासखंड पुष्पराजगढ़ में 37580 में 30541 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की खुराक दी गई। 

शुक्रवार, 21 जून 2024

सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज

 


वर्ष 2019-20 में दवाओं व उपकरणों की खरीदारी में हुए घोटाले का है मामला

अनूपपुर। न्यायाधीश पंकज जायसवाल की विशेष न्यायालय (ई.ओ.डब्ल्यू.) अनूपपुर ने सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बी.डी. सोनवानी के अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए खारिज कर दिया। ज्ञात हो कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनूपपुर सहित 13 अन्य व्यक्तियों को वर्ष 2019-20 में सी.एम.एच.ओ. कार्यालय अनूपपुर में दवाओं और उपकरणों की खरीदी में हुए घोटाले के संबंध में आरोपी बनाया गया है, जिसमें दवा एवं उपकरण खरीदी कम्पनी के डायरेक्टरों को 11 दिन की पुलिस रिमाण्ड के पश्चात जेल भेज दिया गया है। आर्थिक अपराध ब्यूरो की ओर से पैरवी हेमन्त अग्रवाल विशेष लोक अभियोजक (ई.ओ.डब्ल्यू.) द्वारा की जा रही है।

आर्थिक अपराध ब्यूरो ने सी.एम.एच.ओ. कार्यालय अनूपपुर में 2019-20 में दवाओं और उपकरणों की खरीदी में हुए घोटाले के संबंध में आरोपी सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बी.डी. सोनवानी सहित 13 अन्य व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें दवा एवं उपकरण खरीदी कम्पनी के डायरेक्टरों को 11 दिन की पुलिस रिमाण्ड के पश्चात जेल भेज दिया गया है। न्यायालय ने प्रकरण की गंभीरता और बड़ी राशि के शासकीय गबन व अनुसंधान लंबित होने संबंधी तथ्य प्रकरण की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन सी.एम.एच.ओ. अनूपपुर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए अपने निर्णय में कहा हैं कि प्रकरण में सीएमएचओ अनूपपुर कार्यालय द्वारा वर्ष 2019 में आमंत्रित निविदा में म.प्र. भण्डार क्रय नियमों का उल्लंघन कर तकनीकी रूप से अपात्र फर्मों की निविदा स्वीकार करते हुए पात्र फार्मों को अपात्र करके न्यूनतम दरों से अधिक अर्थात प्रचलित बाजार दर से अधिक दर पर सामग्री/उपकरणों की खरीदारी में प्रथम दृष्टया शासकीय मद की राशि 7,11,43,455 में से 33,69,871.77 की आर्थिक क्षति होना पाया गया है।

प्रकरण के संबंध में आर्थिक अपराध शाखा भोपाल को वर्ष 2021 में शिकायत प्राप्त हुई थी, शिकायत का सत्यापन कर जांच की गई, जांच पश्चात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय अनूपपुर में दवा एवं उपकरण खरीदी में गबन/अनियमितता पाए जाने पर प्रथम सूचना रिपोर्ट तत्कालीन सी.एम.एच.ओ., स्टोर कीपर, लेखपाल, समिति के अध्यक्ष, ए.डी.एम., क्रय समिति के सदस्यों एवं आपूर्तिकर्ता कम्पनियों के विरूद्ध भादवि की धारा 420, 409, 120बी व भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)ए, 13(2) में प्रथम सूचना रिपोर्ट लेखबद्ध की, जिसकी विवेचना उप पुलिस अधीक्षक (ई.ओ.डब्ल्यू.) किरण किरो द्वारा की जा रही है।

देश की संस्कृति में योग प्राचीनकाल से विद्यमान हमारी योग विधा ने सम्पूर्ण विश्‍व को प्रभावित- कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस:

स्वस्थ जीवन के लिए योग और श्रीअन्न जरूरी - कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल

उत्कृष्ट विद्यालय अनूपपुर में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

जिलेभर में आयोजित किए गए सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम, श्री अन्न संवर्धन अभियान का शुभारंभ

जिला जेल में 126 बंदियों ने किया योग, जाना योग क्रियो के बारे में

अनूपपुर। स्वस्थ जीवन के लिए योग जरूरी है, हमारे देश की संस्कृति में योग प्राचीनकाल से विद्यमान है। हमारी योग विधा ने सम्पूर्ण विश्‍व को प्रभावित किया है। इस विधा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विशेष पहल की और उनके सद्प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ की पहल पर वर्ष 2015 से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रति वर्ष 21 जून को मनाया जाने गया। तब से हमारी प्राचीन विधा योग को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग के माध्यम से इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे। जिला मुख्यालय अनूपपुर के शा. उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (स्वयं एवं समाज के लिए योग विषय) तथा श्री अन्न संवर्धन अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहीं।

जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक नयन मिश्रा एवं माधुरी राठौर द्वारा योगाभ्यास कराया गया एवं योग विधा के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति सिंह, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह पवॉर, अपर कलेक्टर अमन वैष्णव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा, संयुक्त कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश सिंह धुर्वे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, नागरिक, पत्रकार, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थियों ने भागीदारी करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं श्री अन्न संवर्धन अभियान के शुभारंभ अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं जीवन के समग्र विकास के लिए आवश्‍यक है। उन्होंने सभी से योग को प्रतिदिन अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्री अन्न/मोटा अनाज से विभिन्न प्रकार के फायदे हैं। उन्होंने सभी को इसके संबंध में जानकारी देते हुए इसे अपने दिनचर्या में शामिल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि श्री अन्न (मोटा अनाज) अनेक प्रकार की बीमारियों से लड़ने में सहायता करता है तथा शरीर को आवश्‍यक पोषक तत्व तथा उच्च ऊर्जा प्रदान करने में सहायक होता है। कार्यक्रम में मोटे अनाज के उत्पादन के लिए किसानों को प्रेरित करने हेतु भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा श्री अन्न संवर्धन अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया। जिलेभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला, विकासखण्ड, नगरीय एवं ग्रामीण निकाय स्तर पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में विद्यार्थियों, नागरिकों, शासकीय सेवकों, पत्रकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं आदि ने बड़ी संख्या में बढ़चढ़ कर सहभागिता की। इस अवसर पर श्री अन्न कोदो का किसानों को मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल ने मंच से वितरण किया किया

जिला जेल में 126 बंदियों ने किया योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्वस्थ शरीर और स्थिर मानसिकता को लेकर अनूपपुर जिला जेल में बंदियों ने योग किया। जेल प्रशासन ने गया कि बंदियों के स्वास्थ्य और मानसिक रूप को बेहतर रखने के लिए समय-समय पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग की विभिन्न क्रियाएं जेल में कराई गई इस दौरान 13 महिला बंदियों सहित 126 बंदियों ने इस योग को अपने में समाहित किया स्वस्थ शरीर और मानसिकता को स्थिर और बेहतर बनाने के लिए योग क्रियो के बारे में जाना। इस दौरान उपजेल अधिक्षक इन्द्रदेव तिवारी के साथ जेल स्टॉफ, विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर के कर्मचारी शामि हुए।

गुरुवार, 20 जून 2024

खेत में कार्य कर रहीं अधेड़ महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, जलकर हुई राख

अनूपपुर। जिले के थाना भालूमाडा के अंतर्गत ग्राम सोही बेलला पयारी में 20 जून की दोपहर अचानक आयें आंधी तूफान के दौरान खेत में काम कर रहीं 50 वर्षीय महिला पानी गिरने पर खेत में बने मड़ई में छिप गई इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह पूरी तरह जल गई जिससे मौके पर ही मृत्‍यु हो गई। पुलिस अग्रिम कार्यवाही कर रही है।

जानकारी अनुसार थाना भालूमाडा के अंतर्गत ग्राम सोही बेलला पयारी में 20 जून की दोपहर 50 वर्षीय महिला बुधी केवट पति मोहन केवट अपने खेत में सब्जी लगाने का काम कर रहीं थी इसी दौरान अचानक आयें आंधी तूफान के साथ बारिश से बचने के लिए खेत में बने मड़ई में जाकर छिप गई, इस दौरान मड़ई में आकाशीय बिजली गिरने से वह पूरी तरह जल गई जिससे महिला की मौके पर ही मृत्‍यु हो गई। पुलिस अग्रिम कार्यवाही कर रही है।

 

संभागायुक्त ने प्राथमिक शाला खम्हरिया का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित दो शिक्षिकाओं को किया निलंबित

 


अनूपपुर। शहडोल संभागायुक्‍त बीएस जामोद ने 20 जून को अनूपपुर जिले के जैतहरी विकासखंड की प्राथमिक शाला खम्हरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो शिक्षक अनुपस्थित मिने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त बीएस जामोद ने 20 जून को जिले के जैतहरी विकासखंड की प्राथमिक शाला खम्हरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। जहां उन्‍होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया तथा मौके पर उपस्थित शिक्षिका से स्कूल में पदस्थ शिक्षकों की जानकारी ली। शिक्षिका ने बताया कि प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल खम्हरिया में पांच शिक्षक पदस्थ हैं जिसमें दो शिक्षक अनुपस्थित हैं। जिस पर संभागायुक्त ने शिक्षिकाओं के स्कूल से मनमानी तौर पर अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित शिक्षिका अंजूलता सिंह बघेल एवं प्रार्थना प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने प्राथमिक स्कूल में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या के संबंध में जानकारी लेते हुए शिक्षकों को निर्देश दिए कि स्कूल में समय पर उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें। इस दौरान संभागायुक्त ने कक्षा चार की छात्रा क्रांति से किताब भी पढ़वाई। संभागायुक्त ने स्कूल परिसर का भी निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए की स्कूल परिसर को स्वच्छ और सुंदर रखें स्कूल परिसर में पौधारोपण भी कराए तथा स्कूल परिसर की प्रतिदिन साफ सफाई करायें।

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...