https://halchalanuppur.blogspot.com

बुधवार, 10 अप्रैल 2024

ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौके पर मृत्‍यु

अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरूवार की रात कोयले भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना अमरकंटक तिराहे के पास देर रात में हुई, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के वार्ड नम्बर 12 अमरकंटक तिराहा के पास बुधवार-गुरूवार की रात कोयले भरे 22 चका ट्रक क्रमांक आरजे 02जीबी 5174 ने बाइक क्रमांक एमपी 18एस 3388 को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतकों में 24 वर्षीय विवेक पिता गणेश कुमार पाठक निवासी ग्राम पचगांव थाना सिंहपुर जिला शहडोल एवं साथी 32 वर्षीय कमलेश लोधी पुत्र जगन्‍नाथ लोधी निवासी मगरोन जिला दमोह दोनों युवक अनूपपुर में किसी फाइनेंस कंपनी में कार्य करते थे। पुलिस ने ट्रक को जप्त कर चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज मृतक का मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रहीं हैं।

सिंधु समाज ने धूमधाम से मनाया भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव, निकाली गई शोभायात्रा



अनूपपुर। सिंधु समाज के नववर्ष की शुरुआत इनके प्रमुख त्योहार (चेटीचंड
) आराध्य देवता भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के रूप में मनाया 10 अप्रैल को जिला मुख्‍यालय अनूपपुर सहित कोतमा में धूमधाम से मनाया गया। इसे झूलेलाल जयंती के नाम से भी जाना जाता हैं। भगवान झूलेलाल का जन्म सद्भावना और भाईचारा बढ़ाने के लिए हुआ था। सिंधी समाज के लोग सुबह से गुरूदवारा में भगवान झूलेलाल की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई इसे बाद भण्‍डारा का आयोजन किया गया। शाम को भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा पूरे शहर में निकाल कर मड़फा तलाब में विसर्जन किया गया।

सिंधी समाज के लोग 10 अप्रैल की सुबह से गुरूदवारा में भगवान झूलेलाल की विधि विधान से पूजा अर्चना कर भण्‍डारे का प्रसाद लोगो को खिलाया। शाम को भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा पूरे शहर में महिला शक्तियों ने डांडिया खेलते हुए भगवान झूलेलाल के भजन गाते निकाले रहें। नगर भ्रमण के दौरान पूरे रास्ते में फूल की पंखुड़ियों से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद सामतपुर के मड़फा सरोवर मे विसर्जन के बाद कार्यक्रम समाप्त होगा।


महत्व और कथा

धार्मिक मान्यता है कि संत झूलेलाल वरुण देव के अवतार हैं। चेटीचंड के दिन भगवान झूलेलाल की पूजा से सुख, समृद्धि का वरदान मिलता है और व्यापार में कभी कोई रुकावट नहीं आती। उपासक भगवान झूलेलाल को उदेरोलाल, घोड़ेवारो, जिन्दपीर, लालसाँई, पल्लेवारो, ज्योतिनवारो, अमरलाल आदि नामों से भी पूजते हैं।


भगवान झूलेलाल ने इसलिए लिया था अवतार

संवत् 1007 में पाकिस्तान में सिंध प्रदेश के ठट्टा नगर में मिरखशाह नामक एक मुगल सम्राट राज्य करता था. उसने जुल्म करके हिंदू आदि धर्म के लोगों को इस्लाम स्वीकार करने पर मजूबर कर दिया. उसके आतंक से तंग आकर सभी ने सिंधू नदी के किनारे एकत्रित होकर भगवान का स्मरण  किया. भक्तों की कड़ी तपस्या के परिणाम स्वरूप नदी में मछली पर सवार एक अद्भुत आकृति नजर आई और फिर ठीक सात दिन बाद चमत्कारी बालक ने श्रीरतनराय लोहाना के घर जन्म लिया, यही भगवान झूलेलाल कहे गए।

कोतमा में भगवान झूलेलाल मनाया गया प्रकृट्यत्सव

कोतमा में भगवान झूलेलाल का प्रकृट्यत्सव धूमघाम से मनाया गया। इस अवसर पर कोतमा नगर में शोभा यात्रा निकल गई। धार्मिक मान्यता अनुसार भगवान झूलेलाल का जन्म, अत्याचारी शासक के जुल्मों से बचाने के लिए उनका जन्म हुआ था सिंधी में चैत्र के महीना को चैत कहा जाता है। जब चैती चैत्र के दौरान जब अमावस्या के बाद पहली बार चंद्रमा दिखाई देता है तो इसे चेटीचंड कहा जाता है। सिंधी मान्यता अनुसार इसी तिथि पर सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल जी का जन्म भी हुआ था सिंधी समाज के साथ लोग इसे बड़े ही धूमधाम के साथ मानते हैं। इन दिन से सिंधी नव वर्ष की शुरुआत भी मानी जाती है। यह पर्व हर साल चैत्र शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। कोतमा नगर में सिंधी समाज द्वारा भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा निकली गई। इस दौरान प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल भी शामिल होकर भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा के बाद सिंधी धर्मशाला में लंगर का आयोजन किया गया जिसमें नगर के सभी धर्म के लोगों ने बढ़-कर हिस्सा लिया। 

 

 


  


खदान में कार्य कर रहें मजदूर की पत्थर के नीचे दबने से मौत, परिजनो ने लगाया लापरवाही का आरोप


अनूपपुर। कोतमा थानांतर्गत ग्राम पंचायत जर्राटोला के बसखला में कोयला निकालने वाली कंपनी में कार्यरत मजदूर कार्य करते समय पत्थर के नीचे दबने से मौत हो गई। परिजनो ने जेएमएस कंपनी के ठेकेदार, इंजीनियर पर लापरवाही पूर्वक काम कराने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार 10-11 अप्रैल रात्रि करीब 2 बजे श्रमिक 22 वर्षीय संशकुमार जायसवाल प्लांट क्रमांक 2 में मोहाड़ा खोलने का कार्य बिना किसी सुरक्षा उपकरण के खदान में खुदाई कर रहा था उसी दौरान पत्थर के गिरने से नीचे दबने से मौत हो गई। संशकुमार के पत्थर के नीचे दबने पर ड्रिल से पत्थर को तोड़ कर शव बाहर निकाला गया। घटना के समय जेएमस कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी सो रहे थे। कार्य में सिर्फ 6 मजदूर उपस्थित थे जिनके द्वारा मृतक संशकुमार के शव को निकाल कर जिला चिकित्सालय लाया गया जहां परीक्षण के बाइ डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया हैं। वहीं ठेकेदार मुकेश सिंह एवं जेएमएस के जिम्मेदार अधिकारी मीडिया को देखते ही फरार हो गये। यह कार्य बिरासनी कंपंनी के ठेकेदार बुढ़ार द्वारा किया जा रहा था। मृतक के भाई ने कंपंनी के इंजीनियर व ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाए की ठेकेदार उनसे बिना प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरण के काम करवा रहा था। कोतमा पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही हैं।


मंगलवार, 9 अप्रैल 2024

वायरल विडियो: चलती बाइक में लगी आग जलकर खाक

 


अनूपपुर। जिले के पुष्पराजगढ़ में एक चलती बाइक में आग लग गई। घटना में वाहन जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियों कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

वायरल वीडियो में चलती बाइक में आग लग गई। इस दौरान बाइक धू-धू कर जल उठी। घटना अनूपपुर के पुष्पराजगढ़ तहसील की बताई जा रहीं हैं। इसमें फेरी वाले की बाइक में पुष्पराजगढ़ के दमेहड़ी जल शोधन संयंत्र के सामने अचानक से आग लग गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।



घर के बाहर खेल रहे मासूम को शराबी ट्रैक्टर चालक ने कुचला, मौत

 


अनूपपुर। सड़क किनारे खेल रहे दस वर्षीय मासूम की शराब पीकर ट्रैक्टर चला रहे युवक ने कुचल कर जान ले ली। घटना राजेंद्रग्राम थाना अंतर्गत ग्राम बेंदी की है। मृत बच्चे का नाम सुमित कुमार पिता संजू कुमार धारवे निवासी आमाचुवा जिला डिंडौरी है जो अपनी नानी के घर आया हुआ था। इस मामले में आरोपित ट्रैक्टर चालक नंदकुमार धुर्वे 32 वर्ष निवासी बेंदी है जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी अनुसार मंगलवार की सुबह ग्राम पंचायत बेंदी में स्टापडैम का निर्माण कार्य हो रहा है। यहां पानी की जरूरत होने पर ट्रैक्टर द्वारा टैंकर लाने के लिए नंदकुमार धुर्वे को भेजा गया था। नंद कुमार बहुत अधिक शराब पी रखी थी जो ट्रैक्टर चलाते समय वहां पर नियंत्रण नहीं रख पा रहा था और बस्ती से गुजरते समय मासूम के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। ट्रैक्टर ग्राम मोहदी निवासी तीरथ पवार की है। बताया गया घटनास्थल के पास कुछ और बच्चों के साथ मासूम सुमित भी खेल रहा था।

ट्रैक्टर को लहराते हुए आ रहे देख अन्य बच्चे भाग निकले लेकिन घर के किनारे खड़ा सुमित जब तक घर के अंदर जा पाता ट्रैक्टर घर की दीवार के पास आकर उसे चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास एवं घर के लोगो ने गंभीर रूप से घायल बालक को लेकर ईलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया पुलिस ने मामले को जांच में लिया हैं।



रविवार, 7 अप्रैल 2024

ट्रेन कार हादसा: तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक वाहन चालने पर कार चालक पर मामला दर्ज


अनूपपुर। शनिवार- रविवार की रात अनूपपुर से जैतहरी मार्ग के बेलिया फाटक में तेज रफ्तार कार रेलवे फाटक तोड़ते हुए वहां से गुजर रही हीराकुंड एक्सप्रेस से जा टकराई जिससे वाहन में बैठे व्‍यक्ति की मौत हो गई वहीं चालक गंभीर रूप से घायल होने पर बिलासपुर (छग) में इलाज जारी है। घटना पर रविवार को जैतहरी पुलिस ने कर चालक पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थाना जैतहरी नगर निरीक्षक प्रकाशचंद्र कोल ने बताया कि देर रात बेलिया फाटक में कार चालक परमेश्वर साहू द्वारा तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक वाहन चालते हुए बंद रेलवे फटाक को तोड़ते वहां से गुजर रहीं हीराकुंड एक्सप्रेस से जा टकराई जिसमें कार में बैठे नरेंद्र वर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं चालक परमेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल होने के कारण बिलासपुर रेफर कर दिया गया। इससे विशाखापट्टनम से अमृतसर की ओर जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस के तीन कोच का ब्रेकिंग सिस्टम का पाइप फट गया था जिस पर जैतहरी पुलिस ने कार चालक परमेश्वर साहू पर लापरवाही व तेज रफ्तार से वाहन चलाने चलने पर धारा 279, 333 एवं 304 दर्ज का मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि दुर्घटना के बाद हीराकुंड एक्सप्रेस को अनूपपुर स्टेशन में भोर 3.27 के लाया गया, जहां क्षतिग्रस्‍त ट्रेन के तीन कोच  S/3 ,S/4 , S/5 के यात्रियो को अनूपपुर में उतारा गया और बिलासपुर से तीन कोच आने पर सुबह 7:25 बजे ट्रेन को रवाना किया गया था। इस दौरान हीराकुंड एक्सप्रेस अनूपपुर जंक्शन पर करीब 7 घंटे खड़ी रही।

रेल फाटक तोड़कर चलती ट्रेन से टकराई कार, एक की मौत, एक गंभीर

 


तीन कोच बदलने के बाद अनूपपुर से 7 घंटे देरी से रवाना हुई हीराकुंड एक्सप्रेस

अनूपपुर। जिले में तेज रफ्तार कार रेलवे फाटक तोड़कर चलती यात्री ट्रेन से जा टकराई जिससे वाहन में बैठे व्‍यक्ति की मौत हो गई वहीं चालक गंभीर रूप से घायल होने पर बिलासपुर (छग) में इलाज जारी है। वहीं ट्रेन के आखिरी तीन कोच को भी नुकसान पहुंचा। इसके कारण यात्री ट्रेन अनूपपुर जंक्शन पर करीब 7 घंटे खड़ी रही। कोच बदलने के बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका। ट्रेन में बैठे यात्रियों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं हैं। हादसा ​​​​​​जैतहरी थाना क्षेत्र में बेलिया फाटक पर शनिवार-रविवार की रात हुआ। रेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कार चालक की मौके पर ही मौत

छिंदवाड़ा निवासी नरेंद्र वर्मा जैतहरी के मोजरबियर प्लांट में काम करते थे। शनिवार रात वे अपनी कार क्रमांक MP65C3984 से परमेश्वर साहू के साथ अनूपपुर आ रहें थे। इसी दौरान बेलिया फाटक पर कार अनियंत्रित हो गई। वह फाटक तोड़ते हुए ट्रैक से गुजर रही हीराकुंड एक्सप्रेस से टकरा गई। जिससे नरेंद्र की मौके पर ही मृत्‍यु हो गई। इस दौरान नरेंद्र वर्मा और परमेश्वर साहू कार में ही फंस गए थे पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला और परमेश्वर को अनूपपुर जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी अनुसार दोनो शराब के नशे में थे।

ट्रेन का ब्रेकिंग सिस्टम पाइप फटा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अंबिकेश साहू ने बताया कि 'कार फाटक का बूम बैरियर तोड़ते हुए ट्रेन के आखिरी डिब्बों से टकराई जिससे तीन डिब्बों के ब्रेकिंग सिस्टम का पाइप फट गया। दुर्घटना के बाद हीराकुंड एक्सप्रेस को अनूपपुर स्टेशन में भोर 3.27 के लाया गया, जहां क्षतिग्रस्‍त ट्रेन के तीन कोच  S/3 ,S/4 , S/5 के यात्रियो को अनूपपुर में उतारा गया जहां बिलासपुर से तीन नई यात्री ट्रेन के कोच लाकर सुबह 7:25 बजे नये कोच बदलने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।' दुर्घटना के बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर देवराज घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बिलासपुर विकास कश्यप के आदेश पर कमर्शियल इंस्पेक्टर धनराज कुमार एवं अनूपपुर स्टेशन के एसएस कमर्शियल जयंतो दासगुप्ता ने यात्रियों के हर सुविधा का ख्याल रखते उन्हें शिफ्ट करने में भरपूर सहयोग किया। वहीं रेलवे विभाग के कर्मचारियों ने रात में ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया था।

ट्रेन के सभी यात्री सुरक्षित

रेलवे गेटकीपर केदारनाथ राठौर ने बताया कि ट्रेन विशाखापट्टनम से अमृतसर की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। ट्रेन में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं पहुंची। असिस्टेंट लोको पायलट अमरजीत कुमार ने बताया कि हादसे में ट्रेन की एस 3, एस 5 और एस 6 कोच डैमेज हो गए थे।' वहीं, एसपी जितेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि बेलिया रेलवे फाटक 90 डिग्री के टर्न पर है। कार इतनी स्पीड में थी कि फाटक तोड़ते हुए आगे बढ़ गई।

शनिवार, 6 अप्रैल 2024

बिना टीपी के नीलगिरी की लकड़ी का परिवहन करते ट्रक जप्‍त

 


अनूपपुर। वनपरिक्षेत्र कोतमा की टीम द्वारा 6 अप्रैल को गश्त के दौरान बिना टीपी के नीलगिरी लकड़ी का परिवहन करने पर ग्राम आमाडांड में रोककर टीपी की मांग की गई। जहां चालक द्वारा मौके पर किसी भी तरह का दस्तावेज पेश नही किया गया। पर वन विभाग ने वाहन को जप्‍त कर कार्यवाही की गई।

वनपरिक्षेत्र कोतमा अंतर्गत अवैध उत्खनन, परिवहन सहित वन अपराधों पर लगाम लगाए जाने हेतु वनमंडलाधिकारी अनूपपुर श्रद्धा पन्द्रे के मार्गदर्शन तथा उपवनमंडलाधिकारी पी.के. खत्री के निर्देशानुसार 6 अप्रैल को गश्त के दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 17 केजेड 6555 में बिना टीपी के नीलगिरी लकड़ी का परिवहन करने पर ग्राम आमाडांड में रोक कर चालक राजिम पुत्र सुंदर बत्रा निवासी बेलगांव जिला कोरापुर (उड़ीसा) से ट्रक में लोड़ नीलगिरी लकड़ी से संबंधित टीपी की मांग की गई। चालक द्वारा मौके पर किसी भी तरह का दस्तावेज पेश नही किया गया। जिस पर वन विभाग ने ट्रक को जप्‍त करते हुए वन विभाग कोतमा में खडा कराते हुए कार्यवाही की गई है। कार्यवाही मे उपवनक्षेत्रपाल ए.के. निगम, बीटगार्ड मलगा दादूराम कुशवाहा, परिक्षेत्र सहायक राजनगर तुलसीदास नापित बीटगार्ड चुकान बृजेश गुप्ता, बीटगार्ड पौराधार राघवेन्द्र तिवारी शामिरहें।

पहले कांग्रेस पार्टी को अपने दल में विश्वास पैदा करें वह घर नहीं चला पा रहे देश को क्या चलाएंगे- हिमान्द्री सिंह

 


भाजपा उम्मीदवार का कांग्रेस घोषणा पत्र पर प्रतिक्रिया

अनूपपुर। कांग्रेस घोषणा पत्र जारी करती हैं और भाजपा संकल्‍प पत्र जिसे हम पूरा कर सकें। पहले कांग्रेस पार्टी को अपने दल में विश्वास पैदा करना होगा, जब उनके दल में ही विश्वास नहीं है। घर के लोग ही नेता नहीं मानते हैं, वह घर नहीं चला पा रहे देश को क्या चलाएंगे। इसलिए उनका जो घोषणा पत्र है वह खोखला पत्र है। शहडोल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हिमान्द्री सिंह अपने गृह क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के ग्राम भेजरी में चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार को हलचल अनूपपुर से बातचीत में कहीं।  

हिमान्द्री सिंह ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए कहा कि जनता सब अच्छी तरह से जानती है, जागरूक है, वह जानती है कौन सी सरकार ने जनता के लिए लोक हितैषी योजना चलाई है। उनको सम्मान देने का काम किया है। हमारी संस्कृति को मजबूती प्रदान करने का काम किस सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र लगातार मजबूत हो रहा है। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि आने वाली 21वीं सदी भारत की होगी और वही प्रधानमंत्री मोदी ने काम किया है।

मोदी की गारंटी सभी के दिलों में

हिमान्द्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस का कोई घोषणा पत्र ही नहीं है, मोदी की गारंटी सभी के दिलों में है। मोदी पर सभी विश्वास करते हैं। पीएम मोदी वैश्विक नेता हैं। हर दिलों पर राज करने वाले हैं। मोदी का कोई व्यक्ति परिवार नहीं है। मोदी ने पूरे देश को अपना परिवार माना है। वह देश की चिंता करते हैं। इसलिए जनता पीएम मोदी को आशीर्वाद देगी।

नर्सिंग कॉलेजों में सीबीआई का कसता शिकंजा: तीसरे दिन मॉडर्न नर्सिंग कॉलेज राजेंद्रग्राम में खंगाले जा रहे दस्तावेज


नियमों को दर किनार कर कम जगह में बनाया कॉलेज, लैब भी नहीं मिली, संचालक मोहित तोमर सीबीआई टीम को नहीं दे पा रहें सहीं जबाब

अनूपपुर। हाईकोर्ट की ग्‍वालियर खंडपीड के आदेश के बाद प्रदेश भर में नियम विरुद्ध संचालित नर्सिंग कॉलेजों पर सीबीआई ने छापामारी कार्रवाई हो रही हैं। अनूपपुर जिले में लगातार तीसरे दिने शनिवार 6 अप्रैल को पुष्पराजगढ़ के राजेंद्रग्राम स्थित मॉडर्न नर्सिंग कॉलेज में सीबीआई की टीम ने छापामारी कर कॉलेज के रिकॉर्ड खंगाल रहीं हैं।

ज्ञात हो कि सीबीआई की टीम ने 5 अप्रैल को करियर नर्सिंग कॉलेज पर कार्रवाई की थी। इस दौरान सीबीआई को जांच में करियर नर्सिंग कॉलेज की बिल्डिंग नहीं मिली। एक घर में नर्सिंग कॉलेज का बोर्ड लगाया गया था। शुक्रवार जिला मुख्‍यलाय के संजीवनी नर्सिंग और करियर नर्सिंग कॉलेज में छापामारी कर कॉलेज के रिकॉर्ड खंगाल चुकी हैं। गौरतलब है कि नर्सिंग कॉलेज संचालन में भारी अनियमितता की शिकायत मिली थी जिसे न्यायालय के संज्ञान में लाया गया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने इसकी जांच करने सीबीआई को जिम्मेदारी दी गई।

जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत राजेंद्रग्राम में मोहित तोमर द्वारा संचालित मॉडर्न नर्सिंग कॉलेज में शनिवार की सुबह से सीबीआई की 5 सदस्यी टीम में छापामार कार्रवाई कर कॉलेज के रिकॉर्ड खंगाल रहीं हैं। जिले में कई नर्सिंग कॉलेज के पास भवन, लैब की सुविधा उपलब्ध नहीं हैं। जिले में एक ही बिल्डिंग में नर्सिंग कॉलेज, पीजीडीसीए और अन्य तरह के कोर्स संचालित हो रहे हैं। तय पैमाने के अनुसार नर्सिंग कॉलेज संचालित नहीं होने पर हाईकोर्ट ने सीबीआई को इसकी जांच सौंप थी। इसके बाद सीबीआई लगातार नर्सिंग कॉलेज का जांच कर रही हैं।

जानकारी अनुसार मॉडर्न नर्सिंग कॉलेज का किसी भी संस्था से कोई संबंध नहीं है। इसकी जानकारी या उल्लेख किसी भी बैनर पोस्टर में देखने को नहीं मिला हैं। सीबीआई की टीम की जानकारी के बाद मॉडर्न नर्सिंग कॉलेज के संचालक ने आनन-फानन में सामने खड़ी बस में अपना बैनर लगा नर्सिंग कॉलेज की जानकारी उजागर की। बताया जा रहा हं कि कॉलेज के पास खुद का कोई भवन नहीं है। किसी प्रकार के लैब चिकित्‍सा उपकरण और न ही प्रथमिक उचचार की सुविधा नहीं हैं। जबकि नियमानुसार नर्सिंग कॉलेज के लिए लगभग 24 हजार वर्ग फिट एरिया में निर्माण का होना जरूरी है और हजार हजार वर्ग फिट में सात लैबों का संचालन होना चाहिए। क्लास रूम की व्यवस्था होनी चाहिए। इस तरह के कॉलेज महज कागजों में संचालित होते हैं। 6 वर्ष से जिले में संचालित निजी नर्सिंग कॉलेज प्रशासन की साठ- गांठ कर संचालित किया जा रहा है।

नियम विरुद्ध चल रहे नर्सिंग कॉलेजो सीबीआई ने पहले भी शासकीय नर्सिंग कॉलेज के अलावा 4 निजी कालेजों में छापामारी कर रिकार्ड खंगाले हैं।

आदिवासी अंचल में बिना व्यवस्थाओं के नर्सिंग कॉलेजों के संचालन हो रहें हैं। आदिवासी अंचल में फर्जी तरीके से कॉलेजों के संचालन कर छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा हैं। जिस पर संज्ञान लेते हुए सीबीआई की टीम ने छापामारी की है। जहां सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। हालांकि इस विषय में अभी सीबीआई ने अपनी कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है।

तीन वर्ष पहले उजागर हुआ था घोटाला

बता दे कि लगभग चार वर्ष पहले ग्वालियर में शिकायत के बाद मध्य प्रदेश में बहुचर्चित नर्सिंग कॉलेज का बड़ा घोटाला उजागर हुआ था। इस घोटाले से तकरीबन 1 लाख छात्र-छात्राओं का भविष्य अब भी दांव पर लगा हुआ है। जानकारी अनुसार कोरोना काल के समय अधिकारियों की मिलीभगत से प्रदेश में नियमों को पूरा नहीं करने वाले कॉलेजों को भी मान्यता दे दी गई थी। इन कॉलेजों के पास न तो पर्याप्त मात्रा में जमीन थी और न ही अस्पताल। इसके अलावा भी कई गड़बड़ियां मिली थीं। याचिकाकर्ता के शिकायत के आधार पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने नर्सिंग कॉलेज घोटाले की जांच सीबीआई को सौंपी है।

शुक्रवार, 5 अप्रैल 2024

सड़क नहीं तो मतदान नहीं, ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का सौंपा ज्ञापन

 


अनूपपुर। वर्षो से आवागमन हेतु सड़क नही होने से नाराज जनपद पंचायत जैतहरी अंतर्गत ग्राम पंचायत ताराड़ाड के वार्ड क्रमांक 2 बैरहनीटोला के ग्रमीण मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने के संबंध में निर्वान अधिकारी अनूपपुर को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत ताराडांड के बैरहनीटोला वार्ड क्रमांक 2 के निवासी खेती कर अपना जीवन यापन करते है। लेकिन आज दिनांक तक यहां आवागमन हेतु सड़क ही नही बनाई गई। जबकि ग्राम पंचायत द्वारा कई बार प्रस्ताव दिया गया किन्तु कोई कार्यवाही नही हुई है। इससे नराज ग्रामवासी लोकसभा चुनाव 2024 का बहिष्कार करने की बात कहीं हैं। नाराज ग्रमीणों ने बताया कि सड़क नहीं तो मतदान नहीं पर सब एक साथ हैं।

आदर्श आचार संहिता के बाद 850 वाहन चालकों पर की गई चालानी कार्यवाई,वसूले 3 लाख

 


सड़क दुर्घटनाओं को रोकने चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान

अनूपपुर। आदर्श आचार संहिता के बाद अनूपपुर यातायात थाने सहित जिले के समस्त थानो में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें 16 मार्च से 5 अप्रैल तक 850 से अधिक वाहन चालकों पर की गई चालानी कार्रवाई करते हुए 3,39,200 रुपए का जुर्माना किया गया। 260 से वाहनों से निकाल पदनाम लिखीं नंबर नेम एवं झंडे निकाले गयें।

जिला यातायात प्रभारी ज्‍योति दुबे ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन तिथियों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता ने निर्देशों का अनुपालन करवाने पुलिस अधीक्षक, जितेंद्र सिंह पवार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह के आदेशनुसार यातायात थाने सहित जिले के समस्त थानो में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, 16 मार्च से 5 अप्रैल तक कुल 850 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 3,39,200 रुपए का जुर्माना वसूला गया। जिसमे 260 से अधिक दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों से राजनीतिक पदनाम लिखी नंबर प्लेट एवं झंडा हटाए गए। एक वाहन अनाधिकृत रूप से हूटर लगाए पाये जाने पर वाहन मालिक के विरुद्ध 3000 का जुर्माना लगाया गया। 11 से अधिक वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई साथ ही चालानी कार्रवाई की गई। 36 वाहन ऐसे पाए गए जिनमें विधिवत्त नंबर प्लेट या नंबर प्लेट नहीं थी, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई। तीन वाहन निर्धारित गति से अधिक गति में चलते पाए जाने पर कार्रवाई की गई। साइलेंसर मॉडिफाई करवाकर ध्वनि प्रदूषण पर फैलाने पर एक मोटरसाइकिल को जप्त कर साइलेंसर हटवाकर चालानी कार्रवाई की गई।

जिला यातायात प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को काम करने एवं दुर्घटना में मृत्यु की संख्या को रोकने के हाईकोर्ट के आदेश अनुसार दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग कर वाहन चलाएं जाने के उद्देश्य से निरंतर चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है जिसमें चेकिंग के दौरान 490 वाहन चालक बिना हेलमेट पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। इसी प्रकार सीट बेल्ट न लगाए जाने पर 256 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

भाजपा उम्मीदवार 8.50 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति, कांग्रेस उम्मीदवार 2.35 करोड़ के मालिक

 


हिमाद्री सिंह के पास 3 करोड़ 30 लाख से ज्यादा की जमीन, फुंदेलाल सिंह पेट्रोल पंप, 22.78 लाख के आभूषण

अनूपपुर। शहडोल लोकसभा के लिए कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला हैं दोनो ही उम्मीदवारों ने जीत के लिए मतदाताओं से संपर्क में लगे हैं। सांसद हिमाद्री सिंह द्वारा दिये गये शपथ पत्र से जुड़ी पांच साल में कितनी संपत्ति बढ़ी, कितने के मालिकिन हैं, कितनी जमीन समेत कई जानकारियां वर्ष 2019 से 2024 में हैं। वहीं कांग्रेस उम्मीादवार फुंदेलाल सिंह मार्को भी सांसाद से कम नहीं हैं यह भी करोड़पति हें। दोनो के शपथ पत्र अनुसार जानकारी।

सांसद हिमाद्री सिंह के अपने चुनावी शपथ-पत्र  के अनुसार उन पर कोई केस दर्ज नहीं है। हिमाद्री सिंह के पास फॉर्च्यूनर है, जिसकी कीमत 35 लाख है। ट्रैक्टर है, जिसकी कीमत 2 लाख 50 हजार है। महिंद्रा स्कॉर्पियो है, जिसकी कीमत 28 लाख है। 2 बाइक हैं, जिसकी कीमत 1 लाख 20 हजार है। महिंद्रा थार भी है, जिसकी कीमत 18 लाख रुए है। क्रेटा कार है, जिसकी कीमत 14 लाख रुपये है।

सोने-चांदी के जेवरात

सांसद हिमाद्री सिंह के पास 38 तोला सोना है, जिसकी की कीमत 12 लाख 70,000 रुपये है। 3 किलो चांदी है, जिसकी कीमत 1 लाख 35 हजार रुपये है। पति पति नरेंद्र मरावी के पास 12 बोर की बंदूक है, जिसकी कीमत 35 हजार रुपये है।

3 करोड़ 30 लाख से ज्यादा की जमीन

सांसद हिमाद्री सिंह के पास रसोत,कोहका, लोहरिन, बसनिहा, दार सागर, चचानडीह, कोयलारी, घुईदादर, पांडव नगर शहडोल, लालपुर अमरकंटक विश्वविद्यालय के पास, अमरकंटक, भेजरी और सोहगपुर में जमीन है। हिमाद्री सिंह के नाम पर 35 लाख की जमीन, नरेंद्र सिंह मरावी के नाम पर 90 लाख की जमीन, भाई रुद्रप्रताप के नाम पर 2 करोड़ की जमीन है। पुत्री गिरीशा नंदनी के नाम पर 8 लाख की जमीन है। इस तरह से कुल मिलाकर 3 करोड़ 30 लाख से ज्यादा की जमीन है।

5 साल में बढ़ी संपत्ति

सांसद हिमाद्री सिंह के चुनावी शपथ-पत्र अनुसार 2019 में 3 करोड़ 65 लाख 64 हजार 408 रुपये की संपत्ति थी। वहीं 2024 में बढ़ कर 8 करोड़ 50 लाख से ज्यादा की संपत्ति हो गई। पांच साल में बढ़ोत्तरी को देखें प्रति वर्ष 1 करोड़ की बढ़ोतरी है, मौजूदा वक्त के अनुसार 5 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति बढ़ी है।

 

 कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह 2.35 करोड़ के मालिक

58 वर्षीय फुंदेलाल सिंह मार्को पुष्पराजगढ़ से तीन बार के विधायक हैं। स्वयं का पेशा कृषि, वेतन और व्यवसाय है। पत्नी का पेशा सरकारी कर्मचारी वेतन और कृषि है। शंभूनाथ शुक्ल राजकीय महाविद्यालय से स्नातकोत्तर एम.ए. कॉलेज शहडोल, वर्ष-2007 एवं लॉ कॉलेज शहडोल, अवध प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा, मप्र से एलएलबी वर्ष-2007 में पूरी की। इसके साथ उन्होंने पुष्पराजगढ़ तहसील में वकालत भी किए हैं।

फुंदेलाल सिंह मार्को पर अनूपपुर जिले के चचाई थाने में 266/2020 में दर्ज किया गया। लोक सेवक द्वारा विधिवत प्रख्यापित आदेश की अवज्ञा से संबंधित आरोप (आईपीसी धारा-188) है।

गाड़ियां एवं सोना-चांदी के आभूषण

कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाल सिंह मार्को के नाम पर बोलेरो नं. MP85C2775, वर्ष-2017 में खरीदी, जिसकी कीमत 8,14,575 है। इसके साथ ही हुंडई एक्सेंट, क्रमांक MP65C1101, वर्ष-2014 खरीदी, जिसकी कीमत 8,34,556 है। इसके अलावा बजाज पल्सर, क्रमांक MP65MA5749, वर्ष-2011 में खरीदी, जिसकी कीमत 99,000 है। इस तरह फुंदेलाल सिंह मार्को के नाम पर पर कुल 17 लाख 48 हजार 131 रुपये की गाड़ियां हैं।

सोना-चांदी के आभूषणों में सोना 40 ग्राम है, जिसकी कीमत 2 लाख 37 हजार 760 रुपए है। इसके साथ ही सोना 300 ग्राम है, जिसकी कीमत 17 लाख 83 हजार 200 रुपए है। वहीं चांदी 2 किलोग्राम है, जिसकी कीमत 1 लाख 38 हजार 790 रुपए है। साथ ही सोना 10 ग्राम, जिसकी कीमत 59 हजार 440 रुपए है। वहीं सोना 10 ग्राम है, जिसकी कीमत 59 हजार 440 रुपए है। इस तरह कुल मिलाकर फुंदेलाल के पास 22 लाख 78 हजार 630 रुपये के सोने-चांदी के आभूषण हैं।

फुंदेलाल सिंह मार्को पेट्रोल पंप के मालिक हैं

पुष्पराजगढ़ विधायक एक पेट्रोल पंप के मालिक भी हैं। शपथ पत्र में आय का जरिया कृषि, विधायक वेतन और पेट्रोल पंप को बताया है। इनके पास 32 एकड़ से अधिक जमीन है, जिसमें कुछ जमीन आशुतोष सिंह और अमितोष सिंह नाम पर भी है। फुंदेलाल के पास किरगी, पटना, भमरिया और भमरहा में जमीन है। इस तरह से कुल मिलाकर 1 करोड़ 53 लाख से अधिक की जमीन है।

चुनाव आयोग को शपथ-पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को 2 करोड़ 35 लाख 69 हजार रुपये से ज्यादा के मालिक हैं। वहीं देनदारी की बात करें, तो 97 लाख रुपये से अधिक है। 2018 में विधायक के पास 2018 में 1 करोड़ 51 लाख 51 हजार 737 रुपये की संपत्ति थी, जिसमें देनदारी 14 लाख 20 हजार 638 रुपये थी। वहीं पांच साल में संपत्ति की बात करें, तो करीब एक करोड़ बढ़ी है।

ज्ञात हो कि इस बार शहडोल लोकसभा सीट पर हिमाद्री सिंह और पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के बीच मुकाबला है। फुंदेलाल सिंह मार्को दूसरी बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, जबकि हिमाद्री सिंह तीसरी बार चुनाव लड़ रहीं हैं।

सीबीआई की छापेमारी: संजीवनी और करियर नर्सिंग कॉलेज में दी दबिश, खंगाला रिकॉर्ड

गुरूवार को कोतमा के माँ नर्मदा नर्सिंग कॉलेज में की थी छापेमारी

अनूपपुर। हाईकोर्ट के आदेश के बाद लगातार जिले में नियम विरुद्ध संचालित नर्सिंग कॉलेजों पर सीबीआई ने छापामारी कर कार्रवाई हो रही हैं। गुरूवार को कोतमा के माँ नर्मदा नर्सिंग कॉलेज में सीबीआई ने छापामारी के बाद शुक्रवार जिला मुख्‍यलाय के संजीवनी नर्सिंग और करियर नर्सिंग कॉलेज में सीबीआई की छापामारी जारी हैं। सीबीआई की टीम कॉलेज के रिकॉर्ड खंगाल रहीं हैं।

सीबीआई लगातार दो दिनों से जिले की नर्सिंग कॉलेज पर हाईकोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई कर रही हैं। जिले में कई नर्सिंग कॉलेज के पास भवन, लैब की सुविधा उपलब्ध नहीं हैं। जिले में एक ही बिल्डिंग में नर्सिंग कॉलेज, पीजीडीसीए और अन्य तरह के कोर्स संचालित हो रहे हैं। तय पैमाने के अनुसार नर्सिंग कॉलेज संचालित नहीं होने पर हाईकोर्ट ने सीबीआई को इसकी जांच सौंप थी। इसके बाद सीबीआई लगातार नर्सिंग कॉलेज का जांच कर रही हैं। सीबीआई ने आज संजीवनी नर्सिंग कॉलेज और करियर नर्सिंग कॉलेज में दबिश दी। जहां दस्तावेज खंगालने के बाद जिला चिकित्‍सालस अनूपपुर पहुंची। दोनों कॉलेज के छात्र-छात्राएं जिला अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए आती है। उन्हें ट्रेनिंग की रिकॉर्ड को जांचने व जिला चिकित्‍सालस के स्‍टाप से पूछतांछ कर रहीं हैं।

बताया जा रहा हैं कि करियर नर्सिंग कॉलेज स्कूल के बिल्डिंग में संचालित हो रही है, इस कॉलेज के पास खुद का कोई भवन नहीं है। इस तरह से बड़े पैमाने पर जिले में नर्सिंग कॉलेज फर्जी तरीके से संचालित हो रहे हैं।

नियम विरुद्ध चल रहे नर्सिंग कॉलेजो सीबीआई ने पहले भी शासकीय नर्सिंग कॉलेज के अलावा 4 निजी कालेजों में छापामारी कर रिकार्ड खंगाले हैं।

 

भीषण गर्मी: प्राइमरी कक्षा तक की छुट्टी, 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं यथावत

अनूपपु्र। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले मे गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। वही इस भीषण गर्मी से विद्यालय के ...