https://halchalanuppur.blogspot.com

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

मंडल रेल प्रबंधक को छुलहा में ट्रेनों के ठहराव, नई गाड़ियों का विस्तार और सुलभ शौचालय बनवाने सौंपा पत्र

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार रात को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन से जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठनों ने छुलहा स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव और अनूपपुर स्टेशन के बाहर सुलभ शौचालय निर्माण की मांगों को लेकर पत्र सौंपा। जिस पर डीआरएम ने अमृत भारत योजना के तहत निरीक्षण के बाद रेलवे सुविधाओं में सुधार की बात कहीं। 

अनूपपुर में नई ट्रेनों का विस्तार और सुविधाएं बढ़ाने की मांग

जिला विकास मंच अनूपपुर के संयोजक बासुदेव चटर्जी (अधिवक्ता) ने रेलवे बोर्ड और मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कई प्रमुख मांगें रखीं। उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस के नए फेरे जल्द शुरू करने, पुरी-बलसाड़ एक्सप्रेस का विस्तार मुंबई (बोरीवली) तक करने और बिलासपुर से चलने वाली साप्ताहिक ट्रेनों (चेन्नई, पुणे, एर्नाकुलम, तिरुपति, पटना) का विस्तार अंबिकापुर तक करने का आग्रह किया गया। रायपुर-लखनऊ गरीब रथ में चेयरकार जोड़कर उसका विस्तार देहरादून तक करने, चिरमिरी-रीवा एक्सप्रेस को नियमित चलाने और दुर्ग-फिरोजपुर अंत्योदय एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की मांग की गई। स्टेशन परिसर में बंद एसबीआई एटीएम को चालू कराने, अमरकंटक व पुष्पराजगढ़ में पीआरएस सेंटर शुरू करने, मुख्य द्वार पर डिजिटल डिस्प्ले लगाने और वर्ष 2022 से बंद पड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की गई।

छुलहा स्टेशन पर बंद ट्रेनों के ठहराव के लिए ज्ञापन

छुलहा रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल से बंद पड़ी प्रमुख ट्रेनों के पुन: ठहराव को लेकर राजन कुमार राठौर ने स्टेशन प्रबंधक को पत्र सौंपा। जिसमें इंदौर-बिलासपुर, भोपाल-बिलासपुर, रीवा-बिलासपुर, बिलासपुर-चिरमिरी और दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का ठहराव तुरंत शुरू करने की मांग की गई है। इसके साथ ही अंडरब्रिज में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने और 15 दिनों में मांगें न पूरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

स्टेशन के बाहरी परिसर में सुलभ शौचालय बनाने की मांग

नगर पालिका अनूपपुर के पार्षद और जल कार्यसभापति दीपक कुमार शुक्ला ने अधिकारियों को पत्र लिखकर स्टेशन के बाहरी परिसर में सार्वजनिक सुलभ शौचालय निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि प्रसाधन की सुविधा न होने से ऑटो चालकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। जब तक स्थायी निर्माण न हो, तब तक अस्थायी शौचालय की व्यवस्था कराने की अपील की गई है।


 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

मंडल रेल प्रबंधक को छुलहा में ट्रेनों के ठहराव, नई गाड़ियों का विस्तार और सुलभ शौचालय बनवाने सौंपा पत्र

अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार रात को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन से जनप्रतिनिधियों और स्...